उ प्र समाचार सेवा
मितौली खीरी; मढ़िया घाट रोड स्थित गेल इंडिया द्वारा संचालित कौशल विकास संस्थान में प्रशिक्षण एवं रोजगार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा नेता अनिल राठौर शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम में अनिल राठौर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के संकल्प को साकार करने में ऐसे संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। गेल इंडिया की ओर से युवाओं को निःशुल्क प्रशिक्षण के साथ आवास, भोजन, यूनिफार्म और स्टेशनरी की सुविधा उपलब्ध कराना सराहनीय पहल है। प्रशिक्षण के बाद 100 प्रतिशत प्लेसमेंट की सुविधा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोल रही है।
उन्होंने कहा कि कौशल विकास के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ना समय की आवश्यकता है। ऐसे प्रयासों से युवाओं को अपने पैरों पर खड़ा होने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा। उन्होंने युवाओं से संस्थान की सुविधाओं का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की अपील की।
