Web News

www.upwebnews.com

पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी के निधन पर शोक सभा

July 26, 2026

पूर्व प्रधानमंत्री की पत्नी के निधन पर शोक सभा

Posted on 26.07.2026 Time 08.24 PM

लखनऊ, 26 जुलाई 2026 (उप्र समाचार सेवा)। पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की धर्मपत्नी चिन्नमा देवेगौड़ा के निधन पर शोक सभा आयोजित की गई। जनता दल (एस) कार्यालय पर आयोजित शोक सभा में प्रदेश पदाधिकारियों और गणमान्य लोगों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

शोक सभा में स्व चिन्नम्मा देवेगौड़ा के सामाजिक कार्यों और सेवा के लिए समर्पण का स्मरण किया गया। जनता दल (एस) के प्रदेश अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा कि स्व चिन्नमा देवेगौड़ा के निधन से समाज की अपूरणीय क्षति हुई है। उन्होंने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा ईश्वर स्व चिनम्मा देवेगौड़ा की आत्मा को सद्गति प्रदान करे और परिवार को इस दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे।

स्व चिनम्मा देवेगौड़ा को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए कई प्रांतों से पार्टी कार्यकर्ता और पदाधिकारी एकत्रित हुए। शोक सभा में प्रदेश सचिव रविंद्र कुमार, बरेली से अल्पसंख्यक मोर्चा के इफ्तखारुद्दीन, राजेश सिंह, धर्मेंद्र रस्तोगी, अमरीश शुक्ल, राजेश सिंह आदि उपस्थित थे।

July 25, 2026

प्राचीन बौद्ध स्थल सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया

वाराणसी, 25 जुलाई 2026, प्राचीन बौद्ध स्थल सारनाथ को यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया है। विश्व के सबसे पवित्र बौद्ध तीर्थ स्थलों में से एक सारनाथ को दक्षिण कोरिया के बुसान में चल रही यूनेस्को विश्व धरोहर समिति के 48वें सत्र के दौरान यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल किया गया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण-ए.एस.आई ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि सारनाथ भारत का 45वां विश्व धरोहर स्थल बन गया है, जिससे वैश्विक मंच पर देश की सांस्कृतिक विरासत और मजबूत हुई है।

सारनाथ बौद्ध धर्म का अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र स्थल है। उत्‍तर प्रदेश के वाराणसी से लगभग 10 किलोमीटर दूर स्थित इस ऐतिहासिक स्थल पर भगवान बुद्ध ने ज्ञान प्राप्ति के बाद अपना प्रथम उपदेश दिया था।

उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा है कि प्राचीन बौद्ध स्थल सारनाथ का यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल होना हर भारतीय के लिए अत्यंत गौरव का क्षण है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री राधाकृष्णन ने कहा कि सारनाथ शांति, ज्ञान और करुणा का एक चिरस्थायी प्रतीक है, जो भारत की शाश्वत आध्यात्मिक और दार्शनिक विरासत का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि सारनाथ का भगवान बुद्ध से गहरा संबंध है, जिनके ज्ञान, करुणा और सद्भाव के शाश्वत संदेश से विश्व प्रेरित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह मान्यता देश की समृद्ध सभ्यतागत और आध्यात्मिक विरासत का सम्मान करती है। श्री मोदी ने कहा कि इससे दुनिया भर के लोग सारनाथ आने और भगवान बुद्ध के आदर्शों से जुड़ने के लिए प्रेरित होंगे।

संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने भी इसे भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए एक महत्वपूर्ण क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह मानवता के लिए भारतीय सभ्यता के गहन आध्यात्मिक और दार्शनिक योगदान को दर्शाता है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि उत्तर प्रदेश के प्राचीन बौद्ध स्थल सारनाथ को यूनेस्को विश्व धरोहर सूची में शामिल किए जाने से देश का सांस्कृतिक गौरव और बढ़ गया है। श्री शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सारनाथ भगवान बुद्ध से जुड़ी भारत की प्राचीन विरासत का प्रतीक है। गृह मंत्री ने कहा कि सारनाथ को यूनेस्को सूची में शामिल किए जाने से बुद्ध का ज्ञान का प्रकाश और अधिक लोगों तक पहुंचेगा और उन्हें बेहतर दुनिया के लिए शांति और ज्ञानोदय के आदर्शों को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

मथुरा में दिनदहाड़े 80-85 लाख के सोने की लूट, व्यापारी के कर्मचारी को बनाया निशाना

गोवर्धन चौराहे के पास वारदात, एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, कई टीमें जांच में जुटीं
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में दिल्ली हाईवे स्थित गोवर्धन चौराहे के निकट रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी के कर्मचारी से करीब 80 से 85 लाख रुपये मूल्य का सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, गोवर्धन चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर जैन मंदिर के सामने राजस्थान निवासी व्यापारी के कर्मचारी गौरव से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की धातु से भरा बैग लूट लिया। वारदात व्यस्त दिल्ली हाईवे पर होने से लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), थाना हाईवे पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कर्मचारी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस सभी पहलुओं, जिनमें संभावित आंतरिक संलिप्तता भी शामिल है, पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एसएसपी के निर्देश पर बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दिल्ली हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें – जयवीर सिंह

मैनपुरी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने ट्रांजिस्ट हॉस्टल में जन-शिकायतें सुनने के दौरान कहा कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें, सभी अधिकारी प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा, गुणवत्ता के साथ निस्तारण करें। उन्होने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध, गुणवत्तापरक निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं इसलिए शिकायतों के निराकरण में किसी भी स्तर पर कोताही न बरती जाये। उन्होने कहा कि सार्वजनिक भूमि पर अनाधिकृत कब्जा को राजस्व, पुलिस विभाग गंभीरता से ले, मौके पर जाकर तत्काल अनाधिकृत कब्जा हटवाये जायें।  उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, ग्रामीण में कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ पाने से वंचित न रहे, दिव्यांग, आय, जाति, मूल निवास प्रमाण पत्र समय से जारी हों, प्रमाण पत्र समय से जारी न होने के कारण कुछ लोगों को योजनाओं का लाभ पाने के लिए असुविधा का सामना करना पड़ता है, संबंधित अधिकारी रुचि लेकर समय से आय, जाति, दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करायें। उन्होने कहा कि शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्र तक साफ-सफाई, कूड़ा उठान की समुचित व्यवस्था रहे, वर्षा के कारण कहीं भी जल-भराव की स्थिति उत्पन्न न हो, सुनिश्चित किया जाये। उन्होने अधिशाषी अधिकारी नगर निकाय, जिला पंचायत राज अधिकारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि आपस में समन्वय स्थापित कर वेक्टर जनित बीमारियों की रोकथाम हेतु प्रभावी कार्यवाही करें, नालियों की नियमित सफाई हो, नियमित रूप से एंटीलार्वा, फॉगिंग का छिड़काव कराया जाये।
             जन-सुनवाई के दौरान ग्राम चिकनी नि. जितेन्द्र सिंह ने पट्टाशुदा भूमि पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को हटवाने, ग्राम शिवसिंहपुर नि. रामऔतार सिंह ने भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा किये जाने, ग्राम सुरजनपुर नि. विमला देवी ने गाटा संख्या-1160, 1138, 1327, 1789 पर किये गये अनाधिकृत कब्जे को खाली कराने, नवाटेढ़ा नि. शकुन्तला देवी ने अवैध कब्जे को खाली कराकर दखल दिलाये जाने, ग्राम कुंजी नि. सत्येन्द्र सिंह ने भूमि की पैमाइश कराये जानेे की शिकायत, मॉग अपने प्रार्थना पत्र के माध्यम से की, जिन्हे सम्बन्धित अधिकारियों को तत्काल गुणवत्तापरक निराकरण हेतु उपलब्ध कराया। इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर श्याम प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह, विद्युत विभाग से लालू जादौन के अलावा पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त भदौरिया, अर्जुन चौहान, प्रवेश शर्मा आदि उपस्थित रहे।

प्रतापगढ़ में पेपर लीक पर आज़ाद समाज पार्टी का प्रदर्शन

VIKAS GUPTA
PRATAPGARH UP
MO –991960606

प्रतापगढ़, शनिवार को पेपर लीक के विरोध में आज़ाद समाज पार्टी और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कंपनी गार्डन पार्क में आयोजित धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

शनिवार सुबह करीब 10 बजे शुरू हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सरकार दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करे, निष्पक्ष जांच कराए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करे।

धरने की सूचना मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। मौके पर सीओ सिटी आशुतोष मिश्रा, तहसीलदार अलख कुमार और भारी पुलिस बल तैनात रहा। अधिकारियों ने पूरे कार्यक्रम की निगरानी की और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक युवाओं के हितों की रक्षा के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते और पेपर लीक के मामलों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। वहीं प्रशासन ने पूरे कार्यक्रम के दौरान स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी।

« Newer PostsOlder Posts »