रिपोर्ट- संजय कुमार तिवारी
स्थान-बलिया यूपी
डेट-14-11-2026
बलिया , एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है।जहां बलिया के मनियर थाना क्षेत्र के मुड़ियारी गांव में मूर्ति विसर्जन के दौरान तेज आवाज में बज रहे डीजे ने एक 20 दिन की मासूम की जान ले ली। इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है।बताया जा रहा है कि मुड़ियारी निवासी गोरखनाथ गोंड की पुत्री रीमा देवी की शादी खरौनी गांव में हुई है।
रीमा देवी करीब 20 दिन पहले अपने मायके मुड़ियारी आई थीं। यहीं उनकी एक बेटी का जन्म हुआ था।13 नवंबर को दोपहर करीब 3 बजे रीमा देवी अपनी नवजात बच्ची को लेकर घर में बैठी थीं।
उसी दौरान मूर्ति विसर्जन के लिए जा रहा डीजे तेज आवाज में बजता हुआ उनके घर के पास से गुजरा।
परिजनों का आरोप है कि तेज आवाज के कारण अचानक बच्ची की धड़कन रुक गई और उसकी मौत हो गई।घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए।सूचना पर मनियर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।पुलिस ने डीजे को कब्जे में लेकर थाने ले गई है।
