Web News

www.upwebnews.com

महराजगंज-कुशीनगर में हाईअलर्ट, नेपाल से बहकर यूपी पहुंचे 5 हाथी, गांवों में पुलिस ने कराई मुनादी

August 27, 2026

महराजगंज-कुशीनगर में हाईअलर्ट, नेपाल से बहकर यूपी पहुंचे 5 हाथी, गांवों में पुलिस ने कराई मुनादी

गोरखपुर। नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ने के बाद इसका असर उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों में भी दिखाई देने लगा है। नेपाल से बहकर पांच हाथियों के यूपी पहुंचने की सूचना के बाद वन विभाग और प्रशासन सतर्क हो गया है। वहीं, बाढ़ की आशंका को देखते हुए महराजगंज और कुशीनगर में हाईअलर्ट जारी किया गया है।
नेपाल के बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए जाने से गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रशासन को आशंका है कि देर रात तक दोनों जिलों के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंच सकता है। इसके मद्देनजर नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मी गांव-गांव पहुंचकर लाउडस्पीकर से मुनादी करा रहे हैं। ग्रामीणों से जरूरी सामान समेटकर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए तैयार रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन और पुलिस की टीमें संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी कर रही हैं।
पांच हाथियों के यूपी की ओर आने की सूचना ने भी वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग की टीमें सक्रिय की गई हैं। लोगों से अपील की गई है कि हाथियों के करीब न जाएं और उनकी लोकेशन मिलने पर तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।

नेपाल में अचानक आई बाढ़ से तबाही, 9 की मौत, 384 लापता में 100 भारतीय

भैरहवा। नेपाल में अचानक आई बाढ़ ने भारी तबाही मचा दी है। हादसे में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 384 लोग लापता हैं। लापता लोगों में करीब 100 भारतीय नागरिक भी शामिल हैं। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब नौ बजे आई बाढ़ ने काठमांडू से लगभग 150 किलोमीटर उत्तर में स्थित रसुवा जिले के कई इलाकों को प्रभावित किया। तिब्बती सीमा के पास ग्यिरोंग और टिमुरे के हिस्से भी बाढ़ की चपेट में आए। भोटेकोशी नदी के किनारे बसे गांवों और कस्बों में बड़े नुकसान की आशंका है। रसुवा, नुवाकोट और धाडिंग सबसे ज्यादा प्रभावित जिले बताए जा रहे हैं। प्रशासन ने खोज और बचाव अभियान तेज कर दिया है।

August 26, 2026

गोरखपुर में पुलिस मुठभेड़, चोरी के आरोपी के पैर में लगी गोली, आभूषण और नकदी बरामद

Posted on 25/08/2026
Time 08:55 A.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । रामगढ़ताल थाना क्षेत्र में चोरी और नकबजनी के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मो. शहजादे घायल हो गया, जिसके बाद उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से चोरी के 4 कंगन, अंगूठी, मंगलसूत्र, गले का हार और 10 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। इसके अलावा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, एक देशी तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस भी पुलिस ने बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी नियाज अहमद समेत एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गोरखपुर और संतकबीरनगर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

August 25, 2026

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, गोरखपुर डिपो से चलेंगी करीब 800 बसें

Posted on 24/08/2026
Time 12:55 P.M
Santosh Kumar Singh
Gorakhpur

27 अगस्त की मध्यरात्रि से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक मिलेगी सुविधा, 40 एसी और 20 इलेक्ट्रिक एसी बसें भी शामिल

गोरखपुर ( उप्र समाचार सेवा ) । उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री ने राज्य में महिलाओं के लिए निशुल्क बस यात्रा की अवधि बढ़ाने की घोषणा की है। अब महिला यात्री 27 अगस्त की मध्यरात्रि से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (रोडवेज) की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
इस दौरान महिला यात्री एक सहयोगी के साथ भी निशुल्क यात्रा का लाभ ले सकेंगी। मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद गोरखपुर डिपो ने भी विशेष तैयारी शुरू कर दी है।
गोरखपुर डिपो के स्टेशन प्रभारी नीरज कुमार मणि ने बताया कि रक्षाबंधन के मद्देनजर गोरखपुर डिपो से लगभग 800 बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें 40 एसी बसें और 20 एसी इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि स्थानीय रूटों पर बसें यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए दो से तीन फेरे लगाएंगी। वहीं दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत लंबी दूरी के सभी प्रमुख रूटों पर भी महिलाओं के लिए निशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाओं के अपने मायके और रिश्तेदारों के घर जाने की संभावना को देखते हुए रोडवेज प्रशासन ने बसों के संचालन और यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं। निशुल्क यात्रा की इस सुविधा से गोरखपुर और आसपास के जिलों की महिला यात्रियों को विशेष राहत मिलने की उम्मीद है।

August 22, 2026

हीरालाल यादव की अवैध गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट कार्यवाही के खिलाफ किसानों का विरोध

*लखनऊ/आजमगढ़।* पूर्वांचल किसान यूनियन और सोशलिस्ट किसान सभा ने किसान नेता हीरालाल यादव की अवैध गिरफ्तारी और गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने का विरोध किया।

पूर्वांचल किसान यूनियन महासचिव विरेन्द्र यादव और सोशलिस्ट किसान सभा महासचिव राजीव यादव ने कहा कि हीरालाल किसान संगठन के नेता है न कि किसी गैंग के लीडर। किसानों की हक की लड़ाई लड़ना जुर्म नहीं है।

हीरालाल यादव पर गैंगस्टर एक्ट लगाकर प्रशासन ने साबित कर दिया है कि वह किसानों की आवाज से कितना डरी हुई है। किसान नेताओं ने स्पष्ट किया कि किसान नेता को जेल भेजकर किसानों के हक अधिकार की लड़ाई को कमजोर नहीं कर सकते। यह तानाशाही रवैया किसान आंदोलन को और मजबूत करेगा।

गौरतलब है कि सुबह तरवां थाने की पुलिस ने सोशलिस्ट किसान सभा के मेंहनगर प्रभारी हीरालाल यादव को उनके खेत से उठा लिया। पुलिस ने उन्हें थाने ले जाकर गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज कर दिया। यह गिरफ्तारी एक सोची समझी साजिश का हिस्सा है। हीरालाल यादव पिछले कई वर्षों से मेंहनगर इलाके में किसानों की समस्याओं, भ्रष्टाचार और जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे थे।

इसी से बौखलाकर जिला प्रशासन ने किसानों की आवाज को दबाने का काम किया है। हाल में जब हीरालाल यादव एक मामले में अपना पक्ष रखने थाने गए थे, तो पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उनके नाबालिग बेटे की भी पिटाई की। इस घटना के विरोध में किसान संगठनों ने जिला मुख्यालय और मेंहनगर तहसील मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन व ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी। शासन द्वारा जांच चल ही रही थी कि आनन-फानन में पुलिस ने हीरालाल यादव को फर्जी मुकदमे में फंसाने का षड्यंत्र रच दिया।

किसान संगठनों ने मांग की कि हीरालाल यादव पर दर्ज फर्जी गैंगस्टर मुकदमा तत्काल वापस लेते हुए बिना शर्त रिहा किया जाए। फर्जी मुकदमा वापस नहीं लिया गया तो पूर्वांचल किसान यूनियन और सोशलिस्ट किसान सभा आंदोलन करने को मजबूर होंगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और शासन की होगी।

Older Posts »