उ प्र समाचार सेवा
मोहम्मदी खीरी:कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत हरना नरायनपुर में बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों और तलवार से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें बीच-बचाव करने आए ग्रामीणों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।घायलों में से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।पीड़ित कमलेश सिंह पुत्र रामचंद्र सिंह ने कोतवाली प्रभारी को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।शिकायती पत्र के अनुसार, घटना 8 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:00 बजे की है। पीड़ित कमलेश सिंह ने बताया कि बच्चों के विवाद को लेकर गांव के ही दबंग कमलेश सिंह पुत्र बलराम सिंह, शानू सिंह पुत्र दिनेश सिंह, संगम सिंह पुत्र रामवीर सिंह और सुखदेव पुत्र इंद्रपाल सिंह ने उनके घर के सामने आकर गंदी-गंदी गालियां देना शुरू कर दिया।जब पीड़ित ने गाली देने से मना किया, तो पहले से ही घात लगाकर बैठे उक्त आरोपियों ने लाठी-डंडों धारदार हथियार से उन पर हमला कर दिया।चीख-पुकार सुनकर पीड़ित को बचाने दौड़े अशोक सिंह पुत्र राजेश सिंह और रमेश पुत्र रामपाल सिंह को भी दबंगों ने बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने डंडों और धारदार हथियार से मारकर तीनों को लहूलुहान कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल अशोक सिंह की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।पीड़ित का कहना है कि घटना के दौरान आरोपी शानू सिंह के हाथ में नंगी तलवार भी देखी गई।हिंसा यहीं नहीं रुकी इसी बीच अपने दरवाजे पर खड़े ग्रामीण सत्यभान सिंह पुत्र रामपाल सिंह को भी दबंगों ने नहीं बख्शा।जबकि सत्यभान का इस पूरे विवाद से कोई लेना-देना नहीं था, आरोपियों ने उन्हें भी गालियां दीं और संगम सिंह ने उनके सिर पर ईंट दे मारी, जिससे वह भी गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने मोहम्मदी कोतवाली में नामजद तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
