Web News

www.upwebnews.com

lakhimpur kheri सदर सीट पर कीर्ति शुक्ला की प्रबल दावेदारी

August 21, 2026

lakhimpur kheri सदर सीट पर कीर्ति शुक्ला की प्रबल दावेदारी

लखीमपुर खीरी सदर विधान सभा से भाजपा की टिकट के लिए मजबूत दावेदारी पेश कर रही लोकप्रिय एडवोकेट कीर्ति शुक्ला

लखीमपुर खीरी।
जहां एक ओर सदर विधायक योगेश वर्मा विवादों से घिरे रहते है। आए दिन विवादों से घिरे रहने के चलते भारतीय जनता पार्टी में सदर सीट पर पार्टी की टिकट के लिए नए नए दावेदार अपनी दावेदारी करने लगे है। सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी के टिकट के वैसे तो कई दावेदार है और नए नए दावेदार तैयार भी हो रहे है परन्तु जनता के बीच लोकप्रिय दावेदार के रूप में एडवोकेट कीर्ति शुक्ला का नाम प्रमुख रूप से सामने आ रहा है। श्रीमती शुक्ला पेशे से वकील और समाजसेवी है। और काफी समय से गरीबों लाचारों और जरूरतमंदों की मदद करने के साथ साथ पार्टी की कर्मठ कार्यकर्ता व पार्टी के संगठन में पदाधिकारी भी है। श्रीमती शुक्ला लगभग रोज ही क्षेत्र के अलग अलग गांवों में जनता के बीच में जाकर जनता का दुख दर्द सुनना और उनका समाधान कराना ही उनकी प्राथमिकता रहती है। सदर विधान सभा क्षेत्र की जनता उनके मधुर स्वभाव व जनता के प्रति समर्पण से काफी प्रभावित है इसी कारण वो सदर विधान सभा क्षेत्र के आम जनमानस के साथ साथ हर वर्ग में वह लोकप्रिय है। सदर विधान सभा क्षेत्र की जनता का कहना है कि यदि भारतीय जनता पार्टी ने कीर्ति शुक्ला को सदर सीट से पार्टी प्रत्याशी बनाया तो पार्टी पहले से बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहले की अपेक्षा भारी वोटो के अंतर से इस बार जीत दर्ज करेगी। अपने कार्यों से लोगों के दिलों में पैठ बनाने के साथ साथ जनता के दिलों पर राज करने वाली कीर्ति शुक्ला अपनी छवि व कार्य करने अंदाज के साथ जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए जनता के बीच में रहकर निरंतर कार्य कर रही है।

June 28, 2026

भाजपा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की प्रथम बैठक 12 जुलाई को मथुरा में बैठक

LOGO BJP

Posted on 28.06.2016 Time 06.08 Sunday, BJP, Mathura

लखनऊ, 28 जून 2026, अयोध्या और काशी के बाद भाजपा ने अब मथुरा को नया राजनीतिक शक्ति केंद्र बनाने पर पूरा फोकस कर दिया है। मिशन-2027 और 2029 की रणनीति के तहत 12 जुलाई को मथुरा में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक होगी, जिसमें आगामी चुनावों और संगठन विस्तार पर मंथन होगा। भाजपा ओबीसी वोट बैंक को साधने के साथ ब्रज क्षेत्र को संगठन और सरकार में विशेष महत्व दे रही है। योगी मंत्रिमंडल में ब्रज क्षेत्र से 12 मंत्री शामिल हैं, जबकि प्रदेश संगठन में 9 नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। कृष्ण जन्मभूमि मुद्दे, धार्मिक राष्ट्रवाद और आरएसएस की सक्रियता के चलते भी मथुरा का राजनीतिक महत्व बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चार बार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 38 बार मथुरा-वृंदावन का दौरा कर चुके हैं। भाजपा अब मथुरा से मिशन-2027 और 2029 को नई धार देने की तैयारी में है।

May 4, 2026

पीएम मोदी ने विपक्ष पर बोला तीखा हमला, कहा कांग्रेस अरबन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है

PM NARENDRA MODI

Posted on 04.05.2026 Time 09.08 PM, Monday, New Delhi, BJP Office, PM Narendra Modi

तीन राज्यों की जीत पर भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय पर जश्न में शामिल हुए पीएम मोदी

सपा ने महिला आरक्षण का विरोध करके जो पाप किया उसे धुला नहीं सकेगी

नई दिल्ली, 04 मई 2026 (उत्तर प्रदेश समाचार सेवा)। पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद भारतीय जनता पार्टी में खुशी की माहौल है। पांच में से तीन राज्यों में एनडीए और भाजपा सरकार बनाने जा रही है। इस उपलक्ष्य में आज भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में जश्न मनाया गया। इस जश्न में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी शामिल हुए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जहां एक ओर इस जीत को ऐतिहासिक बताया वहीं कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अरबन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रही है, वहीं कहा कि समाजवादी पार्टी ने नारी वंदन अधिनिय़म (संशोधन) विरोध करके जो पाप किया है वह उसे धो नहीं पाएगी। श्री मोदी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की धऱा पर आज नया सूर्योदय हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जनसंघ के संस्थापक डा श्यामाप्रसाद मुखर्जी की आत्मा को भी शांति मिली होगी।

श्री मोदी ने कहा भाजपा के नए अध्यक्ष बने नितिन नवीन के कार्यभार ग्रहण करने के बाद पहले चुनाव हैं। उनका मार्गदर्शन बहुमूल्य रहा है। श्री मोदी ने कहा कि जय पराजय लोकतंत्र और राजनीति के स्वाभाविक हिस्से हैं। पांच राज्यों के चुनावों ने यह दिखा दिया है कि भारत मदर आफ डेमोक्रेसी क्यों है। लोकतंत्र हमारी रगों मे रगों में दौडता है, लोकतंत्र हमारा संस्कार है। आज लोकतंत्र ही नहीं, भारत का संविधान भी जीता है। लोकतांत्रिक प्रक्रियाएं जीती हैं। पश्चिम बंगाल में 93 प्रतिशत मतदान अपने आप में ऐतिहासिक है। केरलम, तमिलनाडु और असम में भी रिकार्ड मतदान हुआ है। महिलाओं की भागीदारी मतदान में अधिक रही है। यह भारतीय लोकतंत्र की सबसे उजली तस्वीर है।

श्री मोदी ने चुनाव आयोग, सुरक्षा बलों, चुनाव में लगे कर्मचरियों का अभिनन्दन करते हुए कहा कि भारत के लोकतंत्र की गरिमा बनाए रखने में इनका योगदान इतिहास हमेशा याद रखेगा। उन्होंने कहा कि 14 नवम्बर 2025 को जब बिहार के चुनाव नतीजे आये थे तो मैंने कहा था कि गंगा जी बिहार से गंगासागर तक जाती हैं। आज गंगोत्री से गंगासागर तक कमल ही कमल खिला है। उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल तक एनडीए और बीजेपी की सरकारें हैं। जब 2013 में मुझे बीजेपी ने पीएम उम्मीदवार का काम सौंपा था। वर्ष 2014 में काशी में नामांकन के दौरान मेरे मन से ध्वनि निकली थी, न मुझे किसी ने भेजा है और न मैं आया हूं। मुझे गंगा ने बुलाया है। आज भी मां गंगा अपनी कृपा वर्षा रही हैं। साथ ही ब्रह्मपुत्र और मां कामाख्या का भी आशीर्वाद रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश के 20 से अधिक राज्यों में एनडीए और बीजेपी की सरकारें हैं। हमारा मंत्र है नागरिक देवो भवः, इसीलिए जनता भाजपा पर ज्यादा से ज्यादा भरोसा कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को आज कितनी शांति मिली होगी। उन्होंने 1951 में जनसंघ की स्थापना करके संदेश दिया था। देश के लिए जीना और देश के लिए मरना। डा मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाये रखने के लिए बडी लडाई लड़ी थी। उनका सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था। आज 4 मई 2026 को वह अवसर मिल है। आज से बंगाल भय मुक्त, विकास की सोच से युक्त हो गया है। इस जीत ने वंदेमातरम् के 150वें वर्ष में बंकिम चन्द्र चटर्जी को भी नमन किया है। महर्षि अरविन्द को ऐतिहासिक श्रद्धांजलि दी है। पश्चिम बंगाल और केरलम् में कितने ही भाजपा कार्यकर्ताओं का बलिदान हुआ है। महिलाओं पर अत्याचार हुए हैं। यह जीत उन कार्यकर्ताओं के परिवारों को समर्पित है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भले ही इस समय सांझ ढल रही है, किन्तु बंगाल की धरा पर एक नया सूर्योदय हुआ है। एक ऐतिहासिक सवेरा हुआ है, जिसका इंतजार पीढियों ने किया है। उन्होंने कहा कि मैं हर बंगालवासी को यह भरोसा देता हूं कि बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए भाजपा दिनरात एक कर देगी। महिलाओं को सुरक्षा मिलेगी, युवाओं को रोजगार मिलेगा। बंगाल से पलायन रुकेगा। पहली कैबिनेट बैठक में आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखायी जाएगी। अब बंगाल से घुसपैठियों की विदान की जाएगी।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का पिलर नारी शक्ति है। अब नारी शक्ति विकसित भारत के निर्माण में आगे बढ रही है। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने नारी शक्ति वंदन अधिनिय़म (संशोधन) को रोकने का काम किया। संशोधन पारित नहीं होने दिया। मैंने कहा था कि इन दलों को महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ेगा। कांग्रेस और टीएमसी को पश्चिम बंगाल में बहनों और बेटियों ने सजा दी है। समाजवादी पार्टी ने संसद में महिलाओं के आरक्षण को रोका है। उसे भी महिलाओं का आक्रोश झेलना पड़ेगा। सपा अपने इस पाप को कभी धो नहीं सकेगी।

उन्होंने कहा कि आज कहीं भी देश में वामपंथी दलों का सरकार नहीं है। यह सोच का बदलाव है, सिर्फ सियासत की नहीं। पूरे देश ने कम्यूनिस्ट विचारधारा से किनारा कर लिया है। जबकि कांग्रेस उस विचारधारा को अपना रही है जिसे देश ने नकार दिया है। वही माओवादी विचार कांग्रेस में जगह बना रहा है। आज कांग्रेस अरबन नक्सलियों का गिरोह बनती जा रहा है। जिन तीन राज्यों में सरकारें बदली हैं,वहां की पहचान विभाजन की बन गई थी। भाषा पर विवाद, खाने पीने पर विवाद, अपनों को विदेशी बताने की कोशिश की गई थी। इन राज्यों में बांटने की राजनीति हो रही थी।

श्री मोदी ने कहा कि लम्बे समय तक कांग्रेस को आजादी के इमोशन का लाभ मिला था। लेकिन, कांग्रेस देश की संस्कृति और संवेदनाओं को नहीं समझ पायी। कांग्रेस एक्सप्रेशन की राजनीति नहीं जानती। हमारे लिये भारत और भारतीयता ही सबकुछ है। हमारी पार्टी रीजनल एक्सप्रेशन से नेशनल एम्बीशन को पूरा करने वाली है। इसीलिए भाजपा आज देश की पसंद बन रही है।

पार्टी मुख्यालय में आयोजित जश्न में मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्वागत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने किया। उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि पश्चिम बंगाल में हिन्दू विरोधी एजेंडे को आगे बढाया जा रहा था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में प्रो कम्बेंसी है। जिसके कारण हमारी सरकारें वापस लौटकर आती हैं।

May 3, 2026

सुभासपा को झटका, प्रदेश अध्यक्ष का इस्तीफा

Posted on 03.05.2026 Time 08.21 PM, Sunday , Lucknow News , SBSP, Suheldev Bharatiya Samaj Party , UP Samachar Sewa, UP News 

लखनऊ, 03 मई 2026 (उप्र समाचार सेवा)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष प्रेमचंद्र कश्यप ने त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर पर आरक्षण मुद्दे पर चुप्पी साधे रहने का आरोप लगाया है। वे अब बिहार के नेता मुकेश सहनी की पार्टी वीआईपी में शामिल होंगे।

श्री कश्यप ने प्रदेश अध्यक्ष पद और प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दिया है। उनका इस्तीफा सोशल मीडिया में वायरल है। इसके साथ ही उन्होंने एक्स पर भी इस्तीफे की जानकारी साझा की है। श्री कश्यप ने आरोप लगाया है कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर मंत्री बनने से पहले 17 पिछड़ी जातियों को आरक्षण मुद्दा उठाते थे। जब से मंत्री बने है इस मुद्दे पर मोन साधे हुए है। वे पार्टी में घुटन महसूस कर रहे थे। इसलिए त्यागपत्र दिया । अब विकसित इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी के साथ कार्य करेंगे और इंडिया गठबंधन की सरकार बनवाएंगे।

इस त्यागपत्र से सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी में खलबली मच गई है। अभी तक राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

April 28, 2026

UP Election 2027 से पहले हाथरस की जमीनी हकीकत पर घिरती सत्तारूढ़ पार्टी

Posted on 28.04.2026 Time 10.58, Tuesday, UP Vidhan Sabha Election 2027, Neeraj Chakrapani  Hathras

हाथरस में अफसर-नेता गठजोड़ पर उठे सवाल, चुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल

हाथरस, आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो चुकी हैं। राज्य की सत्ता में वापसी की चुनौती के बीच सत्तारूढ़ दल के सामने जमीनी स्तर पर संगठन और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं। खासतौर पर ब्रज क्षेत्र के हाथरस जनपद को लेकर उठ रही चर्चाएं राजनीतिक गलियारों में ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
प्रदेश की तीन विधानसभा सीटों वाले इस जनपद में फिलहाल दो सीटों पर भाजपा और एक पर सहयोगी दल का कब्जा है। जिला पंचायत से लेकर नगर निकायों तक सत्ता पक्ष की पकड़ मजबूत मानी जाती रही है। इसके बावजूद स्थानीय स्तर पर जनसमस्याओं और प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर असंतोष की स्थिति सामने आ रही है।
स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि जिले में प्रशासनिक अधिकारियों और कुछ जनप्रतिनिधियों के बीच तालमेल जनहित के बजाय निजी हितों की पूर्ति की ओर झुका हुआ है। आरोप हैं कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामलों में प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पा रही, जिससे भूमाफिया सक्रिय बने हुए हैं। कई मामलों में सांठगांठ की आशंका भी जताई जा रही है।
विकास कार्यों की स्थिति भी सवालों के घेरे में है। लंबे समय से लंबित यातायात सुधार, मेडिकल सुविधाओं के विस्तार और ट्रांसपोर्ट नगर जैसी परियोजनाओं में अपेक्षित प्रगति नहीं हो पाई है। जनसुविधाओं की कमी और अव्यवस्था को लेकर आम नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, कुछ विभागों जैसे लोक निर्माण, बिजली, जल निगम,वन विभाग ,समाज कल्याण , स्वास्थ्य सेवाएं, उप निबंधन कार्यालय,जिला उद्योग  और परिवहन विभाग सहित आदि में भ्रष्टाचार की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। इन विभागों में कार्यप्रणाली को लेकर पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2024 के लोकसभा चुनावों में उत्तर प्रदेश से मिले संकेतों के बाद सत्तारूढ़ दल के लिए आगामी विधानसभा चुनाव आसान नहीं होंगे। ऐसे में यदि स्थानीय स्तर पर संगठन और प्रशासनिक व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, तो इसका असर चुनावी परिणामों पर पड़ सकता है।
विपक्षी दल भी इन मुद्दों को लेकर सक्रिय हो गए हैं और जनता के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। आने वाले महीनों में चुनावी माहौल और तेज होने के साथ ही हाथरस जैसे जनपदों की स्थिति प्रदेश की व्यापक राजनीतिक दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।फिलहाल नजर इस बात पर है कि सरकार प्रशासनिक स्तर पर उठ रहे आरोपों और जन असंतोष को दूर करने के लिए क्या कदम उठाती है।

Older Posts »