Web News

www.upwebnews.com

रक्षाबन्धन के दृष्टिगत रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग एवं यातायात पुलिस द्वारा 50 हेल्मेट वितरित

August 29, 2026

रक्षाबन्धन के दृष्टिगत रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग एवं यातायात पुलिस द्वारा 50 हेल्मेट वितरित

शाहजहांपुर—( संजीव गुप्त)

आज क्षेत्राधिकारी यातायात एवं टीएसआई द्वारा खिरनीबाग चौराहा, शाहजहाँपुर पर रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर के सौजन्य से सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता के दृष्टिगत हेल्मेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बिना हेल्मेट दोपहिया वाहन चलाने वाले 50 वाहन चालकों को हेल्मेट वितरित कर हेल्मेट धारण करने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया गया। क्षेत्राधिकारी यातायात रनवीर सिंह ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेल्मेट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करें तथा स्वयं के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शाहजहाँपुर के आदेशानुसार आगामी 29 अगस्त 2026 से वृहद हेल्मेट चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। अतः सभी दोपहिया वाहन चालक हेल्मेट धारण कर ही वाहन चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। रानी लक्ष्मीबाई महिला विंग शाहजहाँपुर की संस्थापिका श्रीमती नमिता सिंह ने रक्षाबन्धन के अवसर पर आमजन से अपील की कि जिस प्रकार भाई-बहन की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार हेल्मेट धारण कर स्वयं की सुरक्षा का भी संकल्प लें। प्रेसिडेंट स्तुति गुप्ता ने कहा कि हेल्मेट वितरण कार्यक्रम को रक्षाबन्धन पर्व के दृष्टिगत आयोजित किया गया है, जिसका उद्देश्य आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी से यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।

60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा का तोहफा

रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों-बेटियों को सहयात्री सहित 27 से 29 अगस्त तक मुफ्त बस यात्रा

शाहजहांपुर, 26 अगस्त।( संजीव गुप्त) मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित जुपिटर हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान करने वाली ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया गया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण शाहजहांपुर के गांधी भवन सभागार में देखा गया।

जनपद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी रहे। इस दौरान लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर, एमएलसी डॉ. सुधीर कुमार गुप्ता, ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह, महापौर अर्चना वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि रक्षाबंधन से पूर्व प्रदेश की माताओं और बहनों को माननीय मुख्यमंत्री जी ने बड़ा उपहार दिया है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ के तहत प्रदेश की 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को परिवहन निगम की साधारण बसों में आजीवन निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि अब बुजुर्ग माताएं बिना यात्रा व्यय की चिंता के तीर्थाटन करने और अपने परिजनों से मिलने के लिए निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी।

उन्होंने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश की माताओं, बहनों एवं बेटियों को एक सहयात्री सहित परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा भी दी जा रही है। यह सुविधा 27 अगस्त को प्रातः 6 बजे से 29 अगस्त की रात्रि 12 बजे तक उपलब्ध रहेगी।

वित्त मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत छह चरणों में 25 हजार रुपये दिए जा रहे हैं और अब तक करीब 27 से 28 लाख बेटियां लाभान्वित हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के साथ ही सब्सिडी, अनुदान और ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। नोएडा में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले कार्यक्रम में स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों को बड़े स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से अब तक पांच लाख से अधिक बेटियों का विवाह कराया जा चुका है। सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति अभियान भी संचालित किया जा रहा है।

लोकसभा सांसद अरुण कुमार सागर ने कहा कि 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुकी महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देना मुख्यमंत्री का सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार माताओं और बहनों के हित में योजनाएं संचालित कर उन्हें लाभ पहुंचाने का कार्य कर रही है। बेटियों की शिक्षा से लेकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने और विवाह तक सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सहयोग प्रदान कर रही है।

ददरौल विधायक अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना के तहत 60 वर्ष से अधिक आयु की माताओं को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सामान्य परिवारों की बुजुर्ग महिलाओं को यात्रा के दौरान आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब वे बिना किसी खर्च की चिंता के यात्रा कर सकेंगी। सरकार महिलाओं की हर क्षेत्र में भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कार्य कर रही है।

महापौर अर्चना वर्मा ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिलाओं को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलने से बहनों को अपने भाइयों के घर जाने में सुविधा होगी। उन्होंने कहा कि 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं को आजीवन निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मिलना महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। मुख्य अतिथि द्वारा महिलाओं को मिष्ठान एवं साड़ी उपहार में भेंट की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जयशंकर श्रीवास्तव, एआरटीओ प्रशासन सर्वेश कुमार सिंह, एआरटीओ प्रवर्तन हरिओम, पीटीओ आरपी गौतम, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक अरुण कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

 

August 28, 2026

नेपाल बाढ़ में मुकुल रॉय की बहू शर्मिष्ठा भी लापता, 300 भारतीयों से संपर्क टूटा

कोलकाता: नेपाल में आई भीषण बाढ़ और फ्लैश फ्लड की त्रासदी के बीच पूर्व केंद्रीय रेल मंत्री मुकुल रॉय की बहू और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व विधायक सुभ्रांशु रॉय की पत्नी शर्मिष्ठा भौमिक रॉय भी लापता हैं। वह कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए नेपाल गई थीं।
शर्मिष्ठा 32 सदस्यीय उस पर्यटक दल का हिस्सा थीं, जो 21 अगस्त को कोलकाता से कैलाश मानसरोवर यात्रा के लिए रवाना हुआ था। बाढ़ की चपेट में आने के बाद इस दल के 31 सदस्यों से संपर्क नहीं हो पाया। एक यात्री को सुरक्षित बचा लिया गया है।
परिवार के मुताबिक, शर्मिष्ठा से आखिरी बार 25 अगस्त की रात संपर्क हुआ था। उस समय वह आपदा प्रभावित क्षेत्र से करीब 10 किलोमीटर दूर थीं। इसके बाद उनका फोन बंद हो गया और परिवार का उनसे संपर्क नहीं हो सका। सुभ्रांशु रॉय ने बताया कि वह प्रशासन और संबंधित अधिकारियों के संपर्क में हैं और उनकी पत्नी की तलाश की जा रही है।
नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा के बाद करीब 300 भारतीय नागरिकों के संपर्क में नहीं होने की जानकारी सामने आई है। इनमें बड़ी संख्या कैलाश मानसरोवर यात्रा पर गए तीर्थयात्रियों की है। भारतीय अधिकारियों की ओर से राहत और बचाव एजेंसियों के साथ समन्वय कर लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।

यूपी में स्वाइन फ्लू से पहली मौत, लखनऊ में 50 वर्षीय महिला ने तोड़ा दम

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में इस सीजन स्वाइन फ्लू से पहली मौत लखनऊ में हुई है। इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की गुरुवार को बलरामपुर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला को सर्दी-जुकाम, बुखार और सांस लेने में तकलीफ थी। 24 अगस्त को निजी पैथोलॉजी में हुई जांच में उनके स्वाइन फ्लू से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी।
परिजन 25 अगस्त को महिला को गंभीर हालत में बलरामपुर अस्पताल लेकर पहुंचे थे। हालत बिगड़ने पर उन्हें ऑक्सीजन और जीवनरक्षक उपकरणों पर रखा गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

रिपोर्ट छिपाने का आरोप 😎
परिजनों का आरोप है कि निजी पैथोलॉजी की स्वाइन फ्लू पॉजिटिव रिपोर्ट अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को पहले नहीं बताई गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन को दिखाई। इसके बाद अस्पताल में संक्रमण को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई।

17 डॉक्टर-कर्मचारियों के नमूने लिए 😎
महिला के इलाज में शामिल 17 डॉक्टरों और कर्मचारियों के साथ संपर्क में आए मरीजों के नमूने भी जांच के लिए केजीएमयू भेजे गए हैं। महिला का इलाज करने वाले डॉक्टरों और कर्मचारियों को एहतियातन आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है।
वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी स्वाइन फ्लू के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पतालों को संदिग्ध मरीजों की पहचान और संक्रमण से बचाव के लिए सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

नेपाल में अगला बाढ़ प्रवाह की स्थिति नहीं है: नेपाल

नेपाल में दो दिन पहले बाढ़ सैलाव त्रासदी की स्थिति के लिए ग्लेशियर का टूटना नहीं ओवर फ्लो होना अधिकृत कारण माना गया है।त्रासदी की स्थिति को लेकर शुक्रवार को नेपाल केबिनेट की बैठक आयोजित की गई, बैठक बाद मीडिया को जानकारी साझा करते हुए कहा गया है कि राहत बचाव कार्य करने में चार हजार नेपाली सेना, नौ हजार नेपाली प्रहरी मुस्तैदी से लगे हैं करीब 25 हजार वालंटियर तंत्र और जनता का सक्रियता से सहयोग कर रहे हैं। नेपाल ने ग्लेशियर और नदी बहाव क्षेत्र के रूट की स्थिति और बहाव को जानने के लिए हेलीकॉप्टर भेजे गए हैं और अब ग्राउंड जीरो पर स्पष्ट है कोई बाढ़ का प्रवाह चीन की तरफ से नहीं आना है, नेपाल चीन के साथ निरंतर संवाद में है।

« Newer PostsOlder Posts »