मथुरा। कोसीकलां थाना क्षेत्र के सराफा बाजार में चोरों ने एक प्रसिद्ध सराफा प्रतिष्ठान को निशाना बनाकर करोड़ों रुपये की चोरी कर ली। चोर ‘जुगल किशोर अमित कुमार सराफ’ दुकान से करीब 10 किलोग्राम सोने के आभूषण और 15 लाख रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सोमवार सुबह दुकान खोलने पहुंचे स्वामी को चोरी की जानकारी हुई तो बाजार में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने वारदात के तरीके और चोरों के आने-जाने के रास्ते की भी जांच शुरू कर दी है।
करोड़ों की चोरी से आक्रोशित सराफा व्यापारियों ने विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दीं। व्यापारियों ने बाजार में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की।
एसएसपी श्लोक कुमार के निर्देश पर पीड़ित व्यापारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए पुलिस की चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

मथुरा। मुख्यमंत्री और जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोसीकलां क्षेत्र में करीब 1200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर बरामद कर नष्ट कराया। नष्ट किए गए पनीर की अनुमानित कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है। पनीर के तीन नमूने जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
खाद्य सुरक्षा विभाग की सचल दल टीम ने एनएच-2 हाईवे स्थित किंग ढाबे के पास संदिग्ध बोलेरो वाहन को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से भारी मात्रा में पनीर मिला। अधिकारियों के अनुसार पनीर अस्वच्छ एवं गुणवत्ता की दृष्टि से संदिग्ध पाया गया। जनहित में पूरे पनीर को मौके पर ही नष्ट करा दिया गया।
सहायक आयुक्त खाद्य डॉ. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। वाहन चालक एवं मालिक सत्यवीर निवासी डीग, राजस्थान पनीर की खरीद-बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज या अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सका।
विभाग ने पनीर के तीन नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार संबंधित के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।