Web News

www.upwebnews.com

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं,10 वर्षीय मासूम को घर के बाहर से उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

November 9, 2026

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं,10 वर्षीय मासूम को घर के बाहर से उठा ले गया तेंदुआ, गन्ने के खेत में मिला क्षत-विक्षत शव

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी:उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले के गोला वन रेंज से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। जहां पूरा देश और क्षेत्र दिवाली के पावन पर्व के उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं गोला वन रेंज के अंतर्गत आने वाले जमुनाबाद फार्म क्षेत्र में एक परिवार की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं।रविवार की शाम घर के बाहर खेल रहे 10 वर्षीय मासूम रोहित पुत्र लालू को एक आदमखोर तेंदुआ जबरन खींचकर गन्ने के खेत में ले गया।वन विभाग और पुलिस की रात भर चली सघन तलाशी अभियान के बाद सोमवार को सुबह मासूम का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ है।ग्रामीणों से मिली जानकारी के मुताबिक रविवार को शाम जब घर में दिवाली के त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, तभी रोहित (10 वर्ष) घर के बाहर मौजूद था। इसी बीच घात लगाए बैठे तेंदुए ने अचानक रोहित पर हमला कर दिया। तेंदुआ मासूम की टांग पकड़कर उसे पास के ही एक घने गन्ने के खेत की तरफ खींचने लगा। बच्चे के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर तुरंत तेंदुए के पीछे दौड़े, लेकिन अंधेरे और गन्ने की ऊंची फसल का फायदा उठाकर तेंदुआ मासूम को काफी दूर घसीट ले गया।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और क्षेत्रीय वन विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। वन विभाग के आला अधिकारियों के निर्देशन में रात भर रोहित की तलाश में गन्ने के खेतों में कांबिंग और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद सोमवार की सुबह रोहित का शव बेहद क्षत-विक्षत अवस्था में बरामद हुआ। मासूम की मौत की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।इस हृदयविदारक घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे उनकी जान-माल को हमेशा खतरा रहता है। फिलहाल, वन विभाग के उच्च अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरी घटना की गहन जांच-पड़ताल में जुटे हैं। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया जा रहा है और क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग तेज हो गई है।