Web News

www.upwebnews.com

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं,10 वर्षीय मासूम को घर के बाहर से उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

November 9, 2026

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं,10 वर्षीय मासूम को घर के बाहर से उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी:उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के गोला वन रेंज से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूरा देश और क्षेत्र दिवाली के पावन पर्व के उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं गोला वन रेंज के अंतर्गत आने वाले जमुनाबाद फार्म क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।रविवार की शाम घर के बाहर खेल रहे 10 वर्षीय मासूम रोहित पुत्र लालू को एक आदमखोर तेंदुआ जबरन खींचकर गन्ने के खेत में ले गया।वन विभाग और पुलिस की रात भर चली सघन तलाशी अभियान के बाद सोमवार को सुबह मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को शाम जब घर में दिवाली के त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, तभी रोहित (10 वर्ष) घर के बाहर मौजूद था। इसी बीच घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक रोहित पर हमला कर दिया। तेंदुआ मासूम की टांग पकड़कर उसे पास के ही एक घने गन्ने के खेत की तरफ खींचने लगा। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत तेंदुए के पीछे दौड़े, लेकिन अंधेरे और गन्ने की ऊंची फसल का फायदा उठाकर तेंदुआ मासूम को काफी दूर घसीट ले गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्रीय वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वन विभाग के आला अधिकारियों के निर्देशन में रात भर रोहित की तलाश में गन्ने के खेतों में कांबिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सोमवार की सुबह रोहित का शव बेहद क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस हृदयविदारक घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे उनकी जान-माल को हमेशा खतरा रहता है। फिलहाल, वन विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी घटना की गहन जांच-पड़ताल में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है और क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग तेज हो गई है।

खाकी का मानवीय चेहरा,पुलिस अफसरों ने जरूरतमंदों संग मनाई दीपावली, बांटी खुशियां

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।दीपावली के पावन अवसर पर लखीमपुर खीरी पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों के प्रभारियों ने न केवल मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई, बल्कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके त्योहार को रोशन किया। वर्दीधारियों को अपने बीच खुशियां बांटते देख जिले के तमाम जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे।रविवार को ताजपुर चौकी प्रभारी दिनेश पांडे का मानवीय चेहरा देखने को मिला। उन्होंने अपने चौकी क्षेत्र का सघन भ्रमण किया और वहां रहने वाले गरीब, बेसहारा व जरूरतमंद परिवारों के बीच नए कपड़े और मिठाइयां वितरित कीं। पुलिस को अपने सुख-दुख में शामिल देख स्थानीय लोगों ने राहत और खुशी महसूस की। बता दें कि दिनेश पांडे इससे पूर्व जब रामापुर चौकी प्रभारी थे, तब भी वे लगातार इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़कर गरीबों की मदद करते रहे हैं। कर्तव्य पालन के साथ-साथ उनकी इस संवेदनशील पहल की स्थानीय जनता भूरि-भूरि प्रशंसा कर रही है।इसी क्रम में खीरी थाना प्रभारी बृजेश मिश्र ने भी मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। दीपावली के मौके पर वे खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबियन पुरवा पहुंचे। उन्होंने वहाँ के अत्यंत जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों से मुलाकात कर उन्हें मिठाई भेंट की और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। थाना प्रभारी की इस पहल से ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। त्योहार की खुशियां अपनों की तरह साझा कर उन्होंने समाज में पुलिस की एक सकारात्मक छवि का संदेश दिया।सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह दीपावली पर कुष्ठ आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में रह रहे परिवारों और बच्चों के बीच मिठाइयां, पटाखे और दैनिक जरूरत का सामान वितरित किया। उन्होंने बच्चों के साथ खुद समय बिताया और उनके साथ दीपावली की खुशियां बांटीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजेश सिंह की यह पहल साबित करती है कि यदि वर्दी की जिम्मेदारी के साथ दिल में इंसानियत भी हो, तो त्योहार की रोशनी कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे संवेदनशील पुलिस अधिकारियों को हर कोई सलाम कर रहा है।

त्योहार पर मुस्तैद रही पुलिस, खीरी टाउन को जाम से दिलाई मुक्ति

एक तरफ जहाँ पुलिस मानवीय सरोकार निभा रही थी, वहीं दूसरी तरफ कानून और व्यवस्था को लेकर भी बेहद सख्त रही। प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी बृजेश कुमार मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद कस्बा खीरी को त्योहार के दौरान जाम से पूरी तरह मुक्त रखा गया।चौकी प्रभारी कस्बा खीरी शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार चौराहे सहित पूरे कस्बे में भ्रमणशील रही। त्योहार की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस की मुस्तैदी के चलते कहीं भी जाम की स्थिति पैदा नहीं होने पाई, जिससे आम जनता ने राहत की सांस ली। इस दौरान कांस्टेबल रजनीश प्रताप सिंह, विवेक चतुर्वेदी, आकाश प्रजापति और आशुवीर सिंह पूरी शिद्दत से अपनी ड्यूटी पर तैनात रहे।एक तरफ सुरक्षा का कड़ा पहरा और दूसरी तरफ मानवता का हाथ की पूरे जिले में जमकर सराहना हो रही है।

मैलानी-पलिया हाईवे पर दुकान में लगी आग, स्पेयर पार्ट्स और फल से लदे दो ठेले जलकर राख

उ प्र समाचार सेवा

देर रात करीब 12 बजे हुई घटना, आग की चपेट में आने से दुकानदारों को हुआ नुकसान

मैलानी खीरी:मैलानी थाना क्षेत्र में खुटार-पलिया नेशनल हाईवे पर सोमवार देर रात करीब 12 बजे एक मोटरसाइकिल मरम्मत की दुकान में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग अयूब मिस्त्री की दुकान में अज्ञात कारणों से लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दुकान में रखे मोटरसाइकिल के स्पेयर पार्ट्स को अपनी चपेट में ले लिया।इसी दौरान दुकान के अंदर खड़े वार्ड नंबर 7 निवासी राजकुमार राठौर के फल से लदे दो ठेले भी आग की चपेट में आ गए। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के सामान और दोनों ठेलों को संभालने का मौका तक नहीं मिला। कुछ ही देर में स्पेयर पार्ट्स और फल से लदे दोनों ठेले जलकर राख हो गए।देर रात हाईवे किनारे दुकान में आग लगने की घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। घटना में दुकान और ठेलों में रखे सामान के नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

बच्चों के विवाद को लेकर लाठी-डंडों और तलवार से हमला, चार लोग गंभीर रूप से घायल

उ प्र समाचार सेवा

मोहम्मदी खीरी:कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हरना नरायनपुर में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।पीड़ित कमलेश सिंह पुत्र रामचंद्र सिंह ने कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 8 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे की है। पीड़ित कमलेश सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर गांव के ही दबंग कमलेश सिंह पुत्र बलराम सिंह, शानू सिंह पुत्र दिनेश सिंह, संगम सिंह पुत्र रामवीर सिंह और सुखदेव पुत्र इंद्रपाल सिंह ने उनके घर के सामने आकर गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो पहले से ही घात लगाकर बैठे उक्त आरोपियों ने लाठी-डंडों धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।चीख-पुकार सुनकर पीड़ित को बचाने दौड़े अशोक सिंह पुत्र राजेश सिंह और रमेश पुत्र रामपाल सिंह को भी दबंगों ने बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने डंडों और धारदार हथियार से मारकर तीनों को लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल अशोक सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान आरोपी शानू सिंह के हाथ में नंगी तलवार भी देखी गई।हिंसा यहीं नहीं रुकी इसी बीच अपने दरवाजे पर खड़े ग्रामीण सत्यभान सिंह पुत्र रामपाल सिंह को भी दबंगों ने नहीं बख्शा।जबकि सत्यभान का इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना नहीं था, आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं और संगम सिंह ने उनके सिर पर ईंट दे मारी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मोहम्मदी कोतवाली में नामजद तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

November 7, 2026

आतिशबाजी के साथ 15 दिवसीय ऐतिहासिक दशहरा मेले का समापन, समाजसेवी और पत्रकार हुए सम्मानित

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी। जनपद के ऐतिहासिक दशहरा मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुक्रवार की रात भव्य आतिशबाजी के साथ समापन हो गया। नगर पालिका परिषद लखीमपुर द्वारा आयोजित इस 15 दिवसीय मेले के समापन अवसर पर उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस विभाग और नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल संचालन और विशिष्ट सहयोग के लिए जाने-माने समाजसेवी एवं साहित्यकार राम मोहन गुप्त ‘अमर’ को ‘विशिष्ट सम्मान’ से नवाजा गया। उन्होंने 15 दिनों तक चले इस आयोजन के उद्घाटन सत्रों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का कुशलतापूर्वक संचालन किया था।समापन समारोह के दौरान रंगारंग और सुरक्षित आतिशबाजी का प्रदर्शन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में नगरवासी उमड़े। इसके बाद नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, अधिशासी अधिकारी संजय कुमार, मेलाध्यक्ष रवींद्र रावत ‘डब्बू’ और मेलाधिकारी समरा सईद सहित विभिन्न सभासदों ने मंच से सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी ने मेले को शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन, पुलिस बल, जागरूक दुकानदारों, मीडिया कर्मियों और सम्मानित नगर वासियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

« Newer Posts — Older Posts »