Web News

www.upwebnews.com

बागपत में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप से मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 हुआ

September 7, 2026

बागपत में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप से मौत का आंकड़ा बढ़कर 13 हुआ

बागपत। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात करीब एक बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। बागड़ धाम (गोगामेड़ी) से बदायूं लौट रही श्रद्धालुओं से भरी पिकअप को तेज रफ्तार कैंटर ने टक्कर मार दी। टक्कर के बाद पिकअप डिवाइडर से टकराकर बेकाबू हो गई और सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे में छह लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी, लेकिन दोपहर 3.00 बजे तक मौत का यह आंकड़ा बढ़कर 13 हो गई, जिनमें सात पुरुष, तीन महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। 19 से अधिक लोग घायल हुए हैं। पिकअप में 32 श्रद्धालु सवार थे। हादसे में शव करीब 30 मीटर तक बिखर गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।

August 27, 2026

विधायक निधि से तेड़ा में बनेगी 11 लाख की इंटरलॉकिंग सड़क, विधायक डॉ. अजय ने किया उद्घाटन

बागपत। बड़ौत तहसील के ग्राम तेड़ा में विधायक निधि योजना के तहत इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण कार्य का विधायक डॉ. अजय कुमार ने पट्टिका का अनावरण कर उद्घाटन किया।

जानकारी के अनुसार वर्ष 2025-26 के तहत ग्राम तेड़ा में रमेश पंडित के घर से पीर तक इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा। जिसकी अनुमानित लागत 11.03 लाख रुपये है। कार्य का शुभारंभ 6 अप्रैल 2026 को हुआ था और 5 जुलाई 2026 को इसे पूरा किया जाना है। कार्यदायी संस्था ग्रामीण अभियंत्रण विभाग प्रखंड बागपत है।
इस दौरान समाजसेवी अशीष पवार उर्फ गोलू के नेतृत्व में ग्रामीणों ने विधायक का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। विधायक ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
———–
विश्व बंधु शास्त्री

August 26, 2026

रक्षाबंधन पर रेल यात्रियों को राहत, दिल्ली-शामली रूट पर दौड़ेगी स्पेशल ट्रेन

बागपत। रक्षाबंधन पर घर जाने वाले यात्रियों की भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने दिल्ली-शामली रूट पर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन 27 और 28 अगस्त को दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे जनपद के खेकड़ा, बागपत और बड़ौत के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी।

स्टेशन अधीक्षक किशोर गुप्ता ने बताया कि ट्रेन संख्या 04408 शामली-दिल्ली शाहदरा स्पेशल शामली से सुबह 8:30 बजे रवाना होगी और सुबह 9:29 बजे खेकड़ा पहुंचेगी। यहां एक मिनट रुकने के बाद 10:40 बजे शाहदरा पहुंचेगी।
वापसी में ट्रेन संख्या 04407 शाहदरा से दोपहर 11:40 बजे चलेगी, जो 12:16 बजे खेकड़ा पहुंचकर बागपत रोड, बड़ौत और कांधला होते हुए दोपहर 2:05 बजे शामली पहुंचेगी। 16 कोच की यह ट्रेन पूरी तरह अनारक्षित रहेगी। बिना एडवांस बुकिंग के तत्काल टिकट पर यात्रा की जा सकेगी। ट्रेन कांधला, कासिमपुर खेड़ी, बड़ौत, बागपत रोड, खेकड़ा, लोनी और गोकुलपुर सबोली स्टेशनों पर रुकेगी।
————-
विश्व बंधु शास्त्री

August 25, 2026

बागपत में मिलावटी मावा पर बड़ी कार्रवाई, 210 किलो मावा नष्ट, 43 किलो पाउडर सीज

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत में रक्षाबंधन से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य विभाग ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। टटीरी टोल प्लाजा पर दिल्ली जा रही कैंटर से 210 किलो संदिग्ध मावा पकड़कर मौके पर ही नष्ट करा दिया गया, जबकि बिजवाड़ा गांव में भट्टी से 43 किलो स्किम्ड मिल्क पाउडर सीज किया गया। टीम ने कुल 5 नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

सहायक आयुक्त खाद्य डीपी सिंह ने बताया कि उनके नेतृत्व में 24 अगस्त की आधी रात और 25 अगस्त को छापेमारी की गई। टटीरी टोल पर एक संदिग्ध गाड़ी को रोका गया, जिसमें रामकुमार, ओमबीर, नीतू और रवि का मावा अस्वच्छ हालात में दिल्ली ले जाया जा रहा था। शक के आधार पर 4 नमूने लेकर 210 किलो मावा (कीमत 56,700 रुपये) नष्ट कराया गया।
दूसरी कार्रवाई बड़ौत के ग्राम बिजवाड़ा में नौशाद की मावा भट्टी पर हुई, जहां से 43 किलो मिल्क पाउडर (कीमत 12,900 रुपये) सीज किया गया। तीसरी गाड़ी को रोकने पर चालक महताब और भट्टी संचालक मीर हसन, सचल दल से अभद्रता कर गाड़ी लेकर फरार हो गए। उनके खिलाफ थाना बागपत में मुकदमा दर्ज कराया गया है। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी यज्ञदत्त आर्य व निधि रानी मौजूद रहीं।
————–
विश्व बंधु शास्त्री