Web News

www.upwebnews.com

आगरा-ग्वालियर रोड पर एक्सीडेंटः कंटेनर ने मजदूर को रौंदा

April 15, 2026

आगरा-ग्वालियर रोड पर एक्सीडेंटः कंटेनर ने मजदूर को रौंदा

लगाए जान से हाईवे पर दो घंटे ठप रहा ट्रैफिक

आगरा। आगरा-ग्वालियर हाईवे पर मलपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। मजदूरी के लिए साइकिल से जा रहे 35 वर्षीय बंटू की अनियंत्रित कंटेनर से कुचलकर मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर कई-कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया और यात्री घंटों तक परेशान रहे।

मृतक की पहचान बंटू पुत्र गिरिराज (35 वर्ष), निवासी ग्राम हुलसपुरा, थाना सैंया के रूप में हुई है। बताया गया कि बंटू रोज की तरह साइकिल से मजदूरी करने जा रहा था। तभी बाद गांव के पास स्थित रेलवे ओवरब्रिज के नजदीक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कंटेनर ने उसे रौंद दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि बंटू ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

हादसे की खबर फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। मृतक के गांव हुलसपुरा से भी बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। आक्रोशित लोगों ने तुरंत हाईवे पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। देखते ही देखते आगरा और ग्वालियर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

लोगों का कहना था कि इस हाईवे पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के कारण लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

करीब दो घंटे तक चले इस जाम के दौरान एंबुलेंस और जरूरी सेवाओं से जुड़े वाहन भी फंसे रहे। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। साथ ही उचित कार्रवाई का भरोसा देकर जाम खुलवाया।

April 14, 2026

भारत के संविधान में डा. अम्बेडकर के बहुमुखी प्रतिभा की झलक दिखती है -डीएम

आगरा। जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में डा.भीमराव अम्बेडकर के 135 वीं जन्मशताब्दी के अवसर पर संगोष्ठी आयोजित की गई।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह,अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल प्रशांत तिवारी, अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबेर बेग, सिटी मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान ने समस्त कलेक्ट्रेट के अधिकारी कर्मचारियों के साथ भारत रत्न डॉ॰ भीमराव अंबेडकर जी की 135 वीं जयंती के अवसर पर बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर माल्यार्पण किया।
गोष्ठी में विभिन्न वक्ताओं द्वारा बाबा साहब डॉ0 भीमराव अंबेडकर जी के जीवन चरित्र व कृतित्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब साहस, संघर्ष संकल्प के प्रतिमान थे, उन्होंने अपने सामाजिक आर्थिक परिवेश की चुनौतियों को पार कर आजादी के बाद भारत देश की व्यवस्था कैसे चले के लिए संविधान बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। आज के दिन संकल्प लें हम उनके विचारों पर चलेंगे,कार्य करेंगे। गोष्ठी को अपर जिलाधिकारी नागरिक आपूर्ति, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे ने भी संबोधित किया।

जिलाधिकारी श्री अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी ने भारत रत्न बाबा साहब आंबेडकर जी की जयंती पर सभी जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि बाबा साहब का संघर्ष भरा जीवन उनकी शिक्षाएं प्रेरणा देने का कार्य करती हैं, सभी लोगों के लिए न्याय, समानता,अधिकार और देश में स्थिरता के लिए संविधान में उपबंध बनाए हैं, बिना संविधान के पूरी व्यवस्था अस्थिर हो जाती है, हमारा संविधान है तो व्यवस्था है, व्यवस्था है तो समाज और देश में शांति है, शांति है तो विकास है, बिना संविधान के दुनियां के तमाम देश अस्थिर हैं। जिलाधिकारी ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहब समाज सुधारक, अर्थशास्त्री तथा विधिवेत्ता थे, हमारे संविधान में उनके बहुमुखी ज्ञान की झलक दिखती है संविधान में हर समस्या का समाधान दिया है, समान अधिकार और सभी को न्याय की व्यवस्था है, हम भारतीयों को जो मौलिक अधिकार प्राप्त हैं वो अनेक देशों के नागरिकों को आज भी नहीं मिले हैं, जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट के अधिकारियों,कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आप के यहां जो भी फरियादी आए सभी को समान दृष्टि से देखें, सभी को न्याय दें तभी सच्चे अर्थों में संविधान और बाबा साहब को सच्ची श्रंद्धाजलि होगी, हम संविधान और बाबा साहब के विचारों पर चलकर एकीकृत, सुद्रण मजबूत समाज और देश का निर्माण करें।
कार्यक्रम में नाजिर श्री दुलीचंद शर्मा, श्री नरेंद्र कुमार भारद्वाज, तुषार सक्सेना, गोविंद राम, बलवीर सिंह, वीर सिंह, सुरेश चंद गौतम, हरिओम, ब्रजेश कुमार सहित कलेक्ट्रेट के सभी अधिकारी, कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

April 13, 2026

जनपद के 7 परीक्षा केंद्रों पर 18 व 19 अप्रैल को सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा होगी

 

—-जनपद में 33 विषयों में कुल 10455 अभ्यर्थी परीक्षा में होंगे शामिल

लोकमित्र ब्यूरो
आगरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित होने वाली सहायक आचार्य चयन पुनर्परीक्षा (विज्ञापन सं0-51) को नकल विहीन, शुचितापूर्ण सकुशल एवं निर्विवाद रूप से संपन्न कराये जाने के संबंध में, मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश शासन ने वीसी के माध्यम से निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा सहायक आचार्य चयन परीक्षा (विज्ञापन संख्या-51) 06 मंडल मुख्यालयों, जनपद प्रयागराज, लखनऊ, वाराणसी, मेरठ, आगरा व गोरखपुर में विभिन्न कॉलेजों विद्यालयों/संस्थानों में बने 53 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा दो पालियों में 09.30 बजे से 11.30 बजे तक तथा अपरान्ह 02.30 बजे से 04.30 बजे तक आयोजित होगी।

बैठक में मंडलायुक्त महोदय श्री नगेंद्र प्रताप जी ने उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज द्वारा आयोजित सहायक आचार्य चयन परीक्षा में एक अपर जिलाधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करने, जनपद के प्रत्येक केंन्द्र हेतु एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तथा प्रत्येक केन्द्र पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट की ड्यूटी लगाने, कोषागार में गोपनीय सामग्री को डबल लोकर में सुरक्षित रखवाये जाने हेतु सम्पूर्ण व्यवस्थायें सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।

परीक्षा केन्द्रों पर शान्तिपूर्ण, नकलविहीन एवं शुचितापूर्ण ढंग से परीक्षा को सम्पन्न किये जाने हेतु आवश्यक आदेश/निषेधाज्ञा आदि जारी करना। परीक्षा उपरान्त आयोग के निदेशानुसार निर्दिष्ट अधिकारियों के द्वारा गोपनीय सामग्री को समुचित सुरक्षा व्यवस्था में आयोग कार्यालय में हस्तगत कराये जाने की व्यवस्था करना, परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी, क्लॉक रूम, विद्युत, पेयजल, शौचालय, फर्नीचर इत्यादि सभी मानकों की जांच करने तथा सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक आदि की गुणवत्तापूर्ण ट्रेनिंग, ब्रीफिंग आदि कराए जाने को संबंधित को निर्देशित किया।

मण्डल आयुक्त ने कहा कि उ०प्र० शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (विज्ञापन संख्या-51) की यह परीक्षा अति महत्वपूर्ण व संवेदनशील है। अतः उक्त परीक्षा को नकल विहीन, निष्पक्ष एवं शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने हेतु अपने स्तर से योग्य व कुशल अधिकारियों को विभिन्न दायित्वों के निर्वहन हेतु नामित कर उनका प्रशिक्षण, ब्रीफिंग आदि समय से कराते हुए अपने कुशल मार्गदर्शन में आयोग की इस प्रतिष्ठापूर्ण परीक्षा को सम्पन्न कराए जाने हेतु ससमय तैयारी पूर्ण की जाए।

उक्त परीक्षा हेतु जनपद में 07 परीक्षा केंद्र 1- सेंट joms कालेज ब्लाक-ए,एम०जी०रोड आगरा, 2- सेंट जॉन्स कालेज ब्लाक-बी एम०जी०रोड आगरा, 3-श्री केदारनाथ सेक्सरिया आर्य कन्या इं०का० यमुना किनारा बेलनगंज, 4-साकेत विद्यापीठ इं०का० साकेत कालोनी शाहगंज आगरा, 5-राजकीय इण्टर कॉलेज पचकुंया शाहगंज आगरा, 6- राजा बलवंत सिंह इण्टर कॉलेज खंदारी आगरा, 7-नगर निगम इण्टर कॉलेज ताजगंज पुरानी मण्डी कॉसिंग को परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। जनपद में 18 अप्रैल को प्रथम पाली में 2855, द्वितीय पाली में 2074 तथा 19 अप्रैल को प्रथम पाली में 2780 व द्वितीय पाली में 2746 कुल 10455 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।

बैठक में जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी जी, अपर आयुक्त राजेश कुमार, अपर जिलाधिकारी नगर श्री यमुनाधर चौहान, एडीसीपी पूनम सिरोही, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर सहित संबंधित अधिकारीगण मौजूद रहे।

डिप्टी सीएम मौर्य का दावा 2047 तक सपा-कांग्रेस आउट ऑफ गेम

भाजपा ही वर्तमान, भाजपा ही भविष्य- आगरा से बड़ा सियासी संदेश

आगरा। प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को आगरा दौरे के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि 2047 तक उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी और देश में कांग्रेस की वापसी का कोई नंबर नहीं है।

डिप्टी सीएम ने अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि अखिलेश यादव सत्ता से दूर होने की वजह से बेचैन हैं। उनकी बौखलाहट साफ दिखती है, इसलिए वे सरकार पर बेबुनियाद आरोप लगाते रहते हैं। उन्होंने आगे कहा कि यूपी की जनता उनकी सैफई विदाई की तैयारी कर चुकी है।

—-बंगाल और असम पर बड़ा दावा

मौर्य ने राष्ट्रीय राजनीति पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने पश्चिम बंगाल को लेकर कहा कि इस बार बंगाल में पहली बार कमल खिलने जा रहा है। भाजपा जनता से किए सभी वादे पूरे करेगी। 4 मई… दीदी गई।” उन्होंने असम को लेकर दावा किया कि हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व में भाजपा तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है।

डिप्टी सीएम का यह बयान उस समय आया जब वे आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित होटल में नेशनल फेडरेशन ऑफ इंश्योरेंस फील्ड वर्कर्स ऑफ इंडिया के कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद वह राजदेवम ऑडिटोरियम में शिक्षक संगठन यूटा के कार्यक्रम में भागीदारी करने निकल गए। वहां से डिप्टी सीएम ने फिरोजाबाद मोड़ मैदान पहुंचकर सम्राट अशोक लॉट का लोकार्पण किया। एत्मादुद्दौला क्षेत्र में महाराज निषादराज जयंती कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। यहां से उनका राज्यसभा सांसद नवीन जैन के कमला नगर स्थित आवास पर पहुँचने का कार्यक्रम प्रस्तावित है।

मौर्य ने अपने बयान में यह भी दोहराया कि “2027 ही नहीं, 2047 तक भी विपक्ष सत्ता में नहीं आएगा। उन्होंने इसे जनता के विश्वास और भाजपा की नीतियों का परिणाम बताया।

फतेहपुर सीकरी में धर्म पूछकर फेरी बाले रोकने का वीडियो वायरल

—पुलिस ने युवक को गिरफ्तार

आगरा। आगरा के फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के दूरा गांव में एक युवक द्वारा फेरीवालों को रोककर उनका धर्म पूछने और गांव में आने से मना करने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक गली में कपड़ा बेचने और कबाड़ खरीदने आए दो फेरीवालों को रोकता है। वह उनसे नाम और धर्म पूछता है। दूसरे धर्म का होने पर कहता है कि गांव का माहौल खराब है, यहां मत आओ। यहां तक कहता है कि “यहां दूसरे धर्म के लोगों की नो एंट्री है। पहली बार चेतावनी देता है, दोबारा आने पर सजा देने की बात करता है। साथ ही उनसे लाइसेंस भी मांगता है। पूरी घटना के दौरान युवक खुद वीडियो बनाता रहता है।

थाना फतेहपुर सीकरी के प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह के अनुसार वीडियो शनिवार को वायरल हुआ था। आरोपी की पहचान बॉबी चौधरी के रूप में हुई। वह उंदेरा गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शांतिभंग (पब्लिक ऑर्डर डिस्टर्ब करने) में चालान कर जेल भेज दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक बॉबी चौधरी खुद को सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर बताता है। इंस्टाग्राम पर उसके 46 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वह अक्सर इस तरह के विवादित वीडियो बनाता है। पहले भी एक युवक को गैस सिलेंडर ले जाते समय “ब्लैक करने वाला” बताकर वीडियो पोस्ट कर चुका है। बताया जा रहा है कि लाइक्स और व्यूज़ के लिए इस तरह के वीडियो बनाना उसकी आदत बन गई है।

—मामले का सामाजिक पहलू

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिहाज से भी गंभीर मानी जा रही है। किसी व्यक्ति को धर्म के आधार पर रोकना या धमकाना कानूनन अपराध है। ऐसे वीडियो समाज में तनाव बढ़ा सकते हैं। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।

« Newer PostsOlder Posts »