उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी।दीपावली के पावन अवसर पर लखीमपुर खीरी पुलिस का एक बेहद संवेदनशील और मानवीय चेहरा सामने आया है। जिले के विभिन्न थानों और चौकियों के प्रभारियों ने न केवल मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाई, बल्कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों के बीच पहुंचकर उनके त्योहार को रोशन किया। वर्दीधारियों को अपने बीच खुशियां बांटते देख जिले के तमाम जरूरतमंदों के चेहरे खिल उठे।रविवार को ताजपुर चौकी प्रभारी दिनेश पांडे का मानवीय चेहरा देखने को मिला। उन्होंने अपने चौकी क्षेत्र का सघन भ्रमण किया और वहां रहने वाले गरीब, बेसहारा व जरूरतमंद परिवारों के बीच नए कपड़े और मिठाइयां वितरित कीं। पुलिस को अपने सुख-दुख में शामिल देख स्थानीय लोगों ने राहत और खुशी महसूस की। बता दें कि दिनेश पांडे इससे पूर्व जब रामापुर चौकी प्रभारी थे, तब भी वे लगातार इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़कर गरीबों की मदद करते रहे हैं। कर्तव्य पालन के साथ-साथ उनकी इस संवेदनशील पहल की स्थानीय जनता भूरि-भूरि प्रशंसा कर रही है।इसी क्रम में खीरी थाना प्रभारी बृजेश मिश्र ने भी मानवीय संवेदनशीलता की अनूठी मिसाल पेश की। दीपावली के मौके पर वे खीरी थाना क्षेत्र के ग्राम धोबियन पुरवा पहुंचे। उन्होंने वहाँ के अत्यंत जरूरतमंद एवं गरीब परिवारों से मुलाकात कर उन्हें मिठाई भेंट की और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। थाना प्रभारी की इस पहल से ग्रामीणों के चेहरों पर मुस्कान बिखर गई। त्योहार की खुशियां अपनों की तरह साझा कर उन्होंने समाज में पुलिस की एक सकारात्मक छवि का संदेश दिया।सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह दीपावली पर कुष्ठ आश्रम पहुंचे। उन्होंने आश्रम में रह रहे परिवारों और बच्चों के बीच मिठाइयां, पटाखे और दैनिक जरूरत का सामान वितरित किया। उन्होंने बच्चों के साथ खुद समय बिताया और उनके साथ दीपावली की खुशियां बांटीं। स्थानीय लोगों का कहना है कि राजेश सिंह की यह पहल साबित करती है कि यदि वर्दी की जिम्मेदारी के साथ दिल में इंसानियत भी हो, तो त्योहार की रोशनी कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे संवेदनशील पुलिस अधिकारियों को हर कोई सलाम कर रहा है।
त्योहार पर मुस्तैद रही पुलिस, खीरी टाउन को जाम से दिलाई मुक्ति
एक तरफ जहाँ पुलिस मानवीय सरोकार निभा रही थी, वहीं दूसरी तरफ कानून और व्यवस्था को लेकर भी बेहद सख्त रही। प्रभारी निरीक्षक थाना खीरी बृजेश कुमार मिश्रा के कड़े निर्देशों के बाद कस्बा खीरी को त्योहार के दौरान जाम से पूरी तरह मुक्त रखा गया।चौकी प्रभारी कस्बा खीरी शुभम प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार चौराहे सहित पूरे कस्बे में भ्रमणशील रही। त्योहार की भारी भीड़ के बावजूद पुलिस की मुस्तैदी के चलते कहीं भी जाम की स्थिति पैदा नहीं होने पाई, जिससे आम जनता ने राहत की सांस ली। इस दौरान कांस्टेबल रजनीश प्रताप सिंह, विवेक चतुर्वेदी, आकाश प्रजापति और आशुवीर सिंह पूरी शिद्दत से अपनी ड्यूटी पर तैनात रहे।एक तरफ सुरक्षा का कड़ा पहरा और दूसरी तरफ मानवता का हाथ की पूरे जिले में जमकर सराहना हो रही है।
