Web News

www.upwebnews.com

शिक्षक दोस्त ही निकला हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड, दो लाख की सुपारी देकर कराया कत्ल

September 26, 2026

शिक्षक दोस्त ही निकला हत्या की साजिश का मास्टरमाइंड, दो लाख की सुपारी देकर कराया कत्ल

मैनपुरी। थाना एलाऊ क्षेत्र में 21 सितंबर को दिनदहाड़े शिक्षक यशपाल की गोली मारकर की गई हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक के शिक्षक मित्र रामपाल ने अपने भाई रामप्रवेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने दो लाख रुपये की सुपारी देकर शिवा और राजेश को हत्या के लिए तैयार किया था।
पुलिस लाइन स्थित सभागार में पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद साहा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 सितंबर को पुलिस ने मैनपुरी-कुसमरा रोड पर तीन संदिग्धों को घेरा जिस पर आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में अजय उर्फ शहंशाह के पैर में गोली लगी। शिवा और राजेश को भी गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पूछताछ के आधार पर रामपाल और उसके भाई रामप्रवेश को गिरफ्तार किया गया। श्री साहा ने बताया कि  चार भाइयों के बीच करीब 180 बीघा जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि यशपाल की हत्या कराकर हत्या का आरोप विरोधी पक्ष पर लगवाने और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की योजना बनाई गई थी। उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा व चार खोखा कारतूस, सुपारी की रकम में से 80 हजार रुपये, होंडा मोटरसाइकिल और हुंडई एक्सेंट कार बरामद की है। सीसीटीवी और सर्विलांस से खुली साजिश की कड़ी, पांचों आरोपी गिरफ्तार। पुलिस ने हत्या और पुलिस टीम पर फायरिंग के मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अभिषेक तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली फतेह बहादुर सिंह भदौरिया, प्रभारी मीडिया सैल जितेंद्र सिंह चंदेल, प्रभारी सर्विलास धर्मेंद्र सिंह चौहान, एसओजी प्रभारी निरीक्षक छत्रपाल सिंह, एबीटी प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह, थाना अध्यक्ष एलाऊ अवनीश कुमार त्यागी मौजूद रहे।

August 28, 2026

मुस्लिम युवक हिंदू पत्नी पर बना रहा मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव, पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार

मैनपुरी। थाना कोतवाली क्षेत्र के चौकी आगरा गेट की दीप्ती पत्नी फैजल निवासी मोहल्ला गाड़ीवान थाना कोतवाली ने महिला थाना प्रभारी को एक शिकायती प्रार्थना पत्र देते हुए कहा है कि मेरे पहले पति से छुटकारा के उपरान्त 03 नवंबर 2022 को मुस्लिम युवक फैजल पुत्र सुल्तान निवासी भीमसेन मंदिर के पास मोहल्ला गाडीवान थाना से पुर्नविवाह किया था। पहले पति से प्रार्थिनी को दो बेटियां प्राची व प्रार्थना है, जिनमें प्राची की शादी हो चुकी है। दूसरे पति फैजल से प्रार्थिनी को एक बेटा पार्थ 1 वर्ष है। शादी से पूर्व प्रार्थिनी का पति मुस्लिम युवक फैजल मन्दिरों आदि में खूब आता जाता था तथा उसने प्रार्थिनी से शादी यह कहकर की थी कि वह हिन्दू धर्म अपना लेगा और हिन्दू धर्म के मुताबिक ही वह प्रार्थिनी के साथ रहेगा परन्तु शादी के करीब साल तक सब ठीक रहा, इसके बाद फैजल  मुस्लिम धर्म अपनाने का दबाव बनाने लगा और मुस्लिम धर्म के अनुसार चलने का दबाव बनाने लगा, इसी दौरान म पता चला कि फैजल के खुशनुमा पत्नी अदनान अंसारी से अबैध सम्बन्ध हैं।  मुस्लिम धर्म अपनाने व पालन करने से मना करने पर एवं अबैध सम्बन्धो का विरोध करने पर फैजल बौखला गया। फैजल पुत्र सुल्तान, सास बेबी पत्नी सुल्तान, ननद रूकसार पुत्री सुल्तान एवं खुशनुमा पत्नी अदनान अंसारी निवासी मोहल्ला गाडीवान थाना कोतवाली ने प्रार्थिनी को आये दिन गाली गालौज व मारपीट करके उत्पीड़न शुरू कर दिया, उक्त आये दिन मुस्लिम धर्म का पालन करने का दबाव बनाते और प्रार्थिनी द्वारा मना करने पर वह बुरी तरह बेरहमी से पीटते। पति फैजल की बहिन रूकसार की शादी में प्रार्थिनी ने 10 लाख 50,000 हजार के आभूषण बन बाकर दिये थे, जिसका साक्ष्य मौजूद है, ये पैसा पति ने एक साल के अन्दर वापस करने को कहा था परन्तु वापस नहीं किया।  18 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 12 बजे फैजल पुत्र सुल्तान, सास बेबी पत्नी सुल्तान, ननद रूकसार पुत्री सुल्तान एवं खुशनुमा पत्नी अदनान अंसारी निवासी मोहल्ला गाडीवान थाना कोतवाली ने गाली गलौज करते हुए, जान से मार डालने की धमकी देकर, प्रार्थिनी को बाल पकड़कर जमीन पर गिराकर घसीट-घसीटकर लात घूंसो से बुरी तरह मारा, बेटे पार्थ को जान से मार डालने की कोशिश की। उक्त लोग लगातार प्रार्थिनी पर जुल्म कर रहे है प्रार्थिनी व उसके बेटे को जान का खतरा है। प्रार्थिनी ने महिला थाना प्रभारी से न्याय की गुहार लगाई है।

चतुर्थ श्रेणी  कर्मियों की बेटियों ने जिलाधिकारी को बांधी राखी, डीएम ने दिया स्नेह और सुरक्षा का भरोसा

मैनपुरी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने आवास, कलेक्ट्रेट में कार्यरत चतुर्थ श्रेणी  कर्मियों की बेटियों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता, स्नेह के साथ मनाया, बच्चियों ने जिलाधिकारी की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर उनके दीर्घायु एवं उज्ज्वल भविष्य ⁷की कामना की। जिलाधिकारी ने भी बच्चियों को आशीर्वाद, उपहार और स्नेह प्रदान करते हुए उनके सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने जनपदवासियों को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के असीम प्रेम, विश्वास, सुरक्षा और समर्पण का पवित्र पर्व है,यह पर्व भारतीय संस्कृति, परंपराओं की जीवंतता का प्रतीक है, जो परिवार एवं समाज में आपसी प्रेम, सम्मान और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा उनके सामाजिक, आर्थिक सशक्तीकरण के लिए  संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ लेकर महिलाएं आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता को और मजबूत करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। जिलाधिकारी ने बच्चियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य के सपनों के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बेटियां परिवार और समाज की ताकत हैं तथा उन्हें शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना हम सभी की जिम्मेदारी है रक्षाबंधन के इस आत्मीय अवसर पर मोहनी, संजना, पायल, सोनाक्षी, पूजा, सौम्या, संजना, तनु, तान्या, शालू, पलक आदि बच्चियों ने जिलाधिकारी को राखी बांधी और उनके दीर्घायु एवं स्वस्थ जीवन की कामना की।

August 20, 2026

खुदाई के दौरान मिली जैन प्रतिमाएं, मंदिर में किया गया स्थापित 

मैनपुरी। कस्बा भोगांव के मोहल्ला ऊपर टीला स्थित एक प्लॉट पर चल रहे निर्माण कार्य के दौरान खुदाई में दो प्राचीन जैन प्रतिमाएं तथा एक चरण पादुका प्राप्त हुई। खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में कौतूहल और श्रद्धा का माहौल बन गया है। बुधवार को जैन धर्म के तेईसवें तीर्थंकर भगवान पार्श्वनाथ का निर्वाण कल्याणक मोक्ष सप्तमी पर्व भी था। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस पावन मौके पर जैन धर्म की प्राचीनता और उसकी गहरी जड़ों का एक अद्भुत और अलौकिक दर्शन हुआ है।
नगर निवासी रघुवीर सलूजा ऊपर टीला स्थित अपने प्लाट पर नवीन घर का निर्माण कार्य करा रहे हैं। नींव की खुदाई के लिए मजदूर गहरे गड्ढे खोद रहे थे, इसी दौरान अचानक औजार किसी कठोर वस्तु से टकराए। जब सावधानी से मिट्टी हटाई गई, तो वहां से पाषाण की दो प्रतिमाएं प्राप्त हुईं । दोनों प्रतिमाए लंगभग 6 से 7 इंच की है। एक प्रतिमा पर तीर्थंकर भगवान अजितनाथ का चिन्ह बना हुआ है जबकि दूसरी प्रतिमा पर चिन्ह मिटा हुआ है। प्रतिमा पर निर्ग्रन्थ दिगम्बर भगवंत भी बने हुए हैं। प्रतिमाओं के साथ एक पाषाण की चरण पादुका भी मिली है, जिस पर भगवान के पवित्र चरण उत्कीर्ण हैं। यह जैन परंपरा में अत्यंत पूजनीय मानी जाती है। जैन समाज ने प्रतिमाओं तथा चरण को श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में विराजमान कराया है। स्थानीय समाज के डा. मनोज जैन का दावा है कि  भोगांव जो पहले भूमिग्राम नाम से जाना जाता था जैन धर्म की  प्राचीन नगरी रहा है।  पूर्व में जैन राजा द्वारा स्थापित क़िले में जैन मंदिर भी था जो बाद में मुगल शासन में ध्वस्त कर दिया गया था । देर शाम जैन मंदिर में जिनेन्द्र भक्ति का आयोजन किया गया तथा प्रतिमाओं की अर्चना की गई। इस मौके पर नलिन कुमार जैन, राकेश जैन, डा. मयंक जैन, प्रवीण जैन, कुमोद जैन, मल्लू जैन, वैभव जैन, दिव्यांश जैन, शैंकी जैन, आदि मौजूद रहे।

August 19, 2026

जिला महिला अस्पताल में बदल दिया नवजात शिशु, जांच के आदेश

मैनपुरी। जिला महिला चिकित्सालय में नवजात बच्चे को बदलने की घटना सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है। मामला एसएनसीयू अनुभाग से जुड़ा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने जांच के आदेश दिए हैं।
जिला महिला चिकित्सालय, मैनपुरी से सामने आए इस मामले में एसएनसीयू अनुभाग में बच्चे के बदलने की घटना का उल्लेख किया गया है।अस्पताल प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच अधिकारी नामित किए हैं।
जारी पत्र के मुताबिक, घटना से अस्पताल और संबंधित विभाग की छवि धूमिल होने की आशंका को देखते हुए जांच कराई जा रही है। जांच अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे संयुक्त रूप से पूरे प्रकरण की जांच कर अपनी रिपोर्ट दो दिन के भीतर अधोहस्ताक्षरी कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके। पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान प्रकरण से जुड़े सभी संबंधित स्टाफ को बुलाकर उनका पक्ष जांच अधिकारियों के समक्ष दर्ज कराया जाए। फिलहाल अस्पताल प्रशासन की जांच रिपोर्ट का इंतजार है।  रिपोर्ट सामने आने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर और जिम्मेदारी तय होने की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Older Posts »