एटा 09 नवंबर उप्रससे। जिला मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय के सामने खड़ी टाटा सूमो गोल्ड में दीपावली की रात आग लग गई। कार कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशिक हुसैन उर्फ भोले की बताई गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र में रोडवेज बस स्टैंड के सामने धान मिल के पास स्थित कांग्रेस कार्यालय, रविवार की रात कार में आग लग गई। दीपावली के चलते आसपास पटाखे चलाए जा रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि पटाखे की चिंगारी कार पर गिरने से आग लगी। हालांकि, आग लगने का असली कारण अभी साफ नहीं है।
कार से लपटें उठती देख लोगों ने दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड अधिकारी जितेंद्र कुमार और बन गांव चौकी इंचार्ज गगनदीप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की कई गाड़ियों ने आग बुझाई। मौके पर कोतवाली नगर पुलिस और बिजली विभाग की टीम भी पहुंची। आग बुझने तक कार जल चुकी थी। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
