Web News

www.upwebnews.com

बाटी गांव में बंद कमरे में मिला महिला का गला कटा शव, इलाके में सनसनी; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

July 28, 2026

बाटी गांव में बंद कमरे में मिला महिला का गला कटा शव, इलाके में सनसनी; फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

Mathura News

Mathura Samachar

मथुरा। जैंत थाना क्षेत्र के गांव बाटी में मंगलवार को एक महिला का गला कटा शव उसके मकान के प्रथम तल पर स्थित बंद कमरे में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही जैंत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके पर फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया। कमरे से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए गए हैं, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। महिला की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान पाए गए हैं। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस परिजनों, पड़ोसियों और अन्य लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
क्षेत्राधिकारी सदर वरुण मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा  सभी पहलुओं पर गहन जांच करते हुए आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

25 लाख की टप्पेबाजी का खुलासा, दिल्ली का आरोपी गिरफ्तार; पूरी रकम और बाइक बरामद

मथुरा। थाना हाईवे पुलिस, सर्विलांस, साइबर सेल, स्वॉट और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी का खुलासा करते हुए एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गई पूरी 25 लाख रुपये की नकदी, एक बैग तथा घटना में प्रयुक्त GIXXER-250 मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई को एक कर्मचारी कार संख्या UP 85 BY 0740 से 25 लाख रुपये लेकर गोविंद नगर जा रहा था। सीआईएमएस अस्पताल के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर वाहन खराब होने का इशारा किया। चालक के कार रोकते ही आरोपी रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना हाईवे पर मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए थाना हाईवे पुलिस के साथ सर्विलांस, साइबर सेल, स्वॉट और एसओजी टीम को लगाया गया। मुखबिर की सूचना पर 27 जुलाई की रात करीब 11:55 बजे सलेमपुर पालीखेड़ा रोड से अक्षय पुत्र मारमुत्तु (24 वर्ष), निवासी मदनगिरी, साउथ दिल्ली को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी के साथ पहले कार के बोनट के नीचे तेल डाल दिया था। इसके बाद आगे जाकर वाहन खराब होने का इशारा किया। चालक और कार में बैठे अन्य लोग बोनट की जांच में व्यस्त हो गए, तभी वह कार में रखा रुपयों से भरा बैग लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 25 लाख रुपये की पूरी नकदी, एक बैग और घटना में प्रयुक्त दिल्ली नंबर की GIXXER-250 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रशांत कपिल के नेतृत्व में थाना हाईवे पुलिस, साइबर सेल, सर्विलांस सेल, स्वॉट तथा एसओजी की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

माँ के हाथों तीन वर्षीय मासूम की मौत, बलदेव पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

Mathura News

Mathura Samachar

मथुरा। थाना बलदेव क्षेत्र के गांव छौली में तीन वर्षीय मासूम की मौत के मामले में पुलिस ने मां के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ महावन संजीव कुमार राय  के अनुसार प्रथम दृष्टया पूछताछ में सामने आया है कि बच्चे की मां ने उसे शांत कराने के दौरान कथित रूप से गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक 27 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गांव छौली निवासी गोविंद गुप्ता ने बताया कि उनके भाई की पत्नी ने अपने तीन वर्षीय पुत्र की गला दबाकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलदेव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर परिजनों से जानकारी जुटाई।
जांच में पता चला कि घटना 28 जून 2026 की है। पुलिस के अनुसार बच्चे की मां रुचि गुप्ता ने पूछताछ में बताया कि बच्चा खेलते समय शरारत कर रहा था। उसे रोकने और डांटने के दौरान कथित रूप से उसका गला दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने अपने पति को केवल इतना बताया कि बच्चा उठ नहीं रहा है। पति बच्चे को उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में बच्चे का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि बाद में महिला ने अपने पति के सामने घटना स्वीकार की, जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना बलदेव में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

July 26, 2026

लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित हुई महावन बांगर ग्राम पंचायत

मथुरा। पाञ्चजन्य सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर को उत्कृष्ट विकास कार्यों, नवाचारों एवं जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार से सम्मानित किया गया। ग्राम पंचायत ने जनपद मथुरा में लगातार दूसरी बार प्रथम स्थान प्राप्त कर यह उपलब्धि अपने नाम की।
समारोह में ग्राम पंचायत महावन बांगर के ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) चिंटू कुमार कुन्तल को जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह (आईएएस) ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद हेमा मालिनी की अध्यक्षता में विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट तथा विधायक राजेश चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता (आईएएस), जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे तथा जिला पंचायत राज अधिकारी धनंजय जायसवाल ने भी पुरस्कार प्रदान कर टीम का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उपायुक्त मनरेगा विजय कुमार पाण्डेय, परियोजना निदेशक अरुण कुमार उपाध्याय, बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति, जनपद के सभी खंड विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), ग्राम प्रधान, सचिव, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
यह सम्मान ग्राम पंचायत महावन बांगर में हुए समग्र विकास, स्वच्छता, जनसहभागिता और पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट कार्यों की पहचान है। इस अवसर पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामवासियों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्राम पंचायत की यह उपलब्धि पूरे जनपद के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बनी है।

July 25, 2026

मथुरा में दिनदहाड़े 80-85 लाख के सोने की लूट, व्यापारी के कर्मचारी को बनाया निशाना

गोवर्धन चौराहे के पास वारदात, एसएसपी समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे, कई टीमें जांच में जुटीं
मथुरा। थाना हाईवे क्षेत्र में दिल्ली हाईवे स्थित गोवर्धन चौराहे के निकट रविवार को दिनदहाड़े बदमाशों ने एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बाइक सवार बदमाशों ने एक व्यापारी के कर्मचारी से करीब 80 से 85 लाख रुपये मूल्य का सोना लूट लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सूत्रों के अनुसार, गोवर्धन चौराहे से लगभग 200 मीटर दूर जैन मंदिर के सामने राजस्थान निवासी व्यापारी के कर्मचारी गौरव से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की धातु से भरा बैग लूट लिया। वारदात व्यस्त दिल्ली हाईवे पर होने से लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी), एसपी सिटी, क्षेत्राधिकारी (सीओ), थाना हाईवे पुलिस, स्वाट और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान कर्मचारी समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस सभी पहलुओं, जिनमें संभावित आंतरिक संलिप्तता भी शामिल है, पर जांच कर रही है। हालांकि पुलिस की ओर से अभी तक किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
एसएसपी के निर्देश पर बदमाशों की तलाश के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। पुलिस दिल्ली हाईवे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके फरार होने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के जल्द खुलासे के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।
« Newer PostsOlder Posts »