एटा 21 नवंबर उप्रससे। जनपद में मुख्यालय स्थित जीआईसी कॉलेज में आज शनिवार को हों रहे मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दूसरी शादी कर रहे दूल्हे को पुलिस कॉलर पकड़कर मंडप से उठा ले गई। दूल्हा बिना तलाक लिए मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में दूसरी शादी कर रहा था। पुलिस के साथ पहुंची पहली पत्नी ने यह शादी रुकवा दी।
पहली पत्नी ने आरोप लगाया कि 3 साल से कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। पति विवाह योजना में मिलने वाले एक लाख रुपए के लिए दूसरी शादी कर रहा था।
मारहरा थाने के मीरा सराय गांव में आकाश (28) अपने परिवार के साथ रहता है। वह पेंटिंग का काम करता है। घर में दो बहनें खुशबू (24), खुशी (22) और तीन भाई विकास (26), प्रवीण (18) व मंजीत (14) हैं। आकाश की शादी 14 नवंबर, 2021 में अलीगंज थाने के चमन नगरिया गांव की सोनी (27) से हुई थी। सोनी का आरोप है कि शादी के बाद आकाश अक्सर मेरे साथ मारपीट करता था। करीब तीन साल से हम दोनों के बीच कोर्ट में तलाक का केस चल रहा है। सोनी का कहना है सहेली की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में होनी थी। मैं उसी में शामिल होने आई थी। मैंने देखा कि आकाश मंडप में एक दुल्हन के साथ बैठा है। आकाश के साथ उसके घर-परिवार वाले भी आए हुए थे।
पत्नी सोनी बोली बिना तलाक दूसरी शादी कर रहा था
सोनी ने बताया मेरा तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। हमारा तलाक हुए बिना आकाश दूसरी शादी कर रहा था। इसी लिए मैंने यह सब देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शादी रुकवाई। फिर आकाश का कॉलर पकड़कर थाने ले गई।
सोनी का आरोप है कि पति आकाश ने मुझे घर से मार-पीटकर निकाल दिया है। दहेज की मांग में बुलेट मोटरसाइकिल मांगता है। जब तक बुलेट नहीं मिलेगी, तब तक तुझे साथ नहीं रखूंगा। जान से मारने की धमकी भी देता है।
कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र पवार ने बताया कि सामूहिक विवाह समारोह में पहले से शादीशुदा युवक के दूसरी शादी करने का मामला है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
