Web News

www.upwebnews.com

मुड़िया पूनो मेला आज से, 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

July 25, 2026

मुड़िया पूनो मेला आज से, 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के स्वागत को सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम

470वें राजकीय मेले के लिए 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टर बनाए गए, 690 सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन से होगी निगरानी
मथुरा। विश्व प्रसिद्ध 470वें राजकीय मुड़िया पूनो मेला-2026 का शुभारंभ गुरुवार से हो रहा है। 23 से 30 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस मेले में देश-विदेश से करीब 1.5 करोड़ श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। मेले को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और दुर्घटना मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था लागू की है।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पूरे मेला क्षेत्र को 9 सुपर जोन, 22 जोन और 64 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 37 अस्थायी पुलिस चौकियां, 31 वॉच टावर और 54 ‘गिर्राज मोबाइल’ टीमें लगातार गश्त करेंगी। वहीं मानसी गंगा, राधाकुंड सहित अन्य जलाशयों पर पीएसी, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की विशेष तैनाती रहेगी।

मथुरा में रोडवेज बस ने रौंदे मजदूर दंपती, दोनों की मौके पर मौत; पांच वर्षीय नातिन गंभीर

मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र के नवादा चौराहे पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार रोडवेज बस ने सड़क पार कर रहे मजदूर दंपती को कुचल दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद पांच वर्षीय नातिन गंभीर रूप से घायल हो गई।

जानकारी के अनुसार, फरह थाना क्षेत्र के गांव बेरी निवासी मूलचंद अपनी पत्नी मंजू और पांच वर्षीय नातिन के साथ सड़क पार कर रहे थे। तभी आगरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार रोडवेज बस ने तीनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मूलचंद और मंजू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

हादसे के बाद आगरा-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही थाना हाईवे पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारू कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

गंभीर रूप से घायल बच्ची को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक दंपती के परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

July 19, 2026

हार्टफुलनेस ध्यान शिविर आयोजित, ध्यान को बताया आत्मिक उन्नति का आधार

गीता शोध संस्थान 

मथुरा/वृन्दावन, 19 जुलाई। वृन्दावन स्थित गीता शोध संस्थान परिसर के ओपन एयर थिएटर में रविवार को वैश्विक आध्यात्मिक संस्था हार्टफुलनेस के तत्वावधान में ध्यान शिविर एवं आध्यात्मिक परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति, आत्मिक उन्नति और जीवन में संतुलन स्थापित करने का संदेश दिया गया।

परिचर्चा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य के जीवन में शांति, संतुलन और आत्मिक विकास का मूल आधार हृदय से जुड़ाव है। धर्म, ईश्वर, परंपरा और विभिन्न मान्यताओं पर विचार रखते हुए बताया गया कि ईश्वर को केवल अनुभूति के माध्यम से ही जाना जा सकता है तथा यह अनुभूति ध्यान, प्रेम और आंतरिक साधना से संभव है। प्रतिभागियों को नियमित ध्यान को जीवनशैली का हिस्सा बनाने का भी आह्वान किया गया।

ध्यान शिविर में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजा कांत मिश्रमंडलायुक्त नगेन्द्र प्रतापपुलिस उप महानिरीक्षक शैलेश कुमार पाण्डेयजिलाधिकारी चन्द्र प्रकाश सिंहवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमारनगर आयुक्त ओजस्वी राजअपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. पंकज कुमार वर्माएसपी सिटी राजीव कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सामूहिक ध्यान सत्र के साथ हुआ, जिसमें उपस्थित लोगों ने आत्मिक शांति एवं सकारात्मक जीवन मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया।

स्वच्छता संकल्प महाअभियान में प्रशासन और पुलिस ने किया श्रमदान, दिया स्वच्छ ब्रज का संदेश

मथुरा/वृन्दावन। ब्रज भूमि की पावनता और प्राकृतिक सुंदरता को अक्षुण्ण बनाए रखने के उद्देश्य से रविवार को मथुरा-वृन्दावन में “स्वच्छता संकल्प महाअभियान” का आयोजन किया गया। अभियान के दौरान प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने स्वयं श्रमदान कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
अभियान का नेतृत्व जिलाधिकारी मथुरा चंद्र प्रकाश सिंह , पुलिस उप महानिरीक्षक, आगरा परिक्षेत्र शैलेश कुमार पांडे  तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा श्लोक कुमार ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर अधिकारियों ने “हम सब ने यह ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” का संकल्प दोहराते हुए वृन्दावन परिक्रमा मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों पर सफाई अभियान चलाया। श्रमदान के दौरान सड़कों की सफाई, मार्गों के किनारों से कचरा हटाने तथा पूरे क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाने का कार्य किया गया।
अधिकारियों ने वृन्दावन की गलियों, मंदिरों के आसपास मौजूद स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और श्रद्धालुओं से स्वच्छ ब्रज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ब्रज धाम की पवित्रता बनाए रखने के लिए प्रतिबंधित सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का पूरी तरह त्याग करें तथा गीले और सूखे कचरे को खुले में या सड़कों पर फेंकने के बजाय निर्धारित कूड़ेदानों में ही डालें।
अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर ब्रज का निर्माण तभी संभव है जब प्रशासन के साथ-साथ आमजन भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं और स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें।

बलदेव पुलिस ने चोरी गैंग के सात सदस्यों को दबोचा, चोरी का माल व वाहन बरामद

अतुल कुमार जिंदल

मथुरा। थाना बलदेव पुलिस ने चोरी की वारदातों में सक्रिय सात सदस्यीय गैंग का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की स्विफ्ट कार, इन्वर्टर, बैटरी, तीन मोटरसाइकिलें, विद्युत मोटर, बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन, नकदी तथा एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय ने बताया कि थाना बलदेव क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार चोरी होने के बाद मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम गठित की गई थी। जांच के दौरान जानकारी मिली कि यह गैंग बलदेव, राया, जमुनापार और महावन थाना क्षेत्रों सहित आसपास के इलाकों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
मुखबिर की सूचना पर रविवार तड़के करीब 12:30 बजे माइलस्टोन-124 सर्विस रोड पर 84 कोसीय परिक्रमा मार्ग से ग्राम हथौड़ा की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने घेराबंदी कर सज्जू उर्फ सरजू, दीपक, सोनू, दीपक उर्फ गूंगा उर्फ गुड्डू, नरेश, मौसिम और आशीष को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से यूपी-85 सीएम-9288 नंबर की नीले रंग की स्विफ्ट कार, एक्साइड की सोलर ट्यूबुलर बैटरी, सोलर हाइब्रिड यूपीएस इन्वर्टर, तीन मोटरसाइकिलें, एक विद्युत मोटर, बड़ी मात्रा में बिजली के केबल, छह मोबाइल फोन तथा 3,240 रुपये नकद बरामद किए गए। आरोपी दीपक के पास से .315 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस भी बरामद हुए।
पुलिस जांच में बरामद सामान थाना बलदेव में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित पाया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्यवाही की गई।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से कई के विरुद्ध पहले से चोरी, आर्म्स एक्ट, विद्युत अधिनियम और अन्य आपराधिक मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट होता है कि गैंग संगठित तरीके से विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था।
यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी महावन संजीव कुमार राय के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभय कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक वीर सिंह यादव, उपनिरीक्षक आलोक कुमार मिश्रा एवं थाना बलदेव पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से की।

« Newer PostsOlder Posts »