Web News

www.upwebnews.com

बरेली में 21 शातिर अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, नशे से लेकर गौकशी और लूट तक में नाम

September 24, 2026

बरेली में 21 शातिर अपराधियों की खुली हिस्ट्रीशीट, नशे से लेकर गौकशी और लूट तक में नाम

बरेली। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थानों में 21 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक इन अपराधियों के खिलाफ नशीले पदार्थों की तस्करी, पशु क्रूरता और तस्करी, गौकशी, हत्या, लूट, हत्या के प्रयास, चोरी, मारपीट और वाहन चोरी जैसे मामले दर्ज हैं। अब संबंधित थानों की पुलिस इनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखेगी।

आंवला में सबसे ज्यादा चार अपराधी हिस्ट्रीशीटर

आंवला थाने में सबसे ज्यादा चार अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें लोकेंद्र यादव निवासी दशरथनगर, नदीम कुरैशी निवासी गंज कुरैशियान, तेजराम उर्फ तेजू निवासी अजुया और फिरोज निवासी गंज कुरैशियान शामिल हैं। पुलिस रिकॉर्ड में इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, पशु क्रूरता व तस्करी और मादक पदार्थों से जुड़े मुकदमों का उल्लेख है।

भमोरा और शीशगढ़ में तीन-तीन पर कार्रवाई

भमोरा थाने में रामजी निवासी गौसगंज, डालचंद्र निवासी मिलक मझारा और धीरज वर्मा निवासी नवदिया की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनके खिलाफ हत्या और मादक पदार्थों से जुड़े मुकदमों का रिकॉर्ड है।

शीशगढ़ में अकील अहमद निवासी टांडा छंगा, जलीस अहमद निवासी कंचनकुआं और विशाल उर्फ बीना निवासी कुरैशीनगर को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अकील के खिलाफ लूट और हत्या, जलीस के खिलाफ गौकशी तथा विशाल के खिलाफ गौकशी और लूट से जुड़े मामले हैं।

फरीदपुर और कैंट के दो-दो अपराधी

फरीदपुर थाने से मोहसिलिम निवासी मोहनपुर और रिजवान खां निवासी बेहटा की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। दोनों के खिलाफ मादक पदार्थों से जुड़े मुकदमे दर्ज हैं।

कैंट थाने में मुकुल यादव निवासी कान्हरपुर और अनिकेत उर्फ नानू निवासी कान्हरपुर पर कार्रवाई हुई है। पुलिस रिकॉर्ड में मुकुल के खिलाफ लूट और मारपीट तथा अनिकेत के खिलाफ वाहन चोरी से जुड़े मामले दर्ज हैं।

देवरनिया में गौकशी, शेरगढ़ में हत्या का मामला

देवरनिया थाने से परवेज उर्फ परवेश निवासी हाफिजगंज की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ गौकशी से जुड़े मुकदमों का उल्लेख है। वहीं शेरगढ़ में ओमप्रकाश निवासी मोहम्मदपुर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ हत्या और मारपीट से जुड़े मामले दर्ज हैं।

बहेड़ी, नवाबगंज और किला में भी कार्रवाई

बहेड़ी थाने से मो. शाकिर निवासी मोटा झंडा को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। उसके खिलाफ पशु क्रूरता और तस्करी से जुड़े मुकदमे हैं।

नवाबगंज में सूरजपाल उर्फ सूरज पाठक निवासी भट्ठा पहलवान की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास और मारपीट के मामले दर्ज हैं। किला थाने में रिजवान निवासी डुंगनवां पर कार्रवाई हुई है। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ बलवा और गौकशी से जुड़े मुकदमों का उल्लेख है।

शाही और अलीगंज में भी खुली हिस्ट्रीशीट

शाही थाने से इमरान निवासी आजमनगर की हिस्ट्रीशीट खोली गई है। उसके खिलाफ चोरी से जुड़े मुकदमों का रिकॉर्ड है। अलीगंज थाने में रामभरोसे निवासी कमालपुर को हिस्ट्रीशीटर बनाया गया है। उसके खिलाफ चोरी और मादक पदार्थों से जुड़े मामले दर्ज हैं।

12 थानों में 21 अपराधियों पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक जिले के 12 थानों में कुल 21 अपराधियों की क्लास-बी हिस्ट्रीशीट खोली गई है। इनमें नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधियों की संख्या अधिक है। इसके अलावा हत्या, लूट, गौकशी, पशु तस्करी, चोरी, मारपीट और वाहन चोरी जैसे मामलों में शामिल रहे अपराधी भी इस सूची में हैं।

हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर रहेगी नजर

एसएसपी अनुराग आर्य ने संबंधित थाना प्रभारियों को हिस्ट्रीशीटरों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उनकी आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।

September 8, 2026

बरेली में 4 करोड़ की निर्माणाधीन पानी की टंकी नदी में समाई, 4 सेकेंड में ढहा पूरा ढांचा

बरेली। जिले में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। किच्छा नदी के तेज बहाव और कटान के चलते करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बन रही पानी की टंकी अचानक नदी में समा गई। बताया जा रहा है कि टंकी का निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह नदी का जलस्तर और बहाव बढ़ने के बाद टंकी का ढांचा हिलने लगा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कुछ ही पलों में टंकी तेजी से झुकी और देखते ही देखते महज चार सेकेंड में पूरा निर्माणाधीन ढांचा नदी में ढह गया। हादसे के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि घटना के समय टंकी पर कोई मजदूर मौजूद नहीं था, जिससे जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, चार दिन पहले भी नदी के तेज बहाव में निर्माण स्थल की बाउंड्रीवॉल बह गई थी। इसके बावजूद कटान को रोकने के लिए किए गए इंतजाम पर्याप्त साबित नहीं हुए। घटना की जानकारी मिलते ही SDM मौके पर पहुंचीं और अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। निर्माण की गुणवत्ता और हादसे के कारणों की जांच के निर्देश दिए गए हैं।

August 28, 2026

मेयर के सामूहिक रक्षा बंधन कार्यक्रम में भगदड़ से महिला की मृत्यु

बरेली, मेयर उमेश गौतम की दिखावेबाजी की नौटंकी में 40 वर्षीय बीजेपी पदाधिकारी महिला मधु की भगदड़ अव्यवस्था के कारण गुरुवार दोपहर बाद जान चली गई। हालांकि बरेली पुलिस रक्षाबंधन कार्यक्रम में महिला की मौत हो जाने को ऑफिशियली नकारती रही कई अन्य महिलाएं को स्थानीय हॉस्पिटल में उपचार के लिए भर्ती कराया हुआ है।
मेयर ने 20 हजार महिलाएं बरेली क्लब में राखी बंधवाने के लिए आमंत्रित थीं लेकिन बदइंतजामी, उमस और गर्मी की वजह से भगदड़ हो गई उनमें से बीजेपी की मंडल अध्यक्ष एक महिला पदाधिकारी की अस्पताल में मौत की परिजनों के द्वारा हो गई। मृतका की नंद रिश्तेदार और भांजे ने पूरी घटना बताते हुए कहा कि बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति से व्यवस्था बिगड़ गई।

गर्मी और धक्का-मुक्की के बीच बारादरी के सतीपुर की रहने वाली महिला मधु की हालत बिगड़ी और इलाज के दौरान मौत हो गई। सत्ता पक्ष के कार्यक्रम में अव्यवस्था को लेकर महिलाओं में भारी नाराजगी देखी गई। भगदड़ की गुरुवार दोपहर में घटी घटना के बाद मौके पर पुलिस मौजूद है, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इंकार कर दिया है।

August 22, 2026

ग्राहक बनकर आए महिला-पुरुष ने ज्वेलर्स की दुकान से चुराई अंगूठी


बरेली। थाना सुभाष नगर क्षेत्र के मेन बाजार स्थित गार्गी ज्वेलर्स में ग्राहक बनकर आए महिला-पुरुष के जोड़े ने करीब ढाई ग्राम वजन की अंगूठी चोरी कर ली। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी शाम के समय कई ज्वेलर्स की दुकानों की रेकी करने के बाद गार्गी ज्वेलर्स पहुंचे थे।
दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचे दोनों ने आभूषण देखने के बहाने दुकानदार का ध्यान भटकाया और मौका पाकर करीब ढाई ग्राम की अंगूठी चोरी कर ली। घटना की जानकारी होने के बाद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना के बाद व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है।

July 17, 2026

Bareilly News: कांवड़ यात्रा की तैयारियों के लिए समीक्षा बैठक

#Bareilly News Posted on 17.07.2026 Time 08.59 PM

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई सम्पन्न*

*लटकते विद्युत तार हटवाने, मार्ग दुरुस्त करने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के दिए निर्देश-जिलाधिकारी*

*डीजे की लम्बाई-चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो इसकी जानकारी जत्थेदारों तक अवश्य पहुंचाएं-एस0एस0पी0*

बरेली, 17 जुलाई। जिलाधिकारी अविनाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में आज कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में सम्पन्न हुई।

बैठक में पूर्व की बैठकों में अधिकारियों को जो निर्देश दिए गए थे उसमें क्या-क्या कार्यवाही हुई है, उसकी विस्तार से जानकारी ली गयी। थानावार कांवर की व्यवस्थाओ को लेकर क्या समस्याएं है उनकी भी जानकारी ली गयी और थानाध्यक्षों से जो कमियां हैं उन्हें लिखित में देने को कहा गया, जिस पर विद्युत पोलों पर पन्नी लपेटवाना, ट्रांसफार्मर जो रोड के निकटतम हो उनकी बेरीक़ेटिंग खराब रोडो को सही कराना आदि के बारे मे थानाध्यक्षगण द्वारा बताया गया। लाल फाटक पुल के दोनों ओर गड्ढे और जलभराव की समस्या के बारे भी बताया गया, जिस पर लोक निर्माण विभाग को गड्ढों को भरवाने और पानी निकासी हेतु नालों पर से अतिक्रमण हटवाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बभिया रोड पर बिचैलिया ग्राम के पास रोड लाइट की भी आवश्यकता बतायी गयी, किला पुल के नीचे लाइटिंग करने तथा अलखनाथ मंदिर के पास ट्रांसफार्मर की बैरिकेडिंग करने का कहा गया। गोताखोरों को छोटी बोट व लाइफ जैकेट की उपलब्धता कराने को भी कहा गया। विकासखंड बिथरी चैनपुर के नवदिया झादा पर जो पुल बन रहा है उसके दोनों ओर ब्रेकर बनवाने के लिए कहा गया।

बैठक में नगर पालिका/पंचायतों को निर्देश दिए गए कि उनके क्षेत्र में जिन रास्तों में दिक्कत हैं उन्हें कांवड़ यात्रा से पूर्व ठीक करा दिया जाए तथा जहां आवश्यकता हो खुले नालों पर स्लैब भी डलवायी जाए। मार्गों से गोवंशीय पशुओं को हटाकर संरक्षित करने के भी निर्देश दिए गए, जिससे आवागमन में बाधा उत्पन्न ना हो।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि विगत वर्ष की भांति शांतिपूर्ण तरीके और सकुशल श्रावण मास सम्पन्न हो इसके लिए समय से तैयारियां पूर्ण कर लें। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वागत द्वारों का निर्माण, वाॅटर प्रुफ टेंट कांवड़ियों के लिए भंडारे, पानी, भोजन, स्वास्थ्य, सुरक्षा का ध्यान रखा जाये। सीसीटीवी कैमरे/ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कंट्रोल रुप स्थापित किया जाए तथा स्टेटिक/सेक्टर/जोनल/सुपर जोनल मजिस्ट्रेट की तैनाती की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला कांवड़ियों के लिए शौचालय की भी व्यवस्था विश्राम गृह पर की जाए तथा समाज सेवी संगठनों का भी सहयोग लिया जाए।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने समस्त व्यवस्थाएं ससमय सुनिश्चित करने तथा गम्भीरता को समझते हुए कार्य करने के निर्देश दिए। कांवड़ रुट और शिव मंदिरों पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई, जलभराव, विद्युत तार, गढ्ढों आदि को भरवाने, निराश्रित पशुओं का संरक्षण, आंधी आदि के कारण टूटे हुए पेड़ या डाल आदि को हटवाने, गूलर आदि के पेड़ो की छटाई आदि की आवश्यकता हो तो वह भी करवा लिया जाए। उन्होंने भंडारों में बटने वाले भोजन की गुणवत्ता की भी जांच समय-समय कराए जाने तथा जिन स्थानों पर रात के समय अंधेरा रहता है वहां लाइट की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डीजे की लम्बाई-चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप हो इसकी जानकारी जत्थेदारों तक अवश्य पहुंचाएं तथा सिविल डिफेंस का पूरा सहयोग लिया जाए।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि 30 स्वास्थ्य शिविर बनाए जाएंगे, जिसमें 23 ग्रामीण क्षेत्र तथा 07 नगरीय क्षेत्र में बनेंगे वहां आवश्यक दवाईयां उपलब्ध रहेगी साथ ही कांवड़ियों को मेडिकल किट भी उपलब्ध करायी जाएगी।

बैठक में नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी अंशिका वर्मा, पुलिस अधीक्षक यातायात मो0 अकमल खान, मुख्य विकास अधिकारी डाॅ0 विश्राम सिंह, सचिव बरेली विकास प्राधिकरण सहित समस्त सम्बंधित पुलिस/प्रशासनिक अधिकारीगण उपस्थित रहे।

——————————

Older Posts »