मैनपुरी 4 जून उप्रससे। एलाऊ ब्लॉक के जागीर क्षेत्र के गांव नगला हुलासी में पिछले 10 दिनों से बिजली आपूर्ति ठप होने के कारण ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। गांव का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से पूरे गांव में अंधेरा छाया हुआ है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या का समाधान न होने पर बुधवार को ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर बिजली विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द ट्रांसफार्मर बदलवाने की मांग की। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली न रहने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है और रात के समय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी के चलते छोटे-छोटे बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं सबसे अधिक प्रभावित हैं। बिजली न होने से पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, जिससे बच्चों की तबीयत खराब हो रही है और कई लोग गर्मी से बीमार पड़ रहे हैं। किसानों और पशुपालकों को भी बिजली संकट के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर शीघ्र समाधान कराने की मांग की है। प्रदर्शन में योगेंद्र पाल, आशीष कुमार, सुनील सिंह, बलराम, रविंद्र सिंह, रामकिशन, ओमवती, सावन श्री, बिट्टी देवी, विनीता कुमारी सहित सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे।
