Web News

www.upwebnews.com

एनयूजे राष्ट्रीय परिषद् की बैठक चार से अयोध्या में

October 3, 2026

एनयूजे राष्ट्रीय परिषद् की बैठक चार से अयोध्या में

लखनऊ, 03 अक्टूबर 2026, नेशनल यूनियन आफ जर्नलिस्ट्स (इण्डिया) एनयूजे आई की राष्ट्रीय परिषद् की बैठक 4 और 5 अक्टूबर को अयोध्या धाम में होगी। बैठक में देश के 22 राज्यों से लगभग 200 प्रतिनिधि शामिल होंगे। उक्त बैठक का आयोजन उत्तर प्रदेश एसोसिएशन आफ जर्नलिस्ट्स (उपज) द्वारा किया जा रहा है।

एनयूजे के राष्ट्रीय महासचिव त्रियुग नारायण तिवारी ने बताया कि बैठक में पत्रकारों की समस्याओं पर मंथन होगा तथा प्रस्ताव पारित किये जाएंगे। इस अवसर पर मीडिया काउन्सिल की स्थापना, नए वेतन बोर्ड के गठन तथा पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की मांग प्रमुख रूप से की जाएगी। इसके साथ ही सम सामयिक मुद्दों पर चर्चा होगी। बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेश शर्मा (भोपाल) करेंगे।

उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह के अनुसार बैठक में उत्तर प्रदेश से लगभग 55 प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। प्रदेश इकाई और जिला अयोध्या इकाई द्वारा व्यापक प्रबंध किये गए हैं। उत्तर प्रदेश की इकाई की ओर से पत्रकारों को उत्तर प्रदेश में पेंशन की मांग पर चर्चा होगी तथा इस प्रस्ताव को राष्ट्रीय बैठक में पारित कराया जाएगा। इसके साथ ही पत्रकारों को रेल यात्रा में फिर से रियायत शुरु करने की भी मांग की जाएगी।

September 10, 2026

उपज की बैठक में कार्यकारिणी का गठन, संगठन विस्तार पर जोर

उत्तर प्रदेश समाचार सेवा

बस्ती। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) की आवश्यक बैठक बृहस्पतिवार को प्रेस क्लब सभागार में जिलाध्यक्ष रमेश चंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में प्रदेश सचिव जयंत कुमार मिश्र के संयोजन में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की जिला कार्यकारिणी का गठन एवं विस्तार किया गया। साथ ही पत्रकारों के हितों की रक्षा, संगठन को मजबूत बनाने तथा मंडल स्तर पर उपज के विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
प्रदेश सचिव जयंत कुमार मिश्र ने कहा कि पत्रकारों के हितों एवं संगठन की मजबूती के लिए उपज निरंतर सक्रिय भूमिका निभाएगा। संगठन को और प्रभावी बनाने के साथ ही शीघ्र ही पूरे क्षेत्र में उपज का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मंडल के दो अन्य जिलों संतकबीर नगर एवं सिद्धार्थनगर में भी जल्द ही उपज की जिला इकाइयों का गठन किया जाएगा।
बैठक में गठित कार्यकारिणी में महेंद्र तिवारी को संयोजक, जितेंद्र यादव को सह संयोजक तथा रमेश चंद्र मिश्रा को जिलाध्यक्ष बनाया गया। नवनीधि पांडेय, दिनेश कुमार पांडेय, लवकुश सिंह, संदीप यादव एवं दिलीप सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। देवेंद्र पांडेय को महामंत्री, राज प्रकाश को मंत्री तथा जय प्रकाश उपाध्याय को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
पारस नाथ मौर्य, संतोष श्रीवास्तव, आशुतोष नारायण मिश्र, अनिल श्रीवास्तव एवं अमर वर्मा को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में अनिल सिंह, दिलीप सिंह, संदीप शुक्ला, अजय श्रीवास्तव, रजनीश त्रिपाठी, सद्दाम हुसैन, श्रीकांत शुक्ला, बबुंदर यादव, राधे कृष्ण द्विवेदी, सुमित जायसवाल, रत्नेश पांडेय (पंकज), राज कुमार शुक्ला, लव कुश यादव, विकास चौधरी, सुनील सोनी, अरुण कुमार, आकाश शुक्ला, एसपी श्रीवास्तव, कपीश मिश्रा एवं श्रीराम दूबे को शामिल किया गया।
बैठक के अंत में सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने एकजुट होकर पत्रकारों के हितों के लिए सक्रियता से कार्य करने तथा संगठन को मजबूत एवं व्यापक बनाने का संकल्प लिया।
जयंत कुमार मिश्र संवाददाता बस्ती

July 21, 2026

Bhadohi उपज के स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान और पौधा रोपण

Posted on 21.07.2026, Time 10.31 PM Tuesday, UPAJ

भदोही, 21 जुलाई 2026, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के पांचवे स्थापना दिवस पर प्रतिभा सम्मान समारोह और पौधारोपण कार्यक्रम संपन्न हुआ। जनपद न्यायाधीश श्री अखिलेश दुबे, पूर्व विधायक श्री रविन्द्र नाथ त्रिपाठी, पुलिस उपाधीक्षक श्री राजीव सिंह ने पौधारोपण किया तथा प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन जनपद इकाई ने किया।

June 23, 2026

पत्रकार पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ उपज, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

News Posted on 23.06.2026 Tuesday, Meerut, Uttar Pradesh Association of Journalists UPAJ

पत्रकार सुरक्षा को लेकर एकजुट हुए पत्रकार, दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष का ऐलान

मेरठ, 23 जून 2026 । पत्रकार कुलदीप भारद्वाज के कथित अपहरण, जानलेवा हमले, लूट एवं धमकी के मामले में मंगलवार को पत्रकार समाज एकजुट दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के नेतृत्व में सैकड़ों पत्रकारों ने थाना हस्तिनापुर पहुंचकर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अवैध खनन से जुड़े तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। ज्ञापन थाना प्रभारी लाला राम शर्मा एवं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी को सौंपा गया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि हस्तिनापुर निवासी पत्रकार कुलदीप भारद्वाज जनहित के मुद्दों, विशेषकर अवैध खनन से संबंधित मामलों को लगातार उजागर करते रहे हैं, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 8 जून 2026 की रात कुलदीप भारद्वाज के साथ सुनियोजित आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने उनका अपहरण कर बंधक बनाया, मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा नकदी भी लूट ली। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा भ्रामक शिकायतें और दुष्प्रचार कर पीड़ित पत्रकार की सामाजिक एवं पेशेवर छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पत्रकार और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि यदि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों पर हमले होते रहे और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर बड़े आंदोलन का भी निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान थाना प्रभारी लाला राम शर्मा ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। वहीं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री दीपक वर्मा, राजन सोनकर, ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के रजनीश विश्वकर्मा, प्रवेश, अजय ठाकुर, उपज सरकार संगठन से मदनपाल गौतम, खालिद इकबाल, अनीश खान, फरमान खान, नीरज तोमर, राजदीप त्यागी, सलीम सैफी, आरिफ कुरैशी, रविश, सचिन कश्यप, रितेंद्र, संचित अरोड़ा, इसरार अंसारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

May 31, 2026

मुरादाबाद: तीन वरिष्ठ पत्रकारों को “उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान–2026” से किया गया सम्मानित

हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर उपज मुरादाबाद द्वारा भव्य वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित

मुरादाबाद। हिंदी पत्रकारिता दिवस की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) मुरादाबाद इकाई द्वारा शुक्रवार, 29 मई 2026 को मुरादाबाद क्लब में भव्य “वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। समारोह में पत्रकारिता, सामाजिक, साहित्यिक एवं बौद्धिक जगत से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त रहे। उन्होंने उपज मुरादाबाद इकाई के पदाधिकारियों के साथ मिलकर वरिष्ठ पत्रकारों को “उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान–2026” से सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपज मुरादाबाद इकाई के अध्यक्ष श्री हरि प्रकाश शर्मा ने की।

कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन उपज के महामंत्री श्री कुमार देव द्वारा किया गया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में उपज मुरादाबाद इकाई के मीडिया सचिव अभिषेक भारद्वाज ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों, पत्रकार साथियों एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का स्वागत किया। उन्होंने उपज की संगठनात्मक गतिविधियों, पत्रकार हितों के लिए किए जा रहे प्रयासों तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार एवं साहित्यकार डॉ. मनोज रस्तोगी ने मुरादाबाद की हिंदी पत्रकारिता के इतिहास पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि मुरादाबाद की पत्रकारिता परंपरा सदैव निर्भीक, जनपक्षीय एवं सामाजिक चेतना से ओतप्रोत रही है। उन्होंने नगर की ऐतिहासिक पत्रकारिता यात्रा, वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान तथा बदलते समय में पत्रकारिता की चुनौतियों और दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए।

उपज महिला विंग की अध्यक्ष कु. अभिव्यक्ति सिन्हा ने हिंदी पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदी पत्रकारिता केवल सूचना का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक जागरूकता, लोकतांत्रिक मूल्यों और राष्ट्र निर्माण की सशक्त धुरी है। उन्होंने पत्रकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी एवं सकारात्मक पत्रकारिता की आवश्यकता पर भी बल दिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वरिष्ठ पत्रकार सम्मान समारोह रहा, जिसमें मुरादाबाद की पत्रकारिता परंपरा को समृद्ध करने वाले तीन वरिष्ठ पत्रकारों को “उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान–2026” से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार श्री सुरेंद्र कुमार शर्मा “मुन्ना गुरु” को उनके दीर्घकालीन एवं जनपक्षीय पत्रकारिता योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके संबंध में डॉ. मनोज रस्तोगी ने कहा कि छह जून 1941 को जन्मे श्री शर्मा को पत्रकारिता संस्कार अपने पिता, मुरादाबाद के प्रथम दन्त चिकित्सक एवं प्रतिष्ठित पत्रकार डॉ. जगत प्रकाश शर्मा से विरासत में प्राप्त हुए। वर्ष 1961 में प्रारम्भ हुए साप्ताहिक समाचार पत्र “इंसान जाग उठा” को उन्होंने वर्षों तक निर्भीकता एवं सामाजिक प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाया। पत्रकारिता के अतिरिक्त सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक गतिविधियों में उनकी सक्रिय सहभागिता भी सदैव प्रेरणास्पद रही है।

वरिष्ठ पत्रकार श्री हरिओम अग्रवाल को भी “उपज पत्रकारिता गौरव सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया। उनके संबंध में वीरभान सिंह ने कहा कि वर्ष 1970 में स्थापित “अवरोध प्रिंटिंग प्रेस” तथा साप्ताहिक समाचार पत्र “अवरोध” ने मुरादाबाद की पत्रकारिता को नई दिशा प्रदान की। मुरादाबाद टेलीफोन डायरेक्टरी का लगातार 42 वर्षों तक प्रकाशन उनके समाजोपयोगी एवं कर्मनिष्ठ व्यक्तित्व का महत्वपूर्ण उदाहरण है। विभिन्न देशों की यात्राओं से प्राप्त अनुभवों ने उनकी वैचारिक दृष्टि को और अधिक समृद्ध किया।

इसके अतिरिक्त वरिष्ठ पत्रकार श्री अखिलेश शर्मा को भी उनके उत्कृष्ट पत्रकारिता योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके संबंध में कु. अभिव्यक्ति सिन्हा ने कहा कि वर्ष 1978 में उनके संपादन में प्रकाशित “फूलों की सेज” मुरादाबाद का प्रथम सांध्य दैनिक समाचार पत्र था। उन्होंने दैनिक विश्वमानव, स्वतंत्र भारत, राष्ट्रीय सहारा, जेबीजी टाइम्स एवं सहकारी संसार जैसे प्रतिष्ठित समाचार माध्यमों में महत्वपूर्ण दायित्व निभाकर पत्रकारिता जगत में अपनी सशक्त एवं विशिष्ट पहचान स्थापित की। सामाजिक जागरूकता एवं साक्षरता अभियानों में उनकी सक्रिय भूमिका को भी विशेष रूप से सराहा गया।

मुख्य अतिथि डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने में पत्रकारिता की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निष्पक्ष, निर्भीक एवं जनहितकारी पत्रकारिता को समाज की आवश्यकता बताते हुए वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत हैं और उनका अनुभव पत्रकारिता जगत की अमूल्य धरोहर है।

कार्यक्रम में पत्रकार एकता, जनपक्षीय पत्रकारिता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के संकल्प को दोहराया गया। अंत में उपाध्यक्ष श्री सुशील शर्मा ने सभी सम्मानित पत्रकारों के स्वस्थ, सुदीर्घ एवं यशस्वी जीवन की कामना करते हुए उपस्थित अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षीय संबोधन देते हुए श्री हरि प्रकाश शर्मा ने पत्रकारिता की गरिमा एवं सामाजिक उत्तरदायित्व पर अपने विचार रखे।

इस अवसर पर डॉ. ब्रजपाल सिंह यादव, बाबा संजीव आकांक्षी, डॉ. आनंद प्रकाश शर्मा, सत्य प्रकाश शर्मा, डॉ. विवेक गोयल, स्वतंत्र सक्सेना, कृति पंचाल, प्रेम प्रकाश सक्सेना, राजेश भाटिया, सत्येंद्र अग्रवाल, डॉ. मनोज रस्तोगी, एसपी शर्मा, वीरभान सिंह, मोहम्मद सुहैल सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, समाजसेवी, बुद्धिजीवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Older Posts »