Web News

www.upwebnews.com

बलिया में स्कूली वाहनों पर चला परिवहन प्रशासन का डंडा, 157 वाहनों को नोटिस

March 29, 2026

बलिया में स्कूली वाहनों पर चला परिवहन प्रशासन का डंडा, 157 वाहनों को नोटिस

रिपोर्ट – संजय कुमार तिवारी
स्थान – बलिया यूपी
डेट – 29/03/2026

बलिया,  प्राइवेट वाहनों और कार्शियल वाहनों सहित स्कूली वाहनों पर परिवहन प्रशासन का डंडा चला है जिसके तहत 157 स्कूली वाहनों को नोटिस जारी किया गया है। खासकर बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन प्रशासन सख्त हो गया है।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी अरुण कुमार राय ने बताया कि जनपद में संचालित 157 स्कूली वाहनों की फिटनेस वैधता एवं आवश्यक प्रपत्र समाप्त हो चुके हैं। ऐसे वाहनों से बच्चों का परिवहन असुरक्षित माना गया है। उन्होंने सभी अभिभावकों से अपील की है कि इन वाहनों से अपने बच्चों को स्कूल न भेजें। साथ ही किसी भी वाहन से बच्चों को भेजने से पहले उसकी भौतिक एवं तकनीकी स्थिति की जांच अवश्य कर लें। इसमें वाहन की फर्श की स्थिति, खिड़कियों पर जाली या रॉड की उचित व्यवस्था जैसी सुरक्षा संबंधी बातों का विशेष ध्यान रखने को कहा है। उनका कहना है कि
विभाग ने सूची में शामिल सभी स्कूली वाहनों के स्वामियों, प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को सख्त निर्देश दिए हैं कि जब तक वाहनों की फिटनेस, तकनीकी स्थिति और दस्तावेज पूरी तरह सही नहीं हो जाते, तब तक इनसे बच्चों का परिवहन न किया जाए। सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि किसी भी प्रतिबंधित वाहन से बच्चों का परिवहन किया जाता है और कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी। साथ ही संबंधित के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज किया जाएगा और विद्यालय की मान्यता रद्द करने की संस्तुति भी की जाएगी

उपजिलाधिकारी ने बच्चों के साथ खाया मिड डे मिल

 ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अभिनव जैन ने कमला नेहरू कन्या
प्राथमिक पाठशाला का किया निरीक्षण, रिपोर्ट कार्ड भी वितरित किए
आईएएस अधिकारी को अपने बीच पा कर बच्चे भी हुए उत्साहित
मथुरा।  सदर तहसील में उपजिलाधिकारी व ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मजिस्ट्रेट अभिनव जे. जैन ने नगर क्षेत्र के कमला नेहरू कन्या प्राइमरी पाठशाला के निरीक्षण के दौरान छात्रों के साथ बैठकर मिड डे मिल खाया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को रिपोर्ट कार्ड व पुरस्कार वितरित किए। एसडीएम के हाथों पुरस्कार पा कर बच्चे उत्साहित दिखाई दिए।
विद्यालय के आकस्मिक निरीक्षण पर आए उपजिलाधिकारी ने विद्यालय में शिक्षा के स्तर, कम्पोजिट ग्रांट उपभोग आदि की जांच की। उन्होंने छात्रों से उनकी रुचि को लेकर प्रश्न पूछे व नन्हे-मुन्ने बच्चों की जिज्ञासा शांत की। सत्रांत पर कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्रों को पुरस्कृत किया गया। एसडीएम की सादगी व मिलनसार स्वभाव से विद्यालय के बच्चे भी उनसे घुल-मिल गए और काफी खुश हुए।
विद्यालय की व्यवस्थाओं से प्रभावित एसडीएम ने प्रधानाध्यापक बलवीर सिंह व स्टाफ की सराहना की। निरीक्षण के दौरान सविता चतुर्वेदी, रश्मि शर्मा, किरन, शुचि व दिगम्बर समेत सभी विद्यालय स्टाफ उपस्थित मिला। प्रधानाध्यापक बलवीर सिंह ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने विद्यालयी व्यवस्थाओं व कक्षा की गतिविधियों, शिक्षकों द्वारा प्रयोग किए जाने वाले शैक्षिक नवाचारों के विषय में जानकारी ली।

छात्राओं ने शैक्षिक भ्रमण में राष्ट्रपति भवन का किया अवलोकन

मथुरा। अमरनाथ गर्ल्स डिग्री कॉलेज के इतिहास विभाग की छात्राओं ने दिल्ली शैक्षिक पर्यटन में राष्ट्रपति भवन का अवलोकन किया।
राष्ट्रपति भवन की विशालता, गरिमा, व्यवस्था, सादगी और सौंदर्य देख कर छात्राएं अचंभित हो गई।
राष्ट्रपति भवन के विशेष सचिव ने छात्राओं को भवन के निर्माण इतिहास और परंपराओं के बारे में बताया।छात्राओं ने यह दुर्लभ अवसर प्रदान किए जाने पर संबंधित अधिकारियों को अपना आभार व्यक्त किया।
राष्ट्रपति भवन से जुड़े मुगल गार्डन (अमृत उद्यान) में छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के फूलों ,कलात्मक हरितमा को देखा।
इतिहास विभाग की विभाग अध्यक्ष डॉ मांडवी राठौर, डॉ मनोरमा कौशिक,  दामोदर घोष जी के नेतृत्व में गए इस 56 सदस्यीय पर्यटक दल ने  प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं नेहरू तारामंडल भी देखा तथा वहां ग्रहों एवं नक्षत्रों के संबंध में दिखाई जा रही चलचित्र का आनंद लिया ।
इस क्रम में राष्ट्रीय संग्रहालय में सिंधु घाटी सभ्यता संबंधी पुरातात्विक अवशेषों
एवं अन्य ऐतिहासिक साक्ष्यों को देखकर छात्राओं ने प्रोजेक्ट संबंधी सामग्री एकत्र की।  यात्रा के अंत में छात्राओं ने इंडिया गेट देखकर उसके इतिहास के बारे में जाना एवं ऐतिहासिक कनॉट प्लेस देखकर पालिका बाजार में खरीदारी का भी आनंद उठाया।

मथुरा : भोगांव में फटा गैस सिलेंडर, मकान जमीदोज

बिजली कटौती ने बचाई चार मासूमों की जान, बड़ा हादसा होने से टला,
मथुरा।चौमुहां ब्लॉक के गांव भोगांव में रविवार सुबह तड़के गैस सिलेंडर फटने से एक बड़ा हादसा हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे मकान में दरारें पड़ गई। गनीमत यह रही कि बिजली कटौती के कारण बच्चे दूसरे कमरे की छत पर सो रहे थे, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
​जानकारी के अनुसार, गांव भोगांव निवासी रामवती (35 वर्ष) पत्नी स्वर्गीय डिगंबर मजदूरी कर अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करती हैं। रविवार सुबह करीब 5 बजे रामवती रसोई में चाय बनाने के बाद बाहर पशुओं को चारा डालने गई थीं। इसी दौरान अचानक रसोई में रखे गैस सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों की दीवारें हिल गईं और रामवती का दो कमरों का मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
​इस हादसे में एक चमत्कारिक पहलू यह रहा कि सुबह करीब 4 बजे गांव की बिजली कट गई थी। गर्मी और उमस के कारण रामवती के चारों बच्चे कमरे से निकलकर दूसरे पक्के कमरे की छत पर सोने चले गए थे। यदि बिजली न जाती और बच्चे कमरे के अंदर सो रहे होते, तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था।
​धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण दहशत में आ गए और मौके की ओर दौड़ पड़े। चारों ओर धूल का गुबार और मलबे का ढेर नजर आ रहा था। पीड़ित रामवती ने बताया कि वह बेहद गरीब है और मेहनत-मजदूरी कर अपना गुजारा करती है। इस हादसे में उसकी पूरी गृहस्थी, खाने-पीने का सामान और कपड़े मलबे में दबकर नष्ट हो गए है।
​सिलेंडर फटने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों के अनुसार, धमाका इतना शक्तिशाली था कि मकान की छत और दीवारें पूरी तरह गिर गईं। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर बस बनी आग का गोला

Posted on 29.03.2026 Time 06.30 PM Sunday, Mathura Vrandavan News, Atul Kumar

सभी 48 यात्रियों को निकाला सुरक्षित

मथुरा । नौहझील क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार को तड़के एक निजी बस में आग लग गई। इस घटना से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। यह बस आगरा से नोएडा की ओर जा रही थी जिसमें करीब 48 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर यह घटना माइलस्टोन संख्या 64 के पास हुई, जहां बस संख्या DD01AA9317 में अचानक आग की लपटें उठने लगीं। कटैलिया निवासी यशपाल सिंह ने दूरभाष के माध्यम से पुलिस को इसकी सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही थाना नौहझील पुलिस और बाजना चौकी प्रभारी बचाव दल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।यमुना एक्सप्रेसवे प्राधिकरण की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बचाव कार्य में जुट गई। आग पर काबू पाने के लिए फायर ब्रिगेड को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने आग बुझाई लेकिन जब तक काफी देर हो गई और बस जलकर खाक हो गई।

पुलिस के अनुसार, इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आग लगने के प्रारंभिक कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

« Newer PostsOlder Posts »