Web News

www.upwebnews.com

हाथरस में भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से आक्रोश, जिला पंचायत अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग

September 16, 2026

हाथरस में भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने से आक्रोश, जिला पंचायत अध्यक्ष ने की कार्रवाई की मांग

हाथरस। भगवान परशुराम की प्रतिमा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आने के बाद लोगों में आक्रोश है। मामले को लेकर जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा उपाध्याय ने सीओ सिटी को शिकायती पत्र सौंपकर घटना की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
शिकायती पत्र में उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़ी प्रतिमा को क्षति पहुंचाने की घटना गंभीर है। ऐसी घटनाओं से लोगों की भावनाएं आहत हो सकती हैं और क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न होने की आशंका रहती है। उन्होंने पुलिस से मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना की जांच कराने की मांग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने पुलिस अधिकारियों से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की। पुलिस द्वारा शिकायत के आधार पर मामले की जांच किए जाने की बात सामने आई है। घटना से जुड़े तथ्यों की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

महानगर कांग्रेस ने सरकार पर लगाया सरकारी जमीनें बाहरी लोगों को सौंपने का आरोप

हरिद्वार, 16 सितम्बर। महानगर कांग्रेस कमेटी ने बेशकीमती सरकारी जमीनों को राज्य के बाहर के लोगों के हाथों में सौंपने की तैयारियों का आरोप लगाया है। प्रैस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि सरकार ने इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर बोर्ड का गठन कर सरकारी विभागों की भूमि को नीलाम करने का रास्ता खोल दिया गया है। नियमों को ताक पर रखकर कीमती जमीनों को लीज के माध्यम से निजी हाथों में सौंपा जा रहा है। जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भूमिदर किसानों की जमीनों को बेचने के लिए भी सरकार कानूनी इंतजाम कर रही है। बेशकीमती जमीनों को लीज के माध्यम से नियमों को ताक पर रखकर देने का काम किया जा रहा है। अपना स्वार्थ सिद्ध करने में लगी सरकार को राज्य के लोगों की कोई चिंता नहीं है। अमन गर्ग ने कहा कि कांग्रेस के विरोध के बावजूद सरकार सरकारी विभागों की जमीनों और संपत्तियों को बेचने के लिए 17 अक्टूबर 2023 को उत्तराखंड इन्वेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कानून ले आयी। जिसके माध्यम से कीमती सरकारी जमीनों को भूमाफिया के हाथों में देना चाहती है। राज्यहित में बनाए गए अलकनंदा होटल को भी प्राइवेट हाथों में देने की तैयारी की जा रही है। पीपीपी मोड पर लगातार संपत्तियों को निजी हाथों में सौपा जा रहा है। कई बड़े होटल और अस्पताल भी निजी हाथों में सौंपे जा रहे हैं। जिसका कांगें्रेस हरस्तर पर विरोध करेगी। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुरली मनोहर एवं महेश प्रताप राणा ने कहा कि भूमाफिया के सहारे प्रदेश को चलाने की तैयारी की जा रही है। बेशकीमती जमीनें निजी हाथों में सौपा जाना सरकार की गलत नीति को दर्शा रहा है। कुंभ निर्माण कार्यों में भी सरकार पारदर्शिता नहीं अपना रही है। निर्माण कार्यों में पैसों की बर्बादी की जा रही है। नैनीताल, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार जनपदों में कई सरकारी भूमि निजी हाथों में सौंप दी गई है जोकि प्रदेश हित में नहीं है। प्रैसवार्ता के दौरान अंजू मिश्रा, तीर्थपाल रवि, वरुण बालियान, राजवीर सिंह, रचना शर्मा, ललित भार्गव, हिमांशु, अकरम अंसारी, शहाबुद्दीन अंसारी, सत्येंद्र वर्मा, अशीष पवार, बीपीएस तेजियान आदि मौजूद रहे।

सिसैया खुर्द मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने लिया संज्ञान

ग्रामीणों से मिले प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

धौरहरा क्षेत्र के गांव पहुंचकर अधिकारियों से भी ली जानकारी
उ प्र समाचार सेवा
लखीमपुर-खीरी।धौरहरा क्षेत्र के सिसैया खुर्द गांव में ग्रामीणों और पुलिस के बीच हुए विवाद का मामला तूल पकड़ता नजर आ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस पर घरों में घुसकर मारपीट करने और कई लोगों को घायल करने के आरोप लगाए हैं। मामले की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने प्रकरण का संज्ञान लिया और निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया।
पुलिस अधीक्षक से मुलाकात के बाद भाजपा जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता सीधे सिसैया खुर्द गांव पहुंचे। उनके साथ जिला महामंत्री राजेश सिंह, जिला उपाध्यक्ष विनोद लोधी, कौशल किशोर तिवारी, सुनील दीक्षित, विकास शुक्ला और मंडल अध्यक्ष भोला नाथ मिश्रा सहित प्रतिनिधिमंडल मौजूद रहा। प्रतिनिधिमंडल ने गांव पहुंचकर घटना से प्रभावित ग्रामीणों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए पुलिस पर लगाए गए आरोपों से अवगत कराया।भाजपा जिलाध्यक्ष ने मौके पर धौरहरा कोतवाल और सहायक विकास अधिकारी पंचायत को भी बुलाया तथा मामले की जानकारी ली। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी मामले की वास्तविक स्थिति की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।ग्रामीणों के अनुसार घटना के बाद करीब 16 लोग घायल हुए हैं। उनका आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने घरों में घुसकर मारपीट की। वहीं, पुलिस की ओर से घटना को लेकर अलग पक्ष सामने आने की संभावना है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पूरे प्रकरण के सभी पहलुओं की जांच जरूरी है, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके। प्रतिनिधिमंडल के गांव पहुंचने और अधिकारियों से जानकारी लेने के बाद ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की उम्मीद जताई है। जांच पूरी होने के बाद ही विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

NDRF टीम ने रामगंगा नदी में डूबे 14 वर्षीय बालक का शव बरामद किया

शाहजहाँपुर, 16 सितंबर ( संजीव गुप्त )

जनपद शाहजहाँपुर के तहसील तिलहर, थाना गढ़िया रंगीन क्षेत्रांतर्गत ग्राम रपड़िया नवादा निवासी 14 वर्षीय बालक *विकास पुत्र ओमपाल* दिनांक 15 सितंबर 2026 को रामगंगा नदी में डूब गया। घटना की जानकारी प्राप्त होने के बाद जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा 15 सितंबर 2026 की रात्रि में *08वीं वाहिनी राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF), गाजियाबाद* को बालक की तलाश एवं बरामदगी हेतु सूचना दी गई।

सूचना प्राप्त होते ही NDRF द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मानसून प्री-पोजिशनिंग के अंतर्गत हनुमत धाम, शाहजहाँपुर में तैनात NDRF टीम को अभियान हेतु तैयार किया गया। दिनांक 16 सितंबर 2026 की प्रातः टीम कमांडर *INSP/GD शिवकली धुर्वे* के नेतृत्व में NDRF टीम घटनास्थल पर पहुँची तथा रामगंगा नदी में बालक की तलाश के लिए व्यापक Search & Recovery Operation प्रारंभ किया।

NDRF टीम के प्रशिक्षित बचावकर्मियों एवं गोताखोरों द्वारा नदी के विभिन्न संभावित स्थानों पर व्यवस्थित तरीके से गहन खोज अभियान चलाया गया। नदी की गहराई, जल प्रवाह एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद टीम द्वारा लगातार अथक प्रयास किए गए।

लगातार किए गए खोज अभियान के दौरान घटनास्थल से लगभग 4 किलोमीटर दूर रामगंगा नदी से बालक विकास का शव बरामद कर लिया गया। शव की बरामदगी के उपरांत आवश्यक स्थानीय औपचारिकताएँ पूर्ण की गईं तथा शव को आवश्यक अग्रिम कार्रवाई हेतु सिविल पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।

इस खोज एवं बरामदगी अभियान में NDRF की ओर से *INSP/GD शिवकली धुर्वे, Sub INSP वीरेंद्र सिंह, ASI धर्मेंद्र सिंह* सहित अन्य 27 NDRF कार्मिकों ने सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने प्रतिकूल नदी परिस्थितियों में धैर्य, तत्परता एवं समन्वय के साथ अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न किया।

NDRF द्वारा इस प्रकार की आपदा एवं जल दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित प्रतिक्रिया, खोज एवं बचाव कार्यों के माध्यम से प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए निरंतर तत्परता के साथ कार्य किया जाता है।

विद्यार्थी पर्यावरण के प्रति रहें संवेदनशील : प्रो चारग

(more…)

« Newer Posts — Older Posts »