Web News

www.upwebnews.com

नकारात्मक ताकतें जाति के नाम पर समाज और महापुरुषों को बांटेंगी, हमें विभाजन नहीं होने देना है: मुख्यमंत्री

September 21, 2026

नकारात्मक ताकतें जाति के नाम पर समाज और महापुरुषों को बांटेंगी, हमें विभाजन नहीं होने देना है: मुख्यमंत्री

व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश, ‘राष्ट्र प्रथम’ के भाव के साथ कार्य करना है: सीएम योगी

अब यूपी की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ है: सीएम

शक्ति केंद्र प्रमुख हर बूथ की समीक्षा करें, पन्ना प्रमुखों का दायित्व तय करें और एक-एक परिवार की मैपिंग करें

मेरठ, 21 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि नकारात्मक ताकतें फिर से समाज को बांटने का काम करेंगी। वे जाति के नाम पर समाज को बांटेंगी और महापुरुषों को भी जातीय आधार पर बांटने का पाप करेंगी, लेकिन हमें इस विभाजन को नहीं होने देना है। महापुरुष पूरे समाज के होते हैं, उन्हें किसी जाति के दायरे में सीमित कर उनके महत्व को कम नहीं किया जा सकता। मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की उपस्थिति में जनपद मेरठ में आयोजित भाजपा पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

सीएम योगी ने कहा कि भारत के इतिहास, क्रांति और अन्नदाताओं के सामर्थ्य की धरती मेरठ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का सभी की ओर से हृदय से स्वागत और अभिनंदन है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो दिवसीय प्रवास के क्रम में पश्चिम क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को उनका सानिध्य और मार्गदर्शन मिल रहा है। शक्ति केंद्र सम्मेलन के माध्यम से कार्यकर्ताओं की शक्ति को जागृत करने और उस जागरण को पार्टी के लिए उपयोगी बनाने के साथ राष्ट्र प्रथम के भाव से प्रधानमंत्री के संकल्पों के अनुरूप आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत में कार्यकर्ताओं की भूमिका के लिए आह्वान किया जा रहा है।

*‘मुझे क्या’ कहना मंथरा बुद्धि का परिचय*
मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति से बढ़कर दल और दल से बढ़कर देश है। भारतीय जनता पार्टी का भाव है कि मेरा सब कुछ देश के लिए होगा। जो लोग कहते हैं ‘मुझे क्या-मुझे क्या’, यह मंथरा बुद्धि है। ‘को नृप होई हमें का हानि’ का भाव पहचान का संकट खड़ा करता है, पलायन करवाता है, विकास को बाधित करता है और अन्नदाता किसान को आत्महत्या के लिए मजबूर करने वाली परिस्थितियां पैदा करता है। इसी भाव ने देश को नुकसान पहुंचाया और देश गुलाम हुआ तथा उसके सामने पहचान का संकट खड़ा हुआ।

*मोदी जी के नेतृत्व में नए भारत का दर्शन*
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के सत्ता संभालने के बाद एक नए भारत का दर्शन हुआ। ऐसा भारत जो अपनी विरासत पर गर्व करता है और विकास के लिए गति के साथ आगे बढ़ रहा है। आज ऐसा भारत है जिसके सामने पहचान का संकट नहीं है। सीना तानकर चलता है और दुनिया की आंख में आंख डालकर बात करता है। कोई चुनौती देने का दुस्साहस करता है तो भारत मांद में घुसकर मारना भी जानता है। भारत की अर्थव्यवस्था बॉटम फाइव से टॉप फाइव में आ गई है। इसी देश में कभी सनातन और हिंदू परंपरा को कोसने तथा उसे गजनवी, गोरी, इब्राहिम लोदी, बाबर और औरंगजेब के समकक्ष ठहराने का प्रयास किया जाता था। अब नया भारत गुलामी की मानसिकता को समाप्त कर विरासत पर गौरव की अनुभूति कर रहा है। इसकी परिणति काशी विश्वनाथ धाम और अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के रूप में सामने है। जो लोगों के लिए असंभव था, वह प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में संभव हुआ है।

*विरासत-सनातन को कोसने वालों ने रोकी थी कांवड़ यात्रा*
मुख्यमंत्री ने कहा कि मथुरा-वृंदावन सज-संवर रहा है। भागवत भूमि शुकतीर्थ के पुनरुद्धार की कार्ययोजना चल रही है और विदुर कुटी के लिए भी धनराशि आवंटित की गई है। विरासत-सनातन को कोसने वालों ने कांवड़ यात्रा पर रोक लगाई थी। लेकिन, भाजपा सरकार ने कहा कि कांवड़ यात्रा को कोई नहीं रोक सकता। यह धूमधाम से चलेगी। मैं स्वयं कांवड़ यात्रा में शामिल होता हूं और पुष्पवर्षा करता हूं। यह सनातन का प्रतीक है। अब कोई श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रोक नहीं लगा सकता, मेरठ की क्रांति धरा को अपमानित नहीं कर सकता।

*कट्टा-बंदूक की राजनीति नहीं हो सकती मेरठ में*
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मेरठ में कट्टा-बंदूक की राजनीति नहीं हो सकती। युवाओं के सपनों को उड़ान देने के लिए भारत का सबसे बड़ा एयरपोर्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट यहां से एक घंटे की दूरी पर बनकर तैयार हो गया है। मेरठ की बेटी पारुल चौधरी भारत के लिए ओलंपिक में गोल्ड मेडल लेकर आती है। उत्तर प्रदेश की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी मेजर ध्यानचंद के नाम पर मेरठ में बन रही है। दिल्ली-मेरठ के बीच 12 लेन का एक्सप्रेसवे और नमो भारत ट्रेन सफलतापूर्वक चल रही है। अब फिल्म सिटी बन रही है, मेडिकल डिवाइस पार्क बन रहा है और सेमीकंडक्टर की यूनिट लग रही है। इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में भी बड़ा काम हुआ है। भारत में इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम के 60 प्रतिशत कंपोनेंट और 55 प्रतिशत मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश में बन रहे हैं।

*9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी*
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में 9.5 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। परंपरागत उद्यम फिर से पुनर्जीवित किया गया, जिसमें 3 करोड़ 25 लाख नौजवान रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। दंगाइयों की कमर टूटने के कारण प्रदेश दंगा-कर्फ्यू मुक्त हुआ है तथा इसके कारण बड़े-बड़े रोजगार भी प्रदेश में आए हैं। अब उत्तर प्रदेश के सामने पहचान का संकट नहीं है। अब कोई यूपी वाला कहकर अपमानित नहीं करता। मेरठ, मुजफ्फरनगर, हापुड़, गाजियाबाद, बुलंदशहर, शामली, सहारनपुर या बिजनौर की पहचान बताने पर सम्मान की निगाह से देखा जाता है। यदि बाहर जाकर कोई कहता है कि वह यूपी से आया है तो सामने वाला उसे गले लगाने के लिए तैयार होता है।

*आने वाली पीढ़ी नहीं कहेगी-आपने क्या किया*
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले न बेटी सुरक्षित थी और न व्यापारी। हर ओर अराजकता थी, महीनों-महीनों कर्फ्यू रहता था, व्यापार तबाह होता था और नौजवान की नौकरी पर पहले ही डकैती पड़ जाती थी। उत्तर प्रदेश की पहचान वापस दिलाने में प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व के साथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम और पसीने का योगदान है। आने वाली पीढ़ी अब यह नहीं कहेगी कि आपने क्या किया। कार्यकर्ता आने वाली पीढ़ी को बता सकता है कि जब वह भाजपा के शक्ति केंद्र का प्रमुख था, तब 12 लेन का एक्सप्रेसवे बना था, नमो रैपिड रेल आई थी। इन उपलब्धियों को स्मृति के रूप में संजोकर रखें और भावी पीढ़ी को बताएं कि जो काम 500 वर्षों में नहीं हो पाया, वह प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर के रूप में हुआ।

*कार्यकर्ताओं ने बनाया भाजपा को दुनिया का सबसे बड़ा दल*
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यकर्ताओं का अधिकार है कि वे कहें- मुझे पहचान मिली है, मुझे मेरे राम मिले हैं, मुझे मेरे कृष्ण मिले हैं और मुझे भोले शंकर मिले हैं, बाबा विश्वनाथ का पवित्र धाम मिला है। यही हमारी पहचान है। प्रधानमंत्री मोदी जी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन जी के नेतृत्व में भाजपा को दुनिया के सबसे बड़े दल के रूप में स्थापित करने का श्रेय भी कार्यकर्ताओं को जाता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को इस यात्रा का सारथी बताते हुए कहा कि महाभारत के युद्ध में कृष्ण की भूमिका भी सारथी की थी। इतिहास ने शकुनि और मंथरा को सम्मान नहीं दिया, लेकिन कृष्ण जैसे सारथी को सम्मान दिया है। हर कार्यकर्ता कृष्ण जैसा सारथी बनने का भाव रखे।

*अब यूपी को कोई बीमारू नहीं कह सकता*
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पहले बीमारू राज्य था, लेकिन आज कोई इसे बीमारू नहीं कह सकता। आज यूपी देश की टॉप-थ्री इकॉनमी में गिना जाता है। अब उत्तर प्रदेश की पहचान ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ नहीं, बल्कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ है। इसके साथ ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ के माध्यम से स्थानीय खान-पान और उत्पादों को भी वैश्विक पहचान दिलाने का प्रयास हो रहा है। मेरठ की रेवड़ी, हापुड़ के पापड़ और मुजफ्फरनगर के गुड़ को भी इसमें शामिल किया गया है। हर जगह के खान-पान और उत्पादों की ब्रांडिंग की जा रही है, ताकि उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई जा सके। पहले कट्टा-बम से यूपी की पहचान थी और लोग प्रदेश से दूरी बनाते थे, लेकिन अब वह स्थिति नहीं है।

*समाज को बांटने का प्रयास करेंगे कुछ लोग*
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बदलाव को कुछ लोग बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। जो लोग दंगा करवाते थे, दंगाइयों और माफियाओं के सामने घुटना टेकते थे, दंगाइयों को मुख्यमंत्री आवास में बुलाकर सम्मानित करते थे और वसूली में मस्त रहते थे, वे फिर से समाज को बांटने का काम करेंगे। वे जाति के नाम पर समाज को बांटेंगे और महापुरुषों को भी जातीय आधार पर बांटने का प्रयास करेंगे। महापुरुष किसी एक जाति के नहीं होते। कोतवाल धन सिंह गुर्जर भारत के स्वाधीनता आंदोलन के नायक हैं और हर भारतीय के लिए श्रद्धा एवं सम्मान के नायक हैं। महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोविंद सिंह जी महाराज राष्ट्रनायक हैं। इन्हें जातीय दायरे में नहीं बांधा जा सकता। क्रांतिकारियों की सिरमौर और क्रांतिकारियों को प्रोत्साहित करने वाली दुर्गा भाभी सभी की आदर्श हैं। सरकार ने कोतवाल धन सिंह गुर्जर का मेरठ में भव्य स्मारक बनाया है। नकारात्मक ताकतें फिर से बंटवारा करना चाहती हैं- जाति के नाम पर, क्षेत्र के नाम पर और भाषा के नाम पर। इस विभाजन को नहीं होने देना है और इसकी जिम्मेदारी शक्ति केंद्र प्रमुखों पर है।

*सबको मतदान के लिए प्रेरित करना है*
मुख्यमंत्री ने शक्ति केंद्र प्रमुखों से प्रत्येक बूथ की समीक्षा करने, हर बूथ स्तर पर प्रभावी टीम का गठन करने और प्रत्येक पन्ना प्रमुख का उत्तरदायित्व निर्धारित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक-एक परिवार की मैपिंग और सर्वे कर सबको मतदान के लिए प्रेरित करना है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान ने हर नागरिक को अपने वोट का इस्तेमाल करने की बड़ी ताकत दी है। बाबा साहेब, सद्गुरु रविदास जी महाराज और महर्षि वाल्मीकि जी से जुड़े स्थानों, मंदिरों और मूर्तियों के सौंदर्यीकरण के लिए डबल इंजन सरकार ने धनराशि आवंटित की है। एक समय था जब समाजवादी पार्टी की सरकार बाबा साहेब के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज का नाम बदल देती थी और सद्गुरु रविदास जी महाराज की पावन जन्मभूमि सीर गोवर्धन में होने वाले आयोजन को रोक देती थी।

*राम के नाम से चिढ़ने वालों को देना होगा जवाब*
सीएम योगी ने राम सेतु व भगवान राम के नाम को लेकर भी समाजवादी पार्टी पर तीखा राजनीतिक हमला बोला और कहा कि भगवान राम का नाम लेने से जिन लोगों को चिढ़ होती थी, उनको जवाब देने के लिए कार्यकर्ताओं को अपने शक्ति केंद्र को मजबूत रखना होगा। शक्ति केंद्र जितना सशक्त और मजबूत होगा, कार्यकर्ता उतने ही ताकतवर होकर आगे बढ़ेंगे और राष्ट्र प्रथम का मंत्र उतना ही प्रभावी होगा। उन्होंने पश्चिम क्षेत्र के शक्ति केंद्र संयोजकों की उपस्थिति और उत्साह की सराहना करते हुए 100 प्रतिशत गठन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शक्ति केंद्र के साथ-साथ बूथों के संयोजक, प्रभारी और पन्ना प्रमुखों के गठन की प्रक्रिया को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए एक-एक घर की स्क्रीनिंग करनी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मेहनत करने और बूथ अध्यक्षों के सम्मेलन में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, राष्ट्रीय मंत्री एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी जगदीश पटेल, राष्ट्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. भोला सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल, प्रदेश महामंत्री और क्षेत्रीय प्रभारी राम प्रताप सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर व अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

इनसेट-
*शक्ति केंद्र भाजपा की रीढ़, 2027 में पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ताओं के दम पर फिर बनेगी सरकार: पंकज चौधरी*

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि शक्ति केंद्र भारतीय जनता पार्टी की रीढ़ हैं और उनके ऊपर बड़ी जिम्मेदारी है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के उत्तर प्रदेश प्रवास के दौरान बार-बार शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं से संवाद की इच्छा यह दर्शाती है कि संगठन में उनकी भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है। शक्ति केंद्र प्रमुख अपने क्षेत्र के तीन से पांच बूथों की पूरी जानकारी रखे तो चुनाव से पहले ही अपने शक्ति केंद्र के परिणाम का आकलन कर सकता है। भाजपा में कार्यकर्ता सर्वोपरि है और कार्यकर्ताओं के लिए कुछ भी करने को वह सदैव तैयार हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएं। 2017 से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्थिति और आज की स्थिति में बड़ा बदलाव आया है तथा डबल इंजन सरकार ने प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है। भाजपा कार्यकर्ता लक्ष्य और प्रत्याशी देखकर नहीं, बल्कि कमल खिलाने और सरकार बनाने के संकल्प के साथ काम करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ता पूरी मेहनत और समर्पण के साथ काम करते हुए 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा की सरकार बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

August 24, 2026

किसान नेता की पिटाई करने वाले इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को अब सस्पेंड किया गया

मेरठ‌। मेरठ के एसएसपी बीबीजीटीसी मूर्ति ने किसान नेता दिग्विजय भाटी की बर्बरतापूर्वक की गई पिटाई के मामले में आरोपी इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को आज निलंबित कर दिया। आरोप है कि दिग्विजय भाटी को एसएसपी दफ्तर से यही इंस्पेक्टर अपने साथ ले गया था, कहा जा रहा है कि एसओजी दफ्तर में दिग्विजय भाटी की हाथ-पैर बांधकर पिटाई की गई और *”चोली के पीछे क्या है” गाने पर नचवाया भी गया।* इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ को नवागत एसएसपी ने 7 अन्य पुलिसकर्मियों के साथ कल ही लाइन हाजिर किया था।

August 22, 2026

Meerut किसान नेता की पिटाई मामले में इंस्पेक्टर समेत 8 लाइन हाजिर

Breaking News UP Web News

मेरठ, 22 अगस्त 2026, नये एसएसपी IPS BBGTS मूर्ति ने किसान नेता दिग्विजय भाटी की पिटाई मामले में इंस्पेक्टर अखिलेश गौड़ सहित 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर किए हैं।

इनमें निरीक्षक अखिलेश कुमार गौड़, उप निरीक्षक मुलायम सिंह, हेड कांस्टेबल हरि ओम, कांस्टेबल मुकेश कुमार , हेड कांस्टेबल श्याम बाबू , कांस्टेबल सुमित कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम लौर और ड्राइवर ललित कुमार शामिल हैं।

तत्कालीन SSP मेरठ IPS अविनाश पांडेय 2 दिन पहले ही हटाए जा चुके हैं। सहारनपुर DIG IPS अभिषेक सिंह इस केस की जांच कर रहे हैं।

August 9, 2026

Meerut कांवड़ सेवा शिविर में उपज ने की शिवभक्तों की सेवा

Posted on 09.08.2026 Time 07.26 PM, Meerut, UPAJ Kanvad Yatra shivir

मेरठ, 09 अगस्त 2026, सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहे शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-58, दौराला में श्री वेंकटेश्वर विश्वविद्यालय की ओर से लगाए गए कांवड़ सेवा शिविर में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स के पत्रकारों ने पहुंचकर सेवा कार्य किया। पत्रकारों ने शिवभक्त भोले को प्रसाद ग्रहण कराया और उनकी यात्रा को सुगम बनाने के लिए सेवा में सहभागिता की।
शिविर में पहुंचने पर शिविर संयोजक पंडित दीपक शर्मा ने उपज पत्रकार संगठन के सभी पदाधिकारियों एवं पत्रकार साथियों का स्वागत किया। इस दौरान संगठन के पत्रकारों ने हरिद्वार से गंगाजल लेकर आ रहे कांवड़ियों को श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया तथा उनकी कुशलक्षेम पूछी। पत्रकारों ने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है।
इस अवसर पर शिविर में सेवा कार्य में जुटे सभी लोगों के योगदान की सराहना करते हुए उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स की ओर से उन्हें प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपज अध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ना भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कांवड़ यात्रा के दौरान देशभर से लाखों शिवभक्त मेरठ के रास्ते अपने गंतव्य की ओर जाते हैं। ऐसे में उनकी सेवा और सहायता करना समाज के प्रत्येक वर्ग का दायित्व है।
महामंत्री ललित ठाकुर ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना सौभाग्य की बात है। कांवड़ यात्रा के दौरान सेवा शिविर श्रद्धा, भाईचारे और सहयोग की मिसाल पेश कर रहे हैं।
इस दौरान कोषाध्यक्ष विश्वास राणा, संगठन महामंत्री ताज मोहम्मद, मीडिया प्रभारी अखिल गौतम, जावेद अब्बासी, साजिद फरीदी, हरपाल चौहान और लियाकत मंसूरी अशोक सोम, परमजीत धनकड़, दीपशिखा चौधरी सहित उपज के पत्रकार साथी मौजूद रहे और उन्होंने शिविर में सेवा कार्य में सक्रिय सहभागिता की।

June 23, 2026

पत्रकार पर हमले के विरोध में एकजुट हुआ उपज, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन

News Posted on 23.06.2026 Tuesday, Meerut, Uttar Pradesh Association of Journalists UPAJ

पत्रकार सुरक्षा को लेकर एकजुट हुए पत्रकार, दोषियों की गिरफ्तारी तक संघर्ष का ऐलान

मेरठ, 23 जून 2026 । पत्रकार कुलदीप भारद्वाज के कथित अपहरण, जानलेवा हमले, लूट एवं धमकी के मामले में मंगलवार को पत्रकार समाज एकजुट दिखाई दिया। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) के नेतृत्व में सैकड़ों पत्रकारों ने थाना हस्तिनापुर पहुंचकर फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और अवैध खनन से जुड़े तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। ज्ञापन थाना प्रभारी लाला राम शर्मा एवं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी को सौंपा गया। पत्रकारों ने आरोप लगाया कि हस्तिनापुर निवासी पत्रकार कुलदीप भारद्वाज जनहित के मुद्दों, विशेषकर अवैध खनन से संबंधित मामलों को लगातार उजागर करते रहे हैं, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि 8 जून 2026 की रात कुलदीप भारद्वाज के साथ सुनियोजित आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने उनका अपहरण कर बंधक बनाया, मारपीट की, जान से मारने की धमकी दी तथा नकदी भी लूट ली। मामले में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।
पत्रकारों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष द्वारा भ्रामक शिकायतें और दुष्प्रचार कर पीड़ित पत्रकार की सामाजिक एवं पेशेवर छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। संगठन ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित पत्रकार और उनके परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
उपज पत्रकार संगठन के जिलाध्यक्ष अजय चौधरी ने कहा कि यदि जनहित के मुद्दों को उठाने वाले पत्रकारों पर हमले होते रहे और दोषियों के खिलाफ समयबद्ध कार्रवाई नहीं हुई तो यह लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर सीधा हमला माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर बड़े आंदोलन का भी निर्णय लिया जाएगा।
इस दौरान थाना प्रभारी लाला राम शर्मा ने पत्रकारों को आश्वस्त किया कि मामले में फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। वहीं नायब तहसीलदार सचिन चौधरी ने अवैध खनन से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई कराने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के महामंत्री दीपक वर्मा, राजन सोनकर, ग्रामीण आंचलिक पत्रकार एसोसिएशन के रजनीश विश्वकर्मा, प्रवेश, अजय ठाकुर, उपज सरकार संगठन से मदनपाल गौतम, खालिद इकबाल, अनीश खान, फरमान खान, नीरज तोमर, राजदीप त्यागी, सलीम सैफी, आरिफ कुरैशी, रविश, सचिन कश्यप, रितेंद्र, संचित अरोड़ा, इसरार अंसारी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Older Posts »