Web News

www.upwebnews.com

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

November 21, 2026

वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु स्वैच्छिक संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

शाहजहांपुर। ( संजीव गुप्त)। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया किभारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित अटल वयो अभ्युदय योजना (AVYAY) के अंतर्गत राष्ट्रीय वयोश्री योजना (RVY) के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 में जनपद स्तर पर वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य संरक्षण, सशक्तिकरण एवं जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का संचालन किया जाना प्रस्तावित है। इस क्रम में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु पात्र स्वैच्छिक संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों (NGO/VO) से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।

जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि इच्छुक संस्थाओं का चयन शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं मानकों के अनुसार जिला स्तरीय समिति के माध्यम से किया जाएगा। आवेदन करने वाली संस्थाओं का सोसाइटी पंजीकरण अधिनियम, 1860 अथवा संबंधित अधिनियम के अंतर्गत पंजीकृत होना तथा नीति आयोग के NGO दर्पण पोर्टल पर पंजीकरण होना अनिवार्य है। साथ ही संस्था का पंजीकरण दिनांक 01 जुलाई 2022 से पूर्व का होना चाहिए।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ संस्था का पंजीकरण प्रमाण पत्र, राष्ट्रीयकृत बैंक में संचालित खाते का विवरण, पैन कार्ड एवं जीएसटी प्रमाण पत्र, विगत दो वर्षों की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट तथा वित्तीय वर्ष 2022-23, 2023-24 एवं 2024-25 के ऑडिट लेखा विवरण प्रस्तुत करना होगा। इसके अतिरिक्त संस्था को निर्धारित प्रारूप में शपथ पत्र एवं लेटरहेड पर घोषणा पत्र सहित अन्य आवश्यक अभिलेख संलग्न करने होंगे।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक पात्र संस्थाएं अपने समस्त अभिलेखों सहित आवेदन पत्र कार्यालय जिला समाज कल्याण अधिकारी, विकास भवन, जनपद शाहजहांपुर में दिनांक 26 नवंबर 2026 तक जमा कर सकती हैं। प्राप्त आवेदनों का परीक्षण जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा तथा चयनित संस्थाओं के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क मोतियाबिंद शल्य चिकित्सा एवं अन्य चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने जनपद की पात्र स्वैच्छिक संस्थाओं एवं गैर सरकारी संगठनों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।
—