Web News

www.upwebnews.com

चार दिन से लापता चार वर्षीय बच्ची का बोरे में बंद शव नहर किनारे मिला, दो संदिग्ध हिरासत में

November 13, 2026

चार दिन से लापता चार वर्षीय बच्ची का बोरे में बंद शव नहर किनारे मिला, दो संदिग्ध हिरासत में

हाथरस। सिकंदराराऊ कोतवाली क्षेत्र के गांव कोंडरा जहांगीरपुर में चार दिन से लापता चार वर्षीय मासूम बच्ची का शव गुरुवार सुबह नहर किनारे बोरे में बंद मिला। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों के संदेह और बयानों के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, गांव निवासी शिशुपाल की चार वर्षीय पुत्री ममता 9 नवंबर की शाम करीब चार बजे घर से खेलने निकली थी, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस भी बच्ची की तलाश में जुटी हुई थी।गुरुवार सुबह कुछ ग्रामीण नहर की तरफ गए तो वहां पड़े एक बोरे से तेज दुर्गंध आई। शक होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बोरा खुलवाया तो उसमें बच्ची का शव मिला। खबर फैलते ही ग्रामीणों और परिजनों की भीड़ जुट गई।एसपी चिरंजीव नाथ सिन्हा ने फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। ममता अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। परिवार में एक छोटी बहन और तीन माह का छोटा भाई है। करीब चार माह पहले उसके पिता शिशुपाल सिंह की अकराबाद क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। परिवार अभी इस सदमे से उबर भी नहीं पाया था कि मासूम की मौत ने उसे एक और गहरे दुख में डाल दिया।परिजनों ने बच्ची की हत्या की आशंका जताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल गांव और घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।