Web News

www.upwebnews.com

कौशल विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार: अनिल राठौर

November 21, 2026

कौशल विकास से युवाओं को मिलेगा रोजगार: अनिल राठौर

उ प्र समाचार सेवा

मितौली खीरी; मढ़िया घाट रोड स्थित गेल इंडिया द्वारा संचालित कौशल विकास संस्थान में प्रशिक्षण एवं रोजगार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अनिल राठौर शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में अनिल राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को साकार करने में ऐसे संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गेल इंडिया की ओर से युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ आवास, भोजन, यूनिफार्म और स्टेशनरी की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। प्रशिक्षण के बाद 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रयासों से युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से संस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।

जनगणना 2027 : जिलाधिकारी ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव को विशेष नोडल अधिकारी नामित किया

24 नवंबर को विशेष स्वास्थ्य दिवस पर स्वयं गणना अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की पहल, रेड क्रॉस सोसाइटी देगी व्यापक जनसहयोग
शाहजहांपुर —(संजीव गुप्त )
जिलाधिकारी के निर्देशों एवं शासनादेश के अनुपालन में जनगणना 2027 के अंतर्गत स्वयं गणना कार्यक्रम को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने के उद्देश्य से जनपद में विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार, 24 नवंबर को स्वास्थ्य दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है। जिलाधिकारी द्वारा इस विशेष अभियान के लिए इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, शाखा शाहजहाँपुर के सचिव डॉ. विजय जौहरी को विशेष नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

रेड क्रॉस सचिव डॉ. विजय जौहरी ने बताया कि इस जिम्मेदारी के अंतर्गत सोसाइटी स्वयं गणना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के बीच समन्वय स्थापित करने तथा अधिकाधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कराने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। अभियान का उद्देश्य केवल स्वास्थ्य विभाग तक सीमित न रहकर समाज के प्रत्येक वर्ग, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक नागरिक तक स्वयं गणना का संदेश पहुंचाना है।

डॉ. जौहरी ने जनपद के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी चिकित्सा संस्थानों, मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, आयुर्वेदिक, होम्योपैथिक एवं यूनानी चिकित्सकों, योगाचार्यों, योग प्रशिक्षकों, आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं, मेडिकल स्टोर संचालकों, मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एवं दवा प्रतिनिधियों से अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है।

इसके साथ ही उन्होंने व्यापारिक संगठनों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं, महिलाओं तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से भी आग्रह किया कि वे अपने-अपने कार्यक्षेत्र, परिवार एवं संपर्क समूहों में स्वयं गणना के प्रति जागरूकता फैलाएं।

डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी प्रक्रिया नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण से जुड़ा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। प्रत्येक निवासी अपने मोबाइल फोन के माध्यम से स्वयं गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर सकता है। सभी नागरिक स्वयं गणना पूर्ण करने के साथ अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से सहयोग का आश्वासन

रेड क्रॉस सचिव डॉ. जौहरी ने बताया कि विशेष स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर 24 नवंबर को इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी का कार्यालय भी खुला रहेगा। स्वयं गणना से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी, मार्गदर्शन अथवा सहयोग की आवश्यकता होने पर कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन रेड क्रॉस कार्यालय से संपर्क कर सकता है। सोसाइटी की ओर से अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनपद के सभी विभागों, चिकित्सा संगठनों, सामाजिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से यह अभियान जनपदव्यापी जनसहभागिता अभियान बनेगा। रेड क्रॉस सोसाइटी सभी के सहयोग से स्वयं गणना का संदेश घर-घर तक पहुंचाने तथा जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन में अपनी जिम्मेदारी का निष्ठापूर्वक निर्वहन करेगी ।

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

शाहजहांपुर। ( संजीव गुप्त)। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया किभारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य संरक्षण, सशक्तिकरण एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। इस क्रम में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पात्र स्वैच्छिक संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों (NGO/VO) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इच्छुक संस्थाओं का चयन शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुसार जिला स्तरीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन करने वाली संस्थाओं का सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 अथवा संबंधित अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत होना तथा नीति आयोग के NGO दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। साथ ही संस्था का पंजीकरण दिनांक 01 जुलाई 2022 से पूर्व का होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ संस्था का पंजीकरण प्रमाण पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित खाते का विवरण, पैन कार्ड एवं जीएसटी प्रमाण पत्र, विगत दो वर्षों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट तथा वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के ऑडिट लेखा विवरण प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त संस्था को निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र एवं लेटरहेड पर घोषणा पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख संलग्न करने होंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक पात्र संस्थाएं अपने समस्त अभिलेखों सहित आवेदन पत्र कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, जनपद शाहजहांपुर में दिनांक 26 नवंबर 2026 तक जमा कर सकती हैं। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित संस्थाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा एवं अन्य चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने जनपद की पात्र स्वैच्छिक संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
—

जल जीवन मिशन से नूरपुर करही में आया बदलाव, घर-घर पहुंचा स्वच्छ पेयजल

सफलता की कहानी

शाहजहांपुर —( संजीव गुप्त,)
जनपद शाहजहांपुर। विकासखंड जलालाबाद की ग्राम पंचायत नूरपुर करही में जल जीवन मिशन योजना ग्रामीण परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। योजना के अंतर्गत गांव के 446 ग्रामीण परिवारों की कुल 2420 आबादी तक नल से जल की सुविधा पहुंचाई गई है। इनमें अनुसूचित जाति के 111 ग्रामीण भी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए हैं। उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) की ओर से ग्राम पंचायत में आयोजित जलार्पण कार्यक्रम के माध्यम से सभी 446 परिवारों के घरों तक स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की गई है। इस कार्य के संबंध में अधिशासी अभियंता सनी सिंह एवं ग्राम प्रधान ऋषिपाल ने महत्वपूर्ण जानकारी दी।

पानी की परेशानी से मिली निजात, आसान हुआ जीवन

योजना से पूर्व गांव के ग्रामीणों को पानी के लिए हैंडपंप, कुएं एवं अन्य पारंपरिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। पानी भरने के लिए महिलाओं एवं बच्चियों को दूर तक जाना पड़ता था, जिससे बच्चियों की पढ़ाई और महिलाओं के दैनिक कार्य प्रभावित होते थे। गर्मियों में जलस्तर गिरने के कारण जल स्रोतों पर भीड़ बढ़ जाती थी और पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं हो पाता था। अब पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों तक स्वच्छ पेयजल पहुंचने से पानी की किल्लत दूर हुई है और ग्रामीण परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

दलित बस्ती में भी आया बदलाव, सामाजिक समानता को मिला बढ़ावा

गांव की दलित बस्ती के 111 अनुसूचित जाति के ग्रामीणों के जीवन में भी जल जीवन मिशन से उल्लेखनीय बदलाव आया है। पहले बस्ती के परिवारों को पानी के लिए दूर स्थित सार्वजनिक जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। कई बार सामाजिक भेदभाव जैसी परिस्थितियों के कारण उन्हें पानी भरने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। विशेषकर महिलाओं को पानी लाने में अतिरिक्त समय और श्रम खर्च करना पड़ता था। अब दलित बस्ती के सभी घरों में नल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाने से इन सभी 111 ग्रामीणों को घर पर ही स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिल रही है। इससे सार्वजनिक जल स्रोतों पर होने वाली असुविधाओं और दूसरों पर निर्भरता से राहत मिली है। इस पहल ने सामाजिक समानता एवं सम्मान के साथ बिना किसी भेदभाव के बुनियादी सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।

जलार्पण के बाद भी संचालन एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान

जलार्पण का अर्थ हर घर नल से जल योजना को ग्रामवासियों को समर्पित करना है। पेयजल परियोजना का निर्माण पूरा होने के बाद प्रत्येक घर तक नल कनेक्शन के माध्यम से जलापूर्ति शुरू की जाती है। अधिशासी अभियंता सनी सिंह ने बताया कि जल निगम (ग्रामीण) की सर्वोच्च प्राथमिकता जल जीवन मिशन के तहत प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। पेयजल योजनाओं के निर्माण के साथ-साथ उनके सुचारु संचालन एवं रखरखाव पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जलार्पण के बाद योजना को लंबे समय तक व्यवस्थित ढंग से संचालित रखने के लिए विभागीय निगरानी के साथ ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। इसके लिए ग्रामीणों को पानी की बर्बादी रोकने, जल संरक्षण अपनाने तथा नल, पाइपलाइन एवं अन्य परिसंपत्तियों की देखभाल के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

ग्राम प्रधान ऋषिपाल के अनुसार, गांव में हर घर नल से जल की सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीण परिवारों को दैनिक जीवन में काफी सहूलियत मिली है। जल जीवन मिशन ने न केवल पेयजल की समस्या को कम किया है, बल्कि महिलाओं के समय एवं श्रम की बचत और ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

एटा में सामुहिक विवाह में दूसरी शादी कर रहे दूल्हे का कॉलर पकड़कर मंडप से उठा ले गई पुलिस

एटा 21 नवंबर उप्रससे। जनपद में मुख्यालय स्थित जीआईसी कॉलेज में आज शनिवार को हों रहे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दूसरी शादी कर रहे दूल्हे को पुलिस कॉलर पकड़कर मंडप से उठा ले गई। दूल्हा बिना तलाक लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दूसरी शादी कर रहा था। पुलिस के साथ पहुंची पहली पत्नी ने यह शादी रुकवा दी।

पहली पत्नी ने आरोप लगाया कि 3 साल से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। पति विवाह योजना में मिलने वाले एक लाख रुपए के लिए दूसरी शादी कर रहा था।
मारहरा थाने के मीरा सराय गांव में आकाश (28) अपने परिवार के साथ रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है। घर में दो बहनें खुशबू (24), खुशी (22) और तीन भाई विकास (26), प्रवीण (18) व मंजीत (14) हैं। आकाश की शादी 14 नवंबर, 2021 में अलीगंज थाने के चमन नगरिया गांव की सोनी (27) से हुई थी। सोनी का आरोप है कि शादी के बाद आकाश अक्सर मेरे साथ मारपीट करता था। करीब तीन साल से हम दोनों के बीच कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। सोनी का कहना है सहेली की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में होनी थी। मैं उसी में शामिल होने आई थी। मैंने देखा कि आकाश मंडप में एक दुल्हन के साथ बैठा है। आकाश के साथ उसके घर-परिवार वाले भी आए हुए थे।

पत्नी सोनी बोली बिना तलाक दूसरी शादी कर रहा था

सोनी ने बताया मेरा तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। हमारा तलाक हुए बिना आकाश दूसरी शादी कर रहा था। इसी लिए मैंने यह सब देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई। फिर आकाश का कॉलर पकड़कर थाने ले गई।

सोनी का आरोप है कि पति आकाश ने मुझे घर से मार-पीटकर निकाल दिया है। दहेज की मांग में बुलेट मोटरसाइकिल मांगता है। जब तक बुलेट नहीं मिलेगी, तब तक तुझे साथ नहीं रखूंगा। जान से मारने की धमकी भी देता है।

कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में पहले से शादीशुदा युवक के दूसरी शादी करने का मामला है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

« Newer Posts — Older Posts »