Web News

www.upwebnews.com

90 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद 03 अभियुक्तगण को किया गया गिरफ्तार

August 29, 2026

90 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद 03 अभियुक्तगण को किया गया गिरफ्तार

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर- पुलिस अधीक्षक, संजीव कुमार बाजपेई के निर्देशन मे, अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह एंव क्षेत्राधिकारी सदर अजय कुमार के पर्यवेक्षण में अवैध शराब के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के क्रम में थाना कोतवाली ललितपुर पुलिस द्वारा ग्राम चीरा कबूतरा डेरा,कैलगुवां तिराहा व नदीपुरा पर दबिश देकर 90 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद कर, मौके पर लगभग 1500 लीटर लहन नष्ट कर, 03 अभियुक्तगण को गिरफ्तार किया गया है । अभियुक्तगण के विरूद्ध सुंसगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की गयी है

गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण-
नंदकिशोर पुत्र स्व0 गोपाल उम्र करीब 27 वर्ष निवासी ग्राम चीरा थाना कोतवाली जनपद ललितपुर
ममता पत्नी सोनू कबूतरा उम्र करीब 35 वर्ष थाना कोतवाली जिला ललितपुर
ताहिर पुत्र बाबूशाह उम्र करीव 55 वर्ष निवासी मवेशी वाजार नदीपुरा थाना कोतवाली ललितपुर

गिरफ्तार करने वाली टीम में
उ0नि0 मनीष कुमार चौकी अमरपुर मण्डी थाना कोतवाली जनपद ललितपुर मय टीम।
उ0नि0 प्रशान्त राणा चौकी प्रभारी सदर थाना कोतवाली ललितपुर मय टीम

August 26, 2026

मड़ावरा में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस की समीक्षा बैठक हुई संपन्न

 

उप्रससे अजय बरया
मड़ावरा। जिला कांग्रेस कमेटी ललितपुर के संगठन सृजन अभियान के तहत आज ब्लॉक मड़ावरा में ब्लॉक अध्यक्ष, न्याय पंचायत अध्यक्षों एवं बूथ अध्यक्षों की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दयाराम रजक ने की। बैठक में मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री चंद्रभूषण सिंह बुंदेला (गुड्डू राजा) ने कहा कि कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना आज की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य कांग्रेस के संगठन को गांव, न्याय पंचायत और बूथ स्तर तक मजबूत एवं सक्रिय बनाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है और आने वाले समय में कांग्रेस की मजबूती बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सक्रियता पर निर्भर करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनें और उनके समाधान के लिए संघर्ष करें।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष दयाराम रजक ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के माध्यम से कांग्रेस को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जा रहा है। ब्लॉक, न्याय पंचायत और बूथ स्तर पर मजबूत संगठन खड़ा करना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी मेहनत और एकजुटता के साथ जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को पहुंचाएं। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
बैठक में बूथ स्तर की संगठनात्मक स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए अपने सुझाव भी दिए।
बैठक का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष साहब सिंह ने किया।
इस अवसर पर मोहन सिंह चंदेल, राम भरोसे कुशवाहा,हरिओम पाठक,आदित्य तोमर, रामबाबू, सूरज करीतोरण, भैया खटीक, मनोहर गाडोली, सुनील रजक, दुष्यंत सिंह, दरयाव सिंह बुंदेला, नन्नू राजा, मुन्नालाल रजक, जयराम सेन, जगदीश पटेल, प्रीतम अहिरवार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

August 21, 2026

विद्यालयों में आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा को लेकर जागरूकता प्रशिक्षण

लगभग 600 से अधिक छात्र-छात्राओं ने लिया प्रशिक्षण

उप्रससे अजय बरया

ललितपुर- जिलाधिकारी सत्य प्रकाश के निर्देश के क्रम में स्कूल सेफ्टी प्रोग्राम के अंतर्गत जनपद के विभिन्न विद्यालयों में जागरूकता प्रशिक्षण एवं सुरक्षा ऑडिट कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को आपदा की स्थिति में प्रभावी ढंग से बचाव एवं राहत कार्य करने के लिए प्रशिक्षित करना तथा विद्यालयों को आपदा के प्रति सुरक्षित एवं तैयार बनाना रहा।
इसी क्रम में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज में एवं सरस्वती मंदिर महाविद्यालय में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में लगभग 600 छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ ने प्रतिभाग किया।
प्रशिक्षण के दौरान छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को भूकंप, आगजनी सहित विभिन्न प्रकार की आपदाओं के समय क्या करें और क्या न करें, सुरक्षित निकासी, प्राथमिक बचाव एवं आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही दामिनी एवं सचेत ऐप के उपयोग तथा विभिन्न माध्यमों से मौसम एवं आपदा संबंधी चेतावनियों की जानकारी प्राप्त करने के बारे में भी जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय आपदा प्रबंधन समिति को प्रशिक्षित करते हुए विद्यालय आपदा प्रबंधन कार्ययोजना तैयार करने, आपदा की स्थिति में जिम्मेदारियां निर्धारित करने तथा छात्र-छात्राओं की विशेष टीम गठित कर उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। फायर सेफ्टी एवं अन्य आपदा सुरक्षा उपायों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी प्रदान की गई।
स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को सीपीआर (CPR) की उपयोगिता एवं आपात स्थिति में इसके सही तरीके से प्रयोग के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी गई, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में प्राथमिक सहायता प्रदान की जा सके।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की आपदा विशेषज्ञ श्रीमती आरती सिंह ने आपदा प्रबंधन एवं विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। साथ ही तहसील में समस्त लेखपाल को राहत पोर्टल तथा ग्राम आपदा प्रबंधन समिति ग्राम आपदा प्रबंधन कार्य योजना आपदा प्रबंधन कार्य योजना बनाए जाने हेतु जानकारी दी गई जिसमें तहसील से श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव तहसीलदार मडावरा सहित संबंधित तहसील का समस्त स्टाफ/लेखपाल कार्यक्रम में उपस्थित रहा।
अधिकारियों ने कहा कि आपदा के समय घबराने के बजाय सही जानकारी, पूर्व तैयारी और प्रशिक्षित टीम के माध्यम से जान-माल की क्षति को काफी हद तक कम किया जा सकता है। इसी उद्देश्य से विद्यालयों में नियमित रूप से आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण एवं मॉक ड्रिल कराए जाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

August 20, 2026

निजी विद्यालयों पर जिला पंचायत की कार्रवाई के खिलाफ लामबंद हुए स्कूल संचालक

उप्रससे,अजय बरया

जखौरा- ललितपुर। जनपद ललितपुर के ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालयों को जिला पंचायत द्वारा जारी किए गए हैसियत एवं जायदाद कर तथा विद्यालय लाइसेंस/लाइसेंस नवीनीकरण संबंधी नोटिसों के विरोध में आज प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के ब्लॉक जखौरा अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के नेतृत्व में संबंधित तहसील मुख्यालयों पर उपजिलाधिकारी श्री पटेल सर को ज्ञापन सौंपा गया।

एसोसिएशन की ओर ब्लॉक जखौरा अध्यक्ष.अरुण ताम्रकार. ने कहा गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित निजी विद्यालय व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं हैं, बल्कि अधिकांश विद्यालय सोसाइटी/गैर-लाभकारी संस्थाओं द्वारा संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों का उद्देश्य लाभ कमाना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना और शिक्षा के क्षेत्र में सेवा प्रदान करना है।

ज्ञापन में कहा गया कि विद्यालय से प्राप्त होने वाली फीस अथवा अन्य आय किसी व्यक्ति विशेष की व्यक्तिगत आय नहीं होती। विद्यालय की समस्त प्राप्तियां शिक्षकों एवं कर्मचारियों के वेतन, भवन, बिजली-पानी, शिक्षण सामग्री, रखरखाव, विद्यार्थियों की सुविधाओं तथा अन्य शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों में व्यय होती हैं। विद्यालयों का संचालन मूल रूप से “नोट फॉर प्रॉफिट” के आधार पर किया जा रहा है।

एसोसिएशन ने मांग की कि निजी विद्यालयों को सामान्य व्यावसायिक प्रतिष्ठान मानकर उन पर हैसियत एवं जायदाद कर निर्धारित करना तथा जिला पंचायत का पृथक लाइसेंस लेने के लिए बाध्य करना उचित नहीं है। इसलिए जिला पंचायत द्वारा जारी किए गए दोनों प्रकार के नोटिस तत्काल प्रभाव से निरस्त किए जाएं तथा ग्रामीण क्षेत्र के निजी विद्यालयों को अनावश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक दबाव से राहत प्रदान की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान संबंधित तहसील के उपजिलाधिकारी श्री हेमन्त पटेल को ज्ञापन दिया गया। इस अवसर पर प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के जखौरा ब्लॉक अध्यक्ष अरुण ताम्रकार के साथ उपाध्यक्ष वसीम खजुरिया , महामंत्री ध्रुव साहू, विभिन्न विद्यालयों के प्रबंधक एवं प्रतिनिधि श्री भानुप्रताप सिंह, हरिमोहन गोस्वामी, श्री राम, कल्याण सिंह, कपिल अग्रवाल, जयप्रकाश सिंह यादव, राजेंद्र राजपूत, अजय जैन, रामगुलाम आचार्य जी, राजबहादुर, मुहम्मद इसरार, बृजेंद्र सिंह राजपूत, हेमंत जोशी सुनील कुमार, राम लखन सर, सुखलाल, धीरजसिंह एवं उत्कर्ष श्रीवास्तव व अन्य विद्यालय संचालक उपस्थित रहे।

एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए निजी विद्यालयों पर लगाए जा रहे इन अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी प्रावधानों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए।

तालबेहट : प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन के ब्लॉक अध्यक्ष संजीव शर्मा ने तालबेहट में उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान एसोसिएशन के बार ब्लॉक अध्यक्ष रामसेवक ने भी अपने साथियों के साथ उपस्थित होकर ज्ञापन सौंपते हुए जिला पंचायत की कार्रवाई का विरोध किया।

महरौनी : महरौनी ब्लॉक अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह पटेल ने तहसील मुख्यालय पर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा और जिला पंचायत द्वारा लगाए गए अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी कार्रवाई को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

मड़ावरा : मड़ावरा ब्लॉक अध्यक्ष अमर सिंह विश्वकर्मा ने अपनी टीम के साथ मड़ावरा के उपजिलाधिकारी मड़ावर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों को व्यावसायिक प्रतिष्ठान मानकर की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए।

बिरधा: बिरधा ब्लॉक अध्यक्ष अवतार सिंह ने पाली के उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि जिला पंचायत द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के निजी विद्यालयों पर लगाए गए अतिरिक्त कर एवं लाइसेंस संबंधी कार्रवाई को तत्काल निरस्त किया जाए।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि ग्रामीण क्षेत्र में संचालित निजी विद्यालयों की वास्तविक प्रकृति एवं उनके गैर-लाभकारी शैक्षणिक उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए जिला पंचायत द्वारा जारी दोनों प्रकार के नोटिसों पर तत्काल पुनर्विचार किया जाए तथा विद्यालयों को अनावश्यक आर्थिक एवं प्रशासनिक दबाव से मुक्त किया जाए।

प्राइवेट स्कूल मैनेजमेंट एसोसिएशन ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण बच्चों को शिक्षा उपलब्ध कराने वाले विद्यालयों को व्यापारिक प्रतिष्ठान मानना उचित नहीं है और इस मुद्दे पर एसोसिएशन सभी प्रभावित विद्यालयों के हित में लोकतांत्रिक एवं वैधानिक तरीके से अपनी आवाज उठाती रहेगी।

August 6, 2026

मुख्यमंत्री योगी से मिले सदर विधायक रामरतन कुशवाहा

ललितपुर के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखे

उप्रससे, अजय बरया
उत्तर प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुलाक़ात कर ललितपुर विधानसभा के विकास एवं जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान विधायक ने क्षेत्र की आधारभूत संरचना, शिक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आवागमन को सुदृढ़ करने से संबंधित कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि पंचमुखी हनुमान जी मंदिर के समीप शहजाद नदी पर दीर्घ सेतु का निर्माण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है। इसके निर्माण से क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा धार्मिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी नई गति प्राप्त होगी।

उन्होंने पूराकला राजकीय इंटर कॉलेज के विकास एवं वहां आवश्यक शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार का विषय भी प्रमुखता से रखा, जिससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध हो सकें।

क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विधायक ने बांसी एवं विरधा पुलिस चौकी को पूर्ण थाना बनाए जाने की मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने कहा कि इससे क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था मजबूत होगी तथा आमजन को त्वरित सुरक्षा एवं न्याय मिल सकेगा।

इसके अतिरिक्त विधायक ने जखौरा–तालबेहट मार्ग को बेहतर बनाने तथा खेडर नदी पर दीर्घ सेतु के निर्माण का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी, आवागमन सुगम होगा तथा विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना और सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि ललितपुर में चहुँमुखी विकास के लिए प्रदेश सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने संबंधित प्रस्तावों पर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने का भरोसा दिया।

भेंट के उपरांत विधायक रामरतन कुशवाहा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से ललितपुर जिला विकास की नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा क्षेत्रवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप जनहित के कार्य निरंतर आगे बढ़ते रहेंगे।

Older Posts »