Web News

www.upwebnews.com

भूजल सप्ताह: डीएम ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, बोले— “जल है तो कल है”

July 18, 2026

भूजल सप्ताह: डीएम ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, बोले— “जल है तो कल है”

मथुरा। ‘भूजल सप्ताह’ (16 से 22 जुलाई 2026) के तहत शनिवार को जिलाधिकारी 

जिलाधिकारी ने आमजन से वर्षा जल संचयन अपनाने, जल का सतत एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करने तथा तालाब, कुएं जैसे पारंपरिक जल स्रोतों को संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि “जल है तो कल है”, इसलिए हर नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह जल की एक-एक बूंद बचाने में योगदान दे।

उन्होंने बताया कि भूजल सप्ताह का उद्देश्य लोगों को भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना है। इस दौरान भूजल स्तर में गिरावट रोकने, जल संरक्षण को बढ़ावा देने और जल संसाधनों के सतत उपयोग के लिए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में किसानों एवं आम नागरिकों को जल बचाने के उपायों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने वर्षा जल संचयन, अनावश्यक जल बर्बादी रोकने, तालाब एवं कुओं जैसे पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई तकनीक अपनाने तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने का संदेश दिया।

शपथ ग्रहण कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ, उप जिलाधिकारी गोवर्धन सुशील कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, अधिशासी अभियंता सिंचाई नवीन कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

सम्पूर्ण समाधान दिवस: गोवर्धन में डीएम-एसएसपी ने सुनीं फरियादें, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

मथुरा। जनसमस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के उद्देश्य से शनिवार को तहसील गोवर्धन के सभागार में जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद अथवा अन्य जटिल मामलों में सभी पक्षों की मौजूदगी में मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करते हुए समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक अपने कार्यालयों में उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनें और किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।
डीएम ने स्पष्ट कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य केवल शिकायतें दर्ज करना नहीं, बल्कि उनका प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान करना है। उन्होंने कहा कि कोई भी फरियादी तहसील दिवस या किसी सरकारी कार्यालय से निराश होकर वापस नहीं जाना चाहिए।
समाधान दिवस के दौरान गोवर्धन तहसील में 45 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 का मौके पर निस्तारण किया गया। महावन तहसील में 41 शिकायतें आईं, जिनमें 2, सदर तहसील में 34 शिकायतों में से 5, छाता तहसील में 42 शिकायतों में से 4 तथा मांट तहसील में 47 शिकायतों में से 7 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को शेष शिकायतों का भी नियमानुसार शीघ्र और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मतदेय स्थलों की सूची को मिला अंतिम रूप, राजनीतिक दलों से नहीं मिली कोई आपत्ति

अतुल कुमार जिंदल
मथुरा। आगामी निर्वाचन की तैयारियों के तहत जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों, जनप्रतिनिधियों तथा अधिकारियों के साथ मतदेय स्थलों के आलेख्य प्रकाशन के उपरांत बैठक आयोजित की गई। बैठक में बताया गया कि 4 जुलाई को प्रकाशित मतदेय स्थलों की सूची पर 16 जुलाई तक किसी भी राजनीतिक दल की ओर से कोई शिकायत या सुझाव प्राप्त नहीं हुआ। ऐसे में इसी सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थलों का पुनर्संभाजन किया गया। इसके तहत 24 से 28 जून तक भौतिक सत्यापन, भवनों का निरीक्षण एवं नए मतदेय स्थलों के चिन्हांकन का कार्य पूरा किया गया। इसके बाद राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर प्रस्ताव तैयार किए गए और 4 जुलाई को आलेख्य सूची प्रकाशित की गई।
उन्होंने बताया कि 18 जुलाई को सूची का अंतिम अनुमोदन किया जाएगा। इसके बाद 25, 27 और 28 जुलाई को प्रस्ताव मुख्य निर्वाचन अधिकारी को भेजे जाएंगे, जबकि 31 जुलाई को मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय आयोग के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव प्रेषित करेगा।
जनपद में विधानसभावार मतदेय स्थलों की स्थिति
छाता: 416 मतदेय स्थल, 190 मतदान केंद्र
मांट: 458 मतदेय स्थल, 302 मतदान केंद्र
गोवर्धन: 397 मतदेय स्थल, 206 मतदान केंद्र
मथुरा: 495 मतदेय स्थल, 122 मतदान केंद्र
बल्देव (अजा): 481 मतदेय स्थल, 287 मतदान केंद्र
जनपद में कुल 2,247 मतदेय स्थल तथा 1,107 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
बैठक में यह भी बताया गया कि सत्यापन के दौरान जिले में 30 मतदेय स्थल जर्जर पाए गए हैं। इनमें छाता में 5, मांट में 8, गोवर्धन में 8 तथा बल्देव में 9 मतदेय स्थल शामिल हैं, जिनके संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, सांसद प्रतिनिधि हेमंत अग्रवाल सहित भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, बसपा एवं आम आदमी पार्टी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. पंकज कुमार वर्मा सहित विभिन्न उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं निर्वाचन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे।

July 14, 2026

वृंदावन में साधक की जीवनभर की कमाई पर डाका, जैंत पुलिस ने 2.90 करोड़ की चोरी का किया खुलासा

चार अंतरराज्यीय चोर गिरफ्तार, 2 करोड़ नकद समेत 2.60 करोड़ की संपत्ति बरामद
मथुरा। थाना जैंत पुलिस ने सुनरख क्षेत्र में हुई करीब 2 करोड़ 90 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी का खुलासा करते हुए चार अंतरराज्यीय आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, चोरी के पैसों से खरीदी गई फॉक्सवैगन वर्टस कार, सोने-चांदी के आभूषण, महंगे मोबाइल फोन, ब्रांडेड सामान तथा वारदात में प्रयुक्त टाटा पंच कार सहित कुल 2 करोड़ 60 लाख 12 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की है।
पुलिस के अनुसार गुजरात के गांधीनगर निवासी राकेश प्रजापति अपने पुत्र के वृंदावन स्थित आश्रम में दीक्षित होने के बाद स्वयं भी धार्मिक जीवन अपनाने के उद्देश्य से गुजरात की अपनी संपत्ति बेचकर सुनरख में रहने लगे थे। उन्होंने अपनी जीवनभर की जमा पूंजी करीब 2.90 करोड़ रुपये घर में रखी हुई थी।
इसी दौरान उनकी पहचान सुनरख में रहने वाले आलोक और राजन से हुई। आरोप है कि दोनों ने सूरत निवासी अपने साथियों प्रेम सागर और हीरेन के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई। योजना के तहत आलोक पीड़ित को प्लॉट दिखाने के बहाने मांट क्षेत्र ले गया, जबकि उसके तीन साथियों ने घर का ताला तोड़कर अलमारी और दीवान में रखी पूरी नकदी चोरी कर ली।
चोरी के बाद आरोपियों ने पीड़ित को धमकाकर मामला दबाने का प्रयास किया। भय के कारण पीड़ित कुछ समय के लिए गुजरात लौट गए, जहां उनकी तबीयत भी बिगड़ गई। बाद में उन्होंने थाना जैंत में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम गठित की।
जांच के दौरान पुलिस ने मंगलवार तड़के सुनरख रोड से एनएच-19 जाने वाले मार्ग पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनके कब्जे से 2 करोड़ रुपये नकद, फॉक्सवैगन वर्टस कार, घटना में प्रयुक्त टाटा पंच कार, एप्पल, सैमसंग और वीवो के चार मोबाइल, सोने-चांदी के आभूषण, ब्रांडेड जूते, कपड़े, घड़ियां तथा जिम और स्विमिंग किट बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजन (फरीदाबाद), आलोक (कुशीनगर), प्रेम सागर और हीरेन (दोनों सूरत, गुजरात) के रूप में हुई है। सभी के विरुद्ध थाना जैंत में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को थाना जैंत पुलिस और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि चोरी की अधिकांश रकम और उससे खरीदी गई संपत्ति बरामद कर ली गई है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।

July 12, 2026

एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत जिलेभर में हुआ महावृक्षारोपण

पुलिस लाइन, थानों, विद्यालयों और गांवों में लगाए गए हजारों पौधे, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
मथुरा। शासन के निर्देश पर रविवार को जनपदभर में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ-2026’ एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत व्यापक स्तर पर पौधरोपण किया गया। पुलिस विभाग, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों और विभिन्न सरकारी संस्थानों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जनपद मथुरा पुलिस की ओर से पुलिस लाइन, सभी थानों, चौकियों और पुलिस परिसरों में वृक्षारोपण किया गया। पुलिस अधीक्षक सुरक्षा, प्रतिसार निरीक्षक तथा क्षेत्राधिकारियों के निर्देशन में अधिकारियों और जवानों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण और नियमित देखभाल का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की अमूल्य धरोहर हैं।
विकास खंड बलदेव के ग्राम भरतिया में ब्रज क्षेत्र के “101 लाड़ली वन” अभियान के अंतर्गत लाड़ली वन की स्थापना की गई। क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश ने पौधरोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। इस दौरान जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, एसडीएम उषा सिंह, खंड विकास अधिकारी नेहा रावत सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।
राजकीय इंटर कॉलेज दघेंटा, बलदेव में जिला विद्यालय निरीक्षक राघवेंद्र सिंह के निर्देशन में प्रधानाचार्य डॉ. अखिलेश यादव ने विद्यार्थियों और ग्राम प्रधान के साथ पौधरोपण किया। विद्यालय में 100 पौधे लगाने का लक्ष्य पूरा किया गया। डॉ. यादव ने कहा कि ब्रजभूमि की पहचान रहे वन, कुंज, नदियां और सरोवर आज अस्तित्व के संकट से जूझ रहे हैं। जल, जंगल और जमीन का संरक्षण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।
उधर, महावन स्थित श्री गुरु कार्ष्णि इंटर कॉलेज में भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रधानाचार्य जितेंद्र कुमार मिश्र ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। खेल शिक्षक डॉ. राकेश कुमार राही, स्काउट-गाइड, राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों तथा विद्यार्थियों ने परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण बढ़ाने और लोगों को प्रकृति के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया। अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया।
« Newer PostsOlder Posts »