Web News

www.upwebnews.com

अपनी ही बुलेरो चोरी कराने की साज़िश में भाजपा मंडल अध्यक्ष गया जेल

June 11, 2026

अपनी ही बुलेरो चोरी कराने की साज़िश में भाजपा मंडल अध्यक्ष गया जेल

Posted on 11.06.2026, Time 06.34 PM

आगरा, 11 जून 2026, थाना कागारौल क्षेत्र में चर्चित बोलेरो चोरी कांड में बड़ा मोड़ सामने आया है। मामले में आरोपी बनाए गए जगनेर क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस व्यक्ति ने बोलेरो वाहन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि वाहन को योजनाबद्ध तरीके से चोरी कराया गया था।

पुलिस के अनुसार देवकी नंदन शर्मा ने अपनी बोलेरो पहले बेच दी थी, लेकिन बाद में उसे वापस हासिल करने के उद्देश्य से चोरी की झूठी कहानी रची गई। आरोप है कि वाहन को गायब कराने के लिए नकली चाबी तैयार कराई गई और साजिश के तहत वाहन को पार कराया गया। इस मामले में उनके भाई को भी आरोपी बनाया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने टोल प्लाजा के रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों की भूमिका को स्पष्ट किया है।
मामले की विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने करीब 400 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की है। चार्जशीट में साजिश, वाहन चोरी और अन्य संबंधित आरोपों का उल्लेख किया गया है।

आरोपी पक्ष ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि आरोप एक प्रमुख राजनीतिक दल के स्थानीय पदाधिकारी पर लगे हैं। अब आगे की सुनवाई में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहियों के आधार पर मामले की दिशा तय होगी।

G 7 की बैठक में शामिल होंगे मोदी, 13 से 19 तक विदेश यात्रा पर

Narendra Modi Prime Minister

News Posted on 11.06.2026, Time 06.03 PM, Thursday, PM Narendra Modi

नई दिल्ली 11 जून 2026, फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम श्री इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13-14 जून, 2026 को नीस तथा 16-19 जून, 2026 को एवियन और पेरिस में फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इसके अलावा, वह 14-16 जून, 2026 तक स्लोवाकिया की भी यात्रा करेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री 14 जून को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए नीस जाएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे, जिसे इसी वर्ष स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया है। नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे, जो भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख इनोवेशन स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाएगा। इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के दौरान आयोजित किया जा रहा यह प्रमुख कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद मजबूत और वाइब्रेंट इनोवेशन पार्टनरशिप को और मजबूती प्रदान करता है।

यात्रा के दूसरे चरण में, स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14-16 जून, 2026 तक स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगे। वर्ष 1993 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा अप्रैल 2025 में माननीय राष्ट्रपति जी की स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा और फरवरी 2026 में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए स्लोवाकिया के राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है। पीएम मोदी, प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा ट्रेड, इन्वेस्टमेंट तथा ऑटोमोबाइल और रेलवे मैन्युफैक्चरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी।

यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री 16-17 जून, 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 समिट में भाग लेंगे। समिट के दौरान वह G7 नेताओं के साथ-साथ आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। वह समिट के उन सत्रों में भाग लेंगे, जिनका विषय है – नई साझेदारियों का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को पुनर्स्थापित करना; सभी के लिए संतुलित, साझा और सस्टेनेबल इकोनॉमिक ग्रोथ को पुनर्जीवित करना; तथा AI के सुरक्षित, तेज और प्रभावी रोलआउट को सुनिश्चित करना। समिट से इतर प्रधानमंत्री कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 18 जून, 2026 को आगे की द्विपक्षीय बैठकों के लिए पेरिस जाएंगे। वह यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट VivaTech Summit में भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के पेरिस में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की भी संभावना है।

प्रधानमंत्री की आगामी यूरोप यात्रा फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 के साथ भारत की साझेदारी को और गहरा करेगी। G7 समिट में प्रधानमंत्री की उपस्थिति ग्लोबल साउथ की एक प्रमुख आवाज और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में भारत की स्थिति को दर्शाती है। भारत इनोवेट्स और VivaTech Summit, दोनों में प्रधानमंत्री की भागीदारी इनोवेशन, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के ग्लोबल हब के रूप में भारत को प्रमुखता से प्रदर्शित करेगी तथा भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम्स के बीच नई साझेदारियों को बढ़ावा देने की उम्मीद है। यह यात्रा यूरोपियन यूनियन के साथ अपनी व्यापक स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगी।

June 10, 2026

Firozabad मस्जिद में किशोरी से दुष्कर्म का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार

फिरोजाबाद 10 जून 2026, थाना रामगढ़ पुलिस टीम ने बुधवार को मस्जिद में किशोरी से दुष्कर्म के अभियुक्त मौलाना को मुठभेड में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने से घायल अभियुक्त को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
थाना रामगढ़ क्षेत्र अन्तर्गत 7 जून की दोपहर एक नाबालिग मस्जिद में लगे ठंडे पानी के वाटर कूलर से पानी भरने के लिए गई थी, तभी मस्जिद में मौजूद जाकिर हाफिज पुत्र बाबू खाँ निवासी दीदामई नूरनगर थाना रामगढ़ ने नाबालिग को अकेला देखकर उसे जबरन पकड़ लिया और मुँह दबाकर अपने कमरे में ले गया और उसके साथ जबरदस्ती गलत काम किया और मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गया। पीड़िता की मां ने थाने पर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि थाना प्रभारी रामगढ़ संजीव कुमार दुबे पुलिस टीम के साथ बुधवार को क्षेत्र में गश्त पर थे तभी सूचना मिली कि जाकिर हाफिज अपराधी कहीं भागने की फिराक में है। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ना चाहा तो अभियुक्त हाफिज जाकिर ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम के ऊपर फायर किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षार्थ की गयी जबावी कार्यवाही में अभियुक्त पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घायल अभियुक्त के कब्जे से 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 खोखा कारतूस व 02 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं।
एएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त है। घायल को अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।

एटा पंचायत चुनाव पर घमासान, नेता और प्रधान आए आमने सामने

Posted on 10.06.2026 Time 19.42PM Etah, Panchayat elections

एटा 10 जून उप्रससे। जनपद में पंचायत चुनावों को लेकर गांवों में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाईकोर्ट की टिप्पणी, शासन द्वारा जारी नए आदेश और पंचायत चुनाव में संभावित देरी को लेकर निवर्तमान ग्राम प्रधानों, राजनीतिक दलों के नेताओं तथा ग्रामीणों के बीच व्यापक चर्चा चल रही है। जहां कुछ लोग चुनाव होने तक प्रशासक व्यवस्था बनाए रखने के पक्ष में हैं, वहीं अधिकांश जनप्रतिनिधि जल्द चुनाव कराए जाने की मांग कर रहे हैं।

भाजपा का पक्षः न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान, समयबद्ध चुनावों की वकालत

भारतीय जनता पार्टी के जिला उपाध्यक्ष एवं अधिवक्ता प्रो. राहुल गुप्त ने कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करती है। उनका कहना है कि हाईकोर्ट के अंतिम आदेश के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि यदि किसी कानूनी या प्रशासनिक कारण से चुनाव प्रक्रिया में विलंब होता है तो विकास कार्य और जनहित योजनाएं बाधित न हों, इसके लिए सरकार द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की जा सकती है। हालांकि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों में ही निहित है, इसलिए परिस्थितियां अनुकूल होते ही पंचायत चुनाव कराना आवश्यक है।


सपा का आरोप: चुनाव टालना लोकतंत्र के खिलाफ

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं एटा-कासगंज प्रभारी लोधी राकेश राजपूत ने भाजपा सरकार पर पंचायत चुनाव टालने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंचायत चुनावों में देरी लोकतंत्र और संविधान की भावना के विपरीत है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार जनता के बीच बढ़ते असंतोष के कारण चुनावों से बच रही है। सपा नेता ने कहा चुनाव टालना लोकतंत्र के खिलाफ है। किसान, नौजवान, मजदूर और व्यापारी वर्ग सरकार की नीतियों से नाराज है और चुनाव होने पर इसका असर दिखाई देगा।

शीतलपुर ब्लॉक के ग्राम लभैटा के युवा प्रधान विवेक मिश्रा का कहना है कि अधिकांश निवर्तमान प्रधान चुनाव होने तक प्रशासक व्यवस्था बनाए रखने के पक्ष में हैं ताकि पंचायतों के प्रशासनिक कार्य प्रभावित न हों। हालांकि उनका मानना है कि चुनाव में अत्यधिक देरी गांवों के विकास के लिए उचित नहीं होगी। उन्होंने बताया कि गांवों में चुनावी माहौल पूरी तरह बन चुका है। संभावित प्रत्याशी और उनके समर्थक जनसंपर्क अभियान शुरू कर चुके हैं तथा चुनावी रणनीति तैयार की जा रही है।

निधौली कलां ब्लॉक के ग्राम झिनवार की ग्राम प्रधान श्रीमती कृष्णा उपाध्याय का कहना है कि यदि पंचायतों का संचालन प्रशासकों के माध्यम से होगा और प्रत्येक कार्य के लिए प्रशासनिक अनुमति लेनी पड़ेगी तो विकास कार्यों की गति प्रभावित होगी। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और अन्य स्थानीय आवश्यकताओं से जुड़े कार्य समय पर नहीं हो पाएंगे। जनता द्वारा चुने गए प्रतिनिधियों की भूमिका सीमित होने से लोकतांत्रिक व्यवस्था भी कमजोर होगी।

गांवों में चुनावी माहौल गर्म

जनपद के अधिकांश ग्रामीण क्षेत्रों में पंचायत चुनाव को लेकर चर्चाएं तेज हैं। संभावित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सक्रिय हो गए हैं। कई गांवों में सामाजिक बैठकों, जनसंपर्क अभियानों और रणनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है।
ग्रामीणों का मानना है कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो जाएंगी। निवर्तमान प्रधान भी अपने कार्यकाल के विकास कार्यों को जनता के सामने रखने में जुटे हुए हैं।

आरक्षण और आयोग की रिपोर्ट पर भी चर्चा

पिछड़ा वर्ग आरक्षण तथा आयोग की रिपोर्ट को लेकर जनपद में अलग-अलग राय सामने आ रही है। प्रधान संगठनों और संभावित प्रत्याशियों का एक वर्ग वर्तमान व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता महसूस कर रहा है, जबकि कुछ लोग सरकार और आयोग के अंतिम निर्णय का इंतजार करने की बात कह रहे हैं। राजनीतिक दल भी आरक्षण के मुद्दे को लेकर अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर रहे हैं।

चुनाव टलने के संभावित प्रभाव

स्थानीय जनप्रतिनिधियों और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का मानना है कि यदि पंचायत चुनाव अगले कुछ महीनों तक और टलते हैं तो विकास योजनाओं की गति धीमी पड़ सकती है। नई योजनाओं के प्रस्ताव, निर्माण कार्यों की स्वीकृति तथा स्थानीय स्तर पर लिए जाने वाले कई निर्णय प्रभावित हो सकते हैं। इसके साथ ही राजनीतिक अनिश्चितता बढ़ेगी और गांवों में लंबे समय तक चुनावी माहौल बना रहेगा। हालांकि प्रशासनिक व्यवस्था के माध्यम से आवश्यक जनहित कार्य जारी रखे जा सकते हैं, लेकिन अधिकांश जनप्रतिनिधियों का मानना है कि स्थायी समाधान केवल समयबद्ध पंचायत चुनाव ही हैं।
एटा जनपद में पंचायत चुनाव को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। भाजपा जहां न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने तक प्रतीक्षा की बात कर रही है, वहीं समाजवादी पार्टी चुनाव में देरी को लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक बता रही है। दूसरी ओर अधिकांश ग्राम प्रधान प्रशासनिक व्यवस्था की निरंतरता के साथ-साथ जल्द पंचायत चुनाव कराने के पक्षधर दिखाई दे रहे हैं। गांवों में चुनावी माहौल पूरी तरह बन चुका है और सभी की निगाहें अब शासन, आयोग तथा न्यायालय के आगामी निर्णयों पर टिकी हैं।

एटा मेडिकल कॉलेज में दवा की लाइन में खड़े बुजुर्ग की तबीयत बिगड़ने के बाद मौत

एटा 10 जून उप्रससे। एटा मेडिकल कॉलेज में दवा लेने के लिए लाइन में खड़े 74 वर्षीय बुजुर्ग की बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और मेडिकल कॉलेज परिसर में लोगों की भीड़ जुट गई।

जानकारी के अनुसार, बागवाला थाना क्षेत्र के गांव कुतुबपुर निवासी 74 वर्षीय जवाहर लाल मेडिकल कॉलेज में दवा लेने पहुंचे थे। इसी दौरान लाइन में खड़े-खड़े उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया। चिकित्सकीय परीक्षण के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। मौत की खबर से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
बताया गया है कि परिजन पोस्टमार्टम कराए बिना ही शव को अपने साथ घर ले गए। वहीं, बुजुर्ग की मौत के कारणों को लेकर परिजन सदमे में हैं। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य बलवीर सिंह ने बताया कि लाइन में लगने के दौरान मौत की कोई जानकारी उनके संज्ञान में नहीं है और वे कारणों की जांच करेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि मेडिकल कॉलेज में पर्चा बनवाने और डॉक्टर को दिखाने के लिए वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग लाइन की व्यवस्था है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर प्रेम पाल सिंह ने बताया कि एक वृद्ध की मौत की सूचना मिली थी, लेकिन परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ ले गए।

« Newer PostsOlder Posts »