Web News

www.upwebnews.com

सीतापुर शहर में जाम का झाम, वाहन चालक रोजाना हो रहे परेशान

November 14, 2026

सीतापुर शहर में जाम का झाम, वाहन चालक रोजाना हो रहे परेशान

उ प्र समाचार सेवा

लालबाग से चुंगी चौकी तक कई प्रमुख चौराहों पर लग रहा जाम यातायात व्यवस्था पर उठ रहे सवाल।

सीतापुर। शहर में जाम की समस्या दिन-प्रतिदिन गंभीर होती जा रही है। शहर के चारों तरफ से आने वाले प्रमुख मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लगने वाले जाम के कारण लोगों का कीमती समय बर्बाद हो रहा है।

वाहन चालकों का कहना है कि लालबाग से चुंगी चौकी तक जाम की समस्या सबसे अधिक देखने को मिल रही है। आंख अस्पताल तिराहा बड़े डाकखाने के पास बनी दुकानों के सामने तथा हसन अली चौराहे पर प्रतिदिन जाम लगने से आवागमन बाधित रहता है। कई बार वाहन चालक काफी देर तक जाम में फंसे रहते हैं।

स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि प्रमुख चौराहों पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाने की जरूरत है। लोगों ने यातायात पुलिस और जिला प्रशासन से नियमित यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा अतिक्रमण हटवाकर जाम की समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।