Web News

www.upwebnews.com

स्कूल से लापता छात्र-छात्रा के शव पेड़ से लटके मिले, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी

November 4, 2026

स्कूल से लापता छात्र-छात्रा के शव पेड़ से लटके मिले, हत्या या आत्महत्या की गुत्थी उलझी

उ प्र समाचार सेवा

लड़के के कपड़ों पर मिले खून के निशान, फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, शव उतारने का किया विरोध
नरेन्द्र मिश्रा
मैगलगंज-खीरी। मैगलगंज थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से नाबालिग छात्र-छात्रा के शव लटके मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों मंगलवार को स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर नहीं पहुंचे थे। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच होने तक शव नीचे उतारने से विरोध किया। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

मृतकों की हुई पहचान

मृतकों की पहचान आरुषि और सुधाकर के रूप में हुई है। दोनों एक ही गांव के निवासी और आपस में रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। दोनों औरंगाबाद स्थित जिला पंचायत इंटर कॉलेज में पढ़ते थे।

मंगलवार को स्कूल से घर नहीं लौटे थे दोनों

परिजनों के मुताबिक, मंगलवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद दोनों घर नहीं पहुंचे। काफी देर तक इंतजार करने के बाद परिजनों ने स्कूल से संपर्क किया और उनकी तलाश शुरू कर दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में दोनों के स्कूल में मौजूद होने और छुट्टी के बाद वहां से निकलने की पुष्टि हुई है।

साइकिल और चप्पल भी मिली

बुधवार दोपहर परिजनों ने तलाश के दौरान स्कूल ड्रेस में दोनों के शव औरंगाबाद-मूड़ा बसही मार्ग पर एक जामुन के पेड़ से लटके देखे। घटनास्थल से कुछ दूरी पर एक साइकिल और चप्पल भी बरामद होने की बात सामने आई है। पुलिस ने मौके से मिले सामान को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने से बढ़ा संदेह

घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने बारीकी से निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लड़के के कपड़ों पर खून के निशान मिलने की बात सामने आई है। पुलिस ने डॉग स्क्वायड की मदद से भी जांच कराई। इसके अलावा ड्रोन कैमरे से घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की छानबीन की गई। इन परिस्थितियों के बाद मामला और रहस्यमय हो गया है।

एडिशनल एसपी समेत कई थानों की पुलिस पहुंची

दोनों के शव मिलने की सूचना पर एडिशनल एसपी अमित राय, सीओ मितौली यदुवेंद्र यादव और मैगलगंज थाना प्रभारी अखिलेश गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आक्रोशित परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। परिजन मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

हत्या या आत्महत्या, जांच के बाद खुलेगा राज

पुलिस शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग समेत अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है। हालांकि, अभी किसी भी आशंका की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। सीओ यदुवेंद्र यादव के अनुसार, पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के निष्कर्ष सामने आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि दोनों नाबालिगों की मौत के पीछे आत्महत्या है या कोई आपराधिक साजिश? इसका जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आएगा।

पढ़ाई के साथ-साथ बच्चों का शारीरिक विकास भी जरूरी

नियमित योगा व व्यायाम करायें अधीक्षक -जिलाधिकारी

उप्रससे अजय बरया
ललितपुर। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के निर्देशों के क्रय में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश ने राजकीय संप्रेषण गृह, नेहरूनगर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संप्रेक्षण गृह में निवासरत बच्चों के रहन-सहन, भोजन, पहनावा, शारीरिक एवं मानसिक स्थिति के साथ-साथ उनकी शिक्षा और कौशल विकास से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर बारीकी से पड़ताल की। निरीक्षण के समय संप्रेक्षण गृह में कुल 49 बच्चे निवासरत पाए गए, जो सभी शिक्षण कार्य करते हुए मिले। जिलाधिकारी ने परिसर का भ्रमण करते हुए शयन कक्ष, क्लास रूम, टॉयलेट और किचन का निरीक्षण किया तथा मौके पर चल रहे बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य को भी देखा।
व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि बच्चों के कौशल प्रशिक्षण हेतु उन्हें ट्रिपल सी या अन्य समकक्ष व्यवसायिक पाठ्यक्रम का प्रशिक्षण कराया जाए, जिससे यह उनके भविष्य में मददगार साबित हो सके और वे आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने इस बात पर विशेष जोर दिया कि बच्चों की औपचारिक शिक्षा के साथ-साथ उनके कौशल विकास और शारीरिक विकास के लिए खेलकूद, व्यायाम, योगा आदि गतिविधियां नियमित रूप से कराई जाएं। इसके अलावा, किचन में बनने वाले भोजन की गुणवत्ता और पोषण का विशेष ध्यान रखने तथा मीनू के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। डीएम ने परिसर की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए निर्माणाधीन बाउंड्री वॉल के कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने और शयन कक्ष, क्लास रूम व टॉयलेट सहित पूरे परिसर में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानवाधिकार आयोग के मानकों के अनुरूप बच्चों के कल्याण और उनकी सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई, सीएमओ डॉ0 वीरेन्द्र सिंह, एसडीएम सदर हेमन्त पटेल, डीआईओएस ओपी सिंह, बीएसए रत्नेश कुमार, डीपीओ नन्दलाल सिंह एवं नीरज सिंह, डीआईओ डीएस दयाल, डीपीआरओ कुॅवर सिंह यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।

अवैध रूप से नेपाल जा रही खाद सहित दो तस्कर गिरफ्तार

उ प्र समाचार सेवा
भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी की बड़ी कार्रवाई

​तिकुनियां खीरी
भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीमा सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता मिली है तिकुनिया क्षेत्र के अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर तैनात बाह्य सीमा चौकी (BOP) रननगर और जी समवाय खखरौला के जवानों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नेपाल ले जाए जा रही उर्वरक (खाद) को जब्त किया है। इस मामले में दो भारतीय नागरिकों को मोटरसाइकिल सहित हिरासत में लिया गया है।
​प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 04 नवंबर 2026 को सुरक्षा बलों को एक विश्वसनीय सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति कोवाखेड़ा घाट के रास्ते भारत से नेपाल की ओर में यूरिया और अन्य उर्वरक खाद की तस्करी करने की फिराक में हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए बाह्य सीमा चौकी (BOP) रननगर द्वारा तुरंत गश्त और निगरानी बढ़ा दी गई।
​रणनगर चौकी क्षेत्र के अंतर्गत सुबह लगभग 08:45 बजे, जी समवाय खखरौला के कार्यक्षेत्र में स्थित सीमा स्तम्भ संख्या 708 से लगभग 200 मीटर भारत की ओर (कोवाखेड़ा घाट से नेपाल जाने वाले रास्ते पर) सुरक्षा बलों ने एक काले रंग की बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (संख्या: UP31C M1744) को रोका, जिस पर दो लोग सवार थे और भारी बोरियां लदी हुई थीं।
​जब वाहन और सवारों की तलाशी ली गई, तो उनके पास से निम्नलिखित अवैध सामग्री बरामद हुई:
​डीएपी खाद: 02 बोरी (प्रत्येक 50 किग्रा), कुल वजन 100 किलोग्राम।
​यूरिया खाद: 03 बोरी (प्रत्येक 45 किग्रा), कुल वजन 135 किलोग्राम।
​कुल जब्ती: 05 बोरी, कुल वजन 235 किलोग्राम उर्वरक।
​आरोपियों की पहचान
​पूछताछ के दौरान पकड़े गए दोनों व्यक्तियों की पहचान निम्नलिखित रूप में हुई है:
​राजेश कुमार (उम्र लगभग 35 वर्ष), पुत्र: परमेश्वर, निवासी: ग्राम रायपुर, थाना तिकुनिया, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश)।
​सुरेंद्र (उम्र लगभग 32 वर्ष), पुत्र: शिवकुमार, निवासी: ग्राम रामनगर, थाना तिकुनिया, जिला लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश
​समस्त कानूनी प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जब्त की गई खाद, मोटरसाइकिल और दोनों आरोपियों को अग्रिम तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई हेतु कस्टम कार्यालय, तिकुनिया, जिला लखीमपुर खीरी को सुपुर्द कर दिया गया है। सीमा सुरक्षा बलों की इस सख्त कार्रवाई से उर्वरक तस्करों में हड़कंप मच गया है।

November 3, 2026

पुण्यतिथि पर याद किये गये वरिष्ठ पत्रकार स्मृतिशेष राधेश्याम लाल कर्ण

रायबरेली। उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट के संस्थापक महामंत्री स्मृतिशेष राधेश्याम लाल कर्ण की द्वितीय पुण्यतिथि मनायी गयी। जिसमें भारी संख्या में जनपद के पत्रकार एवं समाज सेवियो एवं व्यापारियों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला और उनके साथ बिताये गये अपने पलो को याद करके स्मरण लोगो से साझा किये। उक्त कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को रोटरी क्लब के सभागार में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट के संस्थापक महामंत्री स्मृतिशेष राधेश्याम लाल कर्ण की द्वितीय पुण्यतिथि मनायी गयी और इस अवसर पर उनके चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर अपनी-अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा की अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रेम नारायण द्विवेदी ने की।
सभा में महावरी प्रसाद द्विवेदी स्मारक समिति के संयोजक गौरव अवस्थी अवस्थी द्वारा घोषणा की गयी इस इस बार उनके द्वारा आचार्य जी की स्मृति में आयोजित होने वाले पुस्तक मेले जो कि 12 नवम्बर से आयोजित होगा उसमें स्व. कर्ण की तरह ही अन्य दिवंगत सम्पादकों की स्मृति में एक फोटो गैलरी लगायी जायेगी जाये जिसे ऐसे कर्मठ सम्पादकों की फोटो लगायी जायेगी जिससे लोगों को प्रेरणा मिले।
इस अवसर पर पं0 नवल किशोर बाजपेयी, वरिष्ठ पत्रकार एवं अधिवक्ता मिलिंद कुमार द्विवेदी, रघुनाथ द्विवेदी, अशोक शर्मा, महेश त्रिवेदी, समाज सेवी उमेश सिकरिया, अरविन्द श्रीवास्तव, गुरजीत सिंह तनेजा, उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रांतीय महामंत्री आनन्द कर्ण, विजय श्रीवास्तव, ठाकुर सिंह, संजय सिंह, आलोक सिंह, अनुज मौर्य, सारिका शुक्ला आदि ने अपने सम्बोधन में स्व. कर्ण की पत्रकारो के हितों की लड़ाई व संघर्ष पर चर्चा करते हुए बताया कि कैसे उन्होने पूरे प्रदेश में पत्रकारों की लड़ाई सबसे आगे रहकर लड़ते थे।
इस अवसर पर व्यापारी नेता अतुल गुप्ता, प्रियंका अवस्थी, कमल श्रीवास्तव, डा0 विजय श्रीवस्तव, डा0 सुनील द्विवेदी, डा0 रफत आलम, नीरज कुमार, अनिल मिश्र, धीरज श्रीवास्तव, अजीत कुमार, करण कुमार, प्रतीक चौहार, कुवर मयंक सिंह, जीसी चौहान आदि भारी संख्या में पत्रकारगण उपस्थित रहे।

रेलवे के असिस्टेंट ऑपरेटिंग मैनेजर की संदिग्ध हालात में मौत, पत्नी ने लगाया प्रताड़ना का आरोप

आगर। उत्तर मध्य रेलवे, आगरा मंडल के सहायक परिचालन प्रबंधक (AOM) अभिषेक कुमार कुशवाहा की रविवार रात करीब 10:30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका शव डीआरएम कार्यालय स्थित उनके चैंबर में सोफे/कुर्सी पर पड़ा मिला।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, मृतक की पत्नी आस्था रानी और मां सुशीला देवी ने परिचालन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप लगाए हैं। पत्नी का आरोप है कि अभिषेक से अतिरिक्त ड्यूटी कराई जाती थी और काम के नाम पर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। परिजनों का कहना है कि घटना के लिए अधिकारियों की कार्यशैली जिम्मेदार है।
क्या है पूरा घटनाक्रम
मूल रूप से गाजीपुर के रहने वाले अभिषेक का चार महीने पहले ही प्रमोशन होकर प्रयागराज के सतर्कता विभाग से आगरा तबादला हुआ था। रविवार को प्रारंभिक पात्रता परीक्षा (PT) के चलते उनकी ड्यूटी डीआरएम कार्यालय के कंट्रोल रूम में थी। रात 10 बजे तक ड्यूटी के बाद वह अपने चैंबर में गए। कर्मचारियों से कहा था कि उन्हें ठीक नहीं लग रहा है। घर नहीं पहुंचने पर परिजन तलाशते हुए कार्यालय पहुंचे। रात करीब 10:30 बजे चैंबर में देखा तो वह सोफे पर अचेत पड़े थे। पास में उल्टी और कुछ गोलियां पड़ी मिलने की बात सामने आ रही है। उन्हें तुरंत रेलवे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

चार महीने पहले ही पिता बने थे अभिषेक
परिवार में चार महीने पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। पत्नी आस्था का कहना है कि वह अभिषेक को नौकरी छोड़कर गांव चलने के लिए कहती थीं, लेकिन वह जिम्मेदारी को लेकर गंभीर थे।
हंगामा और जांच
घटना के बाद बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी रेलवे अस्पताल के बाहर जमा हो गए और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घर से लाई गई डायरी, मोबाइल फोन और चैंबर से मिले साक्ष्य जांच में अहम माने जा रहे हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

« Newer Posts — Older Posts »