Web News

www.upwebnews.com

लखीमपुर में 5 करोड के खाद्यान्न घोटाले के आरोपी के घर पहुंची ,सीआईडी, कुर्की की नोटिस चस्पा

June 11, 2026

लखीमपुर में 5 करोड के खाद्यान्न घोटाले के आरोपी के घर पहुंची ,सीआईडी, कुर्की की नोटिस चस्पा

सीआईडी लखनऊ की टीम ने लखीमपुर खीरी स्थित आवास पर की बड़ी कार्रवाई, 2021 से फरार है आरोपी

लखीमपुर खीरी। सरकारी खाद्यान्न में करोड़ों रुपये का घपला करने वाले आरोपियों पर कानून का शिकंजा कसता जा रहा है। भारतीय खाद्य निगम सीतापुर में करीब 5 करोड़ रुपये के खाद्यान्न घोटाले के मुख्य आरोपी अशोक कुमार शुक्ला के खिलाफ सीआईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश पर सीआईडी खंड लखनऊ की टीम ने गुरुवार को आरोपी के लखीमपुर खीरी स्थित आवास पर पहुंचकर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया।सीआईडी निरीक्षक राजेश कुमार मिश्रा और निरीक्षक राहुल द्विवेदी के नेतृत्व में आई टीम ने लखीमपुर खीरी के थाना कोतवाली सदर क्षेत्र के अंतर्गत ऑफिसर्स कॉलोनी स्थित आरोपी के मकान पर न्यायालय द्वारा जारी धारा-82 (कुर्की से पूर्व की उद्घोषणा) के तहत नोटिस तामील कराया। इस दौरान आस-पास के इलाके में हड़कंप मच गया।जांच अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी अशोक कुमार शुक्ला (पुत्र नर्वदेश्वर शुक्ला) साल 2021 में एफसीआई सीतापुर में गोदाम प्रभारी के पद पर तैनात था। आरोप है कि पद पर रहते हुए उसने सरकारी राशन में हेरफेर कर करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के खाद्यान्न का गबन कर दिया।इस महाघोटाले को लेकर साल 2021 में जनपद सीतापुर के थाना रामकोट में आरोपी के खिलाफ अपराध संख्या 423/21 और आईपीसी की धारा 409 सरकारी कर्मचारी द्वारा अमानत में ख्यानत के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अशोक कुमार शुक्ला लगातार पुलिस और सीआईडी को चकमा देकर फरार चल रहा है। सीआईडी की तमाम कोशिशों के बाद भी जब आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी, तो मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने कुर्की की कार्रवाई के आदेश जारी किए। सीआईडी अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोपी ने जल्द ही आत्मसमर्पण नहीं किया, तो उसकी संपत्ति को कुर्क (जब्त) करने की अगली विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

भ्रामक खबरें फैलाने वाले पत्रकारों के खिलाफ नर्स ने पुलिस से लगाई गुहार

लखीमपुर खीरी: जनपद के कोतवाली सदर क्षेत्र में एक महिला नर्स ने कुछ स्थानीय पत्रकारों पर विपक्षी डॉक्टर से पैसे लेकर उसके खिलाफ भ्रामक खबरें चलाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
शिकायत पत्र के अनुसार, ग्राम देवरिया (थाना फूलबेहड़) की रहने वाली पीड़िता सबीना उर्फ मन्नत लखीमपुर के नियो हॉस्पिटल में नर्स के पद पर कार्य करती थी। पीड़िता का आरोप है कि साल 2023 में नियो हॉस्पिटल के मालिक मुनीफ खान पुत्र रहीम ने उसे झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक शोषण किया। इस मामले में पीड़िता ने पूर्व में उच्च अधिकारियों से शिकायत की थी, जिसके बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।पीड़िता ने बताया कि उसने इस मामले को मीडिया के सामने लाने के लिए कुछ पत्रकारों को शपथ पत्र देकर अपनी आवाज उठाने का अनुरोध किया था। लेकिन पीड़िता का आरोप है कि विपक्षी डॉक्टर ने कुछ स्थानीय पत्रकारों से सांठगांठ कर ली। आरोप के मुताबिक इन पत्रकारों ने विपक्षी डॉक्टर से मोटी रकम लेकर खुद पीड़िता के खिलाफ ही झूठी और गंभीर आरोपों वाली खबरें प्रकाशित करना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में कथित पत्रकारों में माशूक अली श्याम पांडे विशाल भारद्वाज अब्दुल कबी, आसिफ खान के विरुद्ध प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीडिता ने आरोप लगाया है कि ये लोग बिना किसी साक्ष्य के उसके खिलाफ लगातार भ्रामक खबरें चला रहे हैं। पीड़िता ने कोतवाली पुलिस से गुहार लगाई है कि इस मामले की जांच कर विपक्षी डॉक्टर और भ्रामक खबरें फैलाने वाले पत्रकारों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

Lakhimpur Kheri पुलिस दुर्व्यवहार से आहत भाजपा मंडल महामंत्री ने दिया इस्तीफा

भाजपा मंडल महामंत्री ने पुलिस उत्पीड़न का आरोप लगा दिया इस्तीफा,निघासन कोतवाली प्रभारी पर गंभीर आरोप

निघासन खीरी, 11 जून 2026, निघासन में राजनीतिक गलियारों से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। भारतीय जनता पार्टी के मंडल महामंत्री शिवकुमार पाल ने पुलिस उत्पीड़न और बदसलूकी से क्षुब्ध होकर अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने निघासन कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक पर अभद्र व्यवहार, गाली-गलौज और गंभीर धमकी देने के आरोप लगाए हैं।
शिवकुमार पाल के अनुसार, यह घटना मंगलवार सुबह की है। वे अपने गांव के एक भाजपा कार्यकर्ता के काम के सिलसिले में निघासन कोतवाली गए थे। आरोप है कि प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें अपने कक्ष में बुलाया और उनके साथ अमर्यादित व अभद्र भाषा का प्रयोग किया। विरोध करने पर उन्हें धक्का देकर कमरे से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़ित भाजपा नेता ने बताया कि कोतवाली प्रभारी ने सत्ता और पद के अहंकार में आकर उन्हें चुनौती दी। उन्होंने कहा जिला और प्रदेश स्तर पर जहां चाहो शिकायत कर दो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे। इस बर्ताव से आहत होकर शिवकुमार पाल ने कहा कि वे पाल समाज (अति पिछड़ा वर्ग) से आते हैं और इस घटना से उनका सामाजिक व व्यक्तिगत अपमान हुआ है। इसी ग्लानि के कारण उन्होंने भाजपा मंडल महामंत्री पद से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया है।शिवकुमार पाल ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषी पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की है। सत्ताधारी दल के पदाधिकारी के साथ पुलिस के इस तरह के व्यवहार के बाद क्षेत्र के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में आक्रोश है और मामले ने तूल पकड़ लिया है।इस सम्बन्ध में थाना प्रभारी के द्वारा बताया गया कि स्वयं को भाजपा मंडल महामंत्री बताने वाले शिवकुमार पाल ने संबंधित प्रपत्र तत्काल देने की मांग की थी। मना किए जाने पर उन्होंने कथित तौर पर पद से इस्तीफा देकर पत्र वायरल करने की धमकी दी थाना प्रभारी का दावा है कि वायरल किए गए आरोप पूरी तरह निराधार और तथ्यहीन हैं।

अपनी ही बुलेरो चोरी कराने की साज़िश में भाजपा मंडल अध्यक्ष गया जेल

Posted on 11.06.2026, Time 06.34 PM

आगरा, 11 जून 2026, थाना कागारौल क्षेत्र में चर्चित बोलेरो चोरी कांड में बड़ा मोड़ सामने आया है। मामले में आरोपी बनाए गए जगनेर क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। अदालत ने उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि जिस व्यक्ति ने बोलेरो वाहन चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, वही कथित तौर पर पूरी साजिश का मास्टरमाइंड निकला। जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दावा किया है कि वाहन को योजनाबद्ध तरीके से चोरी कराया गया था।

पुलिस के अनुसार देवकी नंदन शर्मा ने अपनी बोलेरो पहले बेच दी थी, लेकिन बाद में उसे वापस हासिल करने के उद्देश्य से चोरी की झूठी कहानी रची गई। आरोप है कि वाहन को गायब कराने के लिए नकली चाबी तैयार कराई गई और साजिश के तहत वाहन को पार कराया गया। इस मामले में उनके भाई को भी आरोपी बनाया गया है।

जांच के दौरान पुलिस ने टोल प्लाजा के रिकॉर्ड, मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाला। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की परतें खुलती चली गईं। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों ने आरोपियों की भूमिका को स्पष्ट किया है।
मामले की विवेचना पूरी होने के बाद पुलिस ने करीब 400 पन्नों की विस्तृत चार्जशीट न्यायालय में दाखिल की है। चार्जशीट में साजिश, वाहन चोरी और अन्य संबंधित आरोपों का उल्लेख किया गया है।

आरोपी पक्ष ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल की थी, लेकिन न्यायालय ने उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए राहत देने से इनकार कर दिया। इसके बाद देवकी नंदन उर्फ सोनू शर्मा ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

इस मामले ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है, क्योंकि आरोप एक प्रमुख राजनीतिक दल के स्थानीय पदाधिकारी पर लगे हैं। अब आगे की सुनवाई में न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत साक्ष्यों और गवाहियों के आधार पर मामले की दिशा तय होगी।

G 7 की बैठक में शामिल होंगे मोदी, 13 से 19 तक विदेश यात्रा पर

Narendra Modi Prime Minister

News Posted on 11.06.2026, Time 06.03 PM, Thursday, PM Narendra Modi

नई दिल्ली 11 जून 2026, फ्रांस के राष्ट्रपति महामहिम श्री इमैनुएल मैक्रों के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13-14 जून, 2026 को नीस तथा 16-19 जून, 2026 को एवियन और पेरिस में फ्रांस की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे। इसके अलावा, वह 14-16 जून, 2026 तक स्लोवाकिया की भी यात्रा करेंगे। यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री 14 जून को राष्ट्रपति मैक्रों के साथ द्विपक्षीय बैठक के लिए नीस जाएंगे। दोनों नेता भारत-फ्रांस द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करेंगे, जिसे इसी वर्ष स्पेशल ग्लोबल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया है। नीस में दोनों नेता संयुक्त रूप से ‘भारत इनोवेट्स’ कार्यक्रम का उद्घाटन भी करेंगे, जो भारत, फ्रांस और अन्य देशों के प्रमुख इनोवेशन स्टार्टअप्स और वेंचर कैपिटल फंड्स को एक मंच पर लाएगा। इंडिया-फ्रांस ईयर ऑफ इनोवेशन के दौरान आयोजित किया जा रहा यह प्रमुख कार्यक्रम दोनों देशों के बीच मौजूद मजबूत और वाइब्रेंट इनोवेशन पार्टनरशिप को और मजबूती प्रदान करता है।

यात्रा के दूसरे चरण में, स्लोवाक गणराज्य के प्रधानमंत्री महामहिम श्री रॉबर्ट फिको के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 14-16 जून, 2026 तक स्लोवाक गणराज्य की राजकीय यात्रा करेंगे। वर्ष 1993 में स्वतंत्रता प्राप्त करने के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह स्लोवाकिया की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा अप्रैल 2025 में माननीय राष्ट्रपति जी की स्लोवाकिया की राजकीय यात्रा और फरवरी 2026 में ‘AI इम्पैक्ट समिट’ में भाग लेने के लिए स्लोवाकिया के राष्ट्रपति महामहिम श्री पीटर पेलेग्रिनी की भारत यात्रा के बाद हो रही है। पीएम मोदी, प्रधानमंत्री फिको के साथ बातचीत करेंगे और सहयोग के नए क्षेत्रों पर विचार-विमर्श करेंगे। प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति पेलेग्रिनी से भी मुलाकात करेंगे। यह यात्रा ट्रेड, इन्वेस्टमेंट तथा ऑटोमोबाइल और रेलवे मैन्युफैक्चरिंग सहित विभिन्न क्षेत्रों में स्लोवाकिया के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने की भारत की प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगी।

यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री 16-17 जून, 2026 को फ्रांस के एवियन में आयोजित G7 समिट में भाग लेंगे। समिट के दौरान वह G7 नेताओं के साथ-साथ आमंत्रित साझेदार देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। वह समिट के उन सत्रों में भाग लेंगे, जिनका विषय है – नई साझेदारियों का निर्माण और अंतरराष्ट्रीय एकजुटता को पुनर्स्थापित करना; सभी के लिए संतुलित, साझा और सस्टेनेबल इकोनॉमिक ग्रोथ को पुनर्जीवित करना; तथा AI के सुरक्षित, तेज और प्रभावी रोलआउट को सुनिश्चित करना। समिट से इतर प्रधानमंत्री कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री 18 जून, 2026 को आगे की द्विपक्षीय बैठकों के लिए पेरिस जाएंगे। वह यूरोप के सबसे बड़े टेक्नोलॉजी और स्टार्टअप इवेंट VivaTech Summit में भी भाग लेंगे। प्रधानमंत्री के पेरिस में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करने की भी संभावना है।

प्रधानमंत्री की आगामी यूरोप यात्रा फ्रांस, स्लोवाकिया और G7 के साथ भारत की साझेदारी को और गहरा करेगी। G7 समिट में प्रधानमंत्री की उपस्थिति ग्लोबल साउथ की एक प्रमुख आवाज और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में एक महत्वपूर्ण साझेदार के रूप में भारत की स्थिति को दर्शाती है। भारत इनोवेट्स और VivaTech Summit, दोनों में प्रधानमंत्री की भागीदारी इनोवेशन, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन और एंटरप्रेन्योरशिप के ग्लोबल हब के रूप में भारत को प्रमुखता से प्रदर्शित करेगी तथा भारतीय, फ्रांसीसी और यूरोपीय टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम्स के बीच नई साझेदारियों को बढ़ावा देने की उम्मीद है। यह यात्रा यूरोपियन यूनियन के साथ अपनी व्यापक स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित करेगी।

« Newer PostsOlder Posts »