Web News

www.upwebnews.com

मासूम पर मौत बनकर गिरा आश्रम का गेट

May 12, 2026

मासूम पर मौत बनकर गिरा आश्रम का गेट

मैनपुरी। शहर के खरगजीत नगर मोहल्ले में रविवार रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। पिता के साथ ऋषि आश्रम घूमने गए पांच वर्षीय मासूम आरव उर्फ शनी की लोहे का भारी गेट गिरने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार सदर कोतवाली क्षेत्र के खरगजीत नगर निवासी शिव कुमार स्वास्थ्य विभाग में संविदाकर्मी हैं। वह अपने बेटे आरव को साथ लेकर पास स्थित ऋषि आश्रम गए थे। आश्रम परिसर में कई बच्चे खेल रहे थे और आरव भी खेलते-खेलते अहाते में लगे लोहे के गेट के पास पहुंच गया। इसी दौरान अचानक भारी लोहे का गेट पिलर समेत मासूम के ऊपर पलट गया। बेटे की चीख सुनते ही पिता शिव कुमार दौड़ पड़े। आश्रम में मौजूद लोगों की मदद से किसी तरह गेट हटाकर बच्चे को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घर पहुंचते ही मोहल्ले में भी मातम पसर गया। मां का रो-रोकर बुरा हाल था, जबकि पिता सदमे में दिखाई दिए। घटना की सूचना मिलने के बाद शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
मृतक के पिता शिव कुमार ने हादसे के पीछे निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गेट को सही तरीके से नहीं लगाया गया था। गेट में मजबूत पिलर और सरिया का इस्तेमाल नहीं किया गया था, बल्कि सिर्फ ईंट और सीमेंट के सहारे उसे खड़ा कर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार की लापरवाही की वजह से उनके बेटे की जान चली गई।
परिजनों का कहना है कि अगर गेट मजबूत तरीके से लगाया गया होता तो यह हादसा नहीं होता। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों की जांच कराने की मांग उठाई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और परिजनों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है

May 10, 2026

मैनपुरी पुलिस ने दबोचे तीन साइबर ठग

नौकरी इन्वेस्टमेंट और ट्रेडिंग के नाम पर करते थे ठगी
मैनपुरी
साइबर क्राइम थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अंतर्राज्यीय साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी नौकरी, ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर लोगों से ठगी करते थे। इनके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से एनसीआरपी पोर्टल पर कई शिकायतें दर्ज थीं जांच के दौरान पश्चिम बंगाल के पुरूलिया निवासी सौरभ बनर्जी की शिकायत सामने आई, जिसमें उनके एचडीएफसी बैंक खाते से साइबर ठगी की रकम निकाले जाने की जानकारी मिली थी।पुलिस ने बैंक खातों और तकनीकी साक्ष्यों की गहन जांच की, जिसमें मैनपुरी के कई खातों का इस्तेमाल सामने आया। इसी आधार पर साइबर सेल ने ग्राम गढ़िया जाने वाले रोड से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान प्रियांशू तोमर, अमन तोमर और अवनीश के रूप में हुई है, जो सभी थाना बेबर क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के बैंक खातों से एनसीआरपी पोर्टल पर दर्ज कई शिकायतें जुड़ी मिली हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे संगठित तरीके से देशभर के लोगों को नौकरी लगवाने, ऑनलाइन ट्रेडिंग और इन्वेस्टमेंट का लालच देकर अपने जाल में फंसाते थे। ठगी से प्राप्त रकम को वे अलग-अलग बैंक खातों में ट्रांसफर कर आपस में बांट लेते थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 हजार 180 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक एटीएम कार्ड और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। इस मामले में थाना साइबर क्राइम मैनपुरी पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
एसपी ग्रामीण अभिषेक तिवारी ने बताया कि साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आम लोग किसी भी लुभावने ऑफर, ऑनलाइन नौकरी, ट्रेडिंग:
या इनवेस्टमेंट के नाम पर बिना जांच-पड़ताल के पैसे ट्रांसफर न करें। किसी भी साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

May 8, 2026

जिलाधिकारी ने 24.61 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण  

Mainpuri samachar UP Web News

Posted on 08.05.2026 Time 10.48 PM, Friday, News Source: DS Tiwari Correspondent UP Samachar Sewa, Manipuri

मैनपुरी।  जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने रु. 24.61 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन बहुद्देशीय हॉल, प्रेक्षागृह, सांस्कृतिक केंद्र एवं रू. 38 करोड़ की लागत से निर्माणाधीन संग्रालय के कार्य का मौके पर जाकर स्थलीय निरीक्षण करते हुए कार्यदायी संस्था सी.एन.डी.एस. के सहायक परियोजना प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता, मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंता से फॉल सीलिंग कार्य में प्रयुक्त जीआई शीट, रबर वॉशर एवं जीआई वॉशर की गुणवत्ता पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक पॉइंट पर उच्च गुणवत्ता वाले रबर, जीआई वॉशर अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, जिससे भविष्य में पानी के रिसाव एवं सीपेज की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होने कहा कि छोटे-छोटे ड्रिल होल से कुछ समय बाद पानी का रिसाव शुरू हो जाता है, जिससे पूरी फॉल सीलिंग प्रभावित होती है, निर्माण कार्य में एंटी-रस्ट कोटिंग अत्यंत महत्वपूर्ण है, बिना उचित एंटी-रस्ट ट्रीटमेंट एवं प्राइमर कोटिंग के लोहे की संरचनाओं में जंग लगने की संभावना बढ़ जाती है, जिससे संपूर्ण संरचना की मजबूती प्रभावित हो सकती है इसलिए लोहे के गाटर, सपोर्ट एवं फिक्सिंग पार्ट्स को पूर्ण एंटी-रस्ट ट्रीटमेंट के बाद ही स्थापित किया जाए, जिन हिस्सों में वेल्डिंग हुई है, वहां विशेष रूप से दोबारा एंटी-रस्ट कोटिंग करायी जाए।
       श्री त्रिपाठी ने निरीक्षण में कुछ स्थानों पर टाई बार की असमान स्थिति एवं टेढ़े-मेढ़े एलाइनमेंट पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि कार्यदायी संस्था के अभियंता को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी टाई बार की पुनः जांच कर आवश्यकता अनुसार सुधार कराया जाए, टाई बार ही संपूर्ण भार को संतुलित एवं वितरित करने का कार्य करते हैं, इसमें किसी भी प्रकार की तकनीकी कमी भविष्य में गंभीर संरचनात्मक समस्या उत्पन्न कर सकती है। उन्होने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के अभियंता को आदेशित करते हुए कहा कि कार्य में केवल स्वीकृत एवं मानक गुणवत्ता की सामग्री का ही उपयोग किया जाए, किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न हो। उन्होने कहा कि निर्माण कार्य केवल वर्तमान उपयोग को ध्यान में रखकर नहीं बल्कि दीर्घकालिक स्थायित्व को ध्यान में रखते हुए किया जाए, सभागार में बैठने की क्षमता, दृश्यता को लेकर भी तकनीकी परीक्षण कराया जाये, अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति को भी स्टेज स्पष्ट रूप से दिखाई दे, कुर्सियां लगाकर वास्तविक स्थिति का परीक्षण कराया जाये यदि आवश्यक हो तो स्टेज की ऊंचाई, एलीवेशन में तकनीकी संशोधन कर दर्शकों के लिए बेहतर दृश्यता सुनिश्चित की जाए।
             उन्होने कार्यदायी संस्था के अभियंता को निर्देश दिए कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए मल्टीपर्पज उपयोग, वॉल पैनलिंग, ग्लास स्ट्रक्चर, पर्दा व्यवस्था एवं अन्य इंटीरियर कार्यों का समन्वित प्लान तैयार किया जाए, जिससे भवन उपयोगी, सुरक्षित एवं आकर्षक स्वरूप में विकसित हो सके। उन्होने कहा कि वीआईपी मूवमेंट एवं विशेष अतिथियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वीआईपी रूम, प्रवेश मार्ग एवं संबंधित सुविधाओं हेतु वीआईपी रूम के आसपास उपलब्ध अतिरिक्त स्थान का बेहतर उपयोग किया जाये, उक्त क्षेत्र में सुव्यवस्थित पेंट्री एवं वॉशिंग एरिया विकसित किया जाए, जिससे आगंतुकों एवं विशिष्ट अतिथियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें साथ ही ग्रीन रूम, कलाकारों के चेंजिंग रूम तथा सुरक्षा व्यवस्था को भी व्यवस्थित एवं कार्यात्मक बनाने के निर्देश दिए। उन्होने प्रेक्षागृह, बहुद्देशीय हॉल के निरीक्षण के दौरान पाया कि अनुबन्ध लागत् के सापेक्ष कार्यदायी संस्था को अब तक रू. 15 करोड़ अवमुक्त किया गया है, जिसके सापेक्ष अब तक रू. 14.50 करोड़ की धनराशि व्यय हो चुकी है, प्रस्तावित कार्य मुख्य भवन, ऑडिटोरियम एवं बहुद्देशीय हॉल का निर्माण कार्य प्रस्तावित है, जिसके अन्तर्गत 800 क्षमता का ऑडिटोरियम, साउण्ड सिस्टम, स्टेज लइटिंग, कर्टेन, स्टेप लाइटिंग, कार्पेट फ्लोरिंग, स्टेज पर बुडिंग फ्लोरिंग, जलापूर्ति, विद्युतीकरण एवं बहुद्देशीय हॉल सम्मिलित है, संग्रालय हेतु स्वीकृत रू. 38 करोड़ के सापेक्ष अब रू. 20 करोड़ अवमुक्त हो चुका है। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी नेहा बंधु, परियोजना निदेशक डी.आर.डी.ए. सत्येन्द्र सिंह, कार्यदायी संस्था के अभियंता आदि उपस्थित रहे।

अवैध कब्जे के खिलाफ चला अभियान, जमीनें कब्जा मुक्त कराई

Mainpuri samachar UP Web News

Posted on 08.05.2026 Time 10.44 PM, Friday, News Source: DS Tiwari Correspondent UP Samachar Sewa, Manipuri

मैनपुरी/किशनी। सरकार की मंशानुसार राजस्व कर्मियों ने आधा दर्जन गांव में कब्जा मुक्त अभियान चलाया जिसमें कई चकमार्ग और तालाबों को कब्जा मुक्त किया गया अभियान से कब्जा धारीयों में खलवली मची रही एसडीएम  गोपाल शर्मा ने कहा है कि अभियान लगातार जारी रहेगा।
एसडीएम गोपाल शर्मा ने बताया कि समान में  गाटा संख्या 2710 में तालाब पर अवैध कब्जा हटवाया जटपुरा में जेके ब्रिक फील्ड भट्ठा को पॉल्यूशन परमिशन न होने के कारण हाई कोर्ट के आदेश पर बंद कराया गया।जगतपुर 119 तालाब की जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया बही होली स्थान की जमीन को खाली कराया गया। दबंग चक मार्ग को खेत में जोत रहे थे जिसे खाली कराया गया चितायन निवासी कटोरी देवी के पट्टे पर कब्जा था जिसे नाप जोख कर मुक्त कराया गया धर्मनेर में मरघट ओर चक मार्ग को कब्जा मुक्त कराया गया डडोस में गाटा संख्या 593 चक मार्ग  जो 1970 से कब्जा किया था को  मुक्त कराया गया बही गांव निवासी सुनील कुमार को कब्जा दिलाया गया।

May 7, 2026

महिलाओं की सुरक्षा केन्द्र-प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- सदस्य महिला आयोग

मैनपुरी। सदस्य राज्य महिला आयोग मीना कुमारी ने महिला जन-समस्या के समाधान हेतु जन-सुनवाई कार्यक्रम में पीड़ित महिलाओं की समस्याएं सुनने के दौरान उपस्थित अधिकारियों विशेष तौर पर पुलिस विभाग के अधिकारियों से कहा कि महिला उत्पीड़न के प्रकरण में तुरंत कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बालिकाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन केंद्र-प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है, केंद्र-प्रदेश सरकार ने अधिकांश योजनाएं मुखिया महिला को ध्यान में रख योजनाएं संचालित की हैं। उन्होने कहा कि विभिन्न प्रकरणों में पीडित महिलाओं की समस्याओं के त्वरित निस्तारण हेतु प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें न्याय दिलाने के उददेश्य से जनपद स्तर पर महिला जन-सुनवाई कार्यक्रम आयोजित कर उनकी समस्याओं का प्राथमिकता पर निदान कराया जा रहा है, घरेलू हिंसा एवं अन्य प्रकरणों में पीड़ित महिलाओं, बालिकाओं को तत्काल न्याय दिलाने के लिए आयोग की सदस्य जनपदों का भ्रमण कर पीड़ित महिलाओं की समस्याओं का निदान करा रही हैं।
आज जन-सुनवाई के दौरान मु. सोतियाना नि. ज्योति कश्यप ने बेटे की हत्या के मामले में पुलिस द्वारा निष्पक्ष जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी कराने, ग्राम आलीपुर पट्टी नि. इन्द्रमती ने अपने पति, परिवारीजनों द्वारा प्रताड़ित किये जाने, ग्राम जसरऊ नि. नीलम ने ग्राम के व्यक्ति द्वारा झूठे एससी, एसटी मुकद्मे में फसाने का प्रयास किये जाने, गुलाब बाग नि. शालिनी ने ससुरालीजनों द्वारा अतिरिक्त दहेज की मांग किये जाने, खरगजीत नगर तनीषा मिश्रा ने पति व ससुरालीजनों द्वारा मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किये जाने की शिकायत, मांग अपने प्रार्थना पत्रों के माध्यम से महिला आयोग की सदस्य के सम्मुख प्रस्तुत की, जिस पर उन्होने सम्बन्धित अधिकारियों को पृष्ठाकिंत कर त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।
सदस्य महिला आयोग ने द्वितीय सत्र में शिवसिंहपुर के आंगनबाड़ी केंद्र पर ग्राम चौपाल कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं से संवाद करते हुए कहा कि उन्होने कहा कि बेटी के जन्म से लेकर विवाह तक सारी जिम्मेदारियां प्रदेश सरकार ने अपने कंधों पर ली है, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना में बेटी के जन्म से लेकर उच्च शिक्षा तक समय-समय पर धनराशि उपलब्ध करायी जा रही हैं वहीं गरीब परिवार की वयस्क बेटियों की शादी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत सरकारी खर्चे पर भव्य समारोह में करायी जा रही हैं। उन्होने कहा कि संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी कर लाभ उठाएं, वर्तमान में केन्द्र-प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को केन्द्रबिन्दु रख योजनाओं का क्रियान्वयन किया जा रहा है। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नारी शक्ति बंदन अधिनियम 2026 संसद में प्रस्तुत किया गया लेकिन महिला विरोधी पार्टियों के द्वारा सहयोग न करने से वह पारित नहीं हो सका, जिसके कारण महिलाओं को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पा रहा है उन्होंने आह्वान किया कि मोदी सरकार के द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम को महिलाओं के हित में पुनः संसद से पारित करवाया जाएगा जिससे कि महिलाएं पंचायत की तरह विधान सभाओं और संसद में जाकर नीति-निर्माण में भागीदार बन सकेंगी।
सदस्य महिला आयोग ने अन्नप्रासन्न योजनान्तर्गत लवकुश पुत्र धीरेंद्र एवं गुड़िया पुत्री पंकज को ऊपरी आहार खिलाया वहीं खुशबू पत्नी धीरेंद्र एवं शब्बी पत्नी विमलेश की गोद भराई की गयी, निःशुल्क पाठ्य पुस्तक योजनान्तर्गत ग्राम के विद्यालय के छात्रों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करायीं। ग्राम चौपाल में बाल विकास एवं पुष्टाहार, बेसिक शिक्षा, समाज कल्याण सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर अपने-अपने विभाग की संचालित योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गयी, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा परंपरागत तरीके से एवं प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नगर संतोष कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी अनिल कुमार वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी अशोक मिश्रा, जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक कुमार, जिला प्रोबेशन अधिकारी राजनाथ राम, बाल विकास परियोजना अधिकारी हरिओम बाजपेयी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी चन्द्रपाल, प्र. निरीक्षक महिला थाना हेमलता सिंह, महिला सहायता प्रकोष्ठ सविता सेंगर, सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी भी उपस्थित रहे, कार्यक्रम का संचालन बाल संरक्षण अधिकारी अल्का मिश्रा ने किया।

« Newer PostsOlder Posts »