Web News

www.upwebnews.com

ग्राम पंचायतों के अधिकार का प्रश्न: ब्रजवीर दहिया

June 26, 2026

ग्राम पंचायतों के अधिकार का प्रश्न: ब्रजवीर दहिया

प्रिय प्रधान साथियों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों, जिला पंचायत सदस्यों एवं समस्त पंचायत प्रतिनिधियों,
आज मैं आप सबसे किसी राजनीतिक दल, जाति या व्यक्तिगत स्वार्थ के आधार पर नहीं, बल्कि ग्रामीण लोकतंत्र को बचाने की अपील करने आया हूँ।
हम सभी की अपनी-अपनी राजनीतिक विचारधाराएं हो सकती हैं। हम अलग-अलग दलों में आस्था रख सकते हैं। लेकिन सबसे पहले हम गांव के निवासी हैं, किसान हैं, और पंचायत प्रतिनिधि हैं। हमारी पहली जिम्मेदारी गांव, पंचायत और लोकतंत्र के प्रति है।
ऑल इंडिया पंचायती राज संगठन लंबे समय से समय पर पंचायत चुनाव कराने की मांग करता रहा है। हमें आशंका थी कि पंचायतों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद प्रधानों को प्रशासक तो बना दिया जाएगा, लेकिन पंचायतों की वास्तविक शक्तियों को सीमित कर दिया जाएगा। दुर्भाग्य से आज वही होता दिखाई दे रहा है।
यदि गांव के चुने हुए प्रतिनिधियों को अधिकार नहीं मिलेंगे, यदि निर्णय लेने की शक्ति प्रशासन के हाथों में केंद्रित होती जाएगी, तो यह केवल प्रधानों का नहीं, बल्कि ग्रामीण लोकतंत्र और संविधान की भावना का भी प्रश्न है। 73वें संविधान संशोधन का उद्देश्य सत्ता का विकेंद्रीकरण था, न कि उसका केंद्रीकरण।
आज लोकतंत्र को आपकी आवश्यकता है। आज गांवों की आवाज को एकजुट होकर उठाने की आवश्यकता है।
आइए, हम सब राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर पंचायतों के अधिकारों, ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती और समय पर पंचायत चुनाव की मांग के लिए एकजुट हों।
लोकतंत्र बचाइए — पंचायत बचाइए।
यदि अधिकार नहीं, तो चुनाव कराइए।
— ब्रजवीर दहिया
राष्ट्रीय अध्यक्ष
ऑल इंडिया पंचायती राज संगठन

May 14, 2026

राष्ट्रहित में जन प्रतिनिधि वेतन व फ्री में मिलने वाली सुविधाओं का करे त्याग

Dileep Shrivastava Journalist
वाहनों के काफिलों पर लगे रोक
दिलीप कुमार श्रीवास्तव
बाराबंकी । प्रधानमंत्री के बाद प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से वही अपील की जो पूर्व में प्रधानमंत्री कर चुके हैं। अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री सांसद, विधायक,मंत्रियो से यह अपील करें कि वह 03 माह का वेतन तथा मुफ्त में मिलने वाली अन्य सुविधाओं को राष्ट्रहित में त्याग दे, क्योंकि जन्प्रतिनिधि तो जनता के सेवक होते हैं, जिससे देश की जनता की अरबो रुपए की खून पसीने की कमाई देश के विकास में काम आएगी तथा देश की आर्थिक स्थिति में भी सुधार आएगा।
देश के सभी जनप्रतिनिधियों से प्रधानमंत्री द्वारा अपील की जानी चाहिए कि वह सिर्फ तीन माह के लिए अपने काफिले में दो से अधिक गाड़ियों का प्रयोग न करें। वर्तमान समय में जब हमारा देश खराब आर्थिक स्थिति से गुजर रहा है तो राष्ट्रहित में जनप्रतिनिधियों को प्रधानमंत्री ,मुख्यमंत्री की अपील मानकर उस पर अमल करें तो देश की आर्थिक स्थिति में व्यापक सुधार आएगा। जिसकी पहल स्वयं प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री को करनी चाहिए।

May 13, 2026

NEET पेपर लीक: NTA भी सवालों के घेरे में

National testing Agdncy NTA

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी

Posted on 13.05.2026 Wednesday Time 10.08 AM, Article Written by Journalist Pragya Mishra, Varanasi , NEET UG 2026

प्रज्ञा मिश्रा

नीट परीक्षा 2026 पेपर लीक मामले में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी NTA  (National Testing Agency) पर भी सवाल उठते हैं आखिर कैसे NTA की इतनी बड़ी लापरवाही हुई । छात्रों एवं छात्राओं के साथ इतना बड़ा अन्याय हुआ ।
यह मामला विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के सपनों को पूरी तरह से तोड़ने का काम किया है और ऐसा एक बार नहीं अक्सर हुआ है कि पेपर लीक हो जाना और दोबारा पेपर करवाना आखिर जांच एजेंसी के नाक के नीचे ऐसी घोर लापरवाही कैसे संभव है ?
सवाल तो उठना लाजमी है । क्या सिस्टम इतना कमजोर और लापरवाह हो गया है आखिरकार NEET पेपर में अधिकांशतः सेंधमारी क्यों ??
सवाल तो उठता है ।सवाल NTA राष्ट्रीय जांच एजेंसी के साथ साथ सिस्टम पर भी उठता है इन्हें सरकार का कोई भय क्यों नहीं ??महीनों तैयारी करके परिणाम इस तरह मिले तो परीक्षार्थियों का मनोबल टूट जाता है कितने लोगों को साइकोलॉजिकल प्रॉब्लम भी होता है ऐसे में जिम्मेदार कौन है ?
पेपर लीक समस्या एक बार नहीं कई बार हुआ उसके बावजूद जांच एजेंसियां सख्त क्यों नहीं ? बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ अक्षम्य होना चाहिए और सरकार को परीक्षा पद्धति एवं जांच एजेंसियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने की आवश्यकता है क्योंकि पूरे देश के बच्चों का सवाल है उनके सुनहरे सपनों का सवाल है ।

Pragya Mishra Journalist Varanashiप्रज्ञा मिश्रा, पत्रकार वाराणसी

#PMModi #CMYogi

May 6, 2026

विधान सभा चुनाव: संवैधानिक मर्यादाओं को तोड़ता विपक्ष

Logo Election 2026
Article Posted on 06 May 2026, Wednesday, Time 06.12 PM, Writer Suresh Hindustani
विपक्ष : मीठा-मीठा गप, कड़वा-कड़वा थू

The picture that has emerged after the assembly elections in five states, including West Bengal, is one of bitterness and sweetness. While the political parties in the opposition are tasting the sweetness of the mind-boggling results in Tamil Nadu and Kerala, all the opposition parties are doing the unconstitutional act of publicising the West Bengal election result as a BJP-sponsored victory. The biggest thing is that Trinamool Congress leader Mamata Banerjee has been given a mandate by the public to sit in the opposition this time, but Mamata Banerjee is not able to make up her mind to accept defeat in the style of clinging to the chair.

सुरेश हिंदुस्तानी
पश्चिम बंगाल के साथ पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के पश्चात् जो तस्वीर निर्मित हुई है, वह कड़वाहट और मिठास दोनों का ही स्वाद दे रही है। विपक्ष के राजनीतिक दल जहाँ एक ओर तमिलनाडु और केरल के मनमाफिक परिणाम देखकर मिठास का स्वाद ले रहा है, वहीं पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम को सभी विपक्षी दल भाजपा की प्रायोजित जीत के रूप में प्रचारित करने का असंवैधानिक कार्य कर रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी को इस बार जनता ने विपक्ष में बैठने का जनादेश दिया है, लेकिन ममता बनर्जी कुर्सी से चिपके रहने के अंदाज में पराजय को स्वीकार करने का मानस नहीं बना पा रही हैं। लोकतान्त्रिक मर्यादा के तहत उनको मुख्यमंत्री की कुर्सी का त्याग करना चाहिए। लेकिन ममता बनर्जी ऐसा न करके एक प्रकार से लोक के निर्णय को ठेंगा दिखाने का कार्य कर रही हैं। खास बात यह है कि विपक्ष के कुछ अन्य दल भी तृणमूल कांग्रेस की नेता ममता बनर्जी के इस कदम का समर्थन करती हुई लग रही हैं। लोकतंत्र में विरोध करने का सभी को अधिकार है, लेकिन यह विरोध संवैधानिक मर्यादायों के तहत ही होना चाहिए।
देश के इतिहास में यह पहली बार हो रहा है, ज़ब चुनाव में पराजित हो जाने के बाद मुख्यमंत्री अपना त्याग पत्र देने से मना कर रहा है, ममता बनर्जी का यह रवैया निश्चित ही जनमत के साथ विश्वासघात ही कहा जाएगा। लोकतंत्र का असली आशय यही होता है कि जनता अपने बीच में से अपने प्रतिनिधि चुनकर अपनी सरकार बनाती है। जनता ने जनादेश दे दिया है। विपक्ष को भी यह स्वीकार करना चाहिए। पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणाम यह संदेश प्रवाहित कर रहे हैं कि अब देश में तुष्टिकरण के दिन ख़त्म हो गए हैं। जनता भी ऐसा ही चाहती है। मजेदार तथ्य यह है कि बंगाल के चुनाव के साथ ही पांच राज्य असम, केरल, तमिलनाडु और पंडिचेरी में भी चुनाव हुए असम को छोड़ दिया जाए तो सभी राज्यों में परिणाम सत्ता के विरोध में ही आए, लेकिन सवाल यह है कि इन राज्यों के परिणाम पर कोई आरोप नहीं लगा रहा। इसके पीछे यही कारण माना जा रहा कि वहां भाजपा नहीं जीती। भाजपा की जीतना विपक्ष को कभी नहीं पचा। विपक्ष का व्यवहार ऐसा होता जा रहा है जैसे ये केवल सत्ता के लिए ही बने हैं। चुनाव में जय पराजय होती ही है, केवल एक को ही विजय मिलती है।
पश्चिम बंगाल के बारे में यह सभी जानते हैं कि ममता सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था। जनता भी इस भ्रष्टाचार से त्रस्त रही और प्रशासनिक अधिकारी भी। इसी के चलते तृणमूल कांग्रेस के नेताओं के विरोध में एक राजनीतिक हवा बनी। भाजपा ने अपने प्रचार के दौरान ममता के भ्रष्टाचार को लेकर जमकर हमला बोला। इसके विपरीत विपक्ष के अन्य दल भी इन मुद्दों पर मुखर रहे। कांग्रेस ने सार्वजनिक रूप से ममता को निशाने पर लिया। इसका आशय स्पष्ट है कि पश्चिम बंगाल में ममता सरकार के विरोध में लहर थी। दूसरी एक और प्रमुख बात यह भी है कि पश्चिम बंगाल में पिछले जितने भी चुनाव हुए, उनमें हिंसा के माध्यम से मतदाताओं को भयभीत करने का काम भी खुलेआम हुआ। ऐसा कोई भी चुनाव नहीं हुआ, जिसे हिंसा मुक्त कहा जा सकता हो। इस बार के विधानसभा चुनाव में चुनाव आयोग ने हिंसा मुक्त चुनाव करके दिखा दिया। इसी कारण आम मतदाता बिना किसी भय के मतदान केंद्र तक पहुँचने में सफल हुआ। इसी ने भाजपा की राह आसान की।
पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का एक बड़ा कारण यह भी माना जा रहा है कि वहां की मतदाता सूची से फर्जी नाम विलोपित किए गए। इन नामों में कई तो ऐसे थे, जो इस दुनिया में नहीं हैं। हालांकि यह एक सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है, इसलिए इसे खास मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए। प्रति वर्ष मतदाता सूची से नाम हटाने और जोड़ने का क्रम चलता है। बंगाल का मामला बांग्लादेशी घुसपैठियों से जुडा था, इसलिए वहां एसआईआर जरुरी था। इससे जहाँ विदेशी मतदाता चुनाव में वोट का प्रयोग करने से वंचित हो गया, वहीं ऐसे मतदाता भी चुनाव में हिस्सा नहीं ले सके, जो फर्जी थे। उल्लेखनीय है कि पूर्व के चुनाव में यह वोट भी उपयोग में आते थे, इनके वोट कैसे पड़ते थे और कौन उंगली से बटन दबाता था, इसमें भले ही संदेह हो, लेकिन इसका आरोप तृणमूल के कार्यकर्ताओं पर ही लगते थे। इसी हिंसा को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने सुरक्षा बलों की तैनाती कराई। सुरक्षा बल केवल नागरिक सुरक्षा एवं भय मुक्त मतदान के लिए ही लगाया, लेकिन ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सहित विपक्ष के कई राजनीतिक दलों ने उनकी निष्ठा पर ही सवाल उठा दिए।
पश्चिम बंगाल के इस बार के चुनाव में ऐसे कई कारण रहे जो भाजपा की जीत और तृणमूल कांग्रेस की हार में काफी प्रभावी रहे। उसमें तृणमूल सरकार विरोधी लहर तो थी ही, साथ ही जो मुस्लिम वोट पूरा का पूरा तृणमूल को मिलता था, इस बार नहीं मिल सका। उसके पीछे मुसलमान नेताओं की सक्रियता रही। इस चुनाव में एक ओर ओवैसी की पार्टी मैदान में थी, वहीं हुमायूं कबीर ने एक नई पार्टी बनाकर ममता की परेशानी में बढ़ोत्तरी की। इस कारण मुसलमान वर्ग के वोट निश्चित ही विभाजित हो गए। इसके साथ ही राज्य का हिन्दू मतदाता कुछ ज्यादा सक्रियता के साथ मैदान में उतर आया। यह मतदाता निश्चित ही भाजपा के पक्ष में गया। इसलिए विपक्ष की ओर से यह कहना कि एसआईआर के कारण या चुनाव आयोग द्वारा भाजपा का साथ देने के आरोप प्रथम दृष्टि में ही तर्कहीन से लगते हैं। अब ममता बनर्जी को अपनी हार की समीक्षा करनी ही चाहिए, जो कमियां रही, उसे दूर करने का प्रयास करना चाहिए।
चुनाव परिणाम के बाद आरोप प्रत्यारोप का खेल जारी है। इसमें विपक्ष बिना प्रमाण के भाजपा और चुनाव आयोग पर आरोप लगा रहा है। तृणमूल कांग्रेस और भाजपा विरोधी अन्य राजनीतिक दल जिस प्रकार के आरोप लगा रहे हैं, वह केवल जुबानी ही हैं। उसके पुख्ता प्रमाण किसी के पास नहीं हैं। ऐसी राजनीति न तो लोकतंत्र को सुरक्षित रख सकती है और न ही देश का भला कर सकती है। विपक्ष को सच को स्वीकार करने की मानसिकता बनानी होगी। हर बात के लिए नकारात्मक राय रखना विपक्ष की मजबूरी हो सकती है, लेकिन इसे स्वस्थ लोकतंत्र नहीं कहा जा सकता। जो अच्छा है उसे अच्छा कहना ही होगा। क्योंकि जनता जिस सच के साथ रहती है, विपक्ष को भी उसी सच के साथ ही चलना होगा। विपक्ष को यह भी समझना चाहिए कि आज देश का वातावरण परिवर्तित हो चुका है या हो रहा है। विपक्ष निश्चित रूप से सरकार पर आरोप लगाए, लेकिन जन भावना का अनादर करने से बचना होगा, नहीं तो जैसा पश्चिम बंगाल का परिणाम आया, वैसा अन्य राज्यों का भी आ सकता है।
सुरेश हिंदुस्तानी, वरिष्ठ पत्रकार
103 अग्रवाल अपार्टमेंट
कैलाश टॉकीज के पास, नई सड़क
लश्कर ग्वालियर मध्यप्रदेश
पिन : 474001
मोबाइल : 9425101815

श्रद्धा-स्मरण / स्व. पूरन चंद्र जोशी

PC Joshi Prayagraj

राजनीतिक रुतबेबाजी से अलहदा एक सरल और संवेदनशील इंसान
-रतिभान त्रिपाठी
एक हैंडसम पर्सनालिटी, एक क्वालीफाइड इंजीनियर और फिर बिजनेसमैन, एक मुख्यमंत्री के दामाद, एक स्वतंत्रता सेनानी व सांसद सास के लाड़ले दामाद, एक मुख्यमंत्री व वरिष्ठ नेता के बहनोई और एक प्रोफेसर व मंत्री के पति, लेकिन न कोई घमंड, न कोई हनक दिखाने की मंशा। जबरदस्त जलवे के बावजूद रुतबेबाजी से कोसों दूर थे पूरन चंद्र जोशी। घर राजनीतिक कार्यकर्ताओं से भरा रहता लेकिन जोशी जी सबसे बड़ी सरलता से मिलते। उनसे कोई राजनीतिक चर्चा कर दे तो भले ही कोई शालीन जवाब दे देते लेकिन वह कोई शेखी बघारें, यह उनके स्वभाव में नहीं था।
बात हो रही है प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी के पति पूरन चंद्र जोशी जी की जिन्हें पूरा प्रयागराज पीसी जोशी के नाम से जानता है। आज उनके महाप्रयाण की दुखदाई खबर आई तो मन बहुत व्यथित हो गया। चार पांच दिन पहले अस्वस्थ हुए तो उन्हें पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। उन्हें बचाया नहीं जा सका। सोमवार की सुबह वह इस दुनिया से विदा हो गए।
मुझे ठीक से याद है कि नब्बे के दशक में जब प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी ने राजनीति में कदम रखा तो पीसी जोशी जी राजनीतिक गतिविधियों से दूर अपने बिजनेस में ही लगे रहते थे। रीता जी को कभी कभार उनकी किसी मदद की जरूरत पड़ी तो वह चुपचाप सहयोग करते रहे लेकिन राजनीतिक रुतबे में शामिल होना उनके स्वभाव से नहीं था। रीता जी इलाहाबाद की मेयर चुनी गई थीं। उन दिनों मोतीलाल वोरा उत्तर प्रदेश के राज्यपाल थे। मैंने एक पुस्तक लिखी थी। उसका आमुख वोरा जी से इसलिए लिखवाना चाहता था कि नेता बनने से पहले वह पत्रकार हुआ करते थे।‌ वोरा जी रीता जी का बहुत सम्मान करते थे। मैं रीता जी के साथ इलाहाबाद से लखनऊ आया। पीसी जोशी जी भी साथ थे। रास्ते में जोशी जी से खूब संवाद हुआ। हम लोग रीता जी के लखनऊ स्थित आवास पर रुके और शाम को राजभवन गए। राज्यपाल वोरा जी के साथ भोजन करते समय पुस्तक को लेकर बात होने लगी तो जोशी जी ने उसका व्योरा दिया। वोरा जी ने आमुख लिखने के लिए सहर्ष हामी भरी। पाण्डुलिपि रखवा ली। दूसरे दिन सुबह सुबह देखा कि जोशी जी खुद चाय लेकर मेरे कमरे में आए। यह उनकी सरलता का उदाहरण है। मुझे संकोच भी हुआ लेकिन हम लोगों ने साथ बैठकर चाय पी और कई विषयों पर चर्चा की।
इसके बाद मैं जब कभी भी रीता जी के घर जाता और जोशी जी होते तो खूब बातें होतीं। उन्हें इस बात का कोई घमंड नहीं था कि वह देश के विख्यात नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हेमवती नंदन बहुगुणा के दामाद हैं या इलाहाबाद की मेयर के पति हैं।
एक वाकया याद आता है। जब प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी उत्तर प्रदेश सरकार में पर्यटन मंत्री थीं तो प्रयागराज में एक वैवाहिक समारोह में हम साथ साथ लखनऊ से गए। रास्ते में तय हुआ कि मेरी दोनों बेटियों स्मिता और अमृता को भी उस समारोह में जाना है। रीता जी चूंकि मेरे पूरे परिवार से बखूबी परिचित हैं। तो प्रयागराज पहुंच कर स्टैनली रोड स्थित मेरे घर से उन दोनों को साथ बैठाया गया। आगे चलकर मिंटो रोड पर रीता जी का घर है। जोशी जी को भी साथ जाना था, गाड़ी में वह भी आ गए। वैसे तो पीसी जोशी जी संकोची स्वभाव के थे लेकिन रास्ते में बेटियों से उनके खाने-पीने की आदतों, पसंद-नापसंद की बात करते रहे। यह बात उनके अपनेपन को दर्शाती है।
जोशी जी आदर्श पति कहे जा सकते हैं कि वह अपनी नेता धर्मपत्नी के लिए हमेशा सकारात्मक अंदाज में रहे। कभी किसी बात पर अड़चन नहीं डाली। आजीवन उनके एक अच्छे दोस्त की तरह रहे। दोनों के बीच एक अद्भुत केमिस्ट्री पूरे जीवन बनी रही, जिसके गवाह वह सभी लोग हैं जो रीता जी और उनके परिवार को ठीक से जानते हैं।
ऐसे सरलमना इंसान का जाना उन सबको दुखी कर गया जो उन्हें जीजा जी कहकर ही पुकारते थे। वह केवल विजय बहुगुणा और शेखर बहुगुणा के ही नहीं, रीता जी के समकक्षों और उनसे जुड़े लाखों लोगों के जीजा जी रहे हैं। उन्हें याद करते हुए मन भावुक हो रहा है। इन्हीं चंद शब्दों के साथ मैं पीसी जोशी जी की स्मृतियों को सादर नमन करता हूं। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह आदरणीया बहन रीता बहुगुणा जोशी जी और उनके परिवार को यह असीम दुख सहने की शक्ति प्रदान करे।

Older Posts »