Web News

www.upwebnews.com

मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर सादाबाद और शहर सीडीपीओ को नोटिस

August 11, 2026

मातृ वंदना योजना में लापरवाही पर सादाबाद और शहर सीडीपीओ को नोटिस

15 अगस्त तक 50 और 30 अगस्त तक 75 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश

हाथरस। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने पर बाल विकास परियोजना सादाबाद एवं शहर के संबंधित अधिकारियों को जिला कार्यक्रम अधिकारी की ओर से कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। साथ ही सभी बाल विकास परियोजना अधिकारियों को वार्षिक लक्ष्य का 50 प्रतिशत 15 अगस्त तक तथा 75 प्रतिशत 30 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।जिला कार्यक्रम अधिकारी ने सभी सीडीपीओ को निर्देशित किया है कि वे अपने स्तर से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पात्र लाभार्थियों के आवेदन इसी माह के अंत तक भरवाना सुनिश्चित कराएं। इसमें लापरवाही बरतने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्रावली प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।मुख्यालय स्तर से जनपद को प्राप्त 4490 के मासिक लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 4705 आवेदन भरवाए जा चुके हैं। इस प्रकार जनपद की प्रगति 104 प्रतिशत दर्ज की गई है।जिला कार्यक्रम अधिकारी ने पात्र गर्भवती एवं धात्री महिलाओं से योजना का लाभ लेने की अपील की है। पात्र महिलाएं आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपनी संबंधित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। योजना के तहत प्रथम बार मां बनने वाली पात्र महिला को दो किस्तों में 5000 रुपये तथा दूसरी संतान पुत्री होने पर पात्र महिला को एकमुश्त 6000 रुपये की सहायता राशि दी जाती है। योजना का उद्देश्य मातृ एवं शिशु के पोषण को बढ़ावा देने के साथ बालिका जन्म को प्रोत्साहित करना है।

डिजिटल अटेंडेंस के विरोध में शिक्षकों ने बीएसए को सौंपा ज्ञापन

शासन स्तर पर स्पष्ट नीति बनने तक हाथरस में व्यवस्था लागू नहीं करने की मांग

हाथरस। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ ने शिक्षकों, शिक्षामित्रों एवं अनुदेशकों की विभिन्न समस्याओं और अधिकारों को लेकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। संघ ने 31 जुलाई के कार्यालय आदेश के तहत लागू की जा रही ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति की प्रक्रिया का विरोध करते हुए इसे तत्काल स्थगित करने की मांग की।संघ पदाधिकारियों ने कहा कि 16 जुलाई 2024 को शासन स्तर पर यह निर्णय लिया गया था कि शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए गठित उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट आने तक ऑनलाइन डिजिटल उपस्थिति अग्रिम आदेशों तक स्थगित रहेगी। ऐसे में जनपद स्तर पर इसे लागू किया जाना शासन के निर्देशों के विपरीत है।शिक्षक संघ का कहना है कि पूरे प्रदेश में जब तक शासन स्तर से स्पष्ट और एकसमान नीति जारी नहीं होती, तब तक केवल हाथरस के शिक्षकों पर डिजिटल उपस्थिति थोपना उचित नहीं है। शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को नेटवर्क कनेक्टिविटी सहित आधारभूत ढांचागत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। बिना पर्याप्त तैयारियों के डिजिटल उपस्थिति लागू करने से विद्यालयों में पठन-पाठन प्रभावित होने की आशंका है।संघ ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से 31 जुलाई के आदेश के क्रियान्वयन को शिक्षक एवं जनहित में तत्काल स्थगित करने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में संतोष कुमार शर्मा, योगेंद्र कुमार शर्मा, वीरेंद्र कुमार सिंह, शशि कुलश्रेष्ठ, गोविंद रावत, अरुण शर्मा, शैलेंद्र चौहान, कृष्णकांत शर्मा, लाल बहादुर, कुलदीप सिंह, नरेश मीणा, सचिन शर्मा, अमित पचौरी, नितेश वार्ष्णेय, संतोष चौधरी, कन्हैया लाल शर्मा, गिरेंद्र सिंह, गौरव पचौरी, भगवानदास यादव, अमित शर्मा, जीतू शर्मा, प्रभाकर शर्मा, राजेश कुमार, प्रेमवीर सिंह, बीपी गौतम, संजीव शर्मा, मणिभूषण शर्मा, सुनील कुमार सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।संघ के जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार शर्मा ने कहा कि शिक्षक किसी तकनीक के विरोधी नहीं हैं, लेकिन शिक्षकों की व्यावहारिक समस्याओं और विशेषज्ञ समिति की रिपोर्ट के आधार पर प्रदेश स्तर पर एकसमान नीति बनने तक हाथरस में डिजिटल उपस्थिति लागू करने का विरोध जारी रहेगा। उन्होंने शासन के निर्देशों का सम्मान करते हुए आदेश को तत्काल वापस लेने की मांग की।

हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं: अतुल वत्स

जिलाधिकारी ने घरों पर तिरंगा फहराने और जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की

-जिलाधिकारी अतुल वत्स

हाथरस। जिलाधिकारी अतुल वत्स ने जनपदवासियों से हर घर तिरंगा अभियान के तहत अपने-अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की है। उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक होने के साथ प्रत्येक भारतीय के गौरव, एकता और राष्ट्रप्रेम की भावना का प्रतीक है।जिलाधिकारी ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की सामूहिक अभिव्यक्ति है। जनपद का प्रत्येक परिवार अभियान से जुड़कर अपने घर पर तिरंगा फहराए और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करे।उन्होंने जनपदवासियों से अभियान के तहत आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने तथा तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूती मिलेगी।जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। अधिकारियों को कार्यक्रमों में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा आमजन को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और गरिमा के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि सभी मिलकर अपने घरों पर तिरंगा फहराएं और ‘हर घर तिरंगा’ के संकल्प को जन-जन का अभियान बनाएं।

कृपाल आश्रम में साप्ताहिक सत्संग, मानव जीवन के महत्व और नशामुक्ति का दिया संदेश

हाथरस। सावन कृपाल रूहानी मिशन के बैनर तले मिशन की शाखा कृपाल आश्रम, गौशाला मार्ग पर साप्ताहिक आध्यात्मिक सत्संग आयोजित किया गया। सत्संग में ऑडियो-वीडियो के माध्यम से संत दर्शन सिंह और मिशन के प्रमुख आध्यात्मिक संत राजिंदर सिंह की वाणी का श्रवण कराया गया।सत्संग में सृष्टि की रचना, मानव जीवन के उद्देश्य और आत्मा के स्वरूप पर प्रकाश डाला गया। बताया गया कि विभिन्न जीव योनियों में मानव योनि को श्रेष्ठ माना गया है, क्योंकि मनुष्य को परमात्मा को जानने और आत्मिक उन्नति करने के लिए आवश्यक विवेक एवं साधन प्राप्त हैं। प्रवचन में ज्योति और श्रुति के माध्यम से सृष्टि एवं आत्मा के संबंध को भी समझाया गया।ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विद्यालय, अनाज मंडी के निकट से आईं बहन शांता कुमारी ने कबीर की वाणी के माध्यम से एकता और मानव समानता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि सभी प्राणियों में एक ही परम शक्ति का प्रकाश विद्यमान है। उन्होंने लोगों को नशे से दूर रहने तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करते हुए नशा न करने का संकल्प दिलाया।सत्संग के दौरान बच्चों के लिए बाल सत्संग, गरीब एवं जरूरतमंद महिलाओं तथा छात्र-छात्राओं के लिए निशुल्क सिलाई और कंप्यूटर प्रशिक्षण की व्यवस्था भी रही। इसके साथ ही निशुल्क एलोपैथिक, होम्योपैथिक एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा शिविर लगाया गया, जिसमें चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाएं वितरित कीं।अंत में साध संगत को लंगर प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन की व्यवस्थाओं में मिशन के सेवादारों एवं शाखा प्रबंध समिति के सदस्यों का सहयोग रहा।

रहना में सपा का बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन, सैकड़ों लोगों ने ली सदस्यता

हाथरस। विधानसभा क्षेत्र के गांव रहना में समाजवादी पार्टी की ओर से बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन एवं सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। अध्यक्षता वयोवृद्ध समाजसेवी पं. बनवारीलाल रावत ने की। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल रहे।पूर्व विधायक देवेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भगवान राम के नाम पर चंदा चोरी करने वाली सरकार किसान, मजदूर और ब्राह्मण समाज के हित में कोई कार्य नहीं कर सकती। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव में समाजवादी पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रामनारायण काके ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के सेवक हैं और उनकी हर समस्या में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे। उन्होंने आगामी चुनाव में सपा के पक्ष में मतदान कर सरकार को हटाने का आह्वान किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे पं. बनवारीलाल रावत ने कहा कि आगामी चुनाव में ब्राह्मण समाज समाजवादी पार्टी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने की अपील की। इस दौरान सैकड़ों लोगों ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।कार्यक्रम में रमन वशिष्ठ एडवोकेट, शिवाकांत शर्मा एडवोकेट, कौशलेंद्र ठाकुर, लव संभव, हरिओम, कपिल, सौरभ, मोहित, सचिन, करण, कृष्णा, शिवकुमार, धर्मवीर सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

« Newer PostsOlder Posts »