Web News

www.upwebnews.com

थाना प्रभारी का फंदे से लटकता मिला शव पुलिस जांच में जुटी

August 29, 2026

थाना प्रभारी का फंदे से लटकता मिला शव पुलिस जांच में जुटी

उप्रससे 29 अगस्त
बस्ती।जिले के वाल्टर गंज के थाना प्रभारी का बस्ती जिला मुख्यालय के कर्मचारी आवास में शनिवार शाम वाल्टरगंज थानाध्यक्ष सूर्य प्रकाश सिंह का शव मिला। शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही एएसपी समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया।

शुरुआती जानकारी में उनके फांसी लगाने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं की है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के कलेक्ट्रेट के पास शनिवार शाम करीब 6:30 बजे का है।

संवाददाता जयंत कुमार मिश्रा

August 25, 2026

युवक की निर्मम हत्या परिवार ने सड़क जाम किया

उप्रससे।24 अगस्त
बस्ती।जिले के लालगंज थाना क्षेत्र में महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। यह घटना रविवार की देर रात हुई। मृतक राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष मनमोहन त्रिपाठी के बहनोई के भाई बताए जा रहे हैं। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।महसो ग्राम पंचायत के पूरब टोला निवासी मनीष पांडेय का गांव के कुछ लोगों से रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने मनीष पर चारपाई के पाट से हमला कर दिया।

हमले में मनीष के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। परिजन उन्हें आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि, मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही मनीष ने दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हत्या की खबर के बाद गांव में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। गांव से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक पुलिस बल तैनात किया गया है। घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी रुधौली शिव प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधि कार्रवाई की जाएगी अभियुक्त की तलाश की जा रही है।
जयंत कुमार मिश्र संवाददाता

मौसी के घर आई किशोरी की तालाब में डूब कर मौत

उप्रससे। 24 अगस्त
बस्ती।जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भीटा गांव में सोमवार दोपहर तालाब में डूबने से 16 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।मृतका की पहचान ठोरिका गांव निवासी सपना (16) पुत्री स्वर्गीय दिनेश के रूप में हुई है। सपना इन दिनों भीटा गांव में अपनी मौसी के घर आई हुई थी। सोमवार दोपहर करीब एक बजे वह मौसी के घर से निकलकर गांव के पास स्थित तालाब की ओर चली गई। परिजनों ने उसे तालाब की तरफ जाते देखा तो उसके पीछे गए, लेकिन तब तक वह तालाब के गहरे पानी में पहुंच चुकी थी।सपना के तालाब में डूबने की जानकारी होते ही परिजनों और ग्रामीणों ने उसे बचाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
किशोरी के चाचा गोविंद निषाद ने बताया कि सपना की कथित तौर पर मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।

घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष आलोक कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के कारणों की पुष्टि हो सकेगी। संवाददाता जयंत कुमार मिश्रा

August 23, 2026

पिता की हत्या आरोपी बेटी और आशिक गिरफ्तार

उप्रससे।23अगस्त
बस्ती।जनपद में शनिवार को हुए कृष्णा हत्या की घटना का 24 घण्टे के अन्दर सफल अनावरण करते हुए थाना दुबौलिया पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तो को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही के आधार पर आला कत्ल एक हंसिया, गमछा,व सात सौ रुपये बरामद किया गया। मिली जानकारी के अनुसार
दुबौलिया में प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पिता की हंसिया और गमछे से गला दबाकर हत्या कर दिया गया निसमे मृतक के भाई काशी प्रसाद के लिखित प्रा0 पत्र के आधार पर मु0अ0सं0 158/2026 धारा 103(1) बीएनएस पंजीकृत किया गया आज पुलिस घटना का आवरण करते हुए मृतक की बेटी के प्रेमी
लक्ष्मण पुत्र राजू निवासी बभरौली थाना दुबौलिया जनपद बस्ती व बेटी
दुर्गा पुत्री स्व0 कृष्णा प्रसाद निवासी रमवापुर तिवारी थाना छावनी जनपद बस्ती को शनिवार को जैतापुर मोड़ रामजानकी मार्ग के पास से को समय 21.35 बजे हिरासत लेकर जेल भेज दिया घटना की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह ने घटना का अनावरण करते हुए बताया कि अभियुक्तों ने पूछताछ में मिली जानकारी के अनुसार उन्होंने
21 अगस्त को दोपहर में हम दोनो बभरौली खेत में नहर के पास मिलने गये थे, तभी दुर्गा के पिता कृष्णा प्रसाद वहां आ गये और हम लोगो को देखकर मारने लगे तभी हम दोनो लोग मिलकर कृष्णा प्रसाद को पकड़ कर पटक कर हंसिया से गले पर, सीने व हंसिया के मुठिया से सिर पर मारे व मैं उसके सीने पर चढ़ गया, और दोनों लोग मिलकर उसके गमछे से उसका गला कस कर उसकी हत्या कर दिये । जब विश्वास हो गया कि कृष्णा प्रसाद मर गया है, तो उसके शव को नहर में फेंक कर छिपा दिये, हसिया भी वहीं फेक कर छुप गये, हम दोनों लोग नासिक भागने की फिराक में थे, तभी आप लोगों ने पकड़ लिया।
जयंत कुमार मिश्र संवाददाता

August 22, 2026

संस्कार, तकनीक और राष्ट्रभावना के समन्वय से तैयार होगी नई पीढ़ी : डॉ. सौरभ मालवीय

उप्रससे 22 अगस्त
बस्ती। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान भारतीय संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रीयता और आधुनिक ज्ञान-विज्ञान के समन्वय से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। संस्था का उद्देश्य शिक्षा को केवल परीक्षा और रोजगार तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों में चरित्र निर्माण, सामाजिक समरसता, राष्ट्रभक्ति और नागरिक दायित्व की भावना विकसित करना है। यह बात विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, रामबाग-बस्ती में आयोजित पत्रकार वार्ता में कही।
डॉ. मालवीय ने बताया कि बदलते तकनीकी दौर में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अटल टिंकरिंग लैब, रोबोटिक्स और कोडिंग जैसी आधुनिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि गोरक्ष प्रान्त के पूर्व छात्र प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, आईटी और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में राष्ट्र सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के अवसर पर वर्षभर व्याख्यान, विचार गोष्ठियां, निबंध, चित्रकला और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों और समाज को संत रविदास जी के जीवन, दर्शन, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश से जोड़ा जाएगा।
वहीं वन्दे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर सामूहिक वन्दे मातरम् गान, गायन एवं पेंटिंग प्रतियोगिताओं सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित कर विद्यार्थियों में राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति की भावना को मजबूत किया जाएगा। वर्ष 2027 में विद्या भारती के 75 वर्ष पूर्ण होने पर अमृत महोत्सव के व्यापक आयोजन की भी कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसमें संस्था की 75 वर्षों की यात्रा, उपलब्धियों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को समाज के सामने रखा जाएगा।
क्षेत्रीय मंत्री ने कहा कि विद्या भारती के कार्यों में ‘पंच परिवर्तन’ को विशेष महत्व दिया जा रहा है। सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य बोध और स्वबोध के माध्यम से विद्यार्थियों को भारतीय जीवन मूल्यों से जोड़ते हुए वर्तमान वैश्विक चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
पत्रकार वार्ता से पूर्व विद्या भारती गोरक्ष प्रान्त की विषय संयोजक एवं प्रान्त प्रमुख (आयाम) बैठक दीप प्रज्वलन और वंदना के साथ आयोजित हुई। बैठक में डॉ. सौरभ मालवीय एवं शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक राम सिंह की उपस्थिति रही। अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह ने कराया।
बैठक में विभिन्न आयामों के प्रमुखों के साथ विभागीय कार्यों, आगामी कार्यक्रमों, प्रचार-प्रसार की रणनीति और पंच परिवर्तन के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा की गई। अंत में संभाग निरीक्षक अजय कुमार दूबे ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश निरीक्षक राम सिंह, संभाग निरीक्षक अजय कुमार दूबे, कन्हैया चौबे, प्रधानाचार्य गोविन्द सिंह, प्रचार संयोजक अंकित कुमार गुप्ता, सोशल मीडिया प्रमुख नरेन्द्र चन्द्र कौशिक, प्रेम शरण मिश्र सहित विभिन्न आयामों के प्रमुख बंधु-भगिनी उपस्थित रहे। जयंत कुमार मिश्रा संवाददाता

Older Posts »