Web News

www.upwebnews.com

सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

April 13, 2026

सुहागरात से पहले 90 लाख की डिमांड, दुल्हन का हाई-वोल्टेज ड्रामा, गहने लेकर फरार

आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र से एक ऐसा सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक नवविवाहिता ने शादी के अगले ही दिन सुहागरात से पहले 90 लाख रुपये नकद की मांग रख दी। इस अप्रत्याशित शर्त ने पूरे ससुराल पक्ष को स्तब्ध कर दिया।

परिवार के मुताबिक, जब दूल्हे और उसके घरवालों ने इतनी बड़ी रकम तुरंत देने में असमर्थता जताई, तो दुल्हन ने कथित तौर पर रिश्ता निभाने से इनकार कर दिया। मामला यहीं नहीं रुका, आरोप है कि वह घर में रखे सभी गहने लेकर अपने मायके चली गई।

घटना ने उस समय और भी खतरनाक मोड़ ले लिया, जब पीड़ित परिवार का आरोप है कि दुल्हन के परिजन ससुराल पहुंचे और घर को बाहर से बंद कर दिया। परिवार के अनुसार, दबाव बनाने के लिए पीएनजी गैस की लाइन तोड़ दी गई, जिससे घर में आग लगने का खतरा पैदा हो गया। आरोप है कि यह कदम उन्हें जिंदा जलाने की कोशिश के रूप में उठाया गया।

भयावह स्थिति में फंसे परिवार ने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस से मदद मांगी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर का ताला खुलवाकर परिवार को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाना जगदीशपुरा में नवविवाहिता और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है।

फिलहाल, यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी और जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्रिप्टो के नाम पर आगरा में 28 लाख की साइबर ठगी, तीन राज्यों से जुड़े आरोपी

आगरा। न्यू आगरा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां क्रिप्टो करेंसी में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की ठगी कर ली गई। पीड़ित राजेश कुमार की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए पीड़ित को क्रिप्टो करेंसी में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा दिया। शुरुआत में छोटे-छोटे रिटर्न दिखाकर भरोसा जीता गया, जिसके बाद धीरे-धीरे बड़ी रकम निवेश कराने के लिए दबाव बनाया गया।

बताया जा रहा है कि पीड़ित से कुल करीब 28 लाख रुपये अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए ठगे गए। जब पीड़ित ने रकम निकालने की कोशिश की, तो आरोपियों ने संपर्क तोड़ लिया और अकाउंट भी ब्लॉक कर दिया। इसके बाद पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का एहसास हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया है कि इस गिरोह के तार महाराष्ट्र, कर्नाटक और पंजाब से जुड़े हैं। तीन संदिग्ध आरोपियों के नाम भी प्रकाश में आए हैं, जिनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

न्यू आगरा थाना पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और बैंक खातों की डिटेल खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान प्लेटफॉर्म या व्यक्ति के झांसे में आकर निवेश न करें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

रूसी महिला पर्यटक ने आगरा को कहा असुरक्षित

— इंस्टाग्राम पर दी रेटिंग ने छेड़ी नई बहस

आगरा। एक रूसी महिला पर्यटक के सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में ताजनगरी को कम सुरक्षित भारतीय शहरों में रखा गया है। इस महिला ने देश के विभिन्न पर्यटन नगरियों का भ्रमण करने के बाद उन्हें अपने वीडियो में रेटिंग दी है, जहां कुछ शहरों को दस में से नौ अंक भी दिए गए हैं तो आगरा को केवल तीन अंक देकर असुरक्षित शहरों में शामिल कर दिया गया है। वीडियो के वायरल होने के बाद से आम जनमानस में तरह तरह की प्रतिक्रियाएं भी आनी शुरू हो गई हैं।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अलीशा नाम की रूसी पर्यटक ने अपने निजी अनुभव के आधार पर अपने घूमे हुए शहरों को इंस्टाग्राम पर 10 में से रेटिंग दी है। इसमें आगरा को सुरक्षा के लिहाज से दस में से तीन और दिल्ली को दो रेटिंग दी गई है। अलीशा ने इसकी कोई ठोस वजह नहीं बताई। इस रेटिंग ने बहस छेड़ दी है कि उत्तर भारत के इन दो शहरों में विदेशी महिलाओं को सुरक्षा की कमी महसूस होती है। पोस्ट पर रिएक्शन देख अलीशा ने लिखा है कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनके वीडियो को लाखों व्यूज मिलेंगे।

रेटिंग को लेकर आगरा के लोग भी लगातार कमेंट्स कर रहे हैं। कुछ लोग लिख रहे हैं कि आगरा और दिल्ली जैसे शहरों को छोड़कर सेवन सिस्टर्स घूमने जाओ। एक यूजर ने कमेंट किया कि आगरा से यही उम्मीद थी। एक कमेंट में कहा गया- मैं आगरा से हूं और यकीन मानिए, इसे 3 अंक भी नहीं मिलने चाहिए… यह तो नेगेटिव में ही होना चाहिए। एक ने तो यहां तक लिख दिया कि दिल्ली को शून्य मिलना चाहिए।

वहीं कई लोग आगरा की खराब रेटिंग से हैरत में हैं और इसे दुष्प्रचार कह रहे हैं। कई राज्यों और शहरों के लोग कह रहे हैं कि हमारे यहां घूमने आइए, सब अच्छा मिलेगा।
अलीशा ने सेफ्टी मीटर के अनुसार 9-9 अंक पाकर मनाली और ऋषिकेश सबसे सुरक्षित जगह हैं। इसके बाद 8-8 की रेटिंग के साथ जयपुर और गोवा सुरक्षा के लिहाज से घूमने के लिए सही हैं। जोधपुर को उन्होंने 7 रेटिंग दी है। आगरा को डरावना बताते हुए 3 रेटिंग दी, जबकि दिल्ली को दो रेटिंग के साथ सबसे असुरक्षित शहर करार दिया।

April 7, 2026

सीएम योगी का आगरा में बड़ा ऐलान, 5142 करोड़ की ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप से बदलेगी ताजनगरी की तस्वीर

ग्रेटर आगरा योजना का भूमिपूजन करते सीएम योगी आदित्यनाथ

Posted on 07.04.2026 Tuesday, Time 09.41 PM, Agra, CM Yogi Adityanath

रायपुर रहनकला में 449.65 हेक्टेयर में बसाया जाएगा आधुनिक शहर, 10 पवित्र नदियों के नाम पर होगी टाउनशिप

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगरा आगमन के साथ ताजनगरी को एक बड़ी विकासात्मक सौगात मिली। आगरा वासियों के लंबे समय से अपेक्षित शहरी विस्तार को गति देते हुए मुख्यमंत्री ने ‘ग्रेटर आगरा’ टाउनशिप के भूमि पूजन और शिलान्यास किया। साथ ही कहा कि ग्रेटर आगरा दूसरा नोयडा बन जाएगा। यह योजना उत्तर प्रदेश सरकार की नए शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जा रही है, जिसे आगरा के भविष्य के शहरी विकास की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।

यह महत्वाकांक्षी टाउनशिप आगरा विकास प्राधिकरण (ADA) द्वारा लगभग 5142 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जाएगी। योजना के तहत आगरा के रायपुर, रहनकला क्षेत्र में 449.65 हेक्टेयर भूमि पर एक आधुनिक, सुनियोजित और सुविधायुक्त नया शहरी क्षेत्र बसाया जाएगा। इस परियोजना को रेरा की मंजूरी मिल चुकी है, जिससे यह साफ है कि प्रशासन इसे तय समयसीमा में आगे बढ़ाने की तैयारी में है।

10 पवित्र नदियों के नाम पर बसाई जाएगी टाउनशिप

‘ग्रेटर आगरा’ की सबसे खास बात यह है कि इस टाउनशिप के सेक्टरों/आवासीय खंडों का नामकरण देश की 10 पवित्र नदियों के नाम पर किया जाएगा। सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में गंगा, यमुना, सरस्वती, गोदावरी, नर्मदा, कावेरी जैसी पवित्र नदियों का विशेष स्थान है और इन्हीं पावन धरोहरों के सम्मान में इस टाउनशिप को सांस्कृतिक पहचान दी जा रही है। यह पहल सिर्फ एक रियल एस्टेट प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि आस्था, संस्कृति और आधुनिक शहरी नियोजन का संगम है।

10 हजार से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस नई टाउनशिप से 10 हजार से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। योजना में सिर्फ प्लॉट ही नहीं, बल्कि मल्टीस्टोरी फ्लैट्स, ग्रुप हाउसिंग, आधुनिक सड़कें, सीवरेज, हरित क्षेत्र, जलापूर्ति, विद्युत व्यवस्था, सामाजिक अधोसंरचना और आवश्यक नागरिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। उन्होंने संकेत दिया कि यह टाउनशिप आगरा के बढ़ते शहरी दबाव को कम करेगी और भविष्य की जनसंख्या आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक सुव्यवस्थित विकल्प प्रदान करेगी।

मौसम की मार के बावजूद कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

सीएम योगी ने अपने भाषण में बताया कि उनका कार्यक्रम मौसम की खराबी के कारण प्रभावित हुआ। उन्होंने कहा कि वह मथुरा-वृंदावन के लिए रवाना हुए थे, लेकिन रास्ते में मौसम अत्यधिक खराब होने के कारण उन्हें वापस लौटना पड़ा और वह करीब 3:30 बजे तक आगरा एयरपोर्ट पर रुके रहे। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि उन्हें लगा था कि कार्यक्रम में देरी होने के कारण शायद जनता वापस लौट जाएगी, लेकिन जब वह सभा स्थल पहुंचे तो जनता का उत्साह और भारी भीड़ देखकर अभिभूत हो गए। उन्होंने आगरा की जनता का आभार जताते हुए कहा कि यह उत्साह विकास के प्रति विश्वास का प्रतीक है।

मंच पर पहुंचते ही जोरदार स्वागत

जैसे ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भाजपा नेताओं और उपस्थित जनता ने उनका जोरदार स्वागत किया। सभा स्थल पर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और जय श्रीराम के नारों से माहौल गूंज उठा। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल, प्रभारी मंत्री जयवीर सिंह, मंत्री बेबी रानी मौर्य, योगेंद्र उपाध्याय, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, विधायक पुरुषोत्तम खण्डेलवाल, डॉ. जीएस धर्मेश, छोटेलाल वर्मा, धर्मपाल सिंह, भगवान सिंह कुशवाह, रानी पक्षालिक सिंह, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम प्रताप सिंह चौहान सहित कई सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।

325 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का उल्लेख

सीएम योगी ने अपने संबोधन में कहा कि आगरा में 325 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं आगरा के समग्र विकास को नई गति देंगी और शहर को बुनियादी ढांचे, शहरी सुविधाओं, पर्यटन, आवास और संपर्क व्यवस्था के स्तर पर मजबूत बनाएंगी।

आगरा के भविष्य के लिए और भी बड़े संकेत

मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में आगरा के लिए आने वाले समय में और भी कई बड़ी परियोजनाओं के संकेत दिए। उन्होंने कहा कि आगरा एयरपोर्ट से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाया जाएगा।
फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान रहेगा। आगरा के समग्र विकास के लिए नई परियोजनाएं लाई जाएंगी। यदि DPR (विस्तृत परियोजना रिपोर्ट) समय से आती है, तो रबर डैम निर्माण जैसी योजनाओं को भी तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। यह बयान साफ संकेत देता है कि सरकार आगरा को सिर्फ पर्यटन शहर नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी, सांस्कृतिक और आर्थिक केंद्र के रूप में विकसित करना चाहती है।

सांस्कृतिक, राजनीतिक और विकासात्मक संदेश

मुख्यमंत्री योगी का संबोधन सिर्फ विकास तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उसमें सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश भी स्पष्ट रूप से दिखाई दिए। उन्होंने भारत की सांस्कृतिक विरासत, अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, कश्मीर से धारा 370 हटाने और राष्ट्रीय एकता जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार विकास और सांस्कृतिक गौरव, दोनों को साथ लेकर चल रही है। हालांकि आगरा की जनता के लिए कार्यक्रम का सबसे बड़ा केंद्र बिंदु रहा ‘ग्रेटर आगरा’, जो आने वाले वर्षों में शहर के शहरी नक्शे को बदल सकता है।

भाजपा स्थापना दिवस पर 2027 का शंखनाद

कार्यकर्ताओं ने लिया विजय संकल्प

लोकमित्र ब्यूरो
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस पर सोमवार को ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस में भव्य और उत्सवी माहौल के बीच ऐसा आयोजन हुआ, जिसने सिर्फ एक परंपरागत पार्टी कार्यक्रम का रूप नहीं लिया, बल्कि इसे संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन, राजनीतिक एकजुटता और 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीतिक शुरुआत के रूप में देखा गया।

भाजपा के इस आयोजन में ब्रज क्षेत्र से लेकर महानगर और जिले तक के शीर्ष पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, विधायक, एमएलसी, महापौर, जिला पंचायत अध्यक्ष, पार्षद और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम ने साफ संकेत दिया कि भाजपा आगरा में अब स्थापना दिवस को सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि आगामी चुनावी लड़ाई के लिए कार्यकर्ता ऊर्जा-संचार अभियान के रूप में भी देख रही है।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, एमएलसी एवं प्रदेश मंत्री विजय शिवहरे, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक धर्मपाल सिंह, विधायिका रानी पक्षालिका, विधायक छोटे लाल वर्मा, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, नीतेश शिवहरे, सहदेव शर्मा, हरिओम रावत समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भारत माता की तस्वीर के समक्ष ध्वजारोहण कर किया।

ध्वजारोहण के साथ ही परिसर में भारत माता की जय, वंदे मातरम्, और भाजपा जिंदाबाद के नारों से माहौल पूरी तरह राजनीतिक उत्साह में बदल गया। इसके बाद मिष्ठान वितरण किया गया और हजारों कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए वरिष्ठ नेताओं से आशीर्वाद प्राप्त किया।

—-गोष्ठी बनी राजनीतिक संदेश का मंच

स्थापना दिवस के अवसर पर ब्रज क्षेत्र कार्यालय में आयोजित गोष्ठी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का भाजपा का पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। साथ ही महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम को वैचारिक और सांस्कृतिक स्वरूप दिया गया। इस दौरान नेताओं ने भाजपा के इतिहास, वैचारिक यात्रा, संगठनात्मक संस्कृति और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को कार्यकर्ताओं के सामने रखते हुए “संगठन से सत्ता और सेवा से राष्ट्र निर्माण” का संदेश दिया।

गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एवं ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्गविजय सिंह शाक्य ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में संगठन ही सेवा का मूल आधार है। भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसका अनुशासित कार्यकर्ता तंत्र है। पन्ना प्रमुख से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष तक संगठन को व्यक्ति से ऊपर और राष्ट्र को दल से ऊपर रखने की परंपरा भाजपा की पहचान है। भाजपा कार्यकर्ताओं के लिए राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि लोक कल्याण का उपकरण है।

जिलाध्यक्ष प्रशांत पोनिया ने कहा कि भारतीय राजनीति के इतिहास में भाजपा का उदय अभूतपूर्व है। 1984 के चुनाव में महज 2 सीटों पर सिमटने वाली पार्टी ने अपने धैर्य, विचारधारा और कार्यकर्ताओं की ताकत के बल पर 2014 और 2019 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। यह संघर्ष, समर्पण और संगठन का परिणाम है।

महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने भाजपा के नेतृत्व की निर्णायकता पर जोर देते हुए कहा कि
भाजपा को अटल जी और आडवाणी जी के युग में सर्वसमावेशी विस्तार मिला, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पार्टी ने ‘संकल्प से सिद्धि’ के मंत्र को साकार किया। पिछले एक दशक में पार्टी ने दशकों से लंबित मुद्दों को हल किया।

  • उन्होंने कहा कि भाजपा ने अनुच्छेद 370 का निस्तारीकरण कर राष्ट्रीय एकीकरण को मजबूत किया। एक विधान, एक निशान, एक प्रधान के संकल्प को पूरा किया। श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण से सांस्कृतिक पुनर्जागरण का मार्ग प्रशस्त किया। डिजिटल इंडिया के माध्यम से आधुनिक भारत की नींव को मजबूत किया।

(more…)

« Newer PostsOlder Posts »