Web News

www.upwebnews.com

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 417 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल

November 21, 2026

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में 417 जोड़ों ने थामा एक-दूजे का हाथ, 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल

कार्यक्रम में शामिल जनप्रतिनिधि व अधिकारी

हाथरस। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 417 जोड़ों का विवाह धूमधाम से संपन्न हुआ। इनमें 40 मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे। वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ हुए विवाह समारोह में जनप्रतिनिधियों, जिलाधिकारी सत्यप्रकाश पटेल और पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने नवदंपतियों पर पुष्पवर्षा कर आशीर्वाद दिया।समारोह का शुभारंभ विधायक सदर अंजुला सिंह माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक सादाबाद प्रदीप कुमार, विधान परिषद सदस्य ऋषिपाल सिंह सहित जिलाधिकारी और अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।विधायक अंजुला सिंह माहौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह की चिंता दूर करने वाली महत्वपूर्ण योजना है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना की धनराशि दोगुनी कर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत दी है। इससे अभिभावकों को बेटियों के विवाह के लिए कर्ज लेने की मजबूरी से बचाया जा रहा है। उन्होंने पात्र परिवारों से योजना का लाभ उठाने की अपील की।विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने बताया कि जनपद में अब तक करीब 6400 जोड़ों का विवाह इस योजना के तहत कराया जा चुका है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये की व्यवस्था है। इसमें वधू के बैंक खाते में 64 हजार रुपये, 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री तथा 15 हजार रुपये आयोजन पर खर्च किए जाते हैं।इस अवसर पर विधायक प्रदीप कुमार, एमएलसी ऋषिपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय, रालोद जिलाध्यक्ष श्याम सिंह, अपना दल जिलाध्यक्ष रवि सारस्वत सहित अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, बाल विवाह रोकथाम और नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

मथुरापुर में अंकुर कौशिक ने कराया पांच बेटियों का सामूहिक विवाह

सामूहिक विवाह में आशीर्वाद देते हुए
हाथरस। गांव मथुरापुर में सामाजिक सरोकार और बेटियों के सम्मान की मिसाल पेश करते हुए अंकुर कौशिक ने अपनी माता कुसुमा देवी के संस्कारों से प्रेरित होकर पांच बेटियों का सामूहिक विवाह कराया। समारोह में पांच जोड़े शिवा-अंजू, सुशील-अजली, जयपाल-मुस्कान, विजय-पूजा तथा अक्षय-ज्योति विधि-विधान और वैदिक रीति-रिवाजों के साथ विवाह बंधन में बंधे। इस अवसर पर नवदंपतियों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की गई। अंकुर कौशिक की इस पहल को क्षेत्र में सराहना मिल रही है। उन्होंने पांच बेटियों का विवाह कराकर सामाजिक सहयोग, भाईचारे और बेटियों के सम्मान का संदेश दिया। आयोजन में दीपक कौशिक, शिवा कौशिक, माधव कौशिक, प्रशांत कौशिक, लालो उपाध्याय, अनिल पाठक, संजय ठाकुर, काका ठाकुर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

समाज को एकजुट करते हैं धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन : श्वेता चौधरी

सर्राफा एसोसिएशन के दीपावली मिलनोत्सव में पालिकाध्यक्ष ने की मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता, व्यापारियों ने किया स्वागत

दीप प्रज्वलित करती नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी

हाथरस। सर्राफा एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित दीपावली मिलनोत्सव एवं गिरिराज महाराज के छप्पन भोग और अन्नकूट प्रसादी कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती श्वेता चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दीपावली जैसे पर्व और धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता को मजबूत करते हैं। ऐसे कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ विभिन्न वर्गों के लोगों को एक मंच पर लाने का काम करते हैं।पालिकाध्यक्ष ने सर्राफा एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारी वर्ग केवल व्यापारिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और धार्मिक आयोजनों में भी अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाता है। समाज के प्रति यह सहभागिता आपसी संबंधों को मजबूत बनाने में सहायक है। उन्होंने सभी व्यापारियों को दीपावली एवं अन्नकूट महोत्सव की शुभकामनाएं भी दीं।रघुनंदन अपना वाली धर्मशाला में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने श्वेता चौधरी का स्वागत किया। कार्यक्रम में मुरसान ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर उपाध्याय भी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम की अध्यक्षता रमनमूर्ति शर्मा ने की तथा संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष पं. सत्यप्रकाश रंगीला एवं उपाध्यक्ष राजकुमार वर्मा ने संयुक्त रूप से किया। आशुकवि अनिल बोहरे, व्यापारी नेता योगा पंडित, ने भी सहभागिता की।इस मौके पर अमरेश बंसल, अमित शर्मा, अमिताभ शर्मा, धीरेंद्र पाठक, जय वर्मा, विमलेश बंसल, किशनलाल वर्मा, विक्रम वर्मा, शैलेंद्र माथुर, संजीव वर्मा, चंद्रमोहन वर्मा, रजनीश शर्मा, विशाल सोनी, सुमित पोद्दार, दिलीप वर्मा, जितेंद्र अग्रवाल, श्याम वर्मा, सदाशिव मराठा, प्रकाश मराठा, किरण मराठा एवं विजय मराठा सहित बड़ी संख्या में सर्राफा व्यापारी मौजूद रहे।

मानस मेले के चौथे दिन धूमधाम से मना श्रीराम जन्मोत्सव, स्वामी चिदम्बरानन्द सरस्वती ने दिया अहंकार त्यागने का संदेश


उ प्र समाचार सेवा

सीतापुर ।अखिलभारतवर्षीय श्रीरामचरितमानस समिति के तत्वावधान में आयोजित मानस मेले के चौथे दिन आज कथाव्यास पूज्यपाद महामंडलेश्वर स्वामी चिदम्बरानन्द जी सरस्वती ने नारद मोह और भगवान श्रीराम के प्राकट्य की पावन कथा सुनाई। कथा के दौरान जैसे ही भगवान श्रीराम व चारों भाइयों के जन्म का प्रसंग आया, पूरा पंडाल जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं ने धूमधाम से जन्मोत्सव मनाया।
कथाव्यास ने ब्रह्मर्षि नारद द्वारा काम पर विजय पाने के दम्भ (अहंकार) और उसके बाद उनके मोहग्रस्त होने की रोचक व सारगर्भित कथा का वर्णन किया। उन्होंने कहा कि जब ब्रह्मर्षि नारद जैसे महान तपस्वी भी काम, क्रोध और मोह जैसे नैसर्गिक अवगुणों के प्रभाव से बच नहीं पाए, तो सामान्य मनुष्य की क्या बिसात है। इसलिए मनुष्य को कभी भी अपने ज्ञान, त्याग, विवेक या धर्माचरण का अहंकार नहीं करना चाहिए। स्वामी जी ने संदेश दिया कि यदि हमसे कोई भूल हो जाए, तो उसका बचाव या कुतर्क करने के बजाय सहजता और सरलता से अपनी गलती स्वीकार कर प्रायश्चित कर लेना चाहिए।
कथा के विश्राम से पूर्व स्वामी जी ने भगवान के अवतरण के विभिन्न हेतुओं पर प्रकाश डाला, जिसके बाद चारों भाइयों का जन्मोत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।
आज की कथा में मुख्य रूप से कार्तिकेय शुक्ल, झनकार नाथ शुक्ल, अमित बाजपेई, साक्षी तिवारी, पूनम चतुर्वेदी, क्षमा शुक्ला, शिवगोपाल बाजपेई, कुलदीप शुक्ल, अरुणेश मिश्र, आचार्य महिपाल सिंह और रमाकांत अवस्थी उपस्थित रहे। इसके साथ ही मानस मेला समिति, हरिहर सेवा समिति, तत्सत सेवा समिति तथा राष्ट्रवादी ब्राह्मण समाज के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों श्रद्धालुओं ने कथा का रसपान किया।

शाहजहाँपुर में यातायात व्यवस्था होगी और अधिक सुगम एवं प्रभावी

यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ एवं आमजन की सुविधा हेतु 24×7 हेल्पलाइन नंबर जारी*
शाहजहाँपुर—( संजीव गुप्त) यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू, प्रभावी एवं आधुनिक बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र कुमार द्वारा यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ किया गया । इस अवसर पर आमजन की सुविधा एवं त्वरित सहायता हेतु यातायात *पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948* भी जारी किया गया।
*1. यातायात नियंत्रण कक्ष का शुभारंभ एवं हेल्पलाइन नंबर जारी*
शहर में विभिन्न स्थानों पर लगने वाले जाम एवं उससे आमजन को होने वाली असुविधा को दृष्टिगत रखते हुए यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है । इसके माध्यम से शहर की यातायात व्यवस्था की निगरानी करते हुए जाम की सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी ।
*2. गूगल मैप एवं जनसुझावों के आधार पर 30 ड्यूटी प्वाइंट चिह्नित*
शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए गूगल मैप एवं आमजन से प्राप्त फीडबैक के आधार पर नगर क्षेत्र में कुल 30 ड्यूटी प्वाइंट चिह्नित किए गए हैं। इन सभी ड्यूटी प्वाइंटों पर वाहनों के बढ़ते दबाव एवं जाम की समस्या को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है ।
*3. हैंडहेल्ड वायरलेस सेट से यातायात पुलिसकर्मियों को किया गया सुसज्जित*
चिह्नित सभी 30 ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को हैंडहेल्ड वायरलेस सेट उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे यातायात नियंत्रण कक्ष एवं ड्यूटी प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मियों के मध्य त्वरित संपर्क स्थापित कर यातायात व्यवस्था की प्रभावी निगरानी एवं जाम की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके ।
*4. जाम की सूचना पर तत्काल पहुंचेगी नजदीकी ड्यूटी प्वाइंट की टीम*
नई व्यवस्था के अंतर्गत शहर में किसी भी स्थान पर जाम लगने की सूचना यातायात नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 8917706948 पर प्राप्त होने पर तत्काल वायरलेस सेट के माध्यम से संबंधित स्थान के निकटतम ड्यूटी प्वाइंट पर तैनात यातायात पुलिसकर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएंगे। निर्देश प्राप्त होते ही संबंधित यातायात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने एवं यातायात को सुचारू बनाने की कार्रवाई करेंगे। इसके अतिरिक्त संबंधित क्षेत्र के यातायात उपनिरीक्षक भी तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित कराना सुनिश्चित करेंगे।
*5. त्वरित कार्रवाई हेतु तीन दोपहिया वाहन क्यूआरटी टीम का गठन*
नगर निगम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था के प्रभावी संचालन एवं जाम की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए तीन दोपहिया वाहन क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) का गठन किया गया है। जाम की सूचना प्राप्त होने पर यातायात पुलिस की क्यूआरटी टीम के साथ-साथ संबंधित थाना पुलिस की चीता मोबाइल भी तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने में सहयोग करेगी।
*6. यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 24×7 रहेगा उपलब्ध*
आमजन की सुविधा के लिए जारी किया गया यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948 चौबीसों घंटे (24×7) उपलब्ध रहेगा। जनपदवासी शहर के किसी भी स्थान पर जाम की समस्या उत्पन्न होने पर उक्त हेल्पलाइन नंबर पर सूचना देकर यातायात पुलिस से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित स्थान पर यातायात पुलिस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

पुलिस कप्तान सौरभ दीक्षित द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई है कि शहर में कहीं भी जाम की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर 8917706948 पर सूचना दें तथा यातायात नियमों का पालन करते हुए जनपद की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने एवं जाममुक्त शाहजहाँपुर के निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दें।

*यातायात पुलिस हेल्पलाइन नंबर – 8917706948 (24×7)*

« Newer Posts — Older Posts »