Web News

www.upwebnews.com

कौशल को सम्मान, प्रतिभा को पहचान!

November 21, 2026

कौशल को सम्मान, प्रतिभा को पहचान!

लखनऊ, 21 नवम्बर 2026, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी आज लखनऊ में आयोजित 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह जी एवं केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री जयंत चौधरी जी भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों, राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों एवं प्रशिक्षक प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया गया।

डबल इंजन सरकार कौशल विकास के माध्यम से युवाओं के हुनर को निखारने, उन्हें रोजगार एवं उद्यमिता के अवसरों से जोड़ने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह प्रयास कुशल मानव संसाधन के निर्माण के साथ आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के संकल्प को नई मजबूती प्रदान कर रहा है।

#PMModi4SkilledYouth

योगी आदित्यनाथ की माँ सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन

हरिद्वार, 21 नवम्बर 2026, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का पार्थिव शरीर आज पंचतत्व में विलीन हो गया। चंडी घाट पर उनकी अंत्येष्टि हुई। इस समय मुख्यमंत्री योगी, स्वामी रामदेव, स्वामी चिदानंद, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड के अनेक मंत्री, विधायक, सांसद और पार्टी नेता शामिल रहे।

योगी जी की माँ का कल दोपहर 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। वे कल ही अपने पैतृक गांव जिला पौड़ी के पंचुर पहुंच गए थे। वे रात भर माँ के पार्थिव शारीर के पास बैठे रहे। आज शव यात्रा में कंधा दिया।

पांचों विधानसभा के विद्यार्थियों ने निबंध और क्विज प्रतियोगिता में दिखाई प्रतिभा

सीडीओ और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने किया उत्साहवर्धन, रंगोली और पोस्टर के जरिए दिया मतदान का संदेश
मथुरा। स्वीप कार्यक्रम के तहत शनिवार को ब्लैकस्टोन कॉलेज में जनपद स्तरीय निबंध एवं क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें बलदेव, छाता, गोवर्धन, मथुरा और मांट विधानसभा क्षेत्रों के चयनित छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीडीओ पूजा गुप्ता और ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सलोनी गौतम ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि जागरूक मतदाता ही मजबूत लोकतंत्र की आधारशिला है। युवाओं को स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहने के साथ परिवार और समाज के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना चाहिए।
जनपद स्वीप कोऑर्डिनेटर डॉ. अखिलेश यादव के मार्गदर्शन में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने निबंध और प्रश्नोत्तरी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। इस दौरान छात्र-छात्राओं की ओर से बनाई गई रंगोली और लोकतंत्र की दीवार पर प्रदर्शित पोस्टर एवं पेंटिंग आकर्षण का केंद्र रहे। इनके माध्यम से मतदान के महत्व और मतदाता अधिकारों का संदेश दिया गया।
डॉ. अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक मतदाता की सहभागिता जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं में लोकतांत्रिक चेतना विकसित करते हैं। कार्यक्रम में दीनदयाल, पल्लवी, निखिल अग्रवाल, विनोद कुमार शुक्ला, डॉ. रोली तिवारी, डॉ. गुरुप्यारी सत्संगी, मीनाक्षी चौधरी, अंकित अग्रवाल, सूची खंडेलवाल, राजेश झा, सारिका भाटिया सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक, स्वीप कोऑर्डिनेटर और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

शादी वाले दिन दूल्हे के पिता की गला रेतकर हत्या, जेवर-नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने का आरोप

दूल्हे ने अपने जीजा पर लगाया हत्या का आरोप, नामजद मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
मथुरा। गोवर्धन में शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बारात में आए दूल्हे के 65 वर्षीय पिता ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। वारदात से शादी समारोह में अफरा-तफरी मच गई। दूल्हे ने अपने जीजा पर हत्या करने और दुल्हन के सोने के जेवरात व नकदी से भरा बैग लेकर फरार होने का आरोप लगाया है।
घटना गोवर्धन के डीग रोड स्थित नई सब्जी मंडी के पास की है। 20 नवंबर को अलीगढ़ के इगलास क्षेत्र के गांव बसई से बारात आई थी। शादी की रस्में चल रही थीं। इसी दौरान दूल्हे के पिता ओमप्रकाश की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी होते ही समारोह में चीख-पुकार मच गई।
दूल्हे अरविंद ने अपने जीजा सुखबीर निवासी गांव नगरिया, अलीगढ़ पर हत्या का आरोप लगाया है। अरविंद के मुताबिक, आरोपी से पहले से विवाद चल रहा था। आरोप है कि उसने शादी के दिन खून बहाने की धमकी भी दी थी। वारदात के बाद दुल्हन के सोने के आभूषण और नकदी से भरा बैग भी गायब मिला।
पुलिस ने दूल्हे की तहरीर पर नामजद आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसएसपी श्लोक कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दबिश दी जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शादी के सात फेरों के बीच हुई इस वारदात ने दोनों परिवारों की खुशियों को मातम में बदल दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

कांग्रेस की चौपाल में उठी मताधिकार की सुरक्षा और चुनावी पारदर्शिता की आवाज

हाथरस। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी ने वरिष्ठ नेता रामनाथ जाटव के आवास पर ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ चौपाल का आयोजन किया। अध्यक्षता वेदप्रकाश कर्दम ने की तथा मुख्य अतिथि के रूप में कांग्रेस के नवनियुक्त राष्ट्रीय सचिव नरेश ठाकुर उपस्थित रहे। संचालन जिला प्रवक्ता डॉ. मुकेश चंद्रा ने किया। नरेश ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक के वोट का महत्व है। मताधिकार की रक्षा और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करना जरूरी है। वेदप्रकाश कर्दम ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की रक्षा के लिए जनजागरण कर रही है। वरिष्ठ नेता हेमंत सेंगर ने कहा कि वोट आम नागरिक की सबसे बड़ी ताकत है और उसके अधिकारों से किसी प्रकार का खिलवाड़ लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है। राहुल गांधी लगातार संविधान और जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दे उठा रहे हैं। कृष्ण कुमार कन्हैया एडवोकेट ने भी विचार व्यक्त किए। चौपाल में सर्वसमाज के नागरिकों ने सहभागिता की। अंत में कांग्रेसजनों ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

Older Posts »