Web News

www.upwebnews.com

धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा-मांस की दुकानों और अवैध बूचड़खानों की जांच की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

November 13, 2026

धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा-मांस की दुकानों और अवैध बूचड़खानों की जांच की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

-विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता ज्ञापन देते हुए

हाथरस। मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों के साथ अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ऐसे प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण कराकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद के विभिन्न नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा, मांस और मछली की दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें कुछ प्रतिष्ठानों पर निर्धारित नियमों, लाइसेंस और शासनादेशों का उल्लंघन कर कारोबार करने की शिकायतें हैं। संगठन ने इगलास फाटक के पास मधुगढ़ी में मथुरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आसपास संचालित दुकानों की जांच कराने की मांग की। इसके अलावा सासनी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित बूचड़खाने की जांच कराकर नियमानुसार बंद कराने की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया कि धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार के प्रतिष्ठानों के संचालन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। साथ ही स्वच्छता, धार्मिक स्थलों की मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिहाज से भी मामले में कार्रवाई आवश्यक है।संगठन ने जिलाधिकारी से जनपद के सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठानों का संबंधित विभागों से सर्वेक्षण कराने, बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित मानकों के संचालित दुकानों एवं बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में नियम विरुद्ध संचालन रोकने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की।ज्ञापन देने वालों में विहिप के प्रांत समरसता टोली सदस्य मुकेश सूर्यवंशी, जिला संगठन मंत्री देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, महेश वर्मा, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, शिवा राणा, नवीन वर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हिमांशु, नैतिक शर्मा, लाला, साहिल वाल्मीकि और ईशू अरोड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

परमार्थ सेवा समिति ने जरूरतमंद महिलाओं को पेंशन और दीपावली उपहार बांटे

-पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी व अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा उपहार देते हुए

हाथरस। बागला कॉलेज रोड स्थित अन्न क्षेत्र गांधी पार्क में परमार्थ सेवा समिति की ओर से पेंशन एवं दीपावली उपहार वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें अन्न क्षेत्र के कर्मचारियों, स्टाफ और असहाय महिलाओं को 700 रुपये नकद पेंशन के साथ शॉल, साड़ी, छाता, बाल्टी, मग्गा और मिठाई वितरित की गई।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा और पालिकाध्यक्ष श्वेता चौधरी रहे। अध्यक्षता समिति अध्यक्ष पं. शीलेंद्र कुमार शर्मा ने की तथा संचालन दिनेश सरदाना ने किया। वक्ताओं ने जरूरतमंद महिलाओं के सम्मान और सहयोग के लिए समिति के प्रयासों की सराहना की।इस अवसर पर तजवंत कालरा, रमेशचंद गुप्ता, विकास अग्रवाल, मनोज कुमार अग्रवाल, मदन मोहन गौड़, संजीव आंधीवाल, महिपाल सिंह, राजीव कुमार कौशिक, राजकुमार अग्रवाल, पुरुषोत्तमदास खंडेलवाल, मुरारीलाल पचौरी, श्रीभगवान अग्रवाल, विकासचंद अग्रवाल, बालकिशन, रामजीलाल और रामलाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

November 11, 2026

सीएम ने की तिगरी और गढ़ मेलों की व्यवस्था की समीक्षा

लखनऊ, 10 नवम्बर 2026, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  ने कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर आगामी 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले गढ़मुक्तेश्वर गंगा स्नान मेला एवं तिगरी मेला की तैयारियों की आज लखनऊ में उच्चस्तरीय समीक्षा की।

मुख्यमंत्री  ने कहा कि ‘वेस्टर्न यूपी का मिनी कुम्भ’ यह मेला श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनेगा। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित, सुगम यातायात और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करें। सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं।

मुख्यमंत्री ने गृह, लोक निर्माण, परिवहन, सिंचाई, नगर विकास, ऊर्जा, पंचायती राज, स्वास्थ्य समेत संबंधित विभागों के अधिकारियों को मेला प्रारंभ होने से पहले व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग श्रद्धालुओं के आवागमन को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। नदी को आवश्यकतानुसार चैनलाइज किया जाए और हर घाट पर जल की उपलब्धता रहे। पर्याप्त स्वच्छता कर्मियों की तैनाती हो। सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग कतई न हो। मेले में सीएचसी स्तर के अस्थायी हॉस्पिटल बनाए जाएं। पर्याप्त मैनपावर, एंबुलेंस समेत सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। विद्युत की नियमित आपूर्ति व शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें दोनों तरफ तैनात की जाएं। मेले से पहले एडीजी, आईजी, डीआईजी, एसएसपी स्तर के अधिकारी पुलिस बल की काउंसिलिंग कर लें। पब्लिक एड्रेस सिस्टम, वॉच टावर, फायर टेंडर, सीसीटीवी, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, डायवर्जन आदि की समुचित व्यवस्था की जाए। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहें और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहे।

मुख्यमंत्री जी ने निर्देश दिए कि मेले में खेलकूद व सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जाए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाए। आस्था के विपरीत कोई भी कार्यक्रम न हो।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले के दौरान नशे के खिलाफ अभियान चलाया जाए। मेले के कमांड एरिया में शराब व नशे की वस्तुओं की बिक्री कतई न हो और न ही आस्था के विपरीत कोई आचरण हो।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि मेले में बच्चों की स्लोगन, भाषण, वाद-विवाद, निबंध आदि प्रतियोगिताएं कराई जाएं।

Akhilesh Yadav दर्शन से दो दिन पूर्व अयोध्या को संवारने का संकल्प

Akhilesh yadav

लखनऊ, 11 नवंबर 2026 (उप्र समाचार सेवा)। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अयोध्या के विकास और इसे भव्य रूप में सजाने संवारने का संकल्प व्यक्त किया है। उन्होंने मंदिर की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने की बात कही है। श्री यादव ने सोशल मीडिया पर जारी बयान में उक्त बातें कही हैं। उनका यह बयान अयोध्या दौरे और भगवान श्रीराम के मंदिर में दर्शन के दो दिन पूर्व आया है। ज्ञातव्य है कि वे 12 नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सपरिवार दर्शन करेंगे।

श्री यादव ने कहा है कि अयोध्या नगरी के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए हम वचनबद्ध हैं। राम-मंदिर की चोरी से आहत होकर जिस प्रकार अयोध्या आने वाले आस्थावान और श्रद्धालु दिन-प्रतिदिन कम होते जा रहे हैं, जिसका सीधा असर यहाँ की स्थानीय अर्थव्यवस्था पर पड़ा है, हम उसे सुधारेंगे भी और सँवारेंगे भी। अयोध्या के मंदिर को पारदर्शी व्यवस्था देकर विश्वास की भी पुनर्स्थापना करेंगे। वर्ल्ड-क्लास इन्फ्रास्ट्रक्चर देकर *हम अयोध्या को ‘सनातन तीर्थाटन की वैश्विक राजधानी’ बनाएंगे।

हम एक ऐसी अयोध्या बनाएंगे, जहाँ कोई भी अहंकारी, तेल बटोरती किसी ग़रीब स्त्री या बच्चे-बच्ची को बेंत मारकर बेइज़्ज़त और उत्पीड़ित नहीं करेगा। हम सरकार में आकर राशन में ‘तेल-घी’ भी देकर शरीर की पौष्टिक आवश्यकताओं को पूरा करेंगे।

हम अयोध्या में परंपरागत नौकायन को बढ़ावा देंगे, जिससे परंपरागत नाविकों को उसका लाभ मिले और भगवान राम और निषादराज का प्रगाढ़ संबंध फिर से स्थापित हो सके। भाजपा इस संबंध को तोड़ना चाह रही है क्योंकि भाजपाई प्रभुत्ववाद कभी नहीं चाहता है कि प्रभु राम और पीडीए समाज का गले मिलने का कोई भी दृश्य किसी को याद रहे।

हम अयोध्या को बाहरी ठेकेदारों से मुक्त कराएंगे और ज़मीन की जाँच बैठाएँगे। बाहरी लोगों ने ही अयोध्या को लूटा है। सर्किल रेट के महाघोटाले से जुड़े भाजपाई नेता व भ्रष्ट अधिकारी कोई भी बच नहीं पाएगा। अयोध्या की लूट से भरे उनके ख़ज़ाने खँगाले जाएँगे।

हम ऐसी व्यवस्था भी बनाएंगे कि कोई भी दुष्मुखी व्यक्ति ‘भगवान राम या भगवान कृष्ण ही नहीं बल्कि किसी भी धर्म के आराध्यों और महापुरुषों का अपमान न कर सके या अपमान करके स्वतंत्र न घूम सके। ऐसे धर्म-विरुद्ध लोगों को वैधानिक रूप से निरुद्ध किया जाएगा। दुर्वचन कहनेवाले ऐसेलअधर्मी लोगों को प्रश्रय देनेवाले भी पाप के भागीदार होते हैं, उनको भी सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने के षड्यंत्र में संलिप्त

November 10, 2026

ओवर हाईट गन्ना ट्रकों का ‘सड़क पर आतंक’, बिजली के तारों से हादसे का खतरा; प्रशासन मौन

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।बेहजम से ओयल मार्ग पर इस समय गन्ना लदे ओवर हाईट ट्रकों का कहर जारी है, जो राहगीरों और स्थानीय निवासियों के लिए जान का दुश्मन बना हुआ है। हरगांव शुगर मिल को जाने वाले इन ट्रकों में क्षमता से कहीं अधिक ऊंचाई तक गन्ना भरा जा रहा है। ओवरलोडिंग के इस खेल से सड़कों पर ‘सड़क हादसे’ और ‘हाई-वोल्टेज करंट’ का दोहरा खतरा मंडरा रहा है, लेकिन जिम्मेदार प्रशासनिक अधिकारी आंखें मूंदकर किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रकों में गन्ने को इतनी ऊंचाई तक लादा जा रहा है कि वे सड़कों के ऊपर से गुजर रहे बिजली के क्रॉस तारों को छू रहे हैं। ट्रकों के टकराने से बिजली के तार टूटने, खंभे उखड़ने और पूरे इलाके में हाई-वोल्टेज करंट फैलने की गंभीर आशंका बनी हुई है। हल्की सी लापरवाही भी किसी बड़ी अप्रिय घटना या जनहानि का सबब बन सकती है।गन्ने से ओवरलोड ये अनियंत्रित ट्रक न सिर्फ बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य राहगीरों, बाइक सवारों और स्कूली बच्चों के लिए भी साक्षात काल साबित हो रहे हैं। आए दिन गन्ने के बंडल सड़कों पर गिरते रहते हैं, जिससे राहगीर चोटिल हो रहे हैं। इसके अलावा, इन भारी-भरकम ट्रकों के कारण बेहजम ओयल मार्ग पर घंटों लंबा जाम लगना अब आम बात हो गई है।स्थानीय निवासियों और राहगीरों में प्रशासन की इस घोर लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ओवरलोडिंग का यह अवैध धंधा सरेआम अधिकारियों की नाक के नीचे चल रहा है। बार-बार शिकायत के बावजूद परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।क्षेत्रीय जनता अब सीधे सवाल उठा रही है कि आखिर इन ओवरलोड ट्रकों को बिना रोक-टोक सड़कों पर दौड़ने की हरी झंडी किसने दी,क्या प्रशासन और मिल प्रबंधन को किसी मासूम की जान जाने के बाद ही इस खतरे का अहसास होगा,नियम तोड़ने वाले इन ट्रक मालिकों और मिल चालकों पर सख्त कानूनी कार्रवाई कब होगी,स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से मांग की है कि बेकाबू हो चुके इन ओवरलोड ट्रकों की चेकिंग की जाए, इनकी ऊंचाई तय की जाए और मिल प्रबंधन को सख्त हिदायत दी जाए, ताकि समय रहते किसी बड़ी तबाही को टाला जा सके।

« Newer Posts — Older Posts »