Web News

www.upwebnews.com

भाजपा के बंद से झारखंड में जनजीवन अस्तव्यस्त

August 11, 2026

भाजपा के बंद से झारखंड में जनजीवन अस्तव्यस्त

रांची झारखंड , 11 अगस्त, भाजपा के आह्वान पर बंद के चलते आज राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। पार्टी कार्यकर्ता कल विधानसभा मार्च के दौरान विद्वयार्थियों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे। रांची में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में पुरानी विधानसभा से नई विधानसभा की ओर मार्च करने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पदाधिकारियों सहित 200 से अधिक एबीवीपी कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर खेलगांव स्थित एक शिविर जेल में रखा गया है।

छात्र आंदोलन, जो अब 18वें दिन में प्रवेश कर चुका है, जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने विवादित परीक्षाओं को रद्द करने, सीबीआई जांच और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की अपनी मांगों को दोहराया। कई छात्रों ने अपनी भूख हड़ताल जारी रखी, जबकि छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो रांची सदर अस्पताल में भर्ती हैं और उन्होंने दोहराया है कि न्याय मिलने तक उनका अनशन जारी रहेगा।

इस बीच, प्रदर्शनकारियों ने रांची में एक मौन मार्च का आयोजन किया और कहा कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद उनका आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रहेगा। राज्यव्यापी बंद के तहत गिरिडीह और रामगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन किया। इन घटनाक्रमों ने राजनीतिक टकराव को और बढ़ा दिया है, विपक्षी दल पुलिस कार्रवाई के लिए जवाबदेही की मांग कर रहे हैं और छात्रों की मांगों का समर्थन कर रहे हैं।

कई राज्यों में तेज बारिश का पूर्व अनुमान जारी

नई दिल्ली, मौसम विभाग ने कल पूर्वी राजस्थान, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, मध्य महाराष्ट्र और ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग के अनुसार, पंजाब, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, गुजरात, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, गोवा और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में दिन भर भारी बारिश होने की संभावना है।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, कोंकण, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर भी कल ऐसी स्थिति रहने की आशंका है। आंध्र प्रदेश, झारखंड, कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में कल बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बिजली चमकने की संभावना है।

इस बीच, दिल्ली के कुछ हिस्सों में आज हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग ने कल दोपहर से शाम तक राष्ट्रीय राजधानी के कुछ स्थानों पर बारिश के साथ आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहने का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है।

अखंड भारत संकल्प दिवस पर गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश

भारत माता के प्रति समर्पण का लिया संकल्प, जय श्रीराम और भारत माता के जयघोष से गूंजा सासनी

हाथरस। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल प्रखंड सासनी के तत्वावधान में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बस स्टैंड पर अखंड भारत संकल्प दिवस उत्साह और राष्ट्रभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, युवाओं, प्रबुद्धजनों और कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं संतों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विहिप जिला संगठन मंत्री देवराज ने कहा कि अखंड भारत केवल भौगोलिक सीमाओं का विषय नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक जागरण और समाज को अपनी जड़ों से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहना चाहिए।मुख्य वक्ता विहिप जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित भार्गव ने अखंड भारत के ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य और विभाजन के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से राष्ट्र एवं संस्कृति के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इतिहास को याद रखने का उद्देश्य केवल अतीत का स्मरण करना नहीं, बल्कि भावी पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक सुरक्षा और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को जीवंत रखना है। संगठित और जागरूक समाज ही मजबूत भारत का निर्माण कर सकता है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी पंकज कुमार ने कहा कि समाज में समरसता और आपसी एकता की भावना मजबूत होनी चाहिए। सभी वर्गों के लोग मिल-जुलकर रहेंगे तो देश की एकता और अखंडता और मजबूत होगी।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हाथ उठाकर अखंड भारत के निर्माण तथा राष्ट्र की एकता-अखंडता के लिए संकल्प लिया। इसके बाद ‘जय श्रीराम’ और ‘भारत माता की जय’ के गगनभेदी नारों के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।इस अवसर पर प्रांत सेवा टोली सदस्य विद्याभूषण गर्ग, प्रखंड अध्यक्ष योगेश, प्रखंड मंत्री जगदीश प्रसाद शर्मा, प्रखंड उपाध्यक्ष हेमंत कौशल, देदामई खंड अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, अंकित शर्मा, अमन भार्गव सहित विहिप एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

तिरंगा यात्रा निकालकर दिया राष्ट्रप्रेम का संदेश, नशामुक्ति का भी लिया संकल्प

हाथरस। सरस्वती महाविद्यालय में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) एवं एनसीसी के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ लोगों को राष्ट्रप्रेम और अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया।इसी क्रम में महाविद्यालय में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों तथा स्वास्थ्य एवं समाज पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।कार्यक्रम में डॉ. अतीत श्रीवास्तव, डॉ. स्वतेन्द्र सिंह, एनएसएस अधिकारी डॉ. राजकुमार, डॉ. फौजिया सिद्दीकी, एनसीसी अधिकारी डॉ. गोपेश सिंह, डॉ. देवप्रकाश, डॉ. राकेश बाबू एवं डॉ. आलोक कुमार मौजूद रहे। माय भारत हाथरस की ओर से डॉली अग्रवाल, अंबे रावत एवं आजाद ने भी सहभागिता की।विद्यार्थियों में दीक्षा वार्ष्णेय, निधि, ज्योति, दिव्या, गौरव, सुमित, पूजा, अमन, प्रियंका, रोहित, प्रिया सहित अन्य विद्यार्थियों ने तिरंगा यात्रा एवं नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी की।महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी, नशामुक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

शराब के नशे में भिड़े दो पक्ष, जमकर पथराव और मारपीट

सोखना गांव में देर रात मचा हड़कंप, पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

हाथरस। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के गांव सोखना में बीती रात शराब के नशे में दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गया। गाली-गलौज के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडों और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव से गांव में हड़कंप मच गया और तनाव की स्थिति पैदा हो गई।बताया जाता है कि देर रात दोनों पक्षों के कुछ लोग शराब के नशे में आपस में गाली-गलौज करने लगे। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। इसके बाद मारपीट के साथ पथराव शुरू हो गया। सूचना मिलने पर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। बाद में थाना प्रभारी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और गांव में शांति व्यवस्था कायम कराई।पुलिस के अनुसार एक पक्ष में कालू, प्रशांत उर्फ छोटू, पुष्पेंद्र पौरुष, विप्पो उर्फ विपिन, आकाश, कमलेश देवी, आशा देवी और जगवीर सिंह समेत 10-12 अज्ञात लोग शामिल थे। वहीं दूसरे पक्ष में गोविंद, शान, रिंकू और रफीक समेत 10-15 अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।विवाद में दोनों पक्षों के कुछ लोगों के घायल होने की भी जानकारी है। परिजन घायलों को उपचार के लिए ले गए। घटना को लेकर उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह की ओर से दोनों पक्षों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।घटना के बाद गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों द्वारा लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि दोबारा विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो।

« Newer PostsOlder Posts »