Web News

www.upwebnews.com

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने जनसुनवाई में सुनीं नगरवासियों की समस्याएं

September 9, 2026

नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने जनसुनवाई में सुनीं नगरवासियों की समस्याएं

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर-खीरी।नगर पालिका परिषद, लखीमपुर-खीरी में बुधवार को आयोजित जनसुनवाई के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव ने नगरवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर नियमानुसार शीघ्र एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जलकल, निर्माण, सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण तथा गृहकर-जलकर से संबंधित कुल 16 प्रकरण प्राप्त हुए। इनमें पेयजल कनेक्शन, नाली एवं सड़क निर्माण/मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अवैध कब्जे एवं निर्माण तथा गृहकर-जलकर से जुड़ी समस्याएं शामिल रहीं।

अध्यक्ष ने अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरणों की जांच एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा शिकायतकर्ताओं को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जेई (सिविल) समरा सईद, जेई (जलकल) जितेन्द्र, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक मुरारी लाल एवं विशाल शुक्ला, निर्माण लिपिक यतेंद्र बहादुर तथा सर्वेयर अमित सोनी सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

September 8, 2026

पीलीभीत जाते समय लखीमपुर-खीरी बाईपास पर अनुपम मिश्रा का स्वागत

रालोद कार्यकर्ताओं ने किया फूल-मालाओं से अभिनंदन

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर-खीरी में मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकारी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा क्षेत्रीय अध्यक्ष तराई क्षेत्र पीके पाठक का लखीमपुर-खीरी जिले में स्थित एल आर पी बाईपास पर रालोद जिलाध्यक्ष पंडित शिव प्रसाद द्विवेदी के नेतृत्व में दर्जनों पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।
गौरतलब हो कि अनुपम मिश्रा व पी के पाठक पीलीभीत जिले में आयोजित रालोद कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान उनका काफिला खीरी जिले के एल आर पी बाईपास के पास पहुंचा, जहां पहले से बड़ी संख्या में रालोद कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे।

रालोद जिलाध्यक्ष फूल-माला पहनाकर किया स्वागत!

राष्ट्रीय लोक दल के कार्यकारी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा के काफिले के पहुंचते ही रालोद कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका भव्य स्वागत किया और नारे लगाकर अपनी खुशी जताई। अनुपम मिश्रा ने भी वाहन से हाथ हिलाकर कार्यकर्ताओं और समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।

काफी देर से इंतजार कर रहे थे कार्यकर्ता!

जिलाध्यक्ष पंडित शिव प्रसाद द्विवेदी की अगुवाई में रालोद कार्यकर्ता व पदाधिकारी अनुपम मिश्रा के स्वागत के लिए एल आर पी बाईपास के पास काफी देर से जुटे हुए थे। काफिले के पहुंचने पर सड़क पर कुछ समय के लिए भीड़ जमा हो गई। हालांकि, पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने यातायात व्यवस्था को नियंत्रित रखा और काफिले को सुरक्षित तरीके से आगे बढ़ाया स्वागत के बाद अनुपम मिश्रा का काफिला सुरक्षा व्यवस्था के बीच पीलीभीत जिले के लिए रवाना हो गया।

लखीमपुर खीरी की बैंक शाखाओं में कर्मचारियों ने काला बैज धारण कर किया प्रदर्शन

समान पीएलआई और पाँच दिवसीय बैंकिंग के आश्वासन पर टालमटोल से बैंक कर्मचारियों में रोष

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के आह्वान पर मंगलवार को लखीमपुर खीरी जनपद की विभिन्न बैंक शाखाओं में बैंक कर्मचारियों ने काला बैज धारण कर अपना विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों ने सरकार एवं संबंधित पक्षों द्वारा पूर्व में दिए गए आश्वासनों के बावजूद समान प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन तथा पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था के मुद्दों पर अपेक्षित निर्णय न लिए जाने और लगातार टालमटोल किए जाने पर नाराजगी व्यक्त की।प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने काला बैज लगाकर अपने कार्यस्थल पर विरोध दर्ज कराया। कर्मचारियों का कहना था कि बैंकिंग क्षेत्र देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और बैंक कर्मचारी प्रतिकूल परिस्थितियों में भी आम जनता, व्यापारियों, किसानों, छोटे उद्यमियों तथा अन्य ग्राहकों को निरंतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लंबे समय तक लंबित रखना उचित नहीं है।बैंक कर्मचारियों ने कहा कि पाँच दिवसीय बैंकिंग की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। बैंकिंग क्षेत्र में शनिवार को अवकाश सहित पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किए जाने को लेकर पूर्व में आश्वासन भी दिए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद इस दिशा में ठोस एवं अंतिम निर्णय में देरी की जा रही है। कर्मचारियों का कहना है कि आधुनिक बैंकिंग व्यवस्था, डिजिटल सेवाओं और ऑनलाइन बैंकिंग के व्यापक विस्तार के बावजूद बैंक कर्मचारियों को सप्ताह में छह दिन कार्य करना पड़ रहा है।इसी प्रकार समान पीएलआई के मुद्दे पर भी कर्मचारियों में असंतोष है। बैंक कर्मचारियों का कहना है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक देश के आर्थिक विकास, वित्तीय समावेशन और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों के योगदान को उचित प्रोत्साहन एवं समान पीएलआई के माध्यम से मान्यता मिलनी चाहिए।प्रदर्शन में कर्मचारियों ने कहा कि उनकी मांगें केवल कर्मचारियों के हित तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बेहतर कार्य परिस्थितियों और संतुलित कार्य-जीवन से जुड़ी हुई हैं। पाँच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था से कर्मचारियों को पर्याप्त विश्राम एवं पारिवारिक समय मिल सकेगा, जिससे कार्यक्षमता और बैंकिंग सेवाओं की गुणवत्ता में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।बैंक कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि काला बैज धारण कार्यक्रम सरकार एवं संबंधित अधिकारियों तक अपनी नाराजगी और अपेक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से पहुंचाने का माध्यम है। कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि सरकार बैंक कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेते हुए पूर्व में दिए गए आश्वासनों को मूर्त रूप देगी।कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि इन महत्वपूर्ण मुद्दों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं की गई तो बैंक कर्मचारी संगठन आगामी दिनों में अपने आंदोलन को और व्यापक करने के लिए बाध्य होंगे। कर्मचारियों ने सभी बैंककर्मियों से एकजुट रहकर संगठनात्मक कार्यक्रमों को सफल बनाने का आह्वान किया।लखीमपुर खीरी में आयोजित इस विरोध कार्यक्रम के दौरान विभिन्न बैंक शाखाओं के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी करते हुए एकजुटता, अनुशासन और शांतिपूर्ण विरोध का संदेश दिया। काला बैज धारण कर कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे अपनी जायज मांगों के समाधान के लिए संगठित रूप से संघर्ष जारी रखेंगे।

September 7, 2026

ट्रांसफार्मर से टकराई तेज रफ्तार कार आग लगने से तीन दोस्तों की मौत, तीन गंभीर घायल

लखीमपुर में भीषण सड़क हादसा

उ प्र समाचार सेवा

लखीमपुर खीरी।लखीमपुर-सीतापुर फोरलेन मार्ग पर सोमवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है।थाना खीरी की ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत कस्बा ओयल में एक तेज रफ्तार वरना कार अनियंत्रित होकर बिजली के ट्रांसफार्मर से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में भीषण आग लग गई। हादसे के वक्त कार में कुल 6 लोग सवार थे, जिनमें से 3 की उपचार के दौरान दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 07 सितंबर 2026 को रात करीब 02:00 बजे शिव कॉलोनी और राजापुर क्षेत्र के रहने वाले 6 दोस्त वरना कार से सीतापुर की तरफ जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह सभी देर रात चाय पीने के लिए निकले थे। जैसे ही कार ओयल कस्बे के पास पहुंची, अचानक चालक नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे सड़क किनारे रखे बिजली के ट्रांसफार्मर से जा टकराई।

फरिश्ता बनकर पहुंची ओयल पुलिस, शीशे तोड़कर निकाला बाहर

टक्कर लगते ही बिजली के ट्रांसफार्मर और कार में भीषण आग लग गई। लपटें इतनी तेज थीं कि कार सवार अंदर ही फंस गए। चीख-पुकार सुनकर घटना स्थल पर तत्काल ओयल पुलिस चौकी की टीम पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर जैसे-तैसे जलती हुई कार के शीशे तोड़े और गाड़ी में फंसे सभी 6 लोगों को बाहर निकाला। पुलिस ने तत्काल सभी को जिला अस्पताल ओयल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 3 लोगों को मृत घोषित कर दिया।
मृतक और घायलों की सूची:हादसे में जान गंवाने वाले (मृतक):आयुष कुमार (चालक) – पुत्र कौशल किशोर, निवासी: शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, खीरी।शिवा सिंह – पुत्र अज्ञात, निवासी: राजापुर, थाना कोतवाली सदर, खीरी।आकाश वर्मा – पुत्र अज्ञात, निवासी: पिपरिया बाईपास, थाना कोतवाली सदर, खीरी।
अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे (घायल):पीयूष सिंह – पुत्र शीशपाल सिंह, निवासी: शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, खीरी।अमन वर्मा – पुत्र स्वर्गीय अमर सिंह, निवासी: शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, खीरी।उत्कर्ष कस्तूभ – पुत्र रविंद्र कुमार, निवासी: शिव कॉलोनी, थाना कोतवाली सदर, खीरी।
हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार और ट्रांसफार्मर में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है। दुर्घटना के कारण फिलहाल क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद कर दी गई थी । मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था और वर्तमान में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह कायम है। पुलिस ने यातायात को सुचारू रूप से संचालित करवा दिया है और मामले की जांच की जा रही है।इससे पहले भी पलट चुका है ट्रक,कहीं लम्बा ब्रेकर तो नहीं बना कारण।

दलित बुजुर्ग महिला की मौत पर हंगामा,पुलिस की हीलाहवाली पड़ी भारी

मारपीट में घायल दलित बुजुर्ग महिला की इलाज के दौरान मौत,परिजनों का फूटा गुस्सा

उ प्र समाचार सेवा
ओयल खीरी:लखीमपुर खीरी के थाना खीरी की ओयल पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत सरैया से एक बेहद संवेदनशील और पुलिस प्रशासन को कटघरे में खड़ा करने वाला मामला सामने आया है। यहाँ एक विशेष समुदाय के लोगों द्वारा बेरहमी से पीटी गई एक दलित बुजुर्ग महिला की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला पिछले 20 दिनों से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही थी। महिला की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में भारी तनाव का माहौल है।

20 दिनों तक कानों में तेल डालकर बैठी रही पुलिस

मृतक महिला के पुत्र ने पुलिस प्रशासन पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित बेटे का कहना है कि वारदात के बाद से वह लगातार न्याय के लिए ओयल पुलिस चौकी और थाने के चक्कर काट रहा था, लेकिन पुलिस लगातार हीलाहवाली करती रही। मामले को रफा-दफा करने और टालने के लिए पुलिस ने 20 दिनों तक रिपोर्ट तक दर्ज नहीं की।
IGRS शिकायत का भी नहीं हुआ असर
परिजनों का आरोप है कि स्थानीय स्तर पर सुनवाई न होने के कारण उन्होंने आईजीआरएस (IGRS) पोर्टल और एप्लीकेशन के माध्यम से भी शिकायत दर्ज कराई थी। लेकिन खीरी पुलिस ने इस डिजिटल शिकायत पर भी 1% कार्रवाई करना मुनासिब नहीं समझा। पुलिस की इसी लापरवाही और शिथिलता के कारण आरोपियों के हौसले बुलंद रहे और आखिरकार समय पर इलाज व कानूनी संरक्षण न मिलने से बुजुर्ग महिला ने दम तोड़ दिया।

महिला की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, हड़कंप मच गया। आनन-फानन में भारी पुलिस बल मृतक महिला के दरवाजे पर पहुंच गया। परिजनों का कहना है कि जो पुलिस 20 दिनों तक सोती रही, वह आज बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके दरवाजे पर मूकदर्शक बनकर खड़ी है।एक तरफ जहां खीरी एसएसपी अपराधियों पर नकेल कसने और कानून व्यवस्था को सशक्त करने के बड़े-बड़े दावे करते हैं, वहीं जमीनी स्तर पर ओयल पुलिस की इस घोर लापरवाही ने पुलिसिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
अब मामला बढ़ता देख पुलिस के आला अधिकारी और स्थानीय पुलिस कर्मी परिजनों को समझाने-बुझाने और शांत कराने में जुटे हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि अगर यही सक्रियता पुलिस ने 20 दिन पहले दिखाई होती और आरोपियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया होता, तो आज एक बुजुर्ग महिला की जान बच सकती थी। परिजनों ने दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।बुजुर्ग महिला की जानकारी पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।

« Newer Posts — Older Posts »