Web News

www.upwebnews.com

नाले में मिला 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, गोवर्धन में मची सनसनी

November 20, 2026

नाले में मिला 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, गोवर्धन में मची सनसनी

बस स्टैंड के पास श्यामा मां आश्रम के बाहर नाले में पड़ा मिला शव, पुलिस ने पोस्टमार्टम को भेजा
गोवर्धन। कस्बे में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब बस स्टैंड के पास स्थित श्यामा मां आश्रम के बाहर नाले में करीब 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिला। नाले में शव देखकर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाया।
पुलिस ने मृतक की तलाशी लेकर उसकी पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल शिनाख्त नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कस्बा इंचार्ज विपिन कुमार के अनुसार, मृतक की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

सिकंदराराऊ विधानसभा से विजय कुमार शर्मा बने राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी के प्रत्याशी

हाथरस। राष्ट्रीय अधिकार मोर्चा राम पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सिकंदराराऊ विधानसभा क्षेत्र से विजय कुमार शर्मा उर्फ बैंजो पंडित को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उनके प्रत्याशी घोषित होने पर पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई और शुभकामनाएं दीं। पार्टी के जिला महामंत्री एवं प्रभारी हाथरस निशांत उपाध्याय ने यह जानकारी देते हुए विजय कुमार शर्मा के उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

मोबाइल हैक कर ट्रांसपोर्ट व्यवसायी के खाते से उड़ाए पच्चीस हजार चार सौ रुपये

 हाथरस। क्षेत्र के गांव महमूदपुर निवासी एक ट्रांसपोर्ट व्यवसायी को साइबर ठगों ने अपना शिकार बना लिया। शातिर ठगों ने एपीके फाइल के जरिए युवक का मोबाइल हैक कर बैंक खाते से पच्चीस हजार चार सौ रुपये पार कर दिए। पीड़ित ने घटना की रिपोर्ट कोतवाली में साइबर क्राइम ब्रांच को तहरीर देकर कार्रवाई और रकम वापसी की मांग की है।
शुक्रवार को कोतवाली क्राईम ब्रांच में दी तहरीर में गांव महमूदपुर निवासी चेतन शर्मा पुत्र सतेन्द्र कुमार शर्मा ने कहा है  िकवह ट्रांसपोर्ट का काम करते हैं। पीडित के अनुसार, दिनांक उन्नीस नवंबर की शाम करीब चार बजे उनके मोबाइल में अचानक संदिग्ध गतिविधि शुरू हुई। इसके बाद फोन हैक हो गया और करीब आधे घंटे तक स्क्रीन पर अपडेट मोड दिखाई देता रहा। कुछ देर बाद जब मोबाइल सामान्य हुआ और उन्होंने फोन चेक किया, तो उनके होश उड़ गए। फोन-पे के माध्यम से उनके बैंक खाते से पच्चीस हजार चार सौ रुपये निकल चुके थे। पीड़ित ने तहरीर में कहा है कि न तो उनके पास कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। घटना की जानकारी होते ही पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर साइबर क्राइम ब्रांच में मामले की शिकायत दर्ज कराई है, वहीं पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

एटा में अज्ञात वाहन की टक्कर से परीक्षा देने जा रही छात्रा की मौत, भाई सहित दो घायल

एटा 20 नवंबर उप्रससे। जनपद के रिजोर थाना क्षेत्र में जयपुरिया स्कूल के पास आज शुक्रवार सुबह अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 19 वर्षीय छात्रा मुस्कान की मौत हो गई, जबकि उसके भाई मोहित और गांव का व्यक्ति विपिन घायल हो गए।

मुस्कान पुत्री सुखवीर निवासी कुंजपुर थाना एका जनपद फिरोजाबाद अपने भाई मोहित और विपिन के साथ एटा के एसके कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी। शिकोहाबाद रोड स्थित जयपुरिया स्कूल के पास अज्ञात वाहन ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी जिससे तीनों बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। तीनों को एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने मुस्कान को मृत घोषित कर दिया। मोहित और विपिन को फ्रैक्चर हुआ है। दोनों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने मुस्कान का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मुस्कान बीएससी की छात्रा थी।

मुस्कान के मामा नरेंद्र ने बताया कि वह भाई के साथ परीक्षा देने एटा जा रही थी। उन्होंने कहा कि वे शौच के लिए गए थे, तभी हादसे की सूचना मिली।

मुस्कान के चाचा राजवीर ने बताया कि वह एसके कॉलेज में परीक्षा देने जा रही थी, तभी अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी।

चौकी प्रभारी अनिल पवार ने बताया कि छात्रा अपने भाई और एक गांव के व्यक्ति के साथ एका की तरफ से आ रहे थे तभी किसी अज्ञात वाहन ने कट मार दिया युवती की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर मुख्यालय भेजकर पोस्टमार्टम कराया गया है।हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

एटा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा से शरारती तत्वों ने की छेड़छाड़, घटना से क्षेत्र में आक्रोश

एटा 20 नवंबर उप्रससे। जनपद में मुख्यालय स्थित व्यस्ततम चौराहे पर पंडित दीनदयाल उपाध्याय की मूर्ति के साथ शरारती तत्वों द्वारा छेड़छाड़ करते हुए प्रतिमा पर टोपी दुपट्टा उड़ाते हुए कंधे पर बेल्ट टांगने का मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
घटना की सूचना फैलते ही पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा के पास बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग एकत्रित हो गए और नारेबाजी करने लगे, मौके पर पहुंचे एएसपी श्वेताभ पांडेय द्वारा लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई साथ ही प्रतिमा के साथ छेड़छाड़ करने वाले शरारती तत्वों की पहचान कर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
लोगों ने इस कृत्य की निंदा करते हुए दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और घटना की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।

« Newer Posts — Older Posts »