मैनपुरी। कुरावली खण्ड विकास कार्यालय क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय कुम्हरौआ में छात्र-छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल की समस्या को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो और जैन जी अल्फा की भावुक अपील का जिलाधिकारी ने गंभीरता से संज्ञान लिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विद्यालय में आरओ सिस्टम स्थापित कर बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
स्कूल के कुछ विद्यार्थियों ने शिकायत की थी कि उन्हें विद्यालय में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध नहीं हो रहा है। इस संबंध में छात्राओं का गंदा पानी दिखाते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर खंड विकास अधिकारी सुनील कुमार, एडीओ पंचायत भवानी शंकर, ग्राम विकास अधिकारी गौरव यादव, अवर अभियंता (लघु सिंचाई) तथा जल निगम के अधिकारियों की टीम विद्यालय पहुंची। अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण किया और आसपास के तीन परिवारों के हैंडपंपों के पानी की जांच कराई। जांच में पानी के टीडीएस स्तर सहित अन्य मानकों में कोई गंभीर त्रुटि नहीं पाई गई, फिर भी बच्चों की सुविधा और बेहतर पेयजल व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में आरओ सिस्टम लगवा दिया गया। खण्ड विकास अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अब विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को शुद्ध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं, ग्रामीणों और अभिभावकों ने बच्चों की समस्या के त्वरित समाधान पर प्रशासन की सराहना की।
बताया जा रहा है कि जैन जी अल्फा की अपील के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की, जिससे विद्यालय के बच्चों को बड़ी राहत मिली है। वहीं, वीडियो के माध्यम से समस्या उजागर करने वाली छात्राओं ने भी प्रशासन का आभार व्यक्त किया।



