Web News

www.upwebnews.com

लखीमपुर-खीरी में बीज की कालाबाजारी पर एक्शन

October 28, 2026

लखीमपुर-खीरी में बीज की कालाबाजारी पर एक्शन

55 दुकानों पर छापेमारी, 31 सैंपल सीज; 2 कंपनियों को नोटिस

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर-खीरी।
उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर जिले में किसानों को सही कीमत पर अच्छी क्वालिटी के बीज दिलाने और कालाबाजारी रोकने के लिए मंगलवार (27 अक्टूबर) को कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। जिलाधिकारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीमों ने जिले भर में राजकीय और प्राइवेट बीज दुकानों व गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस अभियान के तहत कुल 55 बीज केंद्रों का निरीक्षण किया गया और जांच के लिए बीजों के 31 नमूने (सैंपल) लिए गए।
कृषि विभाग की इस अचानक हुई कार्रवाई से बीज विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कुछ दुकानों पर बेचे जा रहे बीजों के जरूरी कागजात और रिकॉर्ड नहीं मिले। इस लापरवाही पर जिला कृषि अधिकारी ने सख्त रुख अपनाते हुए 02 बीज कंपनियों/फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि इन मामलों की पूरी जांच की जाएगी और गड़बड़ी मिलने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी।
गेहूं के बीज पर 50% की छूट, सरसों की मिनीकिट बिल्कुल मुफ्त
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों के लिए एक जरूरी जानकारी भी साझा की है। उन्होंने बताया कि रबी सीजन (रबी की बुवाई) के लिए जिले के सभी सरकारी कृषि बीज गोदामों पर बढ़िया क्वालिटी के गेहूं के बीज और सरसों की मिनीकिट उपलब्ध हैं।
• गेहूं का बीज: किसानों को निर्धारित योजनाओं के तहत 50 प्रतिशत की भारी छूट (अनुदान) पर दिया जा रहा है।
• सरसों मिनीकिट: यह किसानों को बिल्कुल मुफ्त (निशुल्क) बांटी जा रही है।
पोर्टल पर ऐसे करें बुकिंग, प्राइवेट दुकान से लें पक्का बिल
जो किसान भाई सरकारी योजना का लाभ उठाना चाहते हैं और उन्होंने अभी तक बुकिंग नहीं की है, वे कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर जाकर अपनी जरूरत के हिसाब से ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को भरोसा दिलाया कि जिले में प्राइवेट सेक्टर में भी पर्याप्त मात्रा में बीज मौजूद हैं और कहीं भी बीजों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे प्राइवेट दुकानों से हमेशा प्रमाणित और अच्छी क्वालिटी का बीज ही खरीदें। साथ ही, खरीदते समय दुकानदार से पक्का बिल/वाउचर जरूर लें। अगर बाद में बीज खराब निकलता है या कोई शिकायत होती है, तो यह बिल दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई करने में सबसे बड़ा सबूत बनेगा।
अधिकारियों ने साफ चेतावनी दी है कि जिले में नकली बीज बेचने या कालाबाजारी करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और यह छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

शाहजहाँपुर में “राष्ट्रवादी पत्रकारिता में संघ का योगदान” विषय पर विचार गोष्ठी और “संघ शताब्दी विशेषांक” का विमोचन 01 नवंबर को

उ प्र समाचार सेवा
शाहजहाँपुर। हिन्दी न्यूज़ एजेंसी “उ.प्र. समाचार सेवा” के तत्वावधान में आगामी 01 नवम्बर, 2026 (रविवार) को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन होने जा रहा है। शाहजहाँपुर के टाउन हाल रोड स्थित हॉकी फील्ड के निकट “प्रेस क्लब भवन” में दोपहर 03:00 बजे से इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत होगी।इस गरिमामयी समारोह के दौरान “राष्ट्रवादी पत्रकारिता में संघ का योगदान” विषय पर एक महत्वपूर्ण विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, “संघ शताब्दी विशेषांक” पत्रिका का आधिकारिक विमोचन भी किया जाएगा।

वरिष्ठ राजनेता और प्रबुद्ध जन होंगे शामिल

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) मा० डॉ. जय पाल सिंह व्यस्त उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता भारत सरकार के इफको लि. के डिप्टी चेयरमैन मा० बलवीर सिंह द्वारा की जाएगी। वहीं, मुख्य वक्ता के रूप में उ.प्र. समाचार सेवा के संपादक और कृषि पत्रिका “ग्राम भारती” के संपादक मा० सर्वेश कुमार सिंह अपने विचार साझा करेंगे।

विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ शाहजहाँपुर के पूर्व जिला बौद्धिक प्रमुख और जैन इंटर कॉलेज खुदागंज के निवर्तमान प्रधानाचार्य शिवशंकर जी त्रिपाठी तथा उ.प्र. अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य अंशुमान सिंह मैसी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के निवेदक संजीव कुमार गुप्त (ब्यूरो प्रमुख-शाहजहाँपुर, उ.प्र. समाचार सेवा एवं ग्राम भारती) और डा. आनन्द प्रकाश मिश्र (एम.बी.बी.एस., लेखक/निर्देशक एवं नाट्य कलाकार) ने सभी प्रबुद्ध जनों, पत्रकारों और नागरिकों से इस वैचारिक गोष्ठी और विमोचन कार्यक्रम में सादर आमंत्रित होने की अपील की है।

लखनऊ के सरकारी अस्पतालों की खुली पोल: 4 साल के मासूम को नहीं मिल रहा ऑक्सीजन बेड, एम्बुलेंस में भटक रहे परिजन

लखनऊ/लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था की एक बेहद दर्दनाक तस्वीर राजधानी लखनऊ से सामने आई है, जहाँ लखीमपुर खीरी से रेफर होकर आए एक 4 वर्षीय गंभीर बच्चे को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में इलाज और ऑक्सीजन बेड नहीं मिल पा रहा है। सरकार भले ही जनता से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर बड़े-बड़े वादे करती हो, लेकिन जमीनी हकीकत आज भी गरीबों के लिए बेहद जानलेवा और मुश्किलों से भरी साबित हो रही है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जनपद के थाना नीमगांव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गुलौला (पोस्ट टीकौला) के रहने वाले बाबू सिंह का 4 वर्षीय पोता अत्यंत गंभीर स्थिति में है। बच्चे की बिगड़ती हालत को देखते हुए जिला अस्पताल लखीमपुर खीरी के डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ मेडिकल कॉलेज (KGMU) रेफर कर दिया था।
उम्मीद थी कि राजधानी के सबसे बड़े मेडिकल कॉलेज में मासूम को तुरंत इलाज मिलेगा, लेकिन यहाँ पहुँचने के बाद परिजनों को सिर्फ निराशा और दुत्कार हाथ लगी। अस्पताल में ऑक्सीजन बेड खाली न होने की बात कहकर बच्चे को भर्ती करने से मना कर दिया गया।

एम्बुलेंस में तड़प रहा मासूम, भटक रहे दादा

पीड़ित बाबू सिंह (मोबाइल नंबर: 8542803071) अपने मासूम पोते को एम्बुलेंस में लेकर लखनऊ के सरकारी अस्पतालों के चक्कर काट रहे हैं। बच्चे की हालत लगातार नाजुक बनी हुई है और उसे तुरंत ऑक्सीजन और आईसीयू सपोर्ट की जरूरत है। लेकिन लखनऊ के किसी भी बड़े सरकारी अस्पताल में इस गरीब परिवार की सुनने वाला कोई नहीं है। परिजन जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे बच्चे को गोद में लिए बेबस खड़े हैं।

दावों और हकीकत में जमीन-आसमान का अंतर

यह घटना सरकार के उन तमाम दावों पर करारा तमाचा है, जिसमें प्रदेश के हर नागरिक को बेहतर और त्वरित इलाज देने की बात कही जाती है। हकीकत यह है कि आज भी किसी गरीब को आपातकालीन स्थिति में सही समय पर इलाज मिलना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। रेफरल सिस्टम के नाम पर मरीजों को एक जिले से दूसरे जिले तो भेज दिया जाता है, लेकिन वहाँ उनके लिए बेड सुरक्षित हैं या नहीं, इसकी सुध लेने वाला कोई तंत्र मौजूद नहीं है।क्या एक 4 साल के मासूम की जान की कीमत इन सरकारी कागजी वादों से कम है? पीड़ित परिवार अब सिर्फ किसी चमत्कार या प्रशासन की नींद टूटने का इंतजार कर रहा है, ताकि उनके बच्चे की सांसें बचाई जा सकें।

एटा में पूर्व राज्यसभा सांसद सत्या बहन ने दिल्ली रैली में पहुंचने की अपील की

एटा 28 अक्टूबर उप्रससे। जनपद में पूर्व राज्यसभा सांसद सत्या बहन ने बुधवार शाम 4 बजे अपने आवास पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले इंडिया गठबंधन के अभियान में शामिल होने की अपील की।

उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर वोटों की चोरी के आरोप लगाए। कहा कि अभियान में मुख्य चुनाव आयुक्त और उन्हें संरक्षण देने वालों को हटाने की मांग उठाई जाएगी।
सत्या बहन ने कहा कि देशभर से लोग अभियान में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश से भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। देश में लोकतंत्र कमजोर किया जा रहा है। वोटों, विधायकों और सांसदों की चोरी हो रही है।
उन्होंने राहुल गांधी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वह लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रहे हैं। सत्या बहन ने राहुल गांधी की कन्याकुमारी से कश्मीर तक की पैदल यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि राहुल गांधी न डरते हैं, न झुकते हैं और न रुकते हैं।
सत्या बहन ने आरोप लगाया कि ईडी और सीबीआई जैसी एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को डराकर और धमकाकर सरकारें बनाई जा रही हैं। उनके मुताबिक, इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। चुनाव प्रक्रिया पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव निष्पक्ष और संविधान के मुताबिक होने चाहिए। मतदाताओं के अधिकारों का हनन हो रहा है।
सत्या बहन ने मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान और उनके तेवर का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि जनता को कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट होना पड़ेगा। अयोध्या राम मंदिर के चंदे को लेकर भी उन्होंने आरोप लगाए और इसे आस्था से जुड़ा मुद्दा बताया। संसद में विपक्ष के कमजोर होने के सवाल पर सत्या बहन ने कहा कि विपक्ष कमजोर नहीं है। ईडी, सीबीआई और चुनाव आयुक्त से जुड़ी व्यवस्था का इस्तेमाल विपक्ष पर दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। चुनाव आयोग को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए और लोकतांत्रिक संस्थाओं की स्वतंत्रता बनाए रखना जरूरी है।

सपा नेताओं की ‘मानवता की दुहाई’ ढोंग, जनता नहीं भूली उनके काले कारनामे: जुगल किशोर

उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर खीरी।मितौली खीरी मानवता की बात करने वाले समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा मितौली में स्नातक चुनाव के दौरान भाजपा नेताओं द्वारा समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक एवं उनके सहयोगियों के विरुद्ध कराई गई एफ आई आर के संबंध में एक प्रेस वार्ता में पूर्व राज्यसभा सदस्य सांसद भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता जुगल किशोर ने कहां सन 2012 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने के बाद जिला पंचायत अध्यक्ष मेरी धर्मपत्नी दमयंती किशोर के विरुद्ध अविश्वास प्रस्ताव लाया गया. समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा मेरे तथा मेरे अति निकटतम कार्यकर्ता बेबी अवस्थी तथा पूर्व विधायक स्वर्गीय अरविंद गिरी के विरुद्ध एफ आई आर थाना पसगवा तथा कोतवाली गोला में कराई गई थी जिला प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री तक मेरे विरुद्ध षड्यंत्र रचे गए यहां तक कि जज पर भी दबाव डाला गया दबाव के चलते जज छुट्टी लेकर के चले गए थे. तब यह मानवता की दुहाई देने वाले समाजवादी पार्टी के नेता चुनाव लड़ने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाए थे. जुगल किशोर ने पुरानी याद दिलाते हुए कहां कि समाजवादी पार्टी के लोग वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद भाजपा द्वारा सपा प्रत्याशी के विरुद्ध अविश्वास लाये जाने के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने की हिम्मत भी नहीं जुटा पाए थे. समाजवादी पार्टी के नेता भाजपा के विरुद्ध अनर्गल प्रलाप करने से नहीं चूकते इनके द्वारा की गई गुंडागर्दी जमीन अधिग्रहण एवं भैंस चोरी लूट बलात्कार जैसी घटनाओं को जनता अब तक भूल नहीं पाई है कस्ता विधानसभा ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रामीणों द्वारा लगाए गए वेश कीमती शीशम के पेड़ों को रातों-रात कटवा कर ले जाया गया जनता इनके द्वारा किए गए कारनामो को अभी तक भूल नहीं पाई है. आने वाले चुनाव में जनता इनका मुंहतोड़ जवाब देगी।

« Newer Posts — Older Posts »