मथुरा। आगामी मुड़िया पूर्णिमा मेले के दृष्टिगत मंडलायुक्त आगरा, अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) आगरा जोन, पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) आगरा जोन, जिलाधिकारी मथुरा तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मथुरा ने संयुक्त रूप से गोवर्धन परिक्रमा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध कराई जा रही जनसुविधाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग के विभिन्न संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
मेले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्य सीसीटीवी कंट्रोल रूम से परिक्रमा मार्ग की प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों ने कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली का भी निरीक्षण किया और निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।

