Web News

www.upwebnews.com

अपनी ही बुलेरो चोरी कराने की साज़िश में भाजपा मंडल अध्यक्ष गया जेल

June 11, 2026

अपनी ही बुलेरो चोरी कराने की साज़िश में भाजपा मंडल अध्यक्ष गया जेल

Posted on 11.06.2026, Time 06.34 PM

आगरा, 11 जून 2026, थाना कागारौल क्षेत्र में चर्चित बोलेरो चोरी कांड में बड़ा मोड़ सामने आया है। मामले में आरोपी बनाए गए जगनेर क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस व्यक्ति ने बोलेरो वाहन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि वाहन को योजनाबद्ध तरीके से चोरी कराया गया था।

पुलिस के अनुसार देवकी नंदन शर्मा ने अपनी बोलेरो पहले बेच दी थी, लेकिन बाद में उसे वापस हासिल करने के उद्देश्य से चोरी की झूठी कहानी रची गई। आरोप है कि वाहन को गायब कराने के लिए नकली चाबी तैयार कराई गई और साजिश के तहत वाहन को पार कराया गया। इस मामले में उनके भाई को भी आरोपी बनाया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने टोल प्लाजा के रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों की भूमिका को स्पष्ट किया है।
मामले की विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने करीब 400 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की है। चार्जशीट में साजिश, वाहन चोरी और अन्य संबंधित आरोपों का उल्लेख किया गया है।

आरोपी पक्ष ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि आरोप एक प्रमुख राजनीतिक दल के स्थानीय पदाधिकारी पर लगे हैं। अब आगे की सुनवाई में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहियों के आधार पर मामले की दिशा तय होगी।