Web News

www.upwebnews.com

Mirzapur बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से घर में आग, 5 लाख का नुकसान

November 9, 2026

Mirzapur बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट से घर में आग, 5 लाख का नुकसान

Posted on 09.11.2026 Monday

मिर्जापुर 09 नवंबर 2026, दीपावली के बाद बिजली की ओवरलोडिंग और शॉर्ट सर्किट से हादसों का दौर जारी है। देहात कोतवाली इलाके के पतेरी गांव में सोमवार को बिजली की चिंगारी से एक रिहायशी मकान में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी लपटों में ले लिया। हादसे में घर गृहस्थी का सारा सामान, अनाज और थ्रेशर मशीन खरीदने के लिए रखी 2 लाख की नकदी समेत करीब 5 लाख रुपये का माल जलकर स्वाहा हो गया।

November 7, 2026

दीपावली दीयों का त्यौहार

“दीपोत्सव के पर्व में ‘पटाखा’ ना.. बाबा.. ना..!

संतोष देव गिरि
‘दीपावली’ यानि दीपोत्सव का पर्व, प्रकाश उल्लास का पर्व, लेकिन कुछ वर्षों में इस पर्व के नाम पटाखों का जो समावेश हुआ है वह समूचे समाज के लिए घातक होता आया है. जिसका दायरा भी समाप्त होने की बजाए बढ़ता ही जा रहा है. आज यह करोड़ों के कारोबार का घातक रुप लेते हुए कितने ही लोगों के लिए जीवन भर न भूलने वाला दर्द भी दे चुका है, बावजूद इसके के इसका प्रकोप जारी है। हाल के दिनों में ही देश के विभिन्न हिस्सों में पटाखा कारखाने से लेकर अन्य स्थलों पर हुए विस्फोट ने एक बार फिर से इसकी उपयोगिता को लेकर बहस छेड़ दी है कि उल्लास के पर्व में भला इसकी क्या उपयोगिता?
“दीपावली दीयों का त्यौहार है। पटाखे जला कर हमें फायर ब्रिगेड विभाग का कार्य नहीं बढ़ाना है. पटाखे जला कर हमें अस्पतालों में भीड़ नहीं बढ़ानी है.” यह संदेश दिया है वाराणसी की सुविख्यात संस्था ‘सत्या फाउंडेशन’ ने. बिना किसी सरकारी या विदेशी अनुदान के, प्रदूषण के खिलाफ अभियान चलाने वाली राष्ट्रीय संस्था, ‘सत्या फाउंडेशन’ के संस्थापक सचिव, चेतन उपाध्याय ने बताते हैं कि, “डीजे और पटाखे के कारण खुशी का हर उत्सव, मातम और दुःख में बदलता जा रहा है. चेतन उपाध्याय के मुताबिक पिछले वर्ष 2025 में वाराणसी के दारानगर इलाके में तेज आवाज के पटाखे से हृदय गति रुक जाने के कारण, एडवोकेट प्रहलाद तिवारी की मृत्यु हो गई थी और इस तरह की तमाम घटनाएं पूरे देश में होती रहती हैं, जिसकी जानकारी कई बार, पुलिस और आम जनता तक नहीं पहुंच पाती. आगजनी की घटनाओं के मद्देनजर, पड़ोसी देश चीन ने अपने सभी बड़े शहरों में आतिशबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध लगा रखा है. सिक्किम राज्य से प्रेरणा लेते हुए पूरे भारत देश में पटाखों के उत्पादन और बिक्री पर 365 दिन का पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए. और जब तक ऐसा प्रतिबंध नहीं लगता है, पुलिस-प्रशासन को इतना तो करना ही चाहिए कि रात 10 बजे के बाद पटाखा जलाने वालों की धरपकड़ और मुकदमा करने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में उड़ाका दलों को सक्रिय किया जाए, ताकि प्रदूषण की मात्रा को कम किया जा सके.
पूर्वांचल के वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ, डॉ. अजय कुमार पाण्डेय ने बताया कि पटाखों से निकलने वाला वायु प्रदूषण और ध्वनि प्रदूषण हम सभी के लिए बहुत नुकसानदायक है. अतः केवल दीपावली नहीं बल्कि शादी-विवाह या किसी भी खुशी के उत्सव या त्योहार में पटाखों के प्रयोग से बचना चाहिए.
बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, एडवोकेट विनोद कुमार शुक्ला ने कहा कि एक बार बाजार में पटाखा आने के बाद उसे नियंत्रित करना बहुत ही मुश्किल हो जाता है. अतः पटाखों पर पूर्ण प्रतिबंध लगाना ही समस्या का सही समाधान है. उन्होंने आगे कहा कि संविधान का अनुच्छेद 21 हर नागरिक को शांतिपूर्ण और स्वस्थ माहौल में रहने का अधिकार देता है. जानलेवा डीजे और जहरीले पटाखे का मुद्दा पार्टियों के चुनवी घोषणा पत्र में होना चाहिए और डीजे तथा पटाखा को बढ़ावा देने की बात करने वाले राजनेताओं का बहिष्कार होना चाहिए.
काशी पत्रकार संघ के अध्यक्ष अरुण कुमार मिश्रा ने कहते हैं कि ‘सत्या फाउंडेशन’ के इस अभियान में सभी को अपना योगदान करना पड़ेगा और त्याग की शुरुआत अपने घर से करनी होगी.
रामनगर औद्योगिक एसोसिएशन के अध्यक्ष, श्रीदेव भट्टाचार्य ने कहा कि हम सभी को अपने स्व-विवेक का उपयोग करते हुए पटाखों से खुद को और अपने बच्चों को बचाने के लिए प्रयास करना पड़ेगा. बारुद और गंधक वाले पटाखों और बमों के इस्तेमाल का अधिकार केवल देश की मिलिट्री (सेना) तक ही सीमित रहना चाहिए. आगे कहा कि काशी के लोग बहुत बुद्धिमान हैं और पटाखे पर राष्ट्रव्यापी प्रतिबंध लगाने की माँग को स्वीकार करना देश के नेताओं की नैतिक जिम्मेदारी है.
किसी समय बनारस के एसपी रह चुके, पूर्व आईपीएस जुगुल किशोर बुंदेला ने कहा कि ‘सत्या फाउंडेशन’ के इस नि:स्वार्थ अभियान का सभी वर्ग के लोगों को समर्थन करना चाहिए. पर्यावरण को ठीक करने का जिम्मा केवल एक संस्था का नहीं है बल्कि यह कार्य पूरे समाज का है और सभी लोग धर्म में आ रही इन विकृतियों से मर रहे हैं. उन्होंने कहा कि ग्रीन पटाखे के पीछे का काला सच सभी को जानना चाहिए. विभिन्न शोधों में यह बात सामने आई है कि ग्रीन पटाखे के जलने पर बेहद छोटे आकार के अल्ट्रा फाइन पार्टिकल्स (अत्यंत बारीक कण) निकलते हैं. सामान्य कणों की तुलना में ये बारीक प्रदूषक, सांस के जरिए फेफड़ों की गहराई तक और खून में बहुत आसानी से प्रवेश कर जाते हैं.

*”त्यौहार के नाम पर विभीषिका न फैले फैले”*
श्री गोवर्धन मठ, पुरी पीठ के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानन्द सरस्वती जी भी अपना मत प्रकट करते हुए दीपोत्सव के इस पर्व पर ज्ञान का दीप, सद्भाव का दीप जलाकर समाज को जागृत करने का संदेश देते हुए
कह चुके हैं, “दीपावली के नाम पर दीपमालिका और यह दीपमालिका तो वातावरण के शोधन के लिए है, शास्त्र सम्मत पर्व है. उसका लौकिक फल- वायुमण्डल का शोधन है, लेकिन आजकल जितना वायुमंडल का दोहन किया जा रहा है, दीपावली के नाम पर वायुमंडल को विकृत किया जा रहा है. एक शिष्टमंडल होना चाहिए जो परम्परा प्राप्त, शास्त्रीय विधा के अनुसार हर पर्व-त्यौहार को मनायें. ऐसा न हो कि पर्व त्यौहार के नाम पर विभीषिका फैले. दीपावली के नाम पर कई व्यक्ति और बच्चे अंधे हो जाते हैं, कई लंगड़े हो जाते हैं और अंत में वातावरण बहुत ही मलिन (गंदा) हो जाता है. तो शुचिता और शास्त्र सम्मत शुद्धता, पूजन में और पर्व त्यौहार में बनी रहे, इसका ध्यान रखना चाहिए.
जबकि शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी, ज्योतिष पीठ आश्चर्य प्रकट करते हुए कहते हैं कि, “मुझे आश्चर्य होता है कि सुप्रीम कोर्ट को केवल दिल्ली का प्रदूषण दिखाई पड़ता है, जबकि पटाखों के कारण केवल दिल्ली ही नहीं पूरे देश की आबो-हवा पर प्रभाव पड़ता है. पटाखों के जानलेवा प्रदूषण से जनता को बचाने के लिए सरकार और सुप्रीम कोर्ट को साहसिक कदम उठाने होंगे.

*पटाखा किसी भी धर्म का हिस्सा नहीं हो सकता*

पहले के जमाने में पटाखा जलाने से दमा रोगियों और आम जन को कम दिक्कत होती थी क्योंकि पेड़ पौधे सारे ध्वनि और वायु प्रदूषण को सोख लेते थे. मगर जनसँख्या नियंत्रण कानून के अभाव में कंक्रीट के जंगल बढ़ते गए और पेड़ पौधे कटते गए और आज हालत यह हो गयी कि वाराणसी जैसे शहर में हरियाली का प्रतिशत 1% से भी कम है और घर घर में लोग भयंकर बीमारियों से जूझ रहे हैं. एक दिन के शौक के चलते पूरे 4 दिनों तक अस्थमा के मरीज छटपटाते रहते हैं और पटाखों के चलते हर साल सभी अस्पतालों के आईसीयू और वार्ड फुल हो जाते हैं. जिस पटाखे के चलते इतनी अधिक तकलीफ और साल दर साल इतनी अधिक मौतें होती हैं, वह पटाखा किसी भी धर्म का हिस्सा नहीं हो सकता. लिहाजा पटाखे को धर्म से जोड़ने की भूल न करें.
सत्या फाउंडेशन वाराणसी के संस्थापक सचिव चेतन उपाध्याय बताते हैं, “पटाखों के चलते नवजात शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, वृद्धों और यहां तक कि पालतू पशु-पक्षी भी बुरी तरह से परेशान हो जाते हैं, ऐसे में वह समाज के सभी जनों से अपील करते हैं कि किसी भी निजी अथवा सार्वजनिक उत्सव में पटाखों का बिल्कुल प्रयोग न करें. साथ ही साथ अन्य लोगों को भी प्रेरित करने का आह्वान करते हैं, ताकि समाज से इस कुव्यवस्था को जड़ से और सभी के सुझबूझ से समाप्त किया जा सके.
====================

July 30, 2026

Mirzapur में भीषण सड़क हादसा अनियंत्रित कंटेनर ने सो रहे पिता-पुत्र को रौंदा दोनों की मौके पर मौत

ACCIDENT

मीरजापुर। यूपी के विंध्याचल थाना क्षेत्र अंतर्गत गैपुरा में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अनियंत्रित कंटेनर सड़क किनारे सो रहे पिता-पुत्र को रौंदते हुए मकान में जा घुसा। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों का आरोप है कि डिवाइडर पर इंडिकेटर व पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण यह हादसा हुआ। सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को भोर में तकरीबन 3 बजे थाना विन्ध्याचल के पुलिस चौकी गैपुरा क्षेत्रान्तर्गत कलना गहरवार के पास प्रयागराज की तरफ से आ रहे सीमेंट कंटेनर वाहन संख्या MP 19ZQ9901 के अनियंत्रित होकर घर में घुस कर पलट जाने के कारण चारपाई पर सो रहे शिव प्रसाद गुप्ता (45 वर्ष) पुत्र गंगा प्रसाद गुप्ता निवासी कलना गहरवार थाना विन्ध्याचल की मौके ही मृत्यु हो गयी जबकि उनका पुत्र रोहित (13 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर घायल रोहित उपरोक्त को इलाज के लिए एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गयी। थाना विन्ध्याचल पुलिस द्वारा दोनों मृतको के शवों को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया गया तथा परिजन द्वारा प्राप्त तहरीर के आधार पर समुचित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर तथा सम्बन्धित वाहन को क़ब्ज़े में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा है। मौके पर क्षेत्राधिकारी नगर, उपजिलाधिकारी सदर मय पर्याप्त पुलिस बल के साथ मौजूद है।

वहीं दूसरी ओर दुर्घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए मौके पर आस-पास के थानों की पुलिस फोर्स बुला लिया गया था वहीं हादसे की ख़बर होने पर मौके पर पहुंचे राष्ट्रवादी मंच के संयोजक मनोज श्रीवास्तव ने मृतक के परिजनों को धैर्य बंधाते हुए उनके साथ खड़े होने का आश्वासन देते हुए मृतक परिवार को जिला प्रशासन द्वारा 50 लाख का मुआवजा मिले तथा क्षतिग्रस्त मकान का अभिलम्ब निर्माण कराये जाने की मांग करते हुए आक्रोशित लोगों को शांत कराने में जुटे रहे हैं।

May 14, 2026

मिर्जापुर में आंधी-तूफान के कहर से 14 लोगों की मौत, कई घायल

*शहर से लेकर गांव तक बिजली आपूर्ति ठप, गंगा नदी में बना पीपा पुल भी टूटा*

मीरजापुर। जनपद में आंधी पानी ने जमकर तबाही मचाई है। तेज आंधी तूफान के कारण 14 लोगों की जान चली गई है। वहीं शहर लेकर गांव तक की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है‌। जो समाचार प्रेषण तक बाधित रहा है। बुधवार की रात से लेकर गुरुवार को सुबह तक बिजली आपूर्ति बाधित होने से उमश भरी गर्मी से व्याकुल लोगों को दो बूंद पानी के लिए परेशान देखा गया है।
मीरजापुर जिले में आए चक्रवती तूफान, तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही मचाई. पेड़, दीवार, टीन शेड गिरने और आकाशीय बिजली से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. मृतकों में पड़री थाना क्षेत्र में-5, अदलहाट-3, कछवां-2, चील्ह-1, लालगंज-1, संतनगर-1, ,कोतवाली देहात-1 बताएं गए हैं। पूरी रात जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित रहीं है।


छानबे विकास खंड क्षेत्र के गौरा परमानपुर मार्ग का पीपा पुल टूटने से 20 गांवों का आवागमन रुक गया है. कई इलाके में सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन तक बाधित हो गया है. जिले में बुधवार को देर शाम आंधी तूफान ने जमकर तबाही मचाई है आंधी पानी के कारण अलग-अलग थाना क्षेत्र में 14 लोगों की जान चली गई है. पड़री थाना क्षेत्र में चार की मौत हुई है. नदीगहना, सारी पोखरी गांव में आम के पेड़ गिरने से 9 साल के बच्चे अंशु मौर्य की मौत हुई है. छीतमपट्टी गांव में भी आम का पेड़ गिरने 17 वर्षीय किशोर अक्षय की मौत हुई है. मोहनपुर भवरख गांव में महुआ का पेड़ गिरने से महिला सरोज देवी की मौत हुई है.साथ ही महेवा में आम बिनने गए एक व्यक्ति बिहारी के भी मौत की खबर है.
कछवां थाना क्षेत्र में भी दो की मौत हुई है. विदापुर की रहने वाली महिला बेईला देवी पर टिन का शेड गिरने से मौत हो गई है. हरदरा के पास स्कॉर्पियो गाड़ी पर पेड़ गिरने से राणा उर्फ बबलू की मौत हो गई है स्कार्पियो सवार दो गंभीर रूप से घायल है जिनको ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है. चील्ह थाना क्षेत्र के गडगेड़ी गांव में आंधी तूफान से दीवार गिरने से 50 वर्षीय वृद्ध राम सागर जायसवाल की मौत हुई है.

*आंधी में उड़े टिन शेड से महिला का कटा गर्दन हुईं मौत*

वही लालगंज थाना क्षेत्र के कोलकम गांव में आंधी पानी के कारण टिन शेड उड़ने से नीलम महिला की गर्दन कटने से मौत हो गई है.

पड़री थाना क्षेत्र में चार से बढ़कर हुई पांच लोगों की हुई मौतों को संख्या, लालता यादव 70 वर्ष, इसके साथ ही
देहत कोतवाली क्षेत्र के कुरकुटिया पांडेय में चंद्रावती देवी नामक महिला की मौत की खबर है,

*आकाशीय बिजली से हुई मौत*

इसी प्रकार अदलहाट थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली से मंगल प्रसाद की मौत हुई है.

*पीपा पुल टूटने से बीस गांवों का सम्पर्क टूटा*

जान जाने के साथ ही आंधी पानी ने गौरा-परमानपुर मार्ग बने गंगा नदी का पीपा पुल टूटने से 20 गांव का आवागमन हुआ ठप हो गया है. सिमराध नाथ को जोड़ने वाला यह संपर्क मार्ग है. गांव से लेकर शहर तक अभी तक लाइट आपूर्ति बाधित है. कई इलाके में सड़क पर पेड़ उखड़ कर गिर गए हैं जिससे आवागमन ठप है. विंध्याचल अटल चौक पर हाई मास्क लाइट गिर गई है गनीमत रहा की किसी को चोट नहीं आई. जिलाधिकारी और एसपी आवास के रोड पर पेड़ गिरने से घंटो आवागमन बाधित रहा. आंधी पानी से पूरे जनपद में जनजीवन प्रभावित हो गया है.
मंडलीय अस्पताल के समीप पेड़ की डाल गिरने से जहां काफी देर तक आवागमन बाधित रहा है वहीं उधर से गुजर रहे एक राहगीर के घायल होने की खबर है।
दूसरी ओर जिले के मड़िहान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेदौली, गोपालपुर, कलवारी माफी व आसपास के इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। कई जगह शादी-विवाह में लगे टेंट और सजावटी सामान तेज हवाओं में उड़कर टूट गए। ग्रामीणों के कच्चे मकानों व घरों को भी नुकसान पहुंचा है। अचानक आए तूफान से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कराकर सहायता दिलाने की मांग की है।

April 24, 2026

मिर्जापुर: विंध्याचल धाम में परिक्रमा पथ पर मेट बिछाया गया

*आस्था: विंध्याचल देवी धाम में परिक्रमा पथ व नवनिर्मित मार्ग पर मैट बिछाने का कार्य हुआ संपन्न, झुलसते पांव को इस भीषण धूप में मिलेगी राहत*

संतोष देव गिरि
मीरजापुर। विख्यात देवी धाम मां विन्ध्यवासिनी धाम में भक्तों को इस कड़क धूप में पांव झुलसाने नहीं होंगे। इससे उन्हें अब राहत मिलेगी।
मां विंध्यवासिनी धाम में आने वाले दर्शनार्थियों की इस पीड़ा को महसूस करते हुए उद्योगपति निखिल द्वारा विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी की प्रेरणा से परिक्रमा पथ व नवनिर्मित मार्ग पर मैट बिछाने का कार्य संपन्न कराया गया, ताकि मां के भक्तों के झुलसते पांव को इस भीषण धूप में राहत मिल सके। इस सराहनीय कार्य के लिए विंध्य पंडा समाज के अध्यक्ष पंकज द्विवेदी ने समाज सेवी निखिल को मां के भक्तों की तरफ से कोटि कोटि आभार जताया है।
बताते चलें कि विंध्य कारिडोर के तहत विंध्याचल मंदिर का तेज़ी के साथ हो रहे कायाकल्प के साथ परिक्रमा पथ पर बिछाएं गये पत्थरों पर इन दिनों अंगारों पर चलने के बराबर साबित हो रहा था। नित्य हजारों की संख्या में भक्त देश के कोने कोने से यहां दर्शन करने के लिए आते हैं ऐसे में गर्मी में उनका पूरा हाल हो रहा था ख़ासकर नंगे पांव मंदिर आने वाले दर्शनार्थियों को भारी परेशानी हो रही थी।

Older Posts »