Web News

www.upwebnews.com

धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा-मांस की दुकानों और अवैध बूचड़खानों की जांच की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

November 13, 2026

धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा-मांस की दुकानों और अवैध बूचड़खानों की जांच की मांग, विहिप-बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

-विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता ज्ञापन देते हुए

हाथरस। मंदिरों एवं अन्य धार्मिक स्थलों के आसपास संचालित अंडा, मांस और मछली की दुकानों के साथ अवैध बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने ऐसे प्रतिष्ठानों का सर्वेक्षण कराकर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया है कि जनपद के विभिन्न नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक स्थलों के आसपास अंडा, मांस और मछली की दुकानें संचालित हो रही हैं। इनमें कुछ प्रतिष्ठानों पर निर्धारित नियमों, लाइसेंस और शासनादेशों का उल्लंघन कर कारोबार करने की शिकायतें हैं। संगठन ने इगलास फाटक के पास मधुगढ़ी में मथुरा रोड स्थित प्राचीन शिव मंदिर के आसपास संचालित दुकानों की जांच कराने की मांग की। इसके अलावा सासनी गेट स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर के पीछे कथित रूप से अवैध तरीके से संचालित बूचड़खाने की जांच कराकर नियमानुसार बंद कराने की मांग उठाई।ज्ञापन में कहा गया कि धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार के प्रतिष्ठानों के संचालन से श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं प्रभावित होती हैं। साथ ही स्वच्छता, धार्मिक स्थलों की मर्यादा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिहाज से भी मामले में कार्रवाई आवश्यक है।संगठन ने जिलाधिकारी से जनपद के सभी नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे प्रतिष्ठानों का संबंधित विभागों से सर्वेक्षण कराने, बिना वैध लाइसेंस और निर्धारित मानकों के संचालित दुकानों एवं बूचड़खानों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा भविष्य में नियम विरुद्ध संचालन रोकने के लिए अधिकारियों को निर्देशित करने की मांग की।ज्ञापन देने वालों में विहिप के प्रांत समरसता टोली सदस्य मुकेश सूर्यवंशी, जिला संगठन मंत्री देवराज, जिला मंत्री प्रवीण खंडेलवाल, महेश वर्मा, मनोज वार्ष्णेय, हर्षित गौड़, शिवा राणा, नवीन वर्मा, प्रिंस अरोड़ा, हिमांशु, नैतिक शर्मा, लाला, साहिल वाल्मीकि और ईशू अरोड़ा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।